फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: कर्नाटक सरकार की पीएम मोदी से अपील; ट्रेन चालकों की शिकायतों पर रेलवे बोर्ड सख्त, सभी जोन को निर्देश

Fri, 06 Sep 2024 10:11 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

आंध्र प्रदेश में तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) ने पार्टी विधायक कोनेती आदिमुलम को एक वरिष्ठ महिला नेता द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने के बाद निलंबित कर दिया है। टीडीपी प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने कहा कि पार्टी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू एक या दो दिन में विधायक के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू करेंगे।

विज्ञापन

एनजीओ के आध्यात्मिक कार्यक्रम से बवाल
चेन्नई में सरकारी बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 'आध्यात्मिक जागृति कक्षाओं' पर बवाल मच गया है। डीवाईएफआई और एसएफआई ने चेन्नई में विरोध प्रदर्शन किया और शिक्षा विभाग पर सवाल उठाया। सत्र का संचालन एक गैर सरकारी संगठन द्वारा किया गया था।
 
शिक्षा मंत्री अंबिल महेश ने कहा कि कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद, तमिलनाडु में ऐसी घटनाएं कभी नहीं होंगी। मुझे उस शिक्षक से भी मिलना है, जिसने महाविष्णु के साथ बहस की। बता दें, महाविष्णु एनजीओ है, जिसने आध्यात्मिक जागृति कक्षाएं चलाई थीं। 

आज जल संचय जन भागीदारी पहल की शुरुआत
बारिश की हर बूंद को मूल्यवान संसाधन में बदलने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को सूरत से जल संचय जन भागीदारी पहल की शुरुआत करेंगे। इस सामुदायिक भागीदारी से जल शक्ति मंत्रालय के अभियान कैच द रेन कार्ययोजना को गति प्रदान करना और आम लोगों को इससे जोड़ना है। इस मुहिम से जल संरक्षण के क्षेत्र में लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी और जल संचय संभव हो सकेगा।

मणिपुर में हथियारों और गोला-बारूद का भंडार बरामद
भारतीय सेना और मणिपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक संयुक्त अभियान में कांगपोकपी और इंफाल ईस्ट जिलों के सीमांत क्षेत्रों में हथियारों और गोला-बारूद का भंडार बरामद किया। भारतीय सेना ने एक भारी कैलिबर लांचर, एक 12-बोर डबल बैरल राइफल, एक .177 राइफल+मैगजीन, दो पिस्तौल, एक पोम्पी गन, पांच ग्रेनेड, गोला-बारूद और युद्ध जैसा भंडार बरामद किया। सेना के पीआरओ ने बताया कि मणिपुर पुलिस के साथ भारतीय सेना ने बृहस्पतिवार को एक संयुक्त अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। यह तलाशी अभियान हाल ही में इंफाल के कोटरुक में कुकी उग्रवादियों द्वारा निहत्थे ग्रामीणों पर हुए हमले के बाद की गई है।

आरजी कर अस्पताल मामले में भाजपा के तेवर आक्रामक, सीएम ममता का इस्तीफा मांगा
कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में भाजपा के तेवर तल्ख हैं। भाजपा नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, हम शुरू से ही कह रहे हैं कि सत्ताधारी दल- टीएमसी पूरी घटना को छिपाने की ताक में है। उन्होंने 31 वर्षीय महिला डॉक्टर की मौत को आत्महत्या बताने का भी हरसंभव प्रयास किया। उन्होंने सबूतों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की...पत्र से साबित होता है कि घटना 9 अगस्त को हुई और 10 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से एक अधिसूचना जारी की गई। राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की भागीदारी के बिना यह अधिसूचना, उस तरह का आदेश जारी करना संभव नहीं था। मजूमदार ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी को इस्तीफा दे देना चाहिए।
 

असम समझौते पर सरकारी एलान संतोषजनक नहीं, तृणमूल कांग्रेस की मांग- रिपोर्ट सार्वजनिक करें
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सुष्मिता देव ने कहा है कि असम सरकार की घोषणा हैरान करने वाली है, जिसमें 67 में 57 सिफारिशों को लागू करने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा, 'बिप्लब शर्मा समिति का गठन केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने किया था। समिति ने एक रिपोर्ट दी। इस रिपोर्ट को गृह मंत्रालय ने स्वीकार किया है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट न तो आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक की गई है, न गृह मंत्रालय या असम सरकार की वेबसाइट पर उपलब्ध है। ऐसी परिस्थिति में बिप्लब शर्मा समिति की रिपोर्ट में आधिकारिक तौर पर क्या है, असम के लोगों को इसकी जानकारी देनी होगी। कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा है कि 67 सिफारिशें हैं, जिसमें हम 57 सिफारिशें लागू करेंगे। ये कौन सी 57 सिफारिशें हैं, उन्हें बताना चाहिए। सरकार को रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए। लीक हुई कॉपी पर भरोसा नहीं किया जा सकता। अगर केंद्र सरकार रिपोर्ट को स्वीकार कर चुकी है तो आदेश की वह प्रति भी दिखानी चाहिए।

निष्कासित द्रमुक नेता की 55 करोड़ की संपत्ति अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ड्रग्स तस्करी से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत चेन्नई स्थित द्रमुक के निष्कासित पदाधिकारी जाफर सादिक और उनके कुछ सहयोगियों की 55 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच की है। ईडी ने बयान में कहा कि 2 सितंबर को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत 14 संपत्तियों को अटैच करने अनंतिम आदेश जारी किया गया था। इसमें जेएसएम रेजीडेंसी होटल, एक आलीशान बंगला और जगुआर व मर्सिडीज जैसी सात महंगी गाड़ियां शामिल हैं। इन संपत्तियों की कुल कीमत 55.3 करोड़ रुपये है। आरोपी ने आपराधिक गतिविधियों के जरिये यह संपत्ति अर्जित की थी। ईडी ने सादिक को जून में गिरफ्तार किया था। 
 

एशियाई सिनेमा की जननी अरुणा वासुदेव का 88 वर्ष की उम्र में निधन
मशहूर फिल्म समीक्षक और लेखिका अरुणा वासुदेव (88) का बृहस्पतिवार सुबह यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। वासुदेव को एशियाई सिनेमा की जननी भी माना जाता है। उनकी करीबी दोस्त नीरजा सरीन ने बताया कि वासुदेव का पिछले तीन सप्ताह से इलाज चल रहा था। वह कुछ समय से अस्वस्थ थीं। उन्हें अल्जाइमर था और बुढ़ापे से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से भी जूझ रही थीं। 

आंध्र प्रदेश: पूर्व सांसद नंदीगाम सुरेश गिरफ्तार
वाईएसआर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बापटला के पूर्व सांसद नंदीगाम सुरेश को आंध्र प्रदेश पुलिस ने 2021 में तेदेपा कार्यालय पर हमले से संबंधित एक मामले में गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि पूर्व सांसद को बुधवार देर रात करीब एक बजे हैदराबाद के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। उन्हें गुंटूर जिले के मंगलागिरि थाने में स्थानांतरित किया और उन पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

अरुणाचल प्रदेश में नाबालिग से यौन उत्पीड़न के मामले में एक गिरफ्तार

अरुणाचल प्रदेश की पुलिस ने 10 साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक रोहित राजबीर सिंह ने कहा कि आरोपी को पश्चिमी सियांग जिले से गिरफ्तार किया गया है। बच्ची की मां पुलिस में शिकायत दर्ज कराई ती, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। ईटानगर महिला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सर्विलेंस के जरिए आरोपी की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। 

कर्नाटक सरकार की प्रधानमंत्री से अपील

कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जीएसटी परिषद को स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम पर 18 प्रतिशत कर खत्म करने की सलाह देने का आग्रह किया, जिसकी नौ सितंबर को बैठक होने वाली है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने कहा, स्वस्थ भारत सुनिश्चित करना हर निर्वाचित प्रतिनिधि का कर्तव्य है, चाहे वह पार्टी लाइन से परे हो। स्वास्थ्य बीमा पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाना एक प्रतिगामी कदम है, जिससे आम आदमी के लिए स्वास्थ्य सेवा कम सुलभ हो जाएगी। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है, जीएसटी परिषद को स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम को जीएसटी से छूट देने की सलाह दी है। अब समय आ गया है कि हम अपने नागरिकों की भलाई को प्राथमिकता दें। राव ने कहा कि स्वास्थ्य बीमा पर जीएसटी 18 प्रतिशत के उच्चतम कर स्लैब में से एक है और 2017 से ही ऐसा ही है, जबकि राजनेताओं और नीति निर्माताओं सहित सभी हितधारकों ने इसका कई बार विरोध किया है।
 

ट्रेन चालकों की शिकायतों पर रेलवे बोर्ड सख्त

रेलवे बोर्ड ने 17 रेलवे जोन के महाप्रबंधकों को लिखित निर्देश जारी कर रनिंग रूम की शिकायत निवारण प्रणाली को दुरुस्त करने को कहा है, ताकि शिकायतों का तुरंत समाधान किया जा सके। बता दें कि जब लोको पायलट बाहरी ड्यूटी पर होते हैं, तो उन्हें रहने और आराम करने के लिए रनिंग रूम उपलब्ध कराए जाते हैं रेलवे बोर्ड के 3 सितंबर, 2024 के पत्र में कहा गया है, रेलवे बोर्ड में उच्चतम स्तर पर रनिंग रूम और चालक दल की सुविधाओं के रखरखाव की बारीकी से निगरानी की जा रही है। चालक दल की तरफ से दर्ज की गई शिकायतों का तुरंत समाधान करने के लिए शिकायत निवारण प्रणाली को दुरुस्त करना आवश्यक है।

बोर्ड ने कहा कि मुख्यालय के अधिकारी हर सप्ताह कम से कम चार रनिंग रूम के लिए पिछले 100 दिनों में दर्ज की गई शिकायतों की समीक्षा करने के लिए शिकायत रजिस्टर की एक प्रति मांगेंगे और डिवीजन की तरफ से की गई कार्रवाई की गुणवत्ता और समय की जांच करेंगे, ताकि हर तिमाही में जोन के सभी रनिंग रूम को कवर किया जा सके।

हैदराबाद- जुबली हिल्स में बेची जा रही थी व्हिस्की मिली आइसक्रीम

हैदराबाद के जुबली हिल्स में व्हिस्की मिली आइसक्रीम बेचने का मामला सामने आया है। आबकारी प्रवर्तन दल ने 11.5 किलोग्राम व्हिस्की आइसक्रीम जब्त की और इस रैकेट में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार किया। मामले में आबकारी दल ने जुबली हिल्स में रोड नंबर 1 और 5 पर एक कैफे आइसक्रीम पार्लर पर छापा मारा, जहां उन्हें व्हिस्की आइसक्रीम खुलेआम बिकती मिली। शरत चंद्र रेड्डी की तरफ से संचालित यह पार्लर प्रत्येक किलोग्राम आइसक्रीम में 60 मिली व्हिस्की मिलाकर ऊंचे दामों पर बेच रहा था। आरोपी दयाकर रेड्डी और शोभन अधिक ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सोशल मीडिया पर अपने उत्पाद का विज्ञापन भी कर रहे थे। पुलिस ने 23 पीस यानी कुल 11.5 किलोग्राम व्हिस्की आइसक्रीम जब्त की और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

विज्ञापन

एयरबस और आईआईटी गुवाहाटी को बधाई- सरमा

असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि, असम और उत्तर पूर्व के 2000 लोगों को उद्योग-तैयार कौशल से लैस करने की उनकी पहल के लिए एयरबस और आईआईटी गुवाहाटी को मेरी बधाई। चूंकि भारत वैश्विक विमानन में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उभर रहा है, इसलिए इन निवेशों को कुशल पेशेवरों के एक मजबूत पूल की तरफ से समर्थित किया जाएगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें