कर्नाटक के एक मंदिर में हवाई फायर करने भाजपा के विधायक एवं पूर्व मंत्री रमेश जरकीहोली के बेटे संतोष जरकीहोली के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। यह घटना शनिवार को बेलगावी जिले के गोकक शहर में लक्ष्मी देवी मंदिर उत्सव के दौरान हुई। एक वायरल वीडियो में संतोष भीड़ के बीच हवा में गोली चलाते हुए नजर आ रहे हैं।
गृहमंत्री जी परमेश्वर ने रविवार को बंगलूरू में पत्रकारों से कहा, मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। एक औपचारिक शिकायत दर्ज कर ली गई है और उसके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कंट्रोलर्स कॉन्फ्रेंस की मेजबानी करेगा रक्षा लेखा विभाग
रक्षा लेखा विभाग (डीएडी) 7 से 9 जुलाई तक नई दिल्ली स्थित डीआरडीओ भवन के डॉ. एस.के. कोठारी ऑडिटोरियम में कंट्रोलर्स कॉन्फ्रेंस 2025 की मेजबानी करेगा। इस सम्मेलन का उद्घाटन कल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस अवसर पर सैन्य और नागरिक नेतृत्व के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिनमें चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, तीनों सेनाओं के प्रमुख, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, रक्षा सेवाओं के वित्तीय सलाहकार एस. जी. दस्तीदार और रक्षा लेखा महानियंत्रक मयंक शर्मा शामिल होंगे। यह सम्मेलन भारत की रक्षा वित्तीय प्रणाली के भविष्य को आकार देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है।
केरल: विरोध प्रदर्शन के बीच स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल हादसे की पीड़िता के परिवार से मुलाकात की
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने रविवार को उस महिला के परिवार से मुलाकात की, जिसकी मौत यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की एक इमारत का हिस्सा गिरने से हो गई थी। यह हादसा तीन दिन पहले हुआ था।
बिंदु (52 वर्षीय) अस्पताल में भर्ती अपनी बेटी के साथ थीं। गुरुवार को अस्पताल की एक इमारत का हिस्सा गिरने के बाद वह मलबे में दब गई थीं और उनकी मौत हो गई थी। मंत्री वीणा जॉर्ज रविवार सुबह स्थानीय माकपा नेताओं के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। यह दौरा उस दिन के बाद हुआ, जब राज्य भर में उनके इस्तीफे की मांग को लेकर तीव्र विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बिंदु के पति, मां और बच्चों से बातचीत की और सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए वीणा जॉर्ज ने कहा कि बिंदु की दुखद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और दिल तोड़ने वाली है। उन्होंने कहा, मेरे लिए इस परिवार का दुख मेरा अपना दुख है। मैंने उनके पति, मां और अन्य परिजनों से मुलाकात की और उनका दुख साझा किया। सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी।
जॉर्ज ने कहा कि मुख्यमंत्री पिनरई विजयन पहले ही इस मुद्दे पर बात कर चुके हैं और परिवार के लिए राहत उपायों की घोषणा राज्य कैबिनेट के फैसलों के आधार पर की जाएगी। मंत्री ने कहा कि परिवार के लिए उपयुक्त निर्णय जल्द लिए जाएंगे। बिंदु के पति विषरुथन ने बताया कि मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनके बेटे को सरकारी क्षेत्र में स्थायी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवार को सरकार पर भरोसा है और अब तक की गई सरकारी कार्रवाइयों से वे संतुष्ट हैं।
बिना पारदर्शिता के लंबे समय तक नहीं टिक सकते सहकारी संस्थान: अमित शाह
गुजरात के आणंद में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सहकारिता मंत्रालय के चार साल पूरे होने पर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थान बिना पारदर्शिता और तकनीक के लंबे समय तक टिक नहीं सकते। जहां तकनीक को स्वीकार नहीं किया गया, वहां की सहकारी संस्थाएं प्रतिस्पर्धा में टिक नहीं पाईं।
अमित शाह ने कहा कि किसी भी सहकारी संस्था में अगर उसके सदस्यों के हित सर्वोपरि नहीं रखे गए, तो ऐसी संस्थाएं भी समाप्त हो जाती हैं। उन्होंने देशभर के सहकारी नेताओं से अपील की कि वे अपने कार्यक्षेत्र में पारदर्शिता, तकनीक अपनाने और सदस्यों के हितों को सर्वोपरि रखने की आदत डालें। शाह ने कहा कि यही तीन बातें किसी भी सहकारी आंदोलन को मजबूत और टिकाऊ बना सकती हैं।
एआईएडीएमके के महासचिव एके पलानीस्वामी को जेड प्लस सुरक्षा
गृह मंत्रालय (एमएचए) ने तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी की सुरक्षा को वाई प्लस श्रेणी से बढ़ाकर जेड प्लस श्रेणी कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, अब पूरे देश में 71 साल के नेता को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी। एमएचए ने यह फैसला केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर संभावित सुरक्षा खतरों के आकलन के बीच लिया है। जेड प्लस श्रेणी के तहत पलानीस्वामी को अब तमिलनाडु में कड़ी सुरक्षा के लिए कमांडो सहित लगभग 55 कर्मियों की एक विशिष्ट टीम सुरक्षा देगी।
पूर्व उपराष्ट्रपति कृष्ण कांत के पोते विराट कांत भाजपा में शामिल
भारत के पूर्व उप राष्ट्रपति दिवंगत कृष्ण कांत के पोते विराट कांत शनिवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ की मौजूदगी में उनका पार्टी में स्वागत किया गया। तरुण चुग ने कहा, यह एक मास्टरस्ट्रोक है। उनके दिवंगत दादा कृष्णकांत ने स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान दिया था। वे भारत के उपराष्ट्रपति भी रहे। अब उनके पोते का भाजपा में शामिल होना बड़ी उपलब्धि है।
पीएम मोदी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि, कहा- देश की एकता के लिए जीवन किया समर्पित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने उन्हें "राष्ट्र का अमर सपूत" बताते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता, सम्मान और विकास के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "राष्ट्र के अमर सपूत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को जयंती पर सादर श्रद्धांजलि। देश की गरिमा, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उन्होंने अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए। उनके विचार और सिद्धांत आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अमूल्य हैं।"
पीएम मोदी ने डॉ. मुखर्जी की विचारधारा, उनके शिक्षा, उद्योग नीति, महिला सशक्तिकरण और भारत की परमाणु नीति में योगदान को भी याद किया। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी उन्हें नमन किया।
कर्नाटक में भाजपा विधायक के बेटे की दबंगई! मंदिर मेले में भीड़ के बीच की हवाई फायरिंग, केस दर्ज
कर्नाटक के बेलगावी जिले में गोकाक के लक्ष्मी देवी मंदिर मेले के दौरान भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री रमेश जारकीहोली के बेटे संतोष जारकीहोली पर हवाई फायरिंग का मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को आयोजित मेले के दौरान संतोष का भीड़ में बंदूक से फायरिंग करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद गोकाक टाउन पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से हथियार के इस्तेमाल को लेकर केस दर्ज किया गया है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। पुलिस पर किसी तरह का राजनीतिक दबाव नहीं पड़ेगा और निष्पक्ष जांच की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही संतोष को पूछताछ के लिए तलब किया जा सकता है।
शिवमोगा में मूर्तियों से खिलवाड़, गणेश और नाग देवता की मूर्तियां खंडित, इलाके में तनाव
कर्नाटक के शिवमोगा जिले में रविवार को उस वक्त तनाव फैल गया जब कुछ अज्ञात लोगों ने भगवान गणेश और नाग देवता की मूर्तियों को कथित रूप से खंडित कर दिया। पुलिस ने बताया कि नाग देवता की मूर्ति सड़क किनारे नाले में फेंकी मिली। यह घटना शिवमोगा के शांतिनगर वार्ड के बंगरप्पा लेआउट इलाके की है, जहां कुछ दिन पहले ही मुख्य सड़क पर ये मूर्तियां स्थापित की गई थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने इस हरकत पर नाराजगी जताई और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मुहर्रम से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम
झारखंड के कोल्हान इलाके में मुहर्रम से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया है। कुछ जगहों पर मॉक ड्रिल भी की गई है। इस दौरान भीड़ को संभालने के लिए पानी की बौछारों का भी इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों ने बताया कि गश्त बढ़ा दी गई है और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि वे सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहे हैं, ताकि कोई भड़काऊ पोस्ट ना फैले और शांति बनी रहे। उन्होंने यह भी बताया कि मुहर्रम के जुलूस के लिए ट्रैफिक का रूट बदला जाएगा और तय रास्ते से कोई भी बदलाव नहीं करने दिया जाएगा।
