फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: केरल में हाथी के हमले में 23 घायल; हवलदार बलदेव सिंह की मौत पर पीएम मोदी ने जताया दुख

Wed, 08 Jan 2025 06:51 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

केरल के मलप्पुरम में तिरूर के पास एक मस्जिद में धार्मिक समारोह के दौरान एक बंदी हाथी के उत्पात मचाने से 23 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। मंगलवार और बुधवार दरम्यानी रात करीब 12.30 बजे हाथी के हमले के बाद घबराए लोगों के बीच अफरा-तफरी के कारण 20 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने पुष्टि की कि मस्जिद प्रबंधन ने समारोह के लिए हाथियों के उपयोग की आवश्यक अनुमति ली थी।

विज्ञापन


दो दिवसीय ओडिशा दौरे के लिए भुवनेश्वर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा की दो दिवसीय यात्रा के लिए बुधवार शाम भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। जहां वे गुरुवार को 18वें प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। जहां उनका स्वागत राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अन्य नेताओं ने किया। 

हवलदार बलदेव सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को हवलदार बलदेव सिंह (सेवानिवृत्त) के निधन पर दुख जताते हुए उनके साथ की एक तस्वीर साझा की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि हवलदार बलदेव सिंह के निधन से दुखी हूं। उन्होंने कहा कि भारत के लिए उनकी महान सेवा को आने वाले वर्षों तक याद रखा जाएगा। साहस और धैर्य के सच्चे प्रतीक, राष्ट्र के प्रति उनका अटूट समर्पण भावी पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। मुझे कुछ साल पहले नौशेरा में उनसे मुलाकात की याद आती है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाए।

विज्ञापन

कर्नाटक वन विभाग ने मंगलवार को वन और वन्यजीव संबंधी मामलों को दर्ज करने के लिए एक ऑनलाइन/डिजिटल प्रणाली शुरू की। इसे 'गरुदाक्षी' नाम दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि यह प्रणाली बेंगलुरु शहरी, बेंगलुरु वन मोबाइल दस्ते, भद्रावती, सिरसी और मलाई महादेश्वरा वन्यजीव प्रभागों में पायलट आधार पर लागू की जाएगी।

राज्य के वन मंत्री ईश्वर खंड्रे ने वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूटीआई) के सहयोग से वन विभाग द्वारा विकसित गरुदाक्षी ऑनलाइन/डिजिटल एफआईआर प्रणाली को लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बढ़ते वन अपराध को रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए इस प्रणाली को लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि गरुड़ाक्षी का उपयोग वन अपराधों जैसे वन अतिक्रमण, अवैध कटाई, अवैध शिकार, अतिक्रमण आदि के खिलाफ एक हथियार के रूप में किया जाएगा।

मणिपुर से हथियारों का जखीरा बरामद

मणिपुर के थौबल जिले में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जब्त की गई वस्तुओं में एक पिस्तौल, मोर्टार, हथगोला और गोलियां शामिल हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह बरामदगी मंगलवार को थौबल जिले के हंगोइलोक के पास इरोंग तांगखुल गांव से यह जखीरा बरामद किया गया। इस बीच, मणिपुर पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन के एक सदस्य को बिष्णुपुर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 26 वर्षीय इस युवक को मंगलवार को सुनुसीफाई इलाके से गिरफ्तार किया गया।

अजमेर दरगाह के उर्स से लौट रहे तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत

बुधवार तड़के गुजरात के भरूच जिले में हुए एक सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका भरूच के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि यह हादसा मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भरूच के अंकलेश्वर कस्बे के पास सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुआ। पुलिस ने बताया कि 'महाराष्ट्र के पालघर के सात लोग अजमेर (राजस्थान) से उर्स समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे और सूरत की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।' पनोली के पास एक पुल पर कार को पहले एक ट्रक ने टक्कर मारी। टक्कर के कारण कार आगे धीरे-धीरे चल रहे दूसरे ट्रक से जा टकराई। उन्होंने बताया कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान ताहिर शेख (32), अयान (23) और मुदस्सर (26) के रूप में हुई है। वहीं हादसे के चारों घायलों को भरूच के एक अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।

झारखंड के रामगढ़ में सड़क दुर्घटना में तीन स्कूली छात्रों समेत चार की मौत

बुधवार सुबह झारखंड के रामगढ़ जिले में एक ऑटोरिक्शा और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन स्कूली बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में हुई। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया, 'अभी तक मिली जानकारी के अनुसार ऑटो में सवार तीन स्कूली बच्चों की मौत हो गई और वाहन का चालक भी दुर्घटना में मारा गया।'

कर्नाटक में आत्मसमर्पण करेंगे माओवादी- गृहमंत्री जी परमेश्वर का दावा

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बुधवार को कहा कि माओवादियों का एक समूह सरकार के सामने आत्मसमर्पण करेगा। आत्मसमर्पण के बाद माओवादियों को मुख्यधारा में शामिल कराया जाएगा। छह माओवादी बुधवार को बंगलूरू में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और गृह मंत्री जी परमेश्वर के सामने आत्मसमर्पण कर सकते हैं। आत्मसमर्पण करने वालों में कर्नाटक के मुंडागरु लता, सुंदरी कुथलूर, वनजाक्षी बालेहोले और मारेप्पा अरोली, तमिलनाडु के के वसंत और केरल का जीशा शामिल हैं।  

गृहमंत्री ने आत्मसर्पण कर रहे माओवादियों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि माओवादी विक्रम गौड़ा की पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद सरकार ने अन्य माओवादियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा था और उन्हें मुख्यधारा में शामिल होने के लिए कहा था। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी माओवादियों के आत्मसर्पण के संकेत दिए थे। 
 

तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर 14 जनवरी से रनवे अपग्रेडेशन का काम शुरू होगा

तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे के अपग्रेडेशन का काम होगा। यह अपग्रेडेशन यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और परिचालन दक्षता को बढ़ाया जाएगा। अदाणी एंटरप्राइजेज की सहायक कंपनी अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) द्वारा तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (टीआईएएल) का प्रबंधन किया जाता है। टीआईएएल ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि अपग्रेडेशन का काम 14 जनवरी 2025 से शुरू होगा और हर रोज सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे के बीच किया जाएगा और यह परियोजना 29 मार्च तक पूरी हो जाएगी।

इस दौरान हवाई अड्डे से परिचालन करने वाली एयरलाइंस सुबह 9 बजे से पहले और शाम 6 बजे के बाद उड़ानें निर्धारित करेंगी। हवाई अड्डे का मौजूदा रनवे - 3,374 मीटर लंबा और 60 मीटर चौड़ा है। इस रनवे को आखिरी बार 2017 में अपग्रेड किया गया था। रनवे और टैक्सीवे सहित कुल 3.48 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र को अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग (एजीएल) सिस्टम को हैलोजन से एलईडी में अपग्रेड किया जाएगा, एयरफील्ड साइनेज का अपग्रेड करना और स्टॉप बार लाइट लगाने का भी काम होगा। 

केरल पुलिस ने व्यवसायी बॉबी चेम्मनूर को हिरासत में लिया
मलयालम अभिनेत्री द्वारा दर्ज यौन उत्पीड़न की शिकायत के सिलसिले में व्यवसायी बॉबी चेम्मनूर को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने कल शिकायत पर बीएनएस की धारा 75 और आईटी एक्ट 67 के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। बॉबी चेम्मनूर से अभी एआर कैंप, कलपेट्टा में पूछताछ की जा रही है।

झारखंड के कृषि मंत्री का बयान- किसानों तक नहीं पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बुधवार को कहा कि उनके विभाग की योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं होने के कारण किसानों तक इनका लाभ नहीं पहुंच पा रहा है।  उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा नियुक्त ग्राम स्तरीय कर्मचारी (वीएलडब्ल्यू) अन्य विभागों के कामों में भी शामिल हो रहे हैं, जैसे आवास योजना और मनरेगा, जिससे कृषि विभाग की योजनाओं को लागू करने में कठिनाई हो रही है। 

कृषि, पशुपालन और सहकारिता विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए तिर्की ने कहा, "हमारी योजनाओं का लाभ सही लाभार्थियों तक नहीं पहुंच रहा है, क्योंकि वीएलडब्ल्यू अन्य कामों में व्यस्त हैं।

गणतंत्र दिवस के लिए दिल्ली पुलिस की तैयारी
गणतंत्र दिवस के लिए बुधवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों (एलईए) के बीच सहयोग बढ़ाने और आगामी गणतंत्र दिवस-2025 समारोह की तैयारी के अलावा दिल्ली में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण विधानसभा चुनाव कराने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। 

दिल्ली पुलिस आयुक्त ने की बैठक की अध्यक्षता
इस बैठक की अध्यक्षता दिल्ली के पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने की। इसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ दिल्ली पुलिस के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए। इन विभागों में सीपीओ, स्पेशल सीएसपी, स्पेशल सेल, ट्रैफिक, खुफिया और सुरक्षा से जुड़े अधिकारी शामिल थे।

पब और बार पर सिक्किम सरकार की सख्ती, 11 बजे रात तक बंद करने का आदेश
सिक्किम सरकार ने बुधवार को एक अधिसूचना जारी कर सभी पब, डिस्कोथेक और कराओके बार को हर रात 11 बजे तक बंद करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही 21 वर्ष से कम उम्र के लोगों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने की बात कही गई है।

बता दें कि यह निर्देश उन रिपोर्टों के बाद जारी किया गया है, जिनमें कम उम्र के लोग बिना किसी प्रतिबंध के इन स्थानों पर शराब पीते हुए पाए गए थे। सरकार ने इसे सिक्किम के सांस्कृतिक मूल्यों और सार्वजनिक स्वास्थ्य के खिलाफ बताया है।

शहरी विकास विभाग की अधिसूचना
शहरी विकास विभाग द्वारा जारी इस अधिसूचना में कहा गया है कि रेस्तरां और बार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि 21 वर्ष से कम उम्र के व्यक्तियों को शराब न परोसी जाए, जिसमें वर्दीधारी छात्र भी शामिल हैं। साथ ही अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि यदि इस नियम का उल्लंघन हुआ तो 50,000 रुपये का जुर्माना, व्यापार लाइसेंस का निलंबन, या लाइसेंस को स्थायी रूप से रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

महाराष्ट्र के सांगली में ट्रक की बस से टक्कर  
महाराष्ट्र में रत्नागिरी-नागपुर रोड पर मंगलवार को एक बस और ट्रक में टक्कर हो गई। इस हादसे में उन्नीस छात्र घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह हुई जब मिराज-तानांग चौराहे तानांग के पास एक मल्टी-एक्सल ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।

घायल छात्रों को मिराज के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज किया गया। पुलिस ने बताया कि किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई। सभी छात्र जिले के कवठे महाकाल के एक सरकारी आवासीय विद्यालय से हैं। वे मिराज से एक खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि ट्रक के चालक को पकड़ लिया गया है।

कर्नाटक में छह नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार, राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर, कई अन्य मंत्रियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में छह नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। नक्सलियों ने आत्मसमर्पण पत्र के साथ अपनी वर्दी भी सीएम सिद्धारमैया को सौंप दी।

डीजीपी प्रणब मोहंती ने दी जानकारी
साथ ही मामले में आंतरिक सुरक्षा के डीजीपी प्रणब मोहंती ने कहा कि दक्षिण भारत के छह मुख्य नक्सली नेताओं, कर्नाटक के चार और तमिलनाडु तथा केरल के एक-एक नेता ने आत्मसमर्पण कर दिया है। वे पिछले 25 वर्षों से आंदोलन का हिस्सा थे और दक्षिण भारत में नक्सल आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे। उनका आत्मसमर्पण एक महत्वपूर्ण निर्णायक क्षण है और कर्नाटक में नक्सलवाद का अंत भी है।

उन्होंने कहा कि पिछले 3-4 महीनों से आंतरिक सुरक्षा प्रभाग के नक्सल विरोधी बल के निरंतर प्रयासों के कारण हमें ये परिणाम देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि इससे कर्नाटक में नक्सलियों का अध्याय समाप्त हो जाएगा। मुझे पूरा यकीन है कि वे आखिरी नक्सली नेता थे।
विज्ञापन

गुजरात के वलसाड में लगी आग
गुजरात से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां वलसाड के डुंगरी फलिया में एक प्लास्टिक गोदाम में आग लग गई। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। 3 से ज़्यादा दमकल गाड़ियाँ मौके पर पहुँची हैं। विस्तृत जानकारी का इंतज़ार है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें