एमडीएमके संस्थापक वाइको ने अनुशासनात्मक जांच के बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों का दोषी पाए जाने पर उप महासचिव मल्लई सत्या को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। आधिकारिक बयान में कहा गया है, 'चूंकि मल्लई सत्या ने अपने जवाब में आरोपों का खंडन या स्पष्टीकरण नहीं दिया, इसलिए पार्टी के नियमों के तहत उन्हें उनके पद और प्राथमिक सदस्यता से स्थायी रूप से हटा दिया गया है।'
तमिलनाडु में 15516 करोड़ का निवेश, 33 समझौते हुए
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने सोमवार को बताया कि उनकी जर्मनी और ब्रिटेन की एक हफ्ते की विदेश यात्रा सफल रही। इस यात्रा के दौरान 33 समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए, जिनसे राज्य में 15,516 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और 17,613 लोगों को रोजगार मिलेगा। चेन्नई हवाई अड्डे पर लौटने पर स्टालिन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि 10 नई कंपनियां तमिलनाडु में निवेश के लिए आगे आई हैं, जबकि 17 कंपनियों ने अपने मौजूदा प्रोजेक्ट्स का विस्तार करने का फैसला किया है। स्टालिन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सफल यात्रा विपक्ष को रास नहीं आई। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का औद्योगिक माहौल लगातार बेहतर हो रहा है और अब कंपनियां दूसरे राज्यों में जाने के बजाय यहां विस्तार कर रही हैं।
दिल्ली की महिला ने शोध के लिए एम्स को दान किया भ्रूण
दिल्ली के पीतमपुरा की रहने वाली 32 वर्षीय वंदना जैन ने गर्भावस्था के पांचवें महीने में गर्भपात होने के बाद भ्रूण को शोध कार्य के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को दान कर दिया। वंदना के ससुर सुरेश जैन, जो आगम श्री फाउंडेशन के अध्यक्ष हैं और अंगदान को बढ़ावा देने वाले अभियानों से जुड़े हैं, ने इस दान की पहल की। उन्होंने कहा, 'मैं अपने संगठन के जरिये अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने और इसकी व्यवस्था कराने का काम करता हूं। जब हमारे परिवार पर यह दुख आया तो हमने तय किया कि भ्रूण को दान करके किसी बड़े काम में योगदान देंगे।' उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने दधीची देह दान समिति के उत्तरी क्षेत्र प्रमुख जीपी तायल से संपर्क किया। उन्होंने हमें एम्स के एनाटॉमी विभाग से जोड़ने में मदद की। दधीची देहदान समिति के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने बताया कि समिति के स्वयंसेवक और एम्स के अधिकारी आपस में मिलकर पूरी प्रक्रिया को संपन्न कर सके।
टीएमसीपी नेता पर टैगोर-पीएम मोदी और शाह की तस्वीरें जलाने की कोशिश का आरोप
भाजपा ने रविवार को आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) के एक छात्र नेता ने मालदा जिले के चांचल कॉलेज परिसर में रवींद्रनाथ टैगोर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीरें जलाने की कोशिश की। पार्टी ने कहा कि इस हरकत से पूरे देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और बंगाल भाजपा ने अपने-अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है। उसमें दावा किया गया है कि चांचल कॉलेज टीएमसीपी इकाई के अध्यक्ष ने भाजपा शासित राज्यों में बंगालियों पर कथित अत्याचार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी, शाह और टैगोर की तस्वीरें जलाने का प्रयास किया। मजूमदार ने कहा, 'इस तरह की बर्बरता और दुस्साहस पूरे बंगाली समाज का सिर झुका देता है और हर भारतीय की संवेदनाओं को ठेस पहुंचाता है।'
12 पुलिसकर्मियों का हत्यारा नक्सली मुठभेड़ में मारा गया
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 10 लाख के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अप्टन को मार गिराया। मुठभेड़ स्थल से हांसदा का शव, स्वचालित हथियार व गोलियां बरामद की गई हैं।डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे गोइलकेरा थाना क्षेत्र की बुर्जुवा पहाड़ी पर नक्सलरोधी अभियान के दौरान यह मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक हांसदा भाकपा (माओवादी) का जोनल कमांडर था। वह 12 पुलिसकर्मियों की हत्या समेत 96 मामलों में वांछित था। हांसदा ने 14 जून, 2019 को एकसाथ 5 पुलिसकर्मियों की हत्या की थी। मुठभेड़ के बाद कई नक्सलियों के फरार होने की सूचना पर सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी है।
वन्यजीव बोर्ड ने टाला विस्थापन नीति विस्तार
राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति ने जंगलों से लोगों के स्वैच्छिक विस्थापन नीति को वन्यजीव गलियारों तक बढ़ाने और रीसस बंदर को वन्यजीव संरक्षण कानून में शामिल करने पर फिलहाल फैसला टाल दिया है। समिति ने कहा कि इस पर और अध्ययन की जरूरत है। बैठक में सुझाव दिया कि अभी सिर्फ बाघ अभयारण्यों के कोर एरिया तक सीमित विस्थापन नीति को बढ़ाकर जैव विविधता वाले क्षेत्रों, बफर जोन और वन्यजीव गलियारों तक लागू किया जाए।
नदी में गिरी पुलिसकर्मियों की कार, एक शव मिला दो की तलाश अभी जारी
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में बारिश के बाद क्षिप्रा नदी में एक कार गिर गई। इसमें तीन पुलिसकर्मी सवार थे। घटना शनिवार रात करीब 9 बजे एक पुल से कार के फिसलने से हुई। अधिकारियों ने बताया कि उन्हेल थाने के ये पुलिसकर्मी एक मामले की जांच करने जा रहे थे। थाना प्रभारी अशोक शर्मा का शव नदी से बरामद कर लिया गया है। वहीं, उपनिरीक्षक मदन लाल और कांस्टेबल आरती पाल की तलाश जारी है।
केरल में आपातकाल जैसी स्थिति, हिरासत में यातना मामले पर होगी सख्ती : सुरेश गोपी
केंद्रीय मंत्री और त्रिशूर से सांसद सुरेश गोपी ने रविवार को कहा कि केरल में हिरासत के दौरान यातना और पुलिस ज्यादतियों से जुड़ी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में आपातकाल जैसी स्थिति बन गई है। त्रिशूर जिले के कुनमकुलम थाने में युवा कांग्रेस नेता वीएस सुजीत को हिरासत में लेकर पीटा गया था। यह मामला तब उजागर हुआ, जब सुजीत ने हाल ही में आरटीआई के जरिए पुलिस स्टेशन का सीसीटीवी फुटेज हासिल किया। यह घटना 5 अप्रैल 2023 की है, जब सुजीत ने अपने दोस्तों को धमकाने वाले पुलिसकर्मियों से सवाल किया था। इसी तरह, त्रिशूर के पीची थाने में भी पुलिसकर्मियों की ओर से रेस्टोरेंट कर्मचारियों को पीटने का मामला सामने आया है। इसका सीसीटीवी फुटेज स्थानीय उद्योगपति और लैलीज ग्रुप के प्रबंध निदेशक केपी ओसेफ ने सार्वजनिक किया, जिन्होंने आरोप लगाया कि उनके कर्मचारियों पर 24 मई 2023 को थाने के भीतर हमला किया गया। गोपी ने कहा, यह बहुत खराब कृत्य है।
राजधानी रांची के हॉस्टल में अवैध कामकाज, 10 महिलाएं हिरासत में
झारखंड की राजधानी रांची के एक निजी हॉस्टल में देह व्यापार से जुड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। मामले में पश्चिम बंगाल की 10 महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। डीएसपी (सिटी) कुमार वी रमन ने बताया कि लालपुर में लड़कियों के हॉस्टल में एक गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा गया था। इस कार्रवाई में हिरासत में ली गईं सभी महिलाएं कथित तौर पर देह व्यापार में शामिल थीं। हॉस्टल के वार्डन को भी हिरासत में लिया गया है और दलाल को भी जल्द पकड़ा जाएगा। पुलिस प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि कुछ अन्य जगहों पर भी छापे मारे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूछताछ के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
असम में 3.4 करोड़ की हेरोइन बरामद, दो गिरफ्तार
असम पुलिस ने रविवार देर रात दो अलग-अलग छापेमार कार्रवाई में 3.4 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की और दो लोगों को गिरफ्तार किया। यह जानकारी मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दी। पहली कार्रवाई गुवाहाटी के चाचल इलाके में हुई, जहां पुलिस ने 355 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत 1.8 करोड़ रुपये बताई गई। दूसरी कार्रवाई कछार जिले के तोलेनग्राम क्षेत्र में हुई। यहां से 300 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत 1.6 करोड़ रुपये है। सीएम सरमा ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'नशा कारोबारियों का वीकेंड खराब कर दिया गया। उनकी ऊंची उड़ानें एक पल में खत्म कर दी गईं।' उन्होंने कहा कि पुलिस का अभियान नशे के खिलाफ असम लगातार जारी रहेगा।
कर्नाटक के मांड्या में दो समुदायों में टकराव से तनाव
कर्नाटक के मांड्या जिले में तनाव की खबर सामने आई है। मड्डूर कस्बे में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो समुदायों में टकराव के बाद तनाव फैल गया। राम रहीम नगर क्षेत्र में विसर्जन जुलूस के दौरान पथराव की घटना से स्थिति और बिगड़ गई। दोनों पक्षों के युवाओं में रविवार को हुई झड़प की सूचना मिलने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया। पुलिस अधीक्षक मल्लिकार्जुन बलाडंडी ने मौके पर पहुंचकर हालात की समीक्षा की और लोगों से संयम बरतने की अपील की। एहतियातन अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात कर निषेधाज्ञा 144 लागू की गई। भारी सुरक्षा के बीच प्रतिमा विसर्जन संपन्न हुआ। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
महिला का अधजला शव बरामद, हत्या की आशंका
झारखंड के चक्रधरपुर (पश्चिम सिंहभूम) में महिला का अधजला शव कचरे के डंपिंग यार्ड से बरामद किया गया है। शव भरत भवन चौक पर बने डंपिंग यार्ड से बरामद किया गया। सूचना मिलने के बाद जब तक पुलिस घटनास्थल पहुंची शव आधा जल चुका था। रविवार को सामने आई इस घटना पर पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। मृतका की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में हत्या के बाद पहचान मिटाने की नीयत से शव जलाने की आशंका सामने आई है। उन्होंने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 30 या उससे अधिक लग रही है।
'उपराष्ट्रपति चुनाव को बिना चुनौती दिए छोड़ देना चाहिए सही नहीं'
उपराष्ट्रपति चुनाव पर, डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा, 'यह चुनाव होना बहुत जरूरी है क्योंकि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का एक हिस्सा है और इसका मतलब यह नहीं है कि हमें इसे बिना चुनौती दिए छोड़ देना चाहिए, चाहे एनडीए से कोई भी उम्मीदवार हो। हमें वोटों की गिनती का इंतजार करना चाहिए... नागरिक इस बारे में बहुत स्पष्ट हैं कि यह एक वैचारिक लड़ाई है। यह किसी व्यक्ति विशेष के बारे में नहीं है। यह एक वैचारिक लड़ाई है और यह लोकतंत्र की लड़ाई है।'
BJD विधायक राजेंद्र ढोलकिया का चेन्नई में निधन
वरिष्ठ बीजू जनता दल नेता और ओडिशा के नुआपाड़ा से वर्तमान विधायक राजेंद्र ढोलकिया का आज चेन्नई में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 69 वर्ष के थे और चार बार ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए थे। ढोलकिया के निधन पर भाजपा, बीजद, कांग्रेस और अन्य दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर दूसरे प्रयास में लैंड हुआ एअर इंडिया का विमान
एअर इंडिया का एक विमान सोमवार शाम तकनीकी कारणों से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर नहीं सका। करीब दस मिनट बाद दूसरे प्रयास में विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो सकी। एअर इंडिया के विमान एआई 2910 ने मुंबई से उड़ान भरी। विमान कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। विमान में सवार एक यात्री के अनुसार, पायलट ने बताया कि कुछ तकनीकी खामियों के कारण विमान पहले प्रयास में नहीं उतर सका।
रेलवे बोर्ड से 9 यूनियनों ने की सिग्नल विभाग में संविदा भर्ती खत्म करने की मांग
सुरक्षा श्रेणी के कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली नौ यूनियनों ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ से चार रेलवे जोन में सिग्नल और दूरसंचार विभाग में संविदा के आधार पर भर्ती खत्म करने की मांग की है। उन्होंने दो साल के परीक्षण के आधार पर पर्यवेक्षकों, फील्ड इंजीनियरों और तकनीशियनों की संविदा पर भर्ती की अनुमति देने वाले सर्कुलर को वापस लेने का आग्रह किया है।
6 मई को रेलवे बोर्ड ने चार रेलवे जोन, पूर्वोत्तर सीमांत, पूर्वी तट, दक्षिण पश्चिमी और पश्चिमी के महाप्रबंधकों को एक परिपत्र जारी किया था। इसमें कहा गया कि सिग्नलिंग और दूरसंचार कर्मचारियों की सहायता के लिए दो साल की पायलट परियोजना के तहत इन कर्मियों को अनुबंध के आधार पर नियुक्त करें। बोर्ड ने संविदा पर नियुक्ति को उचित ठहराते हुए कहा कि रेलवे नेटवर्क के व्यापक विस्तार और आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली के कार्यान्वयन के लिए इसके रखरखाव को मजबूत करना आवश्यक है।
वरिष्ठ पत्रकार शंकरशन ठाकुर का निधन
वरिष्ठ पत्रकार और द टेलीग्राफ के संपादक शंकरशन ठाकुर का सोमवार को गुरुग्राम के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे।
शंकरशन ठाकुर का जन्म 1962 में पटना में हुआ था। वह वरिष्ठ पत्रकार जनार्दन ठाकुर के पुत्र थे। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा सेंट जेवियर्स, पटना और फिर दिल्ली में प्राप्त की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की थी। शंकरशन ठाकुर ने पत्रकारिता की शुरुआत 1984 में 'संडे' मैगजीन से की थी। उनके परिवार में पत्नी सोना, बेटी जहान और बेटा आयुष्मान हैं।
उन्होंने अपने करियर के दौरान कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया, जिनमें द इंडियन एक्सप्रेस, तहलका, और द टेलीग्राफ शामिल हैं। द टेलीग्राफ में उन्होंने दो बार काम किया। राजनीतिक विश्लेषण में उनकी पैनी दृष्टि और मानवीय लेखन शैली के लिए उन्हें जाना जाता था। वह भारत की राजनीति, खासतौर से बिहार की राजनीति की गहरी जानकारी रखने वाले पत्रकार थे। बिहार सिर्फ उनकी पत्रकारिता का केंद्र नहीं रहा, बल्कि उनकी लेखनी और किताबों में भी इसकी झलक मिलती है।
उन्होंने बिहार के प्रमुख नेताओं पर प्रसिद्ध और चर्चित राजनीतिक जीवनी पुस्तकें लिखीं। उनकी प्रमुख किताबों में 'सबऑल्टर्न साहेब' (लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक जीवनी), 'सिंगल मैन: द लाइफ एंड टाइम्स ऑफ नीतीश कुमार ऑफ बिहार', और 'द ब्रदर्स बिहारी' शामिल हैं। उनके निधन से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर शोक की लहर दौड़ गई। पत्रकारिता और साहित्य जगत में उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
आंध्र प्रदेश: सरकारी छात्रावास में छात्र की आत्महत्या
आंध्र प्रदेश के नांदयाल के धोने कस्बे में एक 16 वर्षीय छात्र ने सरकारी बीसी छात्रावास में अपने कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह छात्र स्थानीय सरकारी जूनियर कॉलेज में इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था। कुछ दिन पहले ही वह घर से वापस लौटा था। शुरू में वह सामान्य दिख रहा था, लेकिन पिछले पंद्रह दिनों से वह चुपचाप रहने लगा था और खुद को दूसरों से अलग करने लगा था। पुलिस अधिकारी ने बताया, वह अपने छात्रावास के कमरे में फांसी पर लटका मिला। पुलिस के अनुसार, यह छात्र पढ़ाई में अच्छा था। उसके सहपाठियों से कोई झगड़ा या विवाद नहीं था और न ही इसमें रैगिंग का कोई एंगल सामने आया है।
छात्र ने पहले अपने परिवार से छात्रावास के खराब खाने की शिकायत की थी और लौटने में हिचकिचा रहा था, लेकिन समझाने-बुझाने के बाद वह दोबारा छात्रावास आ गया था। पुलिस ने बताया कि उन्होंने सहपाठियों और कॉलेज के प्रिंसिपल से पूछताछ की। सभी ने छात्र को शांत स्वभाव वाला, अंतर्मुखी और कभी परेशानी न देने वाला बताया। इस घटना को लेकर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है।
तेलंगाना: अस्पताल के देखभाल कर्मी पर मरीज से यौन उत्पीड़न का आरोप
तेलंगाना के करीमनगर के एक निजी अस्पताल में देखभाल कर्मी (24 वर्षीय) पर भर्ती महिला मरीज का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, महिला (20 वर्षीय) जगत्याल जिले की रहने वाली है और पिछले कुछ दिनों से इस अस्पताल में उपचार करवा रही थी। आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के रहने वाले दक्षिणा मूर्ति के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि उसने रविवार तड़के महिला को बेहोशी की दवा देकर उसके साथ जबरदस्ती की। महिला के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की धारा 64 के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बंगालः टैगोर का चित्र जलाने पर भाजपा ने टीएमसीसी के खिलाफ किया प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल में गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर का चित्र जलाने पर भाजपा ने सोमवार को सत्तारूढ़ टीएमसी की छात्र शाखा (टीएमसीपी) के खिलाफ प्रदर्शन किया और संगठन पर प्रदेश के सांस्कृतिक प्रतीकों का अपमान करने का आरोप लगाया। एक दिन पहले भाजपा ने टीएमसीपी पर मालदा जिले में एक प्रदर्शन के दौरान टैगोर का चित्र जलाने का आरोप लगाया था।विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा समर्थकों ने रवींद्र सदन के द्वार तक मार्च किया, लेकिन उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया।
एमडीएमके प्रमुख वाइको ने पार्टी नेता मल्लई सत्या को निकाला
एमडीएमके प्रमुख वाइको ने सोमवार को पार्टी के उप महासचिव मल्लई सी. ई. सत्या को कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बाहर कर दिया। वाइको के कभी भरोसेमंद रहे सत्य को पार्टी नेतृत्व से मतभेद के बाद धीरे-धीरे अलग कर दिया गया था। 15 जुलाई को चुप्पी तोड़ते हुए सत्य ने कहा था कि वह 'जहर पीना' पसंद करेंगे, लेकिन अपने ही पार्टी महासचिव से 'गद्दार' कहलाना बर्दाश्त, जिन पर उन्होंने पूरा विश्वास किया था।
सत्य ने आरोप लगाया था, मैंने एमडीएमके की विचारधारा के लिए पूरी निष्ठा से काम किया है। पार्टी में जो असामान्य घटनाएं हो रही हैं, उनका कारण मैं नहीं हूं। वाइको जान-बूझकर मेरा राजनीतिक करियर खत्म करना चाहते हैं। 17 अगस्त को उन्हें निलंबित कर दिया गया और नोटिस दिया गया कि क्यों न उन्हें स्थायी रूप से उप महासचिव के पद और एमडीएमके की प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया जाए।
एक बयान में बताया गया कि सत्य ने 24 अगस्त को जवाब भेजा। पार्टी की अनुशासन समिति ने छह सितम्बर को उनके जवाब की जांच की और उसे असंतोषजनक पाया। सत्य के जवाब पर प्रतिक्रिया देते हुए वाइको ने कहा कि उन्होंने न तो अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया और न ही कोई ठोस सफाई दी। वाइको ने कहा, आपका जवाब अनुशासनात्मक कार्रवाई रोकने के लिए पर्याप्त नहीं है। आपका उत्तर पूरी तरह अस्वीकार्य है और सभी आरोप आपके खिलाफ साबित हो चुके हैं। यह साफ है कि आपने पार्टी के खिलाफ काम किया।
10 से 14 सितम्बर तक भारत दौरे पर यूरोपीय संघ की समिति
यूरोपीय संघ (ईयू) की राजनीतिक और सुरक्षा समिति बुधवार से भारत के पांच दिन के दौरे पर आ रही है, जिसमें ईयू के 27 देशों के राजदूत शामिल हैं। इस दौरान दोनों पक्ष आपसी संबंधों को नया आयाम देने पर बातचीत करेंगे और मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को पूरा करने की दिशा में भी कदम उठाएंगे।
राजदूत डेल्फिन प्रोंक की अध्यक्षता वाली यह समिति पहली बार भारत आ रही है। दौरे के दौरान समिति उच्च स्तरीय भारतीय सरकारी अधिकारियों, निजी क्षेत्र के रक्षा प्रतिनिधियों, नागरिक संगठनों और प्रमुख थिंक टैंकों के साथ रणनीतिक चर्चा करेगी। यह समिति ब्रसेल्स में तैनात यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के राजदूतों से बनी है।
उपराष्ट्रपति चुनाव: हनुमान बेनीवाल और चंद्रशेखर आजाद ने विपक्षी उम्मीदवार को दिया समर्थन
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के हनुमान बेनीवाल और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सोमवार को विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुधर्शन रेड्डी से मुलाकात की और उन्हें अपना समर्थन देने की घोषणा की। हनुमान बेनीवाल राजस्थान की नागौर लोकसभा सीट से सांसद हैं, जबकि चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद हैं। दोनों नेताओं ने रेड्डी से मुलाकात की और तीनों ने मिलकर संविधान की प्रति के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान कांग्रेस सांसद मल्लू रवि भी मौजूद थे।
कांग्रेस ने उपराष्ट्रपति चुनाव में भारत राष्ट्र समिति और बीजू जनता दल के मतदान से दूर रहने के फैसले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, भाजपा के साथ संसद में पिछले 10 वर्षों से खड़ी दो पार्टियां अब उपराष्ट्रपति चुनाव से दूरी बना रही हैं। क्या यह आने वाले बदलावों का संकेत है? अब मंगलवार को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के सी. पी. राधाकृष्णन और विपक्ष के बी. सुधर्शन रेड्डी का सीधा मुकाबला होगा। यह चुनाव उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के कारण कराया जा रहा है। हालांकि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन इस चुनाव में स्पष्ट बढ़त में है।
सोमवार को संसद परिसर में एनडीए और विपक्षी गठबंधन इंडिया दोनों ने अलग-अलग बैठकें कीं, जहां उन्होंने अपने सांसदों को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी और मॉक वोटिंग करवाई। नेताओं ने अपने सांसदों से सही तरीके से वोट डालने की अपील की। मतदान मंगलवार सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। यह मतदान नए संसद भवन में होगा। वोटों की गिनती शाम छह बजे शुरू होगी और नतीजे उसी रात घोषित किए जाएंगे।