सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्वी और पश्चिमी जिलों से जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में दो उग्रवादियों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि इंफाल पूर्वी जिले के तेलीपती क्षेत्र में दुकानों और स्थानीय जनता से जबरन वसूली करने वाले चार लोगों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक सक्रिय कैडर को शुक्रवार को इंफाल पूर्वी जिले के हुइकाप माखा लेइकाई से गिरफ्तार किया गया। प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक उग्रवादी को मोइदांगपोक मानिंग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि वह आम जनता से जबरन वसूली और महिलाओं के खिलाफ अपराधों से जुड़े मामलों को डरा-धमकाकर निपटाने में शामिल था। वहीं सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को काकचिंग जिले के लूसी पाट चिंगखोक क्षेत्र से एक इंसास राइफल, एक सिंगल बैरल राइफल और एक स्थानीय रूप से निर्मित पिस्तौल सहित तीन हथियार बरामद किए।
केरल में वृद्ध महिला चलती ट्रेन से धक्का देकर लूटा
रेलवे पुलिस ने शनिवार को बताया कि 64 वर्षीय एक महिला को कोझिकोड रेलवे स्टेशन पार करने के बाद धीमी गति से चल रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से धक्का दे दिया गया और उससे 8,000 रुपये से अधिक नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया गया। महिला अपने भाई के साथ महाराष्ट्र के पनवेल से केरल के त्रिशूर जा रही थी। रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमलावर केरल के बाहर का लग रहा था। घटना के समय महिला ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ी होकर अपने भाई के शौचालय से बाहर आने का इंतजार कर रही थी। पुलिस ने बताया कि हमलावर ने उसका बैग छीनने की कोशिश की और जब उसने इसका विरोध किया तो उसने उसे ट्रेन से धक्का दे दिया, उसके पीछे कूद गया, उसका सामान छीन लिया और भाग गया। ट्रेन धीमी गति से चल रही थी, क्योंकि वह अभी स्टेशन से रवाना हुई थी, लेकिन गिरने से महिला के सिर के पिछले हिस्से में चोट लग गई। महिला को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया और बाद में छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि हमलावर की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई है।
हिमंत बिस्व सरमा ने दी रक्षाबंधन की बधाई
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को राज्य की महिलाओं को सशक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह अवसर विश्वास और सुरक्षा के बंधन की याद दिलाता है जो रिश्तों को परिभाषित करता है। सरमा ने एक्स पर लिखा कि रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर मैं सभी भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। यह पवित्र त्योहार हमें प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के अटूट बंधन की याद दिलाता है जो हमारे रिश्तों को परिभाषित करता है। असम की मेरी बहनों, मैं हमेशा आपके साथ खड़ा रहूंगा और हर कदम पर आपकी रक्षा और सशक्तीकरण करूंगा।
विक्रम-1 रॉकेट के पहले चरण का सफल परीक्षण
8 अगस्त की सुबह 9:05 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में विक्रम-1 लॉन्च व्हीकल के पहले चरण 'कलाम 1200' मोटर का सफल स्टैटिक टेस्ट किया गया। यह मोटर हैदराबाद की निजी कंपनी स्कायरूट एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड ने तैयार की है। यह उपलब्धि भारत सरकार की अंतरिक्ष नीति 2023 के तहत हुई है, जिसका उद्देश्य निजी कंपनियों को तकनीकी ढांचा और मार्गदर्शन देकर देश की स्पेस इकोनॉमी को बढ़ावा देना है। परीक्षण के दौरान मोटर और उससे जुड़े सभी सिस्टम ने बिल्कुल वैसा ही प्रदर्शन किया, जैसा वैज्ञानिकों ने पहले अनुमान लगाया था।
ओडिशा: होमगार्ड भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा देने के बाद व्यक्ति की मौत
भुवनेश्वर पुलिस ने बताया कि ओडिशा के खुर्दा जिले में शुक्रवार को होमगार्ड भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा देने के बाद एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक, केरंगा क्षेत्र का इमादुल हक, खुर्दा जिला मुख्यालय में 1,600 मीटर दौड़ परीक्षा में भाग लेने के तुरंत बाद अस्वस्थ महसूस कर रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'उसे खुर्दा जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसकी हालत बिगड़ने पर भुवनेश्वर के एक अन्य अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। बाद में अभ्यर्थी की चिकित्सा सुविधा में मृत्यु हो गई।'
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अभ्यर्थी की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और उसके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि माझी ने हक के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजे की भी घोषणा की। अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
आईआईएसईआर में बीमार पड़ने के बाद शोधार्थी की मौत
भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), कल्याणी के तृतीय वर्ष के पीएचडी शोधार्थी की शुक्रवार को परिसर में बीमार पड़ने के कुछ घंटों बाद एक अस्पताल में मौत हो गई।
मामले में एक पुलिसकर्मी ने बताया कि अनामित्रा रॉय (24) को गुरुवार देर शाम आईआईएसईआर-कल्याणी से गंभीर हालत में एम्स-कल्याणी ले जाया गया। रॉय के परिवार ने बताया कि उन्हें बताया गया कि अचानक हृदय गति रुकने से उनकी मृत्यु हो गई। पड़ोसी उत्तर 24 परगना जिले के श्यामनगर इलाके के निवासी रॉय ने पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट में 14 साल की उम्र से ही अवसाद के दौरों के बारे में बताया था।
उन्होंने पहले भी कई मौकों पर आत्महत्या का संकेत दिया था, और कहा था कि 'चिकित्सा और दवाओं ने किसी तरह मुझे जीवित रखा'। उन्होंने अपनी एक पोस्ट में लिखा था, 'यह सब बचपन से ही शुरू हो गया था। बार-बार शारीरिक और मानसिक शोषण... उन अपनों से जो हमेशा मेरे बहुत खिलाफ थे।'
निर्वाचन आयोग ने राजद नेता तेजस्वी यादव को 16 अगस्त तक अपना फर्जी मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) जमा करने का निर्देश दिया। आयोग ने पूर्व डिप्टी सीएम से कहा कि फर्जी सरकारी दस्तावेज बनाना और उसका इस्तेमाल करना अपराध है।
पांच राज्यों में 16 नए हाईकोर्ट जज नियुक्त
सरकार ने शुक्रवार को कई उच्च न्यायालयों में 16 नए जजों की नियुक्ति की। कानून मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अतिरिक्त न्यायाधीश हरिनाथ नुनेपल्ली, किरणमयी मांडव, सुमति जगदम और न्यापति विजय को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट का जज नियुक्त किया गया, जबकि अतिरिक्त न्यायाधीश पार्थ सारथी सेन और अपूर्व सिन्हा रे को कलकत्ता हाईकोर्ट का जज नियुक्त किया गया। न्यायिक अधिकारी विमल कुमार यादव को दिल्ली हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। बयान में आगे कहा गया है कि अतिरिक्त न्यायाधीश रवींद्र कुमार अग्रवाल और गुरुसिद्धैया बसवराज को क्रमशः छत्तीसगढ़ और कर्नाटक हाईकोर्ट का जज नियुक्त किया गया। बिस्वरूप चौधरी, प्रसेनजीत विश्वास, उदय कुमार, अजय कुमार गुप्ता, सुप्रतिम भट्टाचार्य, पार्थ सारथी चटर्जी और मोहम्मद शब्बर रशीदी को एक वर्ष के कार्यकाल के लिए कलकत्ता हाईकोर्ट का एडीशनल जज नियुक्त किया गया। न्याय विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जजों की नियुक्ति इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि जून 2024 तक देश के उच्च न्यायालयों में 345 पद खाली हैं।
एअर इंडिया ने पायलटों की सेवानिवृत्ति आयु बढ़कार 65 वर्ष की
एअर इंडिया ने पायलटों की सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष और गैर-उड़ान कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 60 वर्ष करने का फैसला किया है। वर्तमान में एयरलाइन में पायलटों और गैर-उड़ान कर्मचारियों दोनों की सेवानिवृत्ति की आयु 58 वर्ष है। सूत्रों ने बताया कि सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाने की घोषणा सीईओ और एमडी कैंपबेल विल्सन ने गत दिनों कंपनी की बैठक में की। फिलहाल, एअर इंडिया की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया में लगभग 24,000 कर्मचारी हैं, जिनमें 3,600 पायलट और 9,500 केबिन क्रू सदस्य शामिल हैं। यह तुरंत पता नहीं चल सका है कि केबिन क्रू की सेवानिवृत्ति की आयु, जो वर्तमान में एयर इंडिया में 58 वर्ष है, बढ़ाई गई है या नहीं।
पहली बार कश्मीर के अनंतनाग पहुंच मालगाड़ी: रेल मंत्री
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि अब पहली बार मालगाड़ी कश्मीर के अनंतनाग तक पहुंची है। यह बहुत बड़ी बात है, क्योंकि इससे कश्मीर अब पूरे देश के माल परिवहन नेटवर्क से जुड़ गया है। यह ट्रेन पंजाब के रूपनगर शहर से चली थी और इसमें सीमेंट भरा हुआ था। यह ट्रेन लगभग 600 किलोमीटर की दूरी तय करके 18 घंटे से भी कम समय में अनंतनाग पहुंची। वैष्णव ने कहा कि अब रेलवे के जरिए सामान भेजने से कश्मीर के लोगों को चीजें सस्ती मिलेंगी, क्योंकि ट्रांसपोर्ट का खर्च कम होगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस सीमेंट का इस्तेमाल कश्मीर में सड़कों, पुलों, घरों और अन्य निर्माण कार्यों में किया जाएगा। इससे कश्मीर के विकास को मदद मिलेगी और वहां के लोगों को भी रोजगार के नए मौके मिल सकते हैं।
अरुणाचल में सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़
अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में शनिवार तड़के सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच गोलीबारी हुई। पुलिस ने जानकारी दी कि यह मुठभेड़ असम राइफल्स और संदिग्ध नागा उग्रवादियों के बीच हुई। पुलिस के मुताबिक, लाजू के पास नोग्लो इलाके में सुबह करीब 3 बजे से 4 बजे के बीच उग्रवादियों ने असम राइफल्स के शिविर पर गोलीबारी शुरू की। जवाब में असम राइफल्स के जवानों ने लाइट मशीन गनों से पलटवार किया, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग गए।
तिरप के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य ने बताया कि इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। उन्होंने कहा, स्थिति सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। हम हालात का मूल्यांकन कर रहे हैं।
अब वैश्विक शिक्षण संस्थानों की पसंदीदा जगह बन गया है भारत: धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को कहा कि भारत अब दुनिया भर के शिक्षण संस्थानों का पसंदीदा गंतव्य बन चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। आईआईएसईआर-ब्रह्मपुर के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान ने बताया कि 2022-23 में देश में कुल छात्र नामांकन 4.46 करोड़ तक पहुंच गया, जो कि 2014-15 की तुलना में 30 फीसदी अधिक है।
उन्होंने कहा, कई अंतरराष्ट्रीय संस्थान पहले ही भारत में अपने कैंपस खोल चुके हैं और कुछ अन्य भी जल्द आने वाले हैं। साथ ही, भारत के कुछ संस्थानों ने भी विदेश में अपने कैंपस खोलने शुरू कर दिए हैं। आईआईएम-अहमदाबाद जल्द ही दुबई में अपना कैंपस शुरू करेगा। प्रधान ने कहा कि सरकार समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस दौरान महिलाओं के नामांकन में करीब 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 का उद्देश्य भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाना है।
प्रधान ने छात्रों से नवाचार के जरिए नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने की अपील की। इससे पहले दिन में ब्रह्मपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे भारत को दुनिया की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाने में योगदान दें।
आंध्र प्रदेश उपमुख्यमंत्री ने पवन कल्याण ने पिथापुरम की विधवाओं को राखी के तोहफे भेजे
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और पिथापुरम से विधायक पवन कल्याण ने रक्षाबंधन के मौके पर पिथापुरम की 1,500 विधवा महिलाओं को तोहफे भेजे। जनसेना पार्टी ने बताया कि पार्टी नेताओं ने ये तोहफे त्योहार की शुभकामनाओं के साथ घर-घर जाकर महिलाओं को दिए। जनसेना पार्टी ने कहा कि यह पहल पवन कल्याण की संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाती है, जो हर वर्ग के लोगों के साथ जुड़ाव बनाए रखना चाहते हैं।