बंगाल में मुहर्रम पर CM ममता ने शांति की अपील की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को राज्य के लोगों से मुहर्रम के अवसर पर शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। रविवार को मुहर्रम से पहले बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'पवित्र मुहर्रम में शांति और सद्भाव बनाए रखें।' कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में इस दिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
तेलंगाना में फार्मा प्लांट धमाका: मरने वालों की संख्या बढ़कर 41 हुई
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सिगाची इंडस्ट्रीज के फार्मा प्लांट में हुए भीषण धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। रविवार को एक और घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
यह हादसा 30 जून को हुआ था, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। अधिकारी ने बताया कि मरने वाला व्यक्ति भी उसी दिन के हादसे में घायल हुआ था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उसने दम तोड़ दिया।
फिलहाल 18 लोग अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं, जबकि 14 घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। प्रशासन की निगरानी में राहत और इलाज का काम जारी है।
केरलः 53 दिनों के अभियान के बाद पकड़ा गया आदमखोर बाघ
केरल के मलप्पुरम जिले में 53 दिन पहले एक व्यक्ति को मारने वाला बाघ आखिरकार रविवार को पकड़ लिया गया। जब वन विभाग के अधिकारियों ने पिंजरे में बंद बाघ को ले जाने की कोशिश की, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें बाघ को ले जाने से रोक दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि लोगों को आशंका थी कि बाघ को फिर से इसी इलाके में छोड़ दिया जाएगा। हालांकि, आश्वासन के बाद लोगों ने उसे ले जाने की अनुमति दे दी। उन्होंने बताया कि 20 सदस्यों वाले तीन दलों ने 15 मई से कलिकावु के आसपास के जंगलों में बाघ की खोज में गहन तलाशी अभियान शुरू किया था।
प्रख्यात इतिहासकार उदयादित्य भराली का निधन
प्रख्यात इतिहासकार प्रोफेसर उदयादित्य भराली (78) का रविवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और पिछले कई महीनों से डायलिसिस पर थे। उनके परिवार में अब उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। 1947 में मोरन में जन्मे भराली ने 1968 से गुवाहाटी के कॉटन कॉलेज में इतिहास पढ़ाना शुरू किया और 2006 में उसी संस्थान के प्रिंसिपल के रूप में सेवानिवृत्त हुए।
थाई लॉयन एयर का विमान, 96 यात्रियों के साथ सुरक्षित बैंकाक रवाना
तकनीकी खराबी के कारण कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोका गया थाई लॉयन एयर का विमान रविवार को सुरक्षित बैंकाक के लिए रवाना हो गया। पुनर्निर्धारित उड़ान एसएल 243डी ने 6 जुलाई को सुबह 6:17 बजे कोलकाता से 96 यात्रियों को लेकर उड़ान भरी। थाई एयर लाइन का विमान बोइंग 737-800 में शनिवार सुबह करीब 1.23 बजे कोलकाता में उतरा था। सुबह 2.35 बजे बैंकॉक डॉन मुआंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (डीएमके) के लिए उड़ान भरने के दौरान इसमें तकनीकी खराबी आ गई। इसे वापस पार्किंग बे में लौटना पड़ा। इसके बाद इसकी उड़ान टीएलएम 243 को रद्द कर सभी 130 यात्रियों को होटल भेज दिया गया था।
1,000 रुपये मासिक सहायता योजना का विस्तार कर अधिक पात्र महिलाओं को शामिल किया जाएगा: तमिलनाडु सरकार
तमिलनाडु सरकार ने रविवार को कहा कि कलाईनागर महिला अधिकार योजना के तहत प्रति माह 1,000 रुपये की सहायता अधिक पात्र महिलाओं को शामिल करने के लिए बढ़ाई जाएगी। विशेष कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की ओर से लागू कई विशेष योजनाओं की जानकारी देते हुए सरकार ने बताया कि नान मुधालवन योजना के तहत आयोजित नौकरी मेलों में 63,949 छात्रों को रोजगार मिला है।
नान मुधालवन (मैं पहले हूं) एक कौशल विकास और रोजगार सुलभता योजना है, जो द्रमुक सरकार की प्रमुख पहलों में से एक है। इस योजना के तहत 29 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में कौशल और रोजगार केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिन पर लगभग 30.17 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। अब तक 41,38,833 छात्रों और 1,00,960 शिक्षकों को इस योजना के तहत प्रशिक्षण दिया गया है।
गुजरात के पाटन में सड़क हादसे में महिला और उसके बेटे समेत तीन की मौत
गुजरात के पाटन जिले में रविवार को एक ट्रक ने ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला और उसके 12 वर्षीय बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। राधापुर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि यह घटना राधापुर में राज्य राजमार्ग पर हुई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटोरिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, गलाबेन ठाकोर (55), उनके बेटे आशीष और 30 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
केरल के दो दिवसीय दौरे पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ रविवार को केरल पहुंचे, जहां वह दो दिन तक रहेंगे। इस दौरान वह त्रिशूर जिले के गुरुवायूर मंदिर के दर्शन करेंगे और यहां नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ एडवांस्ड लीगल स्टडीज के छात्रों और शिक्षकों से मुलाकात करेंगे। धनखड़ यहां के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उनका स्वागत किया। धनखड़ के परिवार के सदस्य आभा वाजपेयी और कार्तिकेय वाजपेयी भी उनके साथ थे।
तमिलनाडु में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, एक श्रमित की मौत, पांच घायल
तमिलनाडु के विरुदुनगर में रविवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट में एक श्रमिक की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। इस मामले में एक फैक्टरी के फोरमैन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कीलाथैयिलपट्टी गांव में स्थित इस पटाखा इकाई में रसायनों के बीच निर्माण प्रक्रिया के दौरान हुई 'घर्षण' की वजह से विस्फोट होने की आशंका है।
अधिकारी ने बताया कि एक श्रमिक (करीब 50 वर्षीय) की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने हादसे पर दुख जताया और मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने घायल कर्मचारियों की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कोलकाता सामूहिक दुष्कर्म मामला: राज्यपाल ने कॉलेज की स्थिति पर जताई चिंता
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने रविवार को साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज की स्थिति को लेकर चिंता जताई, जहां हाल ही में प्रथम वर्ष की एक छात्रा के साथ कॉलेज के एक पूर्व छात्र और दो सीनियर छात्रों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। बोस कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं।
रविवार को राजभवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना भी ताकतवर या रसूखदार क्यों न हो, किसी शैक्षणिक संस्थान को बंधक बनाने या हिंसक तत्वों के साथ अधिनायकवादी शक्ति का प्रयोग करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
कोलकाता के बाहरी इलाके में महिला मृत मिली
कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके महेशतला में रविवार दोपहर एक 32 वर्षीय महिला अपने घर के पास रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, महिला एक नर्स थी और अपने पति की तलाश में घर से बाहर निकली थी, जो बाटा मोड़ पर मुहर्रम के जुलूस में शामिल होने गया था। कुछ देर बाद उसका पति घर लौट आया, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चला। बाद में उसका शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर मिला। पुलिस ने बताया कि महिला को बेहाला के विद्यासागर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, शव पर कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई, लेकिन उसके पति ने दावा किया कि महिला के गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था और उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी। पति ने कहा, यह जरूर हत्या है। मैं इसकी निष्पक्ष जांच चाहता हूं। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पति का यह भी दावा है कि महिला ने मौत से लगभग आधे घंटे पहले दोपहर करीब 2:30 बजे उससे फोन पर बात की थी।
मुंबई: ट्रैक सुधार कार्य में लगी ट्रेन पटरी से उतरी; वाशी-पनवेल मार्ग पर सेवाएं निलंबित
मध्य रेलवे की हार्बर लाइन पर नेरुल स्टेशन के पास रविवार शाम 4:20 बजे ट्रैक सुधार कार्य में लगी एक ट्रेन (टीआरटी) पटरी से उतर गई, जिससे वाशी और पनवेल के बीच अप (सीएसएमटी की ओर) और डाउन (सीएसएमटी से दूर) दोनों लाइनों पर सेवाएं निलंबित कर दी गईं। इसके चलते हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।