फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: बंगलूरू में सिक्किम की महिला की हत्या; तेलंगाना में देर रात भूकंप से कांपी धरती

Sun, 14 Jun 2026 01:33 PM IST
Devesh Tripathi अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
विज्ञापन
आज की अहम खबरें - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में रिक्टर पैमाने पर 3.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का झटका देर रात दो बजकर 26 मिनट के करीब महसूस किया गया। एनसीएस ने बताया कि भूकंप के झटके जिले के कुछ इलाकों में महसूस किए गए। फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। अधिकारियों द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

विज्ञापन


वहीं, देर रात आए भूकंप की वजह से लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप आने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। डर की वजह से लोग काफी देर तक अपने घरों के बाहर ही मौजूद रहे।

राहुल गांधी 17 से कोटा से करेंगे परीक्षा घोटालों पर देशव्यापी छात्र सम्मेलनों का शंखनाद
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जून से राजस्थान के कोटा शहर से परीक्षा घोटालों, पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ एक बड़े देशव्यापी छात्र सम्मेलन अभियान की शुरुआत करेंगे। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उनके मुताबिक, इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन का मुख्य उद्देश्य नीट- यूजी पेपर लीक, सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों की आवाज उठाना और सरकार की जवाबदेही तय करना है। कोटा में अभियान के शंखनाद के बाद 10 जुलाई को इलाहाबाद, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में भी छात्र सम्मेलन होंगे। इसमें छात्र, नौकरी के इच्छुक उम्मीदवार, युवा संगठन शिक्षक और परीक्षा घोटालों से सीधे प्रभावित सभी लोग एक साथ आएंगे।

वेणुगोपाल ने आगे कहा कि इस देशव्यापी अभियान के तहत, पार्टी देश भर में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, पीसीसी, डीसीसी और स्थानीय इकाइयों के जरिये बड़े पैमाने पर संपर्क कर छात्रों को एकजुट करने के राहुल गांधी के आह्वान को दोहराएगी।

बंगलूरू में सिक्किम की महिला की हत्या

रविवार सुबह बंगलूरू के डोड्डाकनाहल्ली इलाके में किराए के घर पर हुई बहस के बाद, सिक्किम की रहने वाली 22 साल की एक महिला की उसके बॉयफ्रेंड ने कथित तौर पर हत्या कर दी। उसने किचन में इस्तेमाल होने वाले चाकू से महिला का गला रेत दिया। यह घटना शहर के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बेलंदूर पुलिस स्टेशन के इलाके में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक महिला की पहचान सिक्किम की रहने वाली 22 साल की अति हंगमा सुब्बा के तौर पर हुई है, जो बंगलूरू के एक सैलून में रिसेप्शनिस्ट का काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान दार्जिलिंग के रहने वाले पूर्बा लेपचा के तौर पर हुई है, जो एक होटल में वेटर का काम करता था। पुलिस के अनुसार, यह जोड़ा करीब एक महीने पहले बंगलूरू आया था और डोड्डाकनाहल्ली में साथ रह रहा था।

शुरुआती जांच से पता चला है कि गुरुवार सुबह दोनों के बीच बहस हुई थी, क्योंकि आरोपी को शक था कि महिला का किसी दूसरे दोस्त के साथ संबंध है। पुलिस ने बताया कि बहस के दौरान लेपचा ने कथित तौर पर किचन के चाकू से सुब्बा पर हमला किया और उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
 

कन्नूर एयरपोर्ट पर 1.88 करोड़ रुपये का सोना जब्त, शारजाह से आया यात्री गिरफ्तार

केरल के कन्नूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.88 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया है। अधिकारियों ने शारजाह से आए अब्दुल रामशीद नाम के एक यात्री को शक के आधार पर रोका और जब उसकी जांच व स्कैनिंग की गई, तो उसके मलाशय से सोने के पेस्ट से भरे 4 कैप्सूल बरामद हुए। बरामद किए गए सोने का कुल वजन 1.2817 किलोग्राम है। कासरगोड के रहने वाले इस आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और कस्टम विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि यह सोना कहां से लाया गया था और इसे किसे सौंपा जाना था।

मेमोरी चिप निर्माण में बढ़ेगा निवेश : वैष्णव
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्ण ने रविवार को कहा कि भारत में मेमोरी चिप निर्माण के क्षेत्र में नए निवेश आने की संभावना है। पहले से मौजूद कंपनियां भी उत्पादन क्षमता बढ़ा सकती हैं ताकि मांग और आपूर्ति के बीच बढ़ते अंतर को कम किया जा सके।

समाचार एजेंसी के साथ साक्षात्कार में वैष्णव ने कहा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डाटा सेंटर और उन्नत कंप्यूटिंग तकनीकों की तेजी से बढ़ती जरूरत के कारण दुनियाभर में हाई बैंडविड्थ मेमोरी (एचबीएम) चिप्स की भारी मांग है। इसी वजह से कई तरह के मेमोरी चिप्स की वैश्विक कमी देखी जा रही है। आईटी मंत्री ने कहा कि मेमोरी चिप्स व डाटा स्टोरेज उत्पादों की मांग बढ़ने से वैश्विक आपूर्ति पर दबाव पड़ा है, जिससे कीमतों में भी वृद्धि हुई है। इसका असर स्मार्टफोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की उत्पादन लागत पर भी पड़ा है। भारत में डाटा सेंटर निवेश जल्द ही 200 अरब डॉलर से अधिक हो सकता है, जिसके लिए अरबों गीगाबाइट स्टोरेज क्षमता की आवश्यकता होगी।

कोलकाता : गंगा के नीचे बनेगी देश की पहली मालवाहक सुरंग
हुगली नदी के नीचे सफल मेट्रो रेल परिचालन के बाद अब पश्चिम बंगाल एक और ऐतिहासिक उपलब्धि की ओर अग्रसर है। गंगा के तल से होकर देश की पहली ऐसी मालवाहक सड़क सुरंग बनाने की योजना तैयार की गई है, जो विशेष रूप से ट्रकों और कंटेनर वाहनों के लिए समर्पित होगी। 11 हजार करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य उद्देश्य कोलकाता बंदरगाह को सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ना है, जिससे माल परिवहन की गति बढ़ेगी और परिवहन लागत में भारी कमी आएगी।

भारत ने 12 वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों के लिए बनाया सुलभ : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सस्ता और आम लोगों की पहुंच में लाने के लिए व्यापक काम किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए ऐसे सभी प्रयासों को आगे भी जारी रखेगी।

सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को इस बात पर गर्व है कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत के लिए जाना जाता है, जो समाज के सबसे कमजोर वर्गों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा, पीएम भारतीय जनऔषधि परियोजना जैसी योजनाओं ने दवाओं, स्टेंट व घुटने के प्रत्यारोपण को सस्ता बनाया है। इससे लाखों लोगों को राहत मिली है और इलाज का खर्च कम हुआ है। देश में मेडिकल कॉलेजों और सीटों की संख्या बढ़ने से चिकित्सा शिक्षा पहले की तुलना में अधिक सुलभ हुई है।

युवा ऐसे काम सीखें, जो एआई न कर सके : सीईए
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और एजेंटिक एआई के दौर में दुनिया पूरी तरह बदल गई है। मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी अनंत नागेश्वरन का कहना है कि तकनीकी क्रांति के इस दौर में कंप्यूटर साइंस, सॉफ्टवेयर नौकरियों और एमबीए डिग्री का महत्व खत्म हो रहा है। युवाओं को अब व्यावसायिक (ट्रेड) कौशल और इन्सानों पर आधारित ऐसे काम सीखने की जरूरत है, एआई जिनकी आसानी से जगह नहीं ले सकता।

उन्होंने कहा कि वैश्वीकरण से भारत को भले ही सेवा क्षेत्र में बहुत लाभ हुआ है, लेकिन दुनिया अब बंट रही है। अपने-अपने दायरे में सिमट रही है। ऐसे में भारत के लिए विनिर्माण क्षेत्र में प्रतिस्पर्धी क्षमता को मजबूत करना जरूरी हो गया है। काम के बदलते स्वरूप पर नागेश्वरन ने कहा, तकनीकी तरक्की आपकी रोजगार क्षमता को खत्म नहीं कर सकती। बस जरूरत है भारतीयों को नजरिया बदलने की, जैसे स्विट्जरलैंड, जर्मनी, जापान, कोरिया या चीन जैसे सफल देशों ने किया। वे व्यावसायिक कौशल को महत्व देते हैं। वेल्डर, प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन या बढ़ई जैसे कारीगरों को बहुत सम्मान देते हैं, जबकि भारत में उन्हें एक तरह से अस्वीकार्य और असम्मानजनक तरीके से देखा जाता है। श्रम आधारित विनिर्माण के साथ सेवा क्षेत्र जैसे देखभाल, कुलीनरी आर्ट्स, खाना बनाना, हॉस्पिटल स्टाफ और स्पोर्ट्स एजुकेशन में अब भी काफी गुंजाइश है। खासकर बुजुर्गों की देखभाल और जरूरतों वाले बच्चों की काउंसलिंग जैसे कार्यों में। इन सभी क्षेत्रों में भारत के साथ पूरी दुनिया को काबिल और कुशल लोगों की जरूरत है। ये सभी ऐसे क्षेत्र हैं, जिन पर एआई का असर नहीं पड़ेगा।

गुमराह करने वाले दावे कर उत्पाद बेच रहीं आठ कंपनियों को भेजा नोटिस
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने इमामी सहित आठ खाद्य कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन कंपनियों पर अपने उत्पाद के ब्रांड नेम (नाम), ट्रेड नेम और विज्ञापनों में उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले दावे करने का आरोप है, जो कि खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के विरुद्ध है।  जिन कंपनियों को नोटिस भेजा गया है उनमें इमामी हेल्दी एंड टेस्टी, हेल्थ एड, ट्रूवी, द हेल्दी फैक्टरी, हेल्दी मास्टर, हेल्दी चॉइस, प्लान बी और न्यूहर्ब्स जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। खाद्य नियामक ने रविवार को सोशल मीडिया में यह जानकारी दी। इस कार्रवाई में सबसे बड़ा और प्रमुख नाम कोलकाता स्थित इमामी ग्रुप के कुकिंग ऑयल डिवीजन इमामी हेल्दी एंड टेस्टी का है। एफएसएसएआई के मुताबिक, इस ब्रांड का ट्रेड नाम उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला है। इसके अलावा, प्लान बी कंपनी अपने उत्पादों को प्लांट बेस्ड वेगन के रूप में बेच रही थी पर उसने अपने एफएसएसएआई लाइसेंस में वेगन फूड एंडोर्समेंट के लिए पूर्व मंजूरी नहीं ली थी।

पिज्जा बेस पर भी भ्रामक दावे
अन्य कंपनियों में द हेल्दी फैक्टरी के जीरो मैदा होल व्हीट ब्रेड और जीरो मैदा पिज्जा बेस पर भ्रामक दावे के लिए सवाल उठाए गए हैं, क्योंकि इनमें चक्की फ्रेश आटा और व्हीट ग्लूटेन शामिल हैं। ट्रूवी ब्रांड के वेजी चिप्स, रागी चिप्स और मूंग दाल चिप्स में अन्य सामग्रियों की मौजूदगी के बावजूद हेल्दी होने का दावा किया गया था, जिसे नियामक ने गलत माना है।
विज्ञापन

अब मेघालय में भी टूट के कगार पर तृणमूल
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी राजनीतिक संकट के बीच अब पूर्वोत्तर के मेघालय से भी पार्टी के लिए चिंताजनक संकेत मिल रहे हैं। राज्य के राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मेघालय विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के सभी पांच विधायक भाजपा खेमे का रुख कर सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी भी विधायक या संबंधित दल की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मेघालय भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के संपर्क में हैं। अब केवल मुकुल संगमा की कुछ मांगों को लेकर चर्चा बाकी है। लेकिन बंगाल के मौजूदा हालात को देखते हुए लगता है कि उन्हें भी अपने रुख में लचीलापन दिखाना होगा। सूत्रों के अनुसार, यदि बातचीत अंतिम रूप लेती है तो मुकुल संगमा के साथ तृणमूल के अन्य विधायक भी नई राजनीतिक राह चुन सकते हैं। मुकुल संगमा लंबे समय तक कांग्रेस के शीर्ष नेताओं में रहे और वर्ष 2010 से 2018 तक मेघालय के मुख्यमंत्री रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें