केरल विधानसभा ने गुरुवार को केंद्र सरकार की नई ग्रामीण रोजगार योजना 'वीबी-जी राम जी' (VB-G RAM G) को वापस लेने का प्रस्ताव पास किया। राज्य सरकार ने पुरानी मनरेगा (MGNREGA) योजना को ही फिर से पूरी तरह लागू करने की मांग की है। संसदीय कार्य मंत्री एम बी राजेश ने यह प्रस्ताव सदन में रखा। उस समय विपक्षी कांग्रेस गठबंधन सबरीमाला सोने के मुद्दे पर विरोध कर रहा था, लेकिन इस हंगामे के बीच ही सदन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। मंत्री ने बताया कि मनरेगा योजना का पूरा खर्च केंद्र सरकार उठाती थी। वहीं, नई योजना 'विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)' के तहत राज्य सरकार को 40 प्रतिशत खर्च देना होगा। सरकार का कहना है कि इससे राज्य पर बोझ बढ़ेगा।
‘फ्रंटियर नगालैंड टेरिटोरियल अथॉरिटी’ के गठन के लिए त्रिपक्षीय सहमति पत्र पर हस्ताक्षर
केंद्र सरकार ने ‘फ्रंटियर नगालैंड टेरिटोरियल अथॉरिटी’ के गठन के लिए बृहस्पतिवार को नगालैंड सरकार और ‘इस्टर्न नगालैंड पीपुल्स ऑर्गेनाइजेशन’ (ईएनपीओ) के साथ एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए। नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में हस्ताक्षर किये गए।
बंगलूरू: विदेशी वाणिज्य दूतावासों को फर्जी बम धमकियों को लेकर मामले दर्ज
बंगलूरू में इटली और जापान के वाणिज्य दूतावासों को हाल ही में फर्जी बम धमकी वाले ईमेल मिले। इस संबंध में मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 29 जनवरी को धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद दोनों जगहों पर गहन जांच की गई, लेकिन ये धमकियां फर्जी निकलीं। अधिकारियों ने बताया कि ये ईमेल gaina_ramesh@outlook.com आईडी से भेजे गए थे। इटली और जापान के वाणिज्य दूतावासों के अधिकारियों की शिकायत के आधार पर क्रमशः उलसूर और विधान सौध थानों में मामले दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि इटली के वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों की शिकायत के अनुसार, उन्हें 29 जनवरी को सुबह 5.25 बजे अपने आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक संदेश मिला था, जिसमें लिखा था, इटली वाणिज्य दूतावास, बंगलूरू में दोपहर एक से पांच बजे आरडीएक्स से विस्फोट होगा। सुबह 10 बजे तक राजनयिकों को बाहर निकाल लें। पुलिस ने बताया कि जापान के वाणिज्य दूतावास को भी उसी ईमेल आईडी से सुबह 5.32 बजे इसी तरह का संदेश मिला था। इसके बाद वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों की शिकायत पर विधान सौध थाने में मामला दर्ज किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री इबोबी सिंह को मणिपुर कांग्रेस के नये अध्यक्ष नियुक्त
कांग्रेस ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह को मणिपुर प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया। उन्होंने के मेघचंद्र की जगह ली है। पार्टी ने मेघचंद्र को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नया नेता नियुक्त किया है, जबकि के रंजीत सिंह को उनका उपनेता बनाया गया है।
कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मणिपुर प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्षों, कोषाध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और उपनेता तथा चुनाव और अभियान समिति के अध्यक्षों की नियुक्ति की है।
जाजपुर में चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित
ओडिशा के जाजपुर जिले में गुरुवार को एक रेल हादसा हुआ। यहां जाखापुरा रेलवे स्टेशन के पास चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। रेलवे अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह 8:51 बजे हुई। ट्रेन चेन्नई से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। पटरी से उतरने वाले डिब्बों में एक एसी और दो जनरल कोच शामिल हैं। अच्छी बात यह है कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। मामले की खबर मिलते ही भद्रक से बचाव और मरम्मत टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। अधिकारी ने कहा कि यात्रियों के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। फिलहाल हादसे की वजह साफ नहीं हो पाई है।
भारत टैक्सी की सेवाएं आज से
देश को बृहस्पतिवार से सहकारिता टैक्सी की सौगात मिलने जा रही है। भारत टैक्सी सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब पूरे देश में सेवाएं शुरू करेगी। इसमें शुरुआत में 1,200 ड्राइवर शामिल होंगे। सेवा की औपचारिक शुरुआत विज्ञान भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। भारत टैक्सी देश का पहला सहकारिता-आधारित राइड-हेलिंग मंच है। इसमें ड्राइवर यानी सारथी ही मालिक व संचालक होंगे। इससे वे बड़े एग्रीगेटर मंच के शोषणकारी सिस्टम से मुक्त हो सकेंगे। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह सारथी सम्मानित किए जाएंगे। उन्हें शेयर प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। हर सम्मानित सारथी को पांच लाख रुपये का निजी दुर्घटना बीमा व पांच लाख का पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।
अटल-आडवाणी के कमरा नंबर चार में बैठेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नवीन पुराने संसद भवन (वर्तमान में संविधान सदन) के कमरा नंबर चार में बैठेंगे। कभी यह कमरा बतौर राजग के मुखिया दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी और उनके बाद लालकृष्ण आडवाणी को अलॉट किया गया था। हालांकि 2004 में लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद बतौर राजग अध्यक्ष वाजपेयी इस कमरे में कभी नहीं बैठे, जबकि आडवाणी ने 2009 से 2019 तक इस एतिहासिक कमरे का इस्तेमाल किया। 2019 में आडवाणी के लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने के दो साल बाद तक यह कमरा खाली रहा। हालांकि इसके बावजूद दोनों नेताओं के नेमप्लेट लगे रहे। साल 2021 में यह कमरा तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को इस्तेमाल के लिए दिया गया। गौरतलब है कि यह कमरा पुराने संसद भवन के भूतल पर भाजपा संसदीय दल के कार्यालय के पास है। अभी भी कुछ दलों और कुछ राज्य मंत्रियों के कार्यालय पुराने संसद भवन में ही हैं।
काठमांडो से उड़ते ही विमान के इंजन में लगी आग, कोलकाता में आपात लैंडिंग
नेपाल की राजधानी काठमांडो से इस्तांबुल जा रहे टर्किश एयरलाइंस के विमान के इंजन में उड़ान भरते ही बुधवार दोपहर आग लग गई। अधिकारियों ने बताया, विमान ने स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:28 बजे त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, लेकिन चार मिनट बाद ही उसके दाहिने इंजन में आग लग गई। पायलटों ने तुरंत इंजन बंद कर दिया और अंतरराष्ट्रीय रेडियो संकट संकेत पैन-पैन भेजा। नेपाल के हवाई क्षेत्र में करीब 10 मिनट चक्कर लगाने के बाद विमान को कोलकाता की ओर मोड़ा गया।
विमान में 225 यात्री और 11 चालक दल के सदस्यों समेत कुल 236 लोग सवार थे। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर दोपहर 2:49 बजे विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। इंजन की आग पर काबू पा लिया गया है। अधिकारी विमान की तकनीकी जांच कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इंजन की विस्तृत जांच के बाद यात्रियों को वैकल्पिक विमान से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। विमानन कंपनी की ओर से इस घटना पर अभी कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
सिक्किम में आनंद विवाह अधिनियम लागू, सिख विवाह समारोह 'आनंद कारज' का हो सकेगा रजिस्ट्रेशन
बुधवार को जारी एक सरकारी नोटिफिकेशन के अनुसार, राष्ट्रपति ने सिख विवाह समारोह 'आनंद कारज' के रजिस्ट्रेशन के लिए आनंद विवाह अधिनियम, 1909 को कुछ बदलावों के साथ सिक्किम में लागू कर दिया है। पिछले साल सितंबर में, सुप्रीम कोर्ट ने कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चार महीने के भीतर 'आनंद कारज' के रजिस्ट्रेशन के नियमों को नोटिफाई करने का निर्देश दिया था।
बुधवार को नोटिफाई किए गए राष्ट्रपति के आदेश में कहा गया है, 'संविधान के अनुच्छेद 371F के खंड (n) द्वारा दी गई शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, राष्ट्रपति द्वारा आनंद विवाह अधिनियम, 1909 (1909 का 7) को सिक्किम राज्य में लागू करते हैं।' याचिका का निपटारा करते हुए, पिछले साल जस्टिस विक्रम नाथ और संदीप मेहता की सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने केंद्र को चार महीने के भीतर सक्षम प्राधिकारी के समक्ष सिक्किम में अधिनियम के विस्तार के लिए एक प्रस्ताव पर विचार करने और उसे रखने का निर्देश दिया था, जिसमें आवश्यकतानुसार प्रतिबंध या संशोधन किए जा सकते हैं।
पश्चिम बंगाल कैडर की आईएएस अधिकारी रश्मि कमल को मिली ये बड़ी जिम्मेदारी
केंद्र सरकार ने 2006 बैच की पश्चिम बंगाल कैडर की आईएएस अधिकारी रश्मि कमल को बड़ी जिम्मेदारी दी है। दरअसल उन्हें जनगणना ऑपरेशन और बंगाल के सिटिजन रजिस्ट्रेशन के निदेशक पद पर नियुक्त कर दिया है। गजट नोटिफिकेशन में कहा गया है कि आईएएस रश्मि कमल को तीन साल की अवधि के लिए या अगले आदेश तक नियुक्ति दी गई है। रश्मि कमल को 14 जनवरी से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत नियुक्त किया गया है, जिसका मुख्यालय कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में होगा। जनगणना 2027 भारत के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा दो चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें पहला चरण, हाउसलिस्टिंग ऑपरेशन (HLO), 1 अप्रैल से शुरू होगा।
प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच इस काम को पूरा करने के लिए 30 दिनों की अवधि अधिसूचित करेगा। पहले चरण में, HLO के तहत प्रत्येक घर की आवास स्थितियों, संपत्ति, सुविधाओं आदि से संबंधित जानकारी एकत्र की जाती है, जबकि दूसरे चरण, जनसंख्या गणना (PE) में, प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक, सांस्कृतिक और अन्य जानकारी एकत्र की जाती है। दूसरा चरण अगले साल फरवरी में होने की संभावना है।
पलक्कड़ में तरबूजों के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे थे विस्फोटक, पुलिस ने किया बरामद
केरल पुलिस ने पलक्कड़ शहर के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विस्फोटकों से भरी एक पिक-अप वैन पकड़ी है। पुलिस ने वैन से 100 से ज्यादा विस्फोटक के डिब्बे जब्त किए हैं। यह कार्रवाई बुधवार देर रात की गई। पलक्कड़ टाउन साउथ पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गाड़ी की तलाशी लेने पर जिलेटिन स्टिक के 100 से ज्यादा डिब्बे और डेटोनेटर के 20 से ज्यादा डिब्बे मिले। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए इन डिब्बों को तरबूज की खेप के नीचे छिपा रखा था।
पुलिस को पहले ही सूचना मिल गई थी कि राज्य में अवैध रूप से भारी मात्रा में विस्फोटक लाए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने गाड़ियों की चेकिंग शुरू की। अधिकारी ने बताया कि जब उन्होंने ड्राइवर को रुकने का इशारा किया, तो उसने गाड़ी नहीं रोकी। इसके बाद पुलिस ने पीछा करके वैन को पकड़ लिया। पुलिस ने वैन के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि उसने यह सामान कोयंबटूर से लोड किया था और वह इसे त्रिशूर की एक खदान में ले जा रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ड्राइवर के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।