फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: बंगलूरू हवाई अड्डे से राजस्व खुफिया विभाग ने पकड़ा 6.9 करोड़ रुपये का सोना, दो यात्री गिरफ्तार

Fri, 07 Jun 2024 03:54 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

राजस्व खुफिया विभाग (डीआरआई) ने मंगलवार को बंगलूरू हवाई अड्डे से नौ किलोग्राम से अधिक सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत 6.29 करोड़ रुपये से अधिक है। सोने को दो अलग-अलग फ्लाइटों में लाया गया था और हैंड बैग व शौचालय में छिपाया गया। डीआरआई के अधिकारियों ने दो यात्रियों को गिरफ्तार किया है। 

विज्ञापन


डीआरआई अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि उन्हें विशिष्ट इनपुट मिला कि एक सिंडिकेट एक विमान के अंदर सोना छुपाएगा। इनपुट के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों ने बैंकॉक से बंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाले थाई एयरवेज के विमान की तलाशी ली। इस दौरान विमान में छोड़े गए हैंड बैग के अंदर छुपाया गया 6.834 किलोग्राम सोना बरामद किया। 

हैंड बैग के अंदर से मिले दस्तावेजों से यात्रियों की हुई पहचान
हैंड बैग के अंदर पाए गए दस्तावेजों और पायलट दल से मिली जानकारी के आधार पर उन यात्रियों की पहचान की, जिन्होंने कथित तौर पर विमान में बैग छोड़ दिए थे। जिसके बाद अधिकारियों ने दो यात्रियों को रोका और पूछताछ की, जिन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने ही विमान में सोना छुपाया था। सरकार द्वारा प्रमाणित जांचकर्ता द्वारा सोने का मूल्य 4.77 करोड़ रुपये आंका गया। 
विज्ञापन


अमीरात के विमान से मिला 2.18 किलो सोना
अधिकारियों ने बताया कि पहली बरामदगी के कुछ घंटों बाद, दुबई से बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची अमीरात की उड़ान की तलाशी ली। इस दौरान बार के रूप में 2.18 किलोग्राम सोना बरामद जब्त किया गया। सोने को विमान के सामने वाले शौचालय में छुपाया गया था। सोने का मूल्य 1.52 करोड़ रुपये आंका गया।

अवैध धन हस्तांतरण मामला- कर्नाटक के मंत्री बी नागेंद्र ने दिया इस्तीफा
कर्नाटक के मंत्री बी नागेंद्र ने अवैध धन हस्तांतरण मामले में बृहस्पतिवार को इस्तीफा दे दिया। अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री ने मुख्यमंत्री को त्यागपत्र सौंपते हुए कहा कि वह इस मामले में पाक-साफ साबित होंगे। चार बार के विधायक ने इस्तीफा देने से कुछ घंटे पहले कहा, किसी ने मुझ पर इस्तीफा देने का दबाव नहीं बनाया। उनके इस फैसले से सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को झटका लगा है। कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम लि. से जुड़े अवैध धन हस्तांतरण का मामला उस वक्त प्रकाश में आया, जब इसके लेखा अधीक्षक चंद्रशेखर पी ने 26 मई को आत्महत्या कर ली और एक सुसाइड नोट छोड़ गए। नोट से पता चला कि राज्य संचालित निगम के 187 करोड़ रुपये उसके बैंक खाते से अवैध रूप से हस्तांतरित किए गए। इसमें से 88.62 करोड़ रुपये प्रसिद्ध आईटी कंपनियों और हैदराबाद स्थित एक सहकारी बैंक से संबंधित विभिन्न खातों में भेजे गए थे। 

डोंबिवली फैक्टरी विस्फोट में मारे गए 10 में 4 लोगों की पहचान
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली में केमिकल्स फैक्टरी में बीते महीने हुए भीषण विस्फोट के बाद मारे गए 10 लोगों में एक और मृतक की पहचान कर ली गई है। अबतक कुल चार मृतकों की पहचान हो चुकी है। डीएनए नमूने के आधार पर एक और शव की पहचान विशाल पोडवाल के तौर पर की गई है।

पन्नीरसेल्वम की एक होने की अपील अन्नाद्रमुक ने की खारिज
तमिलनाडु के पूर्व सीएम व अन्नाद्रमुक से बाहर किए गए नेता ओ पन्नीरसेल्वम ने अन्नाद्रमुक गुटों से पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। हालांकि, पार्टी नेता व पूर्व राज्य मंत्री के पी मुनुसामी ने उनकी अपील को भ्रम पैदा करने की कोशिश कह खारिज कर दिया है। रामनाथपुरम से लोकसभा चुनाव हारने और पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी की अगुवाई वाले अन्नाद्रमुक के राज्य की सभी 39 सीटें हारने के बाद पन्नीरसेल्वम ने यह अपील की। 

नाता प्रथा उन्मूलन के लिए केंद्र समेत चार राज्यों को नोटिस
 राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बृहस्पतिवार को नाता प्रथा के उन्मूलन का आह्वान किया। आयोग ने इस बुरी परंपरा को लेकर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात की सरकारों को नोटिस जारी किया। नाता प्रथा के तहत, राजस्थान के कुछ हिस्सों और मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात के आसपास के इलाकों में कुछ समुदायों में लड़कियों को कथित तौर पर स्टांप पेपर पर या किसी और तरह से शादी के नाम पर बेचा जाता है, जिसकी कोई कानूनी मान्यता नहीं होती। 
विज्ञापन

तृणमूल समर्थकों ने बंगाल भाजपा प्रमुख की कार रोकी, नारे लगाए
तृणमूल कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार की कार रोकी और जमकर नारेबाजी की। पुलिस के अनुसार, मजूमदार जब उत्तर 24 परगना जिले के मिनाखा गांव जा रहे थे तब तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। चुनाव के बाद भय पैदा करने का आरोप लगाते हुए मजूमदार ने कहा, उनके दौरे का उद्देश्य प्रभावित मिनाखा में लोगों की सहायता करना था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें