केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि दोबारा सत्यापन में विफल 73 लाख मोबाइल कनेक्शनों को दूर संचार कंपनियों की ओर से बंद कर दिया गया है। दूरसंचार विभाग ने फर्जी दस्तावेज पर लिए गए धोखाधड़ी वाले मोबाइल कनेक्शन का पता लगाने के लिए एक प्रणाली विकसित की है और ऐसे कनेक्शनों को दोबारा सत्यापन के लिए दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) को भेजा जाता है। संचार राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में कहा, अब तक, विभाग ने लगभग 81 लाख ऐसे संदिग्ध मोबाइल कनेक्शनों की पहचान की है और उनमें से लगभग 73 लाख कनेक्शनों को टीएसपी की ओर से पुन: सत्यापन में विफल रहने पर काट दिया गया।
भारत ने अप्रैल-जुलाई में 2.6 लाख टन प्याज का निर्यात किया: वर्मा
भारत ने चालू वित्त वर्ष में जुलाई तक 2.6 लाख टन प्याज का निर्यात किया है। खाद्य और उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बुधवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
रिजिजू वक्फ कानून से जुड़े दो अहम विधेयक पेश करेंगे
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू आज लोकसभा में वक्फ कानून, 1955 में संशोधन के लिए विधेयक पेश करेंगे। इसके साथ ही रिजिजू मुसलमान वक्फ एक्ट, 1923 को निरस्त करने का प्रस्ताव भी पेश करेंगे। 1923 के कानून को भी विधेयक लाकर निरस्त किया जाएगा।
विरुधुनगर के मंदिर में आदि पूरम रथ उत्सव; उमड़े हजारों श्रद्धालु
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में श्रीविल्लिपुथुर मंदिर के पास हजारों श्रद्धालुओं को देखा गया। ड्रोन से ली गई तस्वीरों में स्थानीय लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। श्रीविल्लिपुथुर मंदिर के आदि पूरम रथ उत्सव में श्रद्धालु बड़ी संख्या में हिस्सा लेने पहुंचे। यह उत्सव मंदिर के मुख्य देवता अंडाल के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है।
एनजीटी ने काजीरंगा में पांच सितारा होटल निर्माण को लेकर स्वत: संज्ञान लिया
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में और उसके आसपास लक्जरी होटलों के निर्माण पर स्वत: संज्ञान लेकर मामला दायर किया है।
बता दें, मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए एनजीटी की नई दिल्ली स्थित प्रधान पीठ ने इस मामले पर पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 के तहत मामला दर्ज किया। हालांकि, न्यायाधिकरण ने मामले की सुनवाई शुरू करने के लिए अभी कोई तारीख तय नहीं की है।
यह घटनाक्रम असम सरकार द्वारा यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के आसपास के क्षेत्र में एक पांच सितारा होटल बनाने के लिए टाटा समूह के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर करने के कुछ दिनों बाद हुआ है। यूनेस्को की एक वेबसाइट ने कहा, 'यह पार्क (केएनपी) पूर्वी भारत के उन अंतिम क्षेत्रों में से एक है, जहां मानव उपस्थिति नहीं है। यहां एक सींग वाले गैंडों की दुनिया की सबसे बड़ी आबादी रहती है, साथ ही बाघ, हाथी, तेंदुआ और भालू सहित कई स्तनधारी और हजारों पक्षी भी रहते हैं।'
असम पर्यटन विकास निगम (एटीडीसी) ने शनिवार को 120 करोड़ रुपये की लागत से लक्जरी संपत्ति विकसित करने के लिए टाटा समूह की सहायक कंपनियों अमलगमेटेड प्लांटेशन प्राइवेट लिमिटेड (एपीपीएल) और इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। समझौते के अनुसार, काजीरंगा में एक रिसॉर्ट और स्पा खोला जाएगा। आईएचसीएल के सहयोग से एपीपीएल राष्ट्रीय उद्यान के मुख्य क्षेत्र के पास सुविधा स्थापित करेगा।
राजकोट- 'तिरंगा यात्रा' में जेपी नड्डा और भूपेंद्र पटेल होंगे शामिल
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत 10 अगस्त को राजकोट में आयोजित होने वाली 'तिरंगा यात्रा' में हिस्सा लेंगे। इसकी जानकारी देते हुए राजकोट भाजपा अध्यक्ष मुकेश दोशी ने बताया कि यह यात्रा पैदल मार्च के रूप में होगी, जिसमें जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। इस यात्रा का आयोजन स्थानीय प्रशासन की तरफ से किया जा रहा है। वहीं इससे पहले राजकोट नगर आयुक्त डी पी देसाई ने दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीपी देसाई ने कहा, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल उन गणमान्य व्यक्तियों में शामिल होंगे जो इस पैदल मार्च में भाग लेंगे, जो रेस कोर्स से शुरू होकर जुबली गार्डन में समाप्त होगा।
शुक्रवार को मिजोरम, असम के बीच सीमा वार्ता
दो पूर्वोत्तर राज्य, मिजोरम और असम शुक्रवार को लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए मंत्रिस्तरीय वार्ता करेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि यह बैठक आइजोल में राज्य अतिथि गृह में शाम 4 बजे होगी। अधिकारियों ने बताया कि मिजोरम प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्री के. सपदांगा करेंगे, जबकि असम की टीम का नेतृत्व सीमा सुरक्षा और विकास मंत्री अतुल बोरा करेंगे। पिछले साल दिसंबर में मुख्यमंत्री लालदुहोमा के नेतृत्व में जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के सत्ता में आने के बाद से यह दोनों राज्यों के बीच पहली सीमा वार्ता होगी।
MUDA घोटाले में कर्नाटक के सीएम के खिलाफ शिकायत दर्ज
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण साइट आवंटन घोटाले को लेकर यहां निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए विशेष अदालत में गुरुवार को एक निजी शिकायत दर्ज की गई। मैसूर के रहने वाले शिकायतकर्ता स्नेहामाई कृष्णा ने मुख्यमंत्री पर इस घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सिद्धारमैया ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग किया है और अदालत से सीबीआई या किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी की तरफ से उनके खिलाफ जांच के लिए निर्देश देने की मांग की है। वहीं इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि उनके पास झूठी शिकायतों का जवाब देने की ताकत है। मैसूर में पत्रकारों से बात करते हुए सीएम सिद्धारमैया ने कहा, झूठे मामले कानून के सामने टिक नहीं सकते।
ओडिशा: मिड-डे-मील का खाना खाने से 24 छात्र हुए बीमार
ओडिशा के बालासोर जिले में एक सरकारी स्कूल में मिड-डे-मील का खाना खाने से करीब 24 छात्र बीमार पड़ गए। जानकारी के मुताबिक सिरापुर के उदयनारायण नोडल स्कूल में ये घटना घटी। इसके बाद सीने में दर्द और सिर चकराने की शिकायत पर बच्चों को सोरो अस्पताल पहुंचाया गया। इससे पहले 27 जुलाई को भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब सोरो ब्लॉक में बनीसिया उप स्कूल के छह बच्चे मिड-डे-मील का खाना खाने से बीमार पड़े थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
कर्नाटक HC से बसवनगुडी वार्ड का नाम बदलने के खिलाफ जनहित याचिका खारिज
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने गुरुवार को शहर के बसवनगुडी वार्ड का नाम बदलकर डोड्डा गणपति करने के सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली जनहित याचिका खारिज कर दी। सत्यलक्ष्मी राव और अन्य ने इस मामले में जनहित याचिका दायर की थी, जिन्होंने तर्क दिया था कि मूल नाम समुदाय के लिए महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मूल्य रखता है। वहीं मुख्य न्यायाधीश एन वी अंजारिया और न्यायमूर्ति के वी अरविंद की खंडपीठ ने याचिका के खिलाफ फैसला सुनाते हुए कहा, कि वार्ड या शहर का नाम बदलने का मुद्दा जनहित याचिका का मामला नहीं बनता है। याचिकाकर्ता को राहत देने के लिए कोई जनहित प्रदर्शित नहीं किया गया है। याचिकाकर्ताओं ने अनुरोध किया था कि अदालत शहरी विकास विभाग द्वारा 25 सितंबर, 2023 को जारी अधिसूचना को रद्द करे। इस पर अदालत ने कहा कि अधिकारियों ने वार्ड की सीमाओं को फिर से बनाने की चल रही प्रक्रिया के तहत बेंगलुरु में पहले ही कई वार्डों का नाम बदल दिया है। नतीजतन, अदालत ने बिना किसी और विचार के याचिका खारिज कर दी।
दक्षिण कन्नड़ में स्कूलों के पास तंबाकू बेचने पर होगी कड़ी कार्रवाई
दक्षिण कन्नड़ के अतिरिक्त उपायुक्त डी. संतोष कुमार ने गुरुवार को अधिकारियों को स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में सिगरेट और तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा, अगर दुकानदार सीओटीपीए (सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003) की धाराओं का उल्लंघन करते पाए जाते हैं, तो अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और उनके व्यापार लाइसेंस रद्द करने चाहिए। बता दें कि अतिरिक्त उपायुक्त 8 अगस्त को जिला कार्यालय में आयोजित वर्ष 2024-25 के लिए राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय समन्वय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
केंद्र ने सीबीआई में 5 एसपी नियुक्त किए
केंद्र सरकार ने गुरुवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो में पांच पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति की है। इस मामले में कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि भारतीय राजस्व सेवा के सभी पांच अधिकारियों को चार साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया है। इस आदेश के अनुसार, सृष्टि चौधरी, सव्यसाची कुमार और सोनावाने पंकज राजाराम (आयकर अधिकारी) और नवीन कुमार सोनी और राठौड़ क्रुणाल चिमनभाई (सीमा शुल्क और अप्रत्यक्ष कर अधिकारी) की नियुक्ति की गई हैं।
गोवा विधानसभा ने पारित किया अहम विधेयक
गोवा विधानसभा ने सार्वजनिक समुद्र तटों पर अस्थायी और मौसमी संरचनाओं के विनियमन और प्रबंधन के लिए एक व्यापक ढांचा प्रदान करने के उद्देश्य से एक विधेयक पारित किया है। गोवा सार्वजनिक समुद्र तटों पर झोपड़ियों के निर्माण विनियमन और नियंत्रण विधेयक, 2024 को विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन बुधवार को सदन की तरफ से पारित कर दिया गया। पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे की तरफ से प्रस्तुत विधेयक को बहुमत से पारित किया गया। इसे पिछले सोमवार को पेश किया गया था और बुधवार को इस पर चर्चा की गई, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष ने विधेयक पर अपने सुझाव दिए।
तेलंगाना में अधिवक्ता दंपत्ति पर कथित हमला करने के आरोप में केस दर्ज
तेलंगाना के जनगांव जिले में अधिवक्ता दंपत्ति पर कथित रूप से हमला करने के आरोप में एक सर्किल इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि अधिवक्ताओं ने गुरुवार को इस मारपीट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जनगांव के डीसीपी (पश्चिम क्षेत्र) के समक्ष एक अभिवेदन दायर किया गया जिसमें आरोप लगाया गया कि जब अधिवक्ता दंपत्ति अपने मुवक्किल के साथ 5 अगस्त को जनगांव पुलिस स्टेशन गए और सीआई जनगांव से उनके मुवक्किल की याचिका पर मामला दर्ज करने के लिए कहा, तो सीआई ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इस शिकायत में आरोप लगाया गया कि इसके बाद एक एसआई और कांस्टेबल ने उन्हें और उनके पति को पीटा और उनके फोन छीन लिए।
वरिष्ठ पीआईबी अधिकारी धीरज सिंह FTII के बनाए गए निदेशक
वरिष्ठ सूचना सेवा अधिकारी धीरज सिंह को गुरुवार को भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, पुणे का निदेशक नियुक्त किया गया है। 1995 बैच के भारतीय सूचना सेवा अधिकारी सिंह वर्तमान में प्रधानमंत्री कार्यालय के मीडिया एवं संचार के प्रभारी प्रेस सूचना ब्यूरो में अतिरिक्त महानिदेशक हैं। एफटीआईआई निदेशक के रूप में उनका कार्यकाल पांच वर्ष का होगा और सोमवार को उनके कार्यभार संभालने की उम्मीद है। बता दें कि धीरज सिंह इस पद पर संदीप शहारे का स्थान लेंगे। धीरज सिंह 'मॉडर्न मास्टर्स ऑफ सिनेमा: ए पर्सनल पैंथियन' पुस्तक के लेखक भी हैं, जो इसी साल प्रकाशित हुई है।
9 से 11 अगस्त तक मालदीव की यात्रा पर रहेंगे विदेश मंत्री
विदेश मंत्री एस जयशंकर शुक्रवार से मालदीव की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। यह द्वीपीय देश के चीन समर्थक राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के पदभार ग्रहण करने के बाद नई दिल्ली से उनकी पहली उच्च स्तरीय यात्रा होगी। बता दें कि मोहम्मद मुइज्जू जून में भारत आए थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा, विदेश मंत्री एस जयशंकर 9-11 अगस्त तक मालदीव की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। जयशंकर ने इससे पहले जनवरी 2023 में मालदीव का दौरा किया था। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, मालदीव भारत का प्रमुख समुद्री पड़ोसी है और भारत की 'पड़ोसी प्रथम' नीति और हमारे विजन 'सागर' यानी क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास में एक महत्वपूर्ण भागीदार है। इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच घनिष्ठ साझेदारी को मजबूत करना और द्विपक्षीय संबंधों को और बढ़ाने के अवसरों की तलाश करना है।
10 दिन में मुंबई कस्टम्स ने 4 करोड़ के सामान किए जब्त
28 जुलाई से 7 अगस्त 2024 के दौरान, मुंबई कस्टम्स ने 14 मामलों में 4.66 किलोग्राम से अधिक सोना और इलेक्ट्रॉनिक्स जब्त किया, जिसकी कीमत 4 करोड़ रुपये है। कपड़ों की दो परतों के बीच, स्पीकर के अंदर, शरीर पर और शरीर के अंदर सोना छिपा हुआ पाया गया। वहीं इस मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया।