नई दिल्ली से विशाखापत्तनम जा रहे एयर इंडिया के एक विमान में मंगलवार देर रात बम होने की धमकी मिली है। हालांकि विशाखापत्तनम में लैंडिंग के बाद जब विमान की जांच की गई तो उसमें कुछ भी