फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: आंध्र प्रदेश में डूबने से रूसी पर्यटक की मौत; तेलंगाना में पैंगोलिन के 6.53 किलो शल्क जब्त

Mon, 06 Oct 2025 01:26 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में यारदा बीच पर तेज समुद्री लहर में बह जाने के कारण रविवार दोपहर एक रूसी पर्यटक की मौत हो गई। नौसेना डॉकयार्ड में काम करने वाले 16 रूसी नागरिकों का एक समूह सैर के लिए यारदा बीच आया था। घटना उस समय हुई जब यह समूह समुद्र में तैराकी का लुत्फ उठा रहा था। विशाखापत्तनम के पुलिस आयुक्त शंखब्रत बागची ने बताया कि मरीन पुलिस और लाइफगार्ड ने उन्हें चेतावनी दी कि पानी की गहराई और तेज धाराओं के कारण तैराकी असुरक्षित है। लेकिन चेतावनी को नजरअंदाज कर दो सदस्य गहरे पानी में चले गए और समुद्री लहरों की चपेट में आ गए। पोर्ट मरीन पुलिस का एक कर्मचारी तुरंत लाइफगार्ड के साथ समुद्र में पहुंचा। हालांकि, एक पर्यटक सुरक्षित बच गया जबकि दूसरे की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन


संयुक्त राष्ट्र महासभा में दो बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल भेजेगा भारत
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 80वें सत्र में भाजपा सांसद पी. पी. चौधरी और डी पुरंदेश्वरी के नेतृत्व में दो बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एक सांसद ने बताया कि ये गैर-आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल हैं और भारतीय लोकतंत्र की एकजुटता को दर्शाते हैं। जानकारी के मुताबिक, चौधरी के नेतृत्व वाला पहला दल 8 से 14 अक्तूबर तक न्यूयॉर्क में रहेगा, जबकि दूसरा दल 27 अक्तूबर से शामिल होगा।

करूर भगदड़: कमल हासन बोले- आयोजकों को माफी मांगनी चाहिए
एमएनएम प्रमुख कमल हासन ने सोमवार को करूर भगदड़ स्थल का दौरा किया और इस घटना को त्रासदी बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि आयोजकों की जिम्मेदारी है और अब उन्हें माफी मांगनी चाहिए और गलती को स्वीकार करना चाहिए।
विज्ञापन


कमल हासन ने कहा कि हर किसी की जिम्मेदारी होती है, खासकर आयोजकों की। 27 सितंबर को अभिनेता और टीवीके संस्थापक विजय की रैली में हुई भगदड़ में 41 लोगों की मौत हुई थी। डीएमके नेता वी सेंथिल बालाजी भी इस दौरान कमल हासन के साथ थे। कमल हासन ने सेंथिल बालाजी को समय पर मदद के लिए धन्यवाद दिया।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने राज्यसभा सचिवालय के कामकाज की समीक्षा की
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को राज्यसभा सचिवालय के कामकाज की समीक्षा की और इसके अधिकारियों के साथ चर्चा की। सचिवालय के विभिन्न विभागों और पहलों को लेकर राज्यसभा के सभापति राधाकृष्णन को एक प्रजेंटेशन दिया। उनके कार्यालय ने यह जानकारी दी।
 
एक्स पर कहा गया, उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने आज राज्यसभा सचिवालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राज्यसभा सचिवालय के अधिकारियों से बातचीत की और सचिवालय के कार्यों की समीक्षा की, जिसमें सदन और उसके सदस्यों को विधायी, प्रशासनिक और प्रक्रिया संबंधी सहयोग देना भी शामिल है। राज्यसभा के नए सभापति मंगलवार को संसद भवन के एनेक्सी भवन में विभिन्न दलों के नेताओं के साथ बैठक करने वाले हैं।

राहुल गांधी ने रायबरेली मॉब लिंचिंग पीड़ित परिवार से की बात
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी विदेश दौरे पर हैं। हालांकि, जब उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र में एक दलित के साथ हुए अमानवीय कृत्य की जानकारी मिली तो उन्होंने पीड़ित परिवार से बात की। कांग्रेस पार्टी की मीडिया विंग के प्रमुख पवन खेड़ा ने इस संबंध में रविवार रात करीब 10 बजे जानकारी साझा की। अपने एक्स हैंडल पर खेड़ा ने लिखा, रायबरेली में एक दलित युवक की लिंचिंग की भयावह घटना हृदयविदारक और आक्रोशित करने वाली है। जब युवक को लाठियों और बेल्टों से बेरहमी से पीटा जा रहा था, युवक को अपने अंतिम क्षणों में आखिरी उम्मीद राहुल गांधी की याद आई।
पवन खेड़ा ने एक्स पर रात 10.02 बजे लिखे इस एक्स पोस्ट में आगे बताया कि संसद में रायबरेली का प्रतिनिधित्व करने वाले और वहां के लोगों को अपना परिवार मानने वाले राहुल गांधी के लिए यह त्रासदी बेहद दर्दनाक है। बकौल पवन खेड़ा, राहुल गांधी ने मृतक के पिता और भाई से व्यक्तिगत रूप से बात की है और इस असहनीय दुःख की घड़ी में उनके साथ पूरी एकजुटता से खड़े हैं। उन्होंने कहा, राहुल गांधी ने भारत में लिंचिंग (भीड़ की पिटाई) के खौफनाक सामान्यीकरण पर भी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, ऐसे हिंसक तत्वों को कानूनी रूप से दंडित किया जाना चाहिए। खेड़ा के मुताबिक रायबरेली की इस घटना में इंसाफ जरूर होगा, राहुल गांधी ने इस बात का संकल्प भी लिया।

अंडमान के व्यवसायी की हत्या, तीन गिरफ्तार
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के तीन निवासियों को तमिलनाडु में गिरफ्तार किया गया है। पोर्ट ब्लेयर के होटल व्यवसायी नियामत अली की हत्या के मामले में पुलिस ने तीनों लोगों को गिरफ्तार किया है। 49 वर्षीय अली 27 जुलाई को व्यापारिक यात्रा पर चेन्नई पहुंचे थे और उसी दिन लापता हो गए। उनके परिवार ने 28 जुलाई को पोर्ट ब्लेयर के एबरडीन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। जांच से पता लगा कि आखिरी बार अली चेन्नई के वंदलूर इलाके में एक छात्र के साथ देखे गए थे। छात्र से मिले सुरागों के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान हुई। बाद में पता चला कि अली की गाड़ी में गला दबाकर हत्या की गई और शव को आंध्र-ओडिशा सीमा पर फेंक दिया गया। पुलिस के मुताबिक हत्या का कारण व्यापारिक प्रतिस्पर्धा हो सकता है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

मणिपुर के जिरीबाम में 2 शक्तिशाली आईईडी बरामद
पुलिस ने सोमवार को बताया कि मणिपुर के जिरीबाम जिले में दो शक्तिशाली इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किए गए हैं। खुफिया जानकारी के आधार पर, असम राइफल्स के जवानों ने रविवार को असम के कछार जिले से लगी राज्य की सीमा के पास माखा बस्ती में तलाशी अभियान चलाया। एक अधिकारी ने बताया, '12 किलोग्राम वजन के दो आईईडी, तीन बिजली के स्रोत और 12 मीटर डेटोनेशन कॉर्ड बरामद किए गए।' उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को नष्ट कर दिया।

तेलंगाना में पैंगोलिन के 6.53 किलो शल्क जब्त
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की हैदराबाद टीम ने हनमकोंडा में 6.53 किलो पैंगोलिन के शल्क जब्त किए हैं। इस दौरान चार तस्कर पकड़े गए हैं। बता दें कि शल्क में पैंगोलीन के बाहरी हिस्से में कवच-पत्र की तरह होता है, जो किसी भी हमले में उनकी रक्षा करता है। दुनियाभर में सबसे अधिक पैंगोलिन के शल्क की तस्करी की जाती है। शल्क की चीन और दक्षिणपूर्व एशिया में बड़ी डिमांड हैं।

तमिलनाडु के तूतीकोरिन में बिजली गिरने से चार घायल
तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में बिजली गिरने से घायल हुए चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंत्री पी. गीता जीवन ने तूतीकोरिन सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की।
 

हैदराबाद: गोशामहल विधायक राजा सिंह के खिलाफ केस दर्ज
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'कुछ युवाओं की याचिका पर गोशामहल के विधायक राजा सिंह के खिलाफ मध्य प्रदेश में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने का मामला दर्ज किया गया है। धर्म के आधार पर समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।'

बंगलूरू में तेज हवाओं के कारण दोपहिया वाहन पर पेड़ गिरने से महिला की मौत
बंगलूरू पुलिस ने सोमवार को बताया कि एक 23 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जब कथित तौर पर एक बड़ा पेड़ एक दोपहिया वाहन पर गिर गया, जिस पर वह पीछे बैठी थी। उन्होंने बताया कि यह घटना रविवार शाम पीन्या दसराहल्ली में हुई।

पुलिस के अनुसार, महिला को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार बाल-बाल बच गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसी पेड़ के गिरने से एक अन्य बाइक सवार भास्कर (40) घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, पीछे बैठी उसकी बेटी को कोई नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने कहा, 'तेज हवाओं और बारिश के कारण पेड़ गिर गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।' सोलादेवनहल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
विज्ञापन

सीएम स्टालिन ने जाना पीएमके संस्थापक रामदास का हालचाल
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पीएमके संस्थापक डॉ. एस रामदास से मिलने अपोलो अस्पताल गए, जिन्हें हृदय संबंधी जांच के लिए भर्ती कराया गया था। अस्पताल के एक सूत्र ने बताया कि नियमित जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें