फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: राष्ट्रपति ने ओडिशा में तीन नई रेलवे लाइनों की नींव रखी; कल से रूस दौरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Sat, 07 Dec 2024 12:37 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को ओडिशा में तीन नई रेलवे लाइन परियोजनाओं की आधारशिला रखी। राष्ट्रपति ने बांगिरीपोषी-गोरुमाहिषानी, बुढ़ामरा-चाकुलिया और बादामपहाड़- केन्दुझरगढ़ रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला रखी और इस दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम सहित अन्य भी मौजूद रहे।

विज्ञापन

 
रेलवे ने बताया कि नई लाइन रोजगार के अधिक अवसर पैदा करने में मदद करेंगी और क्षेत्रों का सामाजिक-आर्थिक विकास सुनिश्चित करेंगी, जिससे आदिवासी बहुल क्योंझर और मयूरभंज जिलों में संपर्क बढ़ेगा।

नई लाइनें खनिज समृद्ध क्षेत्रों से कच्चे माल के परिवहन की सुविधा प्रदान करेंगी। राष्ट्रपति ने ऑनलाइन माध्यम से रायरंगपुर में तीन अन्य परियोजनाओं - जनजातीय अनुसंधान एवं विकास केंद्र, डांड़बोस हवाई अड्डा और एक उप-मंडल अस्पताल की भी आधारशिला रखी।
विज्ञापन


मणिपुर में हथियार और गोला-बारूद जब्त
मणिपुर के थौबल जिले में सुरक्षा बलों ने हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा जब्त किया है। शुक्रवार को पेची चिंगलाक की तलहटी में एक तलाशी अभियान के दौरान यह जब्ती की गई। जब्त किए गए हथियारों और गोला-बारूद में मैगजीन के साथ एक एसएमजी कार्बाइन, तीन हैंड ग्रेनेड, चार कारतूस, एक संगीन और एक रेडियो सेट शामिल हैं। इंफाल घाटी स्थित मैतेई और आसपास के पहाड़ी क्षेत्र कुकी-जो समूहों के बीच पिछले साल मई से जातीय हिंसा में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों बेघर हो गए हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल जाएंगे रूस
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आठ से 10 दिसंबर तक रूस की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री और रूस के रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव 10 दिसंबर को मास्को में सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (आईआरआईजीसी-एमएंडएमटीसी) की 21वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे।

Trending Videos

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम: स्वास्थ्य मंत्री नड्डा आज करेंगे 100 दिनी अभियान की शुरुआत

जेपी नड्डा - फोटो : ANI
टीबी संक्रमण के खिलाफ देशभर में शनिवार से 100 दिन तक अभियान चलाया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा हरियाणा के पंचकूला में अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके तहत देश के 33 राज्यों के 347 जिलों में उच्च जोखिम वाले समूहों में टीबी के मामलों का पता लगाने के साथ निदान में देरी को कम करना और उपचार के परिणामों में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि 100 दिनी अभियान का उद्देश्य देश में तपेदिक (टीबी) की चुनौतियों से निपटना है।

बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर पलटी बेकाबू कार, चालक घायल 

बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर एक कार दुर्घटना में चालक घायल हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे घटी। तेज गति से जा रही कार चालक के नियंत्रण खोने के कारण पलट गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सी लिंक पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस के मुताबिक पलटी हुई कार और धीमी गति से वाहन चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

ओडिशा: सरकारी भर्तियों में बड़े पैमाने पर धांधली, पूर्व सीएम पर बरसे माझी

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूर्ववर्ती बीजद सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बीजू जनता दल सरकार (बीजद) के कार्यकाल में सरकारी भर्तियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं। उन्होंने कहा कि लाखों रुपये में नौकरियां बेचने का आरोप भी लगाया। सीएम माझी के इन आरोपों पर बीजद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने  कहा, मुख्यमंत्री को गलत बयानबाजी करके लोगों को गुमराह नहीं करना चाहिए। उन्हें आरोप साबित करने चाहिए। शुक्रवार को ओडिशा विधानसभा में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) विधेयक, 2024 पेश करने के दौरान यह आरोप-प्रत्यारोप सामने आया।

BARC ने गेहूं, चावल और तिलहन की आठ नई किस्में लॉन्च की

मुंबई में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) केंद्र को गेहूं, चावल और तिलहन की आठ नई किस्में विकसित करने में कामयाबी मिली है। उच्च उपज और जलवायु-लचीली इन किस्मों को लॉन्च कर दिया गया है। बीएआरसी की तरफ से जारी बयान के मुताबिक ये गैर-जीएमओ फसल किस्में पूरे भारत में कृषि में "क्रांति" लाने के लिए तैयार हैं। नई किस्मों में पांच अनाज और तीन तिलहन शामिल हैं। विविध कृषि परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विकसित इन किस्मों को राज्य कृषि विश्वविद्यालयों के सहयोग से लॉन्च किया गया है। बीएआरसी के निदेशक विवेक भसीन ने इन किस्मों को मौजूदा विकल्पों की तुलना में अधिक उपज के कारण 'किसानों के लिए वरदान' बताया। 
 
किस्मों के नाम किस क्षेत्र के लिए किसका सहयोग
ट्रॉम्बे जोधपुर गेहूं-153 (TJW-153) राजस्थान जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय
ट्रॉम्बे राज विजय गेहूं-155 (TRVW-155) मध्य प्रदेश राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर
बौना लुचाई-सीटीएलएम छत्तीसगढ़ आईजीकेवी, रायपुर
ट्रॉम्बे कोंकण खारा महाराष्ट्र डॉ. बालासाहेब सावंत कोंकण कृषि विद्यापीठ, दापोली

बार्क की टीम ने जिन अन्य किस्मों को लॉन्च किया है, उनके नाम ट्रॉम्बे जोधपुर मस्टर्ड-2 (टीजेएम-2), ट्रॉम्बे लातूर तिल-10 (टीएलटी-10) और छत्तीसगढ़ ट्रॉम्बे मूंगफली (सीजीटीएम) हैं। तीनों तिलहन हैं।

बिहार में गरीब रथ का इंजन अलग, हादसा टला
बिहार में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब मधुबनी से आनंद विहार आ रही गरीब रथ ट्रेन का इंजन डिब्बों से अलग हो गया। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन इंजन अलग होने के बाद करीब एक किलोमीटीर तक दौड़ती रही। इस दौरान उसकी स्पीड करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा थी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, खजौली और राजनगर रेलवे स्टेशनों के बीच दोपहर करीब 12.43 बजे हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्रा ने बताया कि घटना का तुरंत पता चल गया था और दोपहर 1.10 बजे इंजन को फिर से ट्रेन से जोड़ दिया गया। इसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई।

मिजोरम में 775 किलो विस्फोटक 4,700 डेटोनेटर के साथ दो पकड़े
सुरक्षाबलों ने मिजोरम को दहलाने की साजिश नाकाम कर दी। एक संयुक्त ऑपरेशन में असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने मिजोरम के हनथियाल जिले से 775 किलो विस्फोटक और 4,700 डेटोनेटर बरामद किए और दो लोगों को गिरफ्तार किया। असम राइफल्स (पूर्व) के अनुसार, मिजोरम के हनथियाल जिले के थिंगसाई क्षेत्र में विस्फोटक और युद्ध जैसे सामानों की गतिविधियों की गुप्त जानकारी मिली थी। गिरफ्तार व्यक्तियों और बरामद सामान को पुलिस के हवाले कर दिया गया। 

रूसी आईएनएस तुशील 9 को नौसेना में होगा शामिल
भारतीय नौसेना 9 दिसंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में रूस निर्मित बहु-उद्देशीय स्टील्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट (युद्धपोत) आईएनएस तुशील को नौसेना के पश्चिमी बेड़े में शामिल करेगी। इसे दुनिया में तकनीकी रूप से सबसे उन्नत फ्रिगेट (युद्धपोत) में शुमार किया जाता है।  नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि इससे हिंद महासागर में भारतीय नौसेना की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। 

बिहार के पूर्व डीजीपी डीपी ओझा का निधन
बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) डीपी ओझा का 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को ओझा ने राजधानी पटना स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। बिहार कैडर के 1967 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी को फरवरी, 2003 में डीजीपी नियुक्त किया गया था। फरवरी 2004 में निर्धारित सेवानिवृत्ति से कुछ महीने पहले छह दिसंबर 2003 को ही उन्हें पद से हटा दिया गया था। ओझा उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने 2003 में सत्तारूढ़ दल के सांसद के खिलाफ एक्शन लिया। बिहार की तत्कालीन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद और बाहुबली मोहम्मद शहाबुद्दीन के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। उनकी रिपोर्ट में पाकिस्तान में स्थित संगठनों के साथ सांसद के संबंध होने का दावा किया गया था। रिपोर्ट के तुरंत बाद उनका तबादला कर दिया गया था।

भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत
कर्नाटक के बीजापुर में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। तालिकोटी तालुक के बिलेभवी क्रॉस के पास गन्ना कटाई करने वाली मशीन से टक्कर में कार सवार 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तालिकोटी पुलिस ने बताया कि सभी कार सवार यादगीर से लौट रहे थे, तभी कटाई करने वाली मशीन और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बागेवाड़ी सरकारी अस्पताल भेजा गया।

IQCU विश्व स्तरीय सुरक्षा प्रक्रियाओं की स्थापना में निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने भारत भर के 68 हवाई अड्डों पर तैनात विमानन सुरक्षा समूह (ASG) के लिए एक आंतरिक गुणवत्ता नियंत्रण इकाई (IQCU) की स्थापना करके विमानन सुरक्षा को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आंतरिक गुणवत्ता नियंत्रण इकाई विश्व स्तरीय सुरक्षा प्रक्रियाओं और प्रौद्योगिकी की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह पहल नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) द्वारा जारी राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन सुरक्षा गुणवत्ता नियंत्रण कार्यक्रम-2024 (NCASQCP) और विमान (सुरक्षा) नियम-2023 के अनुपालन में है।

निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को कोर्ट ने दी जमानत
झारखंड की निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को रांची की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने जमानत दे दी है। उन्हें मई 2022 में धनशोधन के मामले में गिरफ्तार किया गया था, जो मनरेगा से जुड़ा हुआ था। 
 

तेलंगाना : तेज रफ्तार कार के झील में गिर जाने से पांच लोगों की मौत
तेलंगाना के यदाद्रि-भुवनगिरी जिले में एक कार के शनिवार को झील में गिर जाने से पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना उस दौरान हुई जब छह युवक हैदराबाद से यदाद्रि-भुवनगिरी जिले की ओर जा रहे थे। उसने बताया कि सभी युवकों की उम्र 20 से 25 साल के बीच है।

पुलिस ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी और एक मोड़ पर चालक द्वारा वाहन पर से नियंत्रण खो देने से वाहन झील में गिर गया। उसने बताया कि कार में मौजूद छह लोगों में से एक व्यक्ति खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन अन्य सभी डूब गए।

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: मकोका कोर्ट ने आठ आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
मुंबई की एक विशेष मकोका कोर्ट ने शनिवार को बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में आठ आरोपियों को 16 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। राकांपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्तूबर को बांद्रा के निर्मल नगर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुंबई पुलिस ने इस मामले में अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया है और उन सभी के खिलाफ 30 नवंबर को मकोका के तहत मामले दर्ज किए थे। 
 
इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी शिवकुमार गौतम सहित आठ आरोपियों को शनिवार को मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) मामलों के विशेष न्यायाधीश ए.एम.पाटिल के समक्ष पेश किया गया। कोर्ट ने पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। बाकी आरोपियों को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। 

मानवाधिकार दिवस पर मणिपुर में आयोजित की जाएगी विशाल रैली
मणिपुर के पांच नागरिक समाज संगठनों ने दस दिसंबर को मानवाधिकार दिवस के मौके पर एक विशाल रैली आयोजित करने का फैसला लिया है। यह रैली आफ्सपा और राज्य में शांति बहाली की मांग को लेकर होगी। रैली का आयोजन इंफाल घाटी के प्रमुख संगठन ऑल मणिपुर यूनाइटेड कलब्स ऑर्गनाइजेशन द्वारा किया जाएगा। इस संगठन के संयोजक प्रताप लेशांगथेम ने कहा, मानवाधिकार दिवस के मौके पर यह रैली राज्य में सामान्य स्थिति की बहाली की मांग के लिए की जाएगी। उन्होंने सभी से अपील की कि दस दिसंबर को कामकाजी दिन के दौरान हड़ताल पर रहे हैं औ इस रैली में भाग लें। यह रैली पांच किलोमीटर तक चलेगी। 

सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली दुर्भावनापूर्ण याचिकाएं खारिज हों: जमात-ए-इस्लामी हिंद
संभल में एक मस्जिद और अजमेर में सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर दावों को लेकर विवाद के बीच, मुस्लिम संगठन जमात-ए-इस्लामी हिंद ने पूजा स्थल अधिनियम को सख्ती से लागू करने का आह्वान किया। संगठन ने अदालतों से सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने के उद्देश्य से दायर दुर्भावनापूर्ण याचिकाओं को खारिज करने की भी अपील की है।

जमात-ए-इस्लामी हिंद ने कहा कि पूजा स्थल अधिनियम, 1991 को सांप्रदायिक तनाव को कम करने के लिए लागू किया गया था, ताकि सभी धार्मिक स्थलों की 15 अगस्त, 1947 को जैसी स्थिति थी, वैसी ही स्थिति सुनिश्चित की जा सके। संगठन ने कहा कि इस महत्वपूर्ण कानून का उद्देश्य सांप्रदायिक सद्भाव को बनाए रखना और पूजा स्थलों पर ऐतिहासिक दावों को लेकर विभिन्न विवादों को बढ़ने से रोकना है।
 

तेलंगाना: मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने नौकरी के मुद्दे पर पीएम को दी चुनौती
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी कि वह यह साबित करें कि किसी भी भाजपा शासित राज्य ने अपने पहले साल में 55 हजार नौकरियां दी हैं। रेड्डी ने कहा कि अगर मोदी यह साबित करते हैं, तो वह दिल्ली में सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे। नल्गोंडा में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) पर भी निशाना साधा और सवाल किया कि विपक्ष के नेता केसीआर विधानसभा सत्रों में क्यों भाग नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जनता के जनादेश का उल्लंघन है। 

रेड्डी ने कहा, मैं मोदी जी से सीधे सवाल पूछना चाहता हूं कि आप 14 गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और 11 साल से प्रधानमंत्री हैं। गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ या राजस्थान, जहां भी भाजपा सत्ता में है, क्या उन्होंने पहले साल में 55 हजार नौकरियां दी हैं? उन्होंने आगे कहा, अगर आपने नौकरियां दी हैं, तो मुझे इसका प्रमाण दिखाइए। मैं दिल्ली आकर शहर के बीच में माफी मांगने के लिए तैयार हूं। अगर ऐसा नहीं है, तो मैं आपको इसका हिसाब दूंगा। आप तेलंगाना सरकार की सराहना करें। 
 

पोप द्वारा जॉर्ज कूवाकड की कार्डियल के रूप में नियुक्ति पर पीएमओ ने जारी किया बयान
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शनिवार को एक बयान में कहा, यह भारत के लिए बड़े गर्व की बात है कि आर्चबिशपर जॉर्ज कूवाकड को पोप फ्रांस की ओर से कार्डियल के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण समारोह को देखने के लिए भारत सरकार ने केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल भेजा है। समारोह से पहले भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने पोप फ्रांसिस से मुलाकात की है। यह एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसमें भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने पोप से बातचीत की और इस सम्मानजनक समारोह का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त किया। 
 

भाजपा महासचिव ने विजयेंद्र को कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष के पद से हटाने की मांग को किया खारिज
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल ने बी.वाई. विजयेंद्र को कर्नाटक भाजपा प्रमुख के पद से हटाने की मांग को शनिवार को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व किसी के कहने पर नहीं बदला जाता। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वरिष्ठ विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल के खिलाफ कोई भी कार्रवाई उनके जवाब के आधार पर आलाकमान द्वारा  की जाएगी। यतान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। यतनाल के नेतृत्व वाले गुट ने राज्य भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में विजयेंद्र की आलोचना की थी और उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाया था। 

अगले 20 वर्षों में 150 से 200 तक नए हवाई अड्डे बनाने का लक्ष्य: विमानन मंत्री
विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2014 में देश में 74 हवाई अड्डे थे जो पिछले 10 वर्षों में बढ़कर 157 पहुंच गए हैं और अगले 20 वर्षों में सरकार ने 150 से 200 तक नए हवाई अड्डे बनाने का लक्ष्य रखा है। नायडू ने यहां के फुर्सतगंज स्थित राजीव गांधी विमानन विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के बाद अपने संबोधन में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य लेकर हम सब चल रहे हैं जिसमें नागर विमानन मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण भूमिका होगी।”

नायडू ने संवाददाताओं से कहा कि अगले 20 वर्षों में 150 से 200 तक नए हवाई अड्डे बनाने का लक्ष्य रखा गया है जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और उस क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। उन्होंने कहा कि देश में प्रशिक्षण के लिए 800 विमान मौजूद हैं और 1500 विमानों के आर्डर दिए गए हैं। इनके आने से बड़ा फायदा होगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
विज्ञापन

45 पंचायतों को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलेंगे
राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से 11 दिसंबर को 45 पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें से 17 पंचायतों का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। यह पुरस्कार पंचायतों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देने के लिए प्रदान किए जाएंगे। पंचायती राज मंत्रालय के मुताबिक, यह पुरस्कार पंचायतों की उन प्रयासों को मान्यता देता है, जिनसे ग्राम स्तर पर समावेशी और सतत विकास को बढ़ावा मिला है। 

इस वर्ष, 1.94 लाख ग्राम पंचायतों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया और 45 पुरस्कार विजेताओं का चयन विभिन्न श्रेणियों में किया गया है। मंत्रालय ने बताया कि इन पुरस्कारों से गांवों और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए गए विभिन्न कार्यों की सराहना की जा रही है। इन पुरस्कारों की श्रेणियां में "दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार", "नानाजी देशमुख सर्वोत्कृष्ट पंचायत सतत विकास पुरस्कार", "ग्राम ऊर्जा स्वराज विशेष पंचायत पुरस्कार", "कार्बन न्यूट्रल विशेष पंचायत पुरस्कार", और "पंचायत क्षमता निर्माण सर्वोत्कृष्ट संस्थान पुरस्कार" शामिल हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें