फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Update: 'जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कई उपाय अपना रहा तमिलनाडु', मुख्यमंत्री स्टालिन का दावा

Thu, 05 Dec 2024 11:11 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने गुरुवार को कहा कि जलवायु परिवर्तन मानव समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती है और राज्य सरकार इससे निपटने के लिए कई कदम उठा रही है।

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के मामले में राज्य भारत में अग्रणी बन रहा है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन पर तमिलनाडु गवर्निंग काउंसिल की दूसरी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह सरकार को नीति निर्देश प्रदान करने और जलवायु अनुकूलन और शमन गतिविधियों पर सलाह देने के लिए स्थापित की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार की कार्य योजना जलवायु परिवर्तन नीति के अनुरूप है। पिछले तीन वर्षों में 1.3 लाख जल संचयन प्रणालियां बनाई गईं। राज्य सरकार आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दो आंखों के रूप में देखती है। हम पर्यावरण संरक्षण के बारे में लगातार जागरूकता पैदा कर रहे हैं।
विज्ञापन


 

किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पूर्व उप सरपंच गिरफ्तार
मुंबई के ठाणे जिले से इंसानियत शर्मसार करने वाली खबर सामने आ रही है। जहां जिले के एक पूर्व सरपंच को एक मजदूर की बेटी के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि ठाणे जिले के एक पूर्व उप सरपंच को एक मजदूर की 15 वर्षीय बेटी के साथ कथित तौर पर बार-बार बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जिसने आत्महत्या का प्रयास किया था।

आरोपी की पहचान
आरोपी की पहचान दयानंद भोईर के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर नाबालिग लड़की, जो उसकी पड़ोसी है, को शैक्षणिक सहायता प्रदान करने की आड़ में एक जीर्ण-शीर्ण घर में बहला-फुसलाकर ले गया और कुछ महीने पहले उसका यौन उत्पीड़न किया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने लड़की के साथ बार-बार बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि दुर्व्यवहार को सहन करने में असमर्थ लड़की ने हाल ही में कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
 

मुंबई में 24 करोड़ रुपये की  ड्रग्स के साथ पांच गिरफ्तार
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने हैदाराबाद से तस्करी करके मुंबई लाई जा रही 16 किलो मेफेड्रोन जब्त की है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत 24 करोड़ से अधिक है। तीन आरोपियों के पास से 1.9 करोड़  नकद भी बरामद किए गए।

अधिकारी के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई की मुंबई टीम ने संदिग्धों पर नजर रखी। उन्हें बस में यात्रा करते समय रोका और तलाशी में ड्रग्स मिली।

भारत-ब्रिटेन 2+2 वार्ता...दोनों पक्षों की एफटीए सहमति पर प्रतिबद्धता
भारत और ब्रिटेन ने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को जल्द से जल्द अमलीजामा पहनाने पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, दूसरी भारत-ब्रिटेन 2+2 विदेश और रक्षा वार्ता का आयोजन हुआ। दोनों पक्षों ने भारत-ब्रिटेन सहयोग के विविध क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान दोनों पक्षों ने प्राथमिकता देते हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर जल्द समाधान पर जोर दिया। इसके अलावा दोनों देशों ने आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, रक्षा और सुरक्षा सहयोग को बढ़ाने और उभरती प्रौद्योगिकी में नवाचार को बढ़ावा देने पर चर्चा की।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के यूरोप पश्चिम के संयुक्त सचिव पीयूष श्रीवास्तव और रक्षा मंत्रालय के अंतरराष्ट्रीय सहयोग के संयुक्त सचिव विश्वेश नेगी ने किया, जबकि ब्रिटेन का प्रतिनिधित्व राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय के बेन मेलर और रक्षा मंत्रालय के रणनीतिक कार्यक्रम निदेशक शिमोन फिमा ने किया। वार्ता 2025 में ब्रिटेन में तीसरे संस्करण के आयोजन के समझौते के साथ संपन्न हुई।

आंध्र प्रदेश में नायडू की गिरफ्तारी के समय सीआईडी प्रमुख रहे एन संजय निलंबित
आंध्र प्रदेश सरकार ने पिछले साल मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की 'कौशल विकास मामले' में गिरफ्तारी के दौरान अपराध जांच विभाग (सीआईडी) का नेतृत्व करने वाले भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी एन संजय को सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में निलंबित कर दिया। संजय फिलहाल आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया और अग्निशमन सेवा के महानिदेशक हैं। मंगलवार को सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया, सतर्कता एवं प्रवर्तन विभाग की ओर से की गई जांच में पता चला कि 1996 बैच के अधिकारी संजय ने पिछले साल लैपटॉप और आईपैड खरीदकर जल्दबाजी में भुगतान किया, जिसमें पद का दुरुपयोग कर धन की हेराफेरी की गई।

अब वरिष्ठ प्रोफेसर करेंगे मेडिकल संस्थान कॉलेजों का निरीक्षण
अब सरकारी अस्पतालों के विशेषज्ञ देशभर के मेडिकल कॉलेजों का निरीक्षण करेंगे। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने कॉलेजों की जांच के लिए एक विशेष तरह का पूल डिजाइन किया है, जिसके तहत सरकारी अस्पतालों में सेवाएं दे रहे वरिष्ठ डॉक्टरों की टीमें कॉलेजों में जाकर वहां संसाधनों का निरीक्षण करेंगे। इसे लेकर एनएमसी ने सभी सरकारी अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों से डॉक्टरों की जानकारी भी मांगी है। एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने कहा, एमएआरबी 2025-26 के लिए निरीक्षण प्रक्रिया शुरू करेगा, जिसके लिए मेडिकल कॉलेजों के संकाय को मूल्यांकनकर्ता के रूप में शामिल किया जाएगा।

बंगाल में ममता ने सीआईडी प्रमुख राजशेखरन को हटाया
बंगाल सरकार ने आईपीएस अधिकारी आर राजशेखरन को सीआईडी प्रमुख के पद से हटाकर एडीजी प्रशिक्षण नियुक्त कर दिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कुछ दिन पहले घोषणा की थी कि वह राज्य की जांच एजेंसी (सीआईडी) में आमूलचूल परिवर्तन करेंगी। सरकार ने अभी तक राजशेखरन के उत्तराधिकारी का नाम घोषित नहीं किया है।

आर शिवकुमार ईबी के एडीजी नियुक्त
आईपीएस कैडर में किए गए अन्य फेरबदल के तहत राजीव मिश्रा के स्थान पर आर शिवकुमार को प्रवर्तन शाखा (ईबी) का एडीजी और आईजीपी नियुक्त किया है। मिश्रा को एडीजी और आईजीपी (आधुनिकीकरण और समन्वय) बनाया गया है। वहीं, दमयंती सेन को एडीजी और आईजीपी, नीति के पद पर तैनात किया गया है। वह एडीजी प्रशिक्षण थीं। 

बंगाल में बेघर दंपती की सात महीने की मासूम से दरिंदगी
यहां एक बेघर दंपती की सात महीने की मासूम के साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात सामने आमने आई है। पीड़िता के पूरे शरीर में चोट के निशान हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और एक सरकारी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि घटना 30 नवंबर की है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बच्ची को फुटपाथ से उठाया गया और कहीं ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की गई। हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। 

36 साल की कैद से 104 की उम्र में मिली रिहाई
जिदंगी के पूरे 36 साल जेल की चारदीवारी में बिताने के बाद पश्चिम बंगाल के मालदा सुधार गृह से रिहा हुए 104 साल के बुजुर्ग रसिकत मंडल को मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आखिरकार रिहाई मिल गई। मंडल को जमीन के झगड़े में भाई की हत्या के आरोप में 1988 में गिरफ्तार किया था। जिला और सत्र न्यायालय ने 1992 में उन्हें 72 साल की उम्र में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। 2020 में उन्हें पैरोल दी गई थी। 2021 में वे सुधार गृह वापस चले गए और बीते महीने सुप्रीम कोर्ट के रिहाई के आदेश जारी किए जाने तक जेल में रहे।

एनआईए मामले को लेकर इंफाल घाटी में प्रदर्शन
मणिपुर हिंसा के दौरान लापता मैतेई व्यक्ति को ढूंढने के लिए और अरंबाई टेंगोल के नेता कोरोंगनबा खुमान के खिलाफ एनआईए के मामलों को वापस लेने की मांग की गई। जिसको लेकर बुधवार को इंफाल घाटी के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन हुए। 

पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि सेना ने सिंह की खोज के लिए ड्रोन, ट्रैकर कुत्तों और 2,000 से अधिक कर्मियों को तैनात किया है। इम्फाल पश्चिम के लाफुपत तेरा, वांगोई और काकचिंग जिले के वबागई तथा काकचिंग खुनौ में प्रदर्शनकारियों ने खुमान के खिलाफ एनआईए के मामलों का विरोध किया। खुमान और कुकी उग्रवादियों पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मामले दर्ज किए हैं, जिनमें सुरक्षा बलों पर हमले और आईईडी विस्फोट के मामले शामिल हैं।

वहीं इस बीच, टेंग्नौपाल के लीथाओ और मोलथम खुन में मारे गए 13 मैतेई लोगों की पहली पुण्यतिथि इम्फाल पूर्वी जिले के एंड्रो खुनौ तोरोंगथेल कामू कोइरेंग इंटीग्रिटी पार्क में मनाई गई।

मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार बरामद
मणिपुर के थौबल जिले में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि यह बरामदगी बुधवार को फुंगी चिंग न्गामुखोंग इलाके में तलाशी के दौरान की गई और इस संबंध में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। बरामद वस्तुओं में 16 आग्नेयास्त्र, छह 36 एचई ग्रेनेड, दो डेटोनेटर, गोला-बारूद और एक वॉकी-टॉकी सेट के साथ एक चार्जर शामिल है। 

पुलिस के बयान में कहा गया कि पहाड़ी और इंफाल घाटी दोनों में राज्य के विभिन्न जिलों में कुल मिलाकर 107 जांच चौकियां स्थापित की गई हैं और बुधवार को कानूनों के किसी भी उल्लंघन के संबंध में किसी को हिरासत में नहीं लिया गया।

इंफाल घाटी स्थित मैतेई और आसपास के पहाड़ी क्षेत्र कुकी-जो समूहों के बीच पिछले साल मई से जातीय हिंसा में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों बेघर हो गए हैं।

ट्रैक सिस्टम पर केंद्रीय मंत्री ने कही यह बात
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे में ट्रैक सिस्टम बहुत ही महत्वपूर्ण और जटिल सिस्टम है। अगर आप इसके सभी मापदंडों को सही तरीके से माप सकें तो रेलवे की सुरक्षा काफी बढ़ जाती है। इसी क्रम में करीब डेढ़-दो साल पहले रेलवे में तीन ITMS मशीनें तैनात की गई थीं। अब तक इसका अनुभव काफी अच्छा रहा है। हमारे पास देशभर में इस विशेष श्रेणी की तीन मशीनें हैं। यह पूरी तरह से आधुनिक विश्व स्तरीय मशीन है और अब हम हर जोन में एक मशीन लगाएंगे और आज जो 4 महीने में एक बार ट्रैक मापने के मौजूदा प्रोटोकॉल है उसे बदलकर समय-समय पर ट्रैक मापेंगे और उसी आधार पर ट्रैक मेंटेनेंस सिस्टम पूरा होगा।

भाजपा नेता की हत्या के मामले में एनआईए ने कर्नाटक और तमिलनाडु में की छापेमारी

एनआईए ने गुरुवार को भाजपा नेता प्रवीण नेट्टारू की हत्या के मामले में कर्नाटक और तमिलनाडु में कई स्थानों पर छापेमारी की। भाजपा युवा मोर्चा जिला कार्यकारी समिति के सदस्य की 26 जुलाई 2022 को कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के बेल्लारे गांव में हत्या कर दी गई थी। एनआईए ने कहा कि हत्या का उद्देश्य समाज में भय पैदा करना था। मामले में फरार आरोपियों, संदिग्धों और उनके सहयोगियों से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली गई। इस दौरान कई डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए। मामले में एनआईए ने अब तक उन्नीस लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि चार फरार आरोपियों सहित 23 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए हैं। 7 फरार आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट और इनाम भी जारी किए गए हैं। गुरुवार को 16 स्थानों पर तलाशी ली गई।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आईटीएमएस का किया निरीक्षण

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एकीकृत ट्रैक निगरानी प्रणाली (आईटीएमएस) और रोड-सह-रेल निरीक्षण वाहन का निरीक्षण किया। इस मौके पर अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि सभी रेलवे जोनों में एकीकृत ट्रैक निगरानी प्रणाली (आईटीएमएस) शुरू होगी। इसके जरिये उन्नत तकनीक से ट्रैक निरीक्षण और रखरखाव में सुधार लाया जा सकेगा और रेलवे नेटवर्क की सुरक्षा व दक्षता को बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आईटीएमएस और रोड-सह-रेल निरीक्षण वाहन (आरसीआरआईवी) के इस्तेमाल से ट्रैकमैन के पास रियल टाइम डाटा की पहुंच होगी, इससे उनका काम आसान, सुरक्षित और अधिक कुशल हो जाएगा। आईटीएमएस 20-200 किमी/घंटे की गति सीमा में ट्रैक के पैरामीटर्स को रिकॉर्ड और निगरानी करता है। इसे रेलवे के ट्रैक मैनेजमेंट सिस्टम (टीएमएस) के साथ जोड़ा गया है, ताकि प्रत्येक ट्रैक रिकॉर्डिंग रन की रिपोर्ट पोर्टल पर उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार, रेलवे बोर्ड के सदस्य (इंफ्रास्ट्रक्चर) नवीन गुलाटी, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा तथा रेलवे बोर्ड, उत्तर रेलवे व आरडीएसओ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

भूटान नरेश ने की पीएम मोदी से मुलाकात 

भारत और भूटान स्वच्छ ऊर्जा, व्यापार और निवेश, अंतरिक्ष और प्रौद्योगिकी समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करेंगे। भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान द्विपक्षीय बैठक में दोनों देशों के बीच सभी सभी क्षेत्रों में अनुकरणीय साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत हिमालयी राष्ट्र के आर्थिक विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हवाईअड्डे पर भूटान नरेश और रानी का स्वागत किया। बाद में जयशंकर ने भूटान नरेश से औपचारिक मुलाकात भी और भूटान के विकास लक्ष्यों के लिए भारत के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

मणिपुर में मुठभेड़ में मारे गए 10 कुकी-जो युवकों समेत 12 का हुआ अंतिम संस्कार

मणिपुर के जिरीबाम में 11 नवंबर को सुरक्षा बलों से हुई मुठभेड़ में मारे गए 10 कुकी-जो युवकों सहित 12 लोगों के शव का बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार किया गया। चुराचांदपुर में ‘पीस ग्राउंड’ पर अंतिम संस्कार से पहले ग्रामीण स्वयंसेवकों को बंदूकों से सलामी दी गई। इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) ने शोक सभा आयोजित की। अंतिम संस्कार में मिजोरम के विधायक व मुख्यमंत्री लालदुहोमा के तकनीकी सलाहकार गिन्जालाला और पड़ोसी राज्य के कई अन्य लोग शामिल हुए। मणिपुर पुलिस ने दावा किया था कि 11 नवंबर को जिरीबाम जिले के जकुराधोर में सशस्त्र विद्रोहियों ने बोरोबेकरा थाने और निकटवर्ती सीआरपीएफ शिविर पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसके बाद सुरक्षा बलों से हुई मुठभेड़ में 10 संदिग्ध उग्रवादी मारे गए। अन्य दो मृतक कुकी युवक थे। 

गुजरात में फर्जी बीईएमएस डिग्री बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 13 गिरफ्तार

गुजरात के सूरत में फर्जी बैचलर ऑफ इलेक्ट्रो-होम्योपैथी मेडिसिन एंड सर्जरी (बीईएमएस) डिग्री बनाने वाले रैकेट का भंडफोड़ हुआ है। मामले में 10 फर्जी डॉक्टरों सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के क्लीनिक से एलोपैथिक और होम्योपैथिक दवाइयां, इंजेक्शन, सीरप और प्रमाणपत्र बरामद किए गए। तीनों आरोपी 70,000 रुपये में फर्जी बीईएमएस डिग्रियां बेच रहे थे। उनकी पहचान सूरत निवासी रसेश गुजराती, अहमदाबाद निवासी बीके रावत और इनके सहयोगी इरफान सैयद के रूप में हुई। शुरुआती जांच में पाया गया है कि गुजराती और रावत बोर्ड ऑफ इलेक्ट्रो होम्योपैथिक मेडिसिन, अहमदाबाद की आड़ में रैकेट चला रहे थे। दोनों ने करीब 1,500 लोगों को ऐसे प्रमाण पत्र बेचे। इनमें से कुछ तो सिर्फ 10वीं पास हैं। गुजराती ने 2002 में गोपीपुरा इलाके में एक कॉलेज शुरू किया था और इलेक्ट्रो होम्योपैथी में तीन साल का कोर्स करवाता था। पुलिस ने बताया कि रावत ने ऐसे फर्जी डिग्री धारकों के पंजीकरण के लिए वेबसाइट भी बनाई थी।
 

ओडिशा विधानसभा में विनियोग विधेयक पारित

ओडिशा विधानसभा में बृहस्पतिवार को विनियोग विधेयक (दो) को पारित किया गया। इससे राज्य सरकार को वित्त वर्ष 2024-25 की शेष अवधि के दौरान अपने संचित कोष से 12,156 करोड़ रुपये खर्च करने की अनुमति मिल गई। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने 26 नवंबर को विधानसभा में 12,156 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया था। इसमें जुलाई में पेश किए गए 2.65 लाख करोड़ रुपये के वार्षिक परिव्यय को बढ़ाया गया था। वित्त विभाग संभालने वाले माझी महाराष्ट्र की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई में थे, इसलिए कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने मुख्यमंत्री की ओर से सदन में विनियोग विधेयक पेश किया।

डाकघरों में पासपोर्ट सेवा केंद्रों की बढ़ेगी संख्या 

सरकार अगले पांच वर्षों में डाकघरों में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्रों की संख्या बढ़ाने की तैयारी में है। सरकार ने बताया कि पासपोर्ट सेवा केंद्रों की संख्या 442 से बढ़ाकर 600 की जाएगी। विदेश मंत्रालय और डाक विभाग ने डाकघरों के जरिये पासपोर्ट सेवाओं को पांच साल तक जारी रखने के लिए अपने गठजोड़ को आगे बढ़ाया है। एक बयान में कहा गया कि डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीओपीएसके) के जरिये पासपोर्ट सेवाओं की लगातार पहुंच के लिए विदेश मंत्रालय (एमईए) और डाक विभाग के बीच एमओयू को पांच साल के लिए नवीनीकृत किया गया। एमओयू पर डाक विभाग के व्यापार विकास निदेशालय की महाप्रबंधक मनीषा बंसल बादल और विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव (पीएसपी और सीपीओ) के जे श्रीनिवास ने हस्ताक्षर किए।
 
विज्ञापन

वायु प्रदूषण को लेकर पर्यावरणविदों ने राहुल गांधी से की मुलाकात

बढ़ते वायु प्रदूषण पर चर्चा करने के लिए पर्यावरणविद् डॉ. संजीव बगई, जय धर गुप्ता, विमलेंदु झा और भावरीन खंडारी समेत कई विशेषज्ञों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्होंने तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया। साथ ही सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल को कम करने के लिए ठोस समाधान सुझाए। राहुल गांधी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे संसद में इस मुद्दे को उठाएंगे और नागरिकों और पर्यावरण के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए उनकी मांगों पर त्वरित कार्रवाई की वकालत करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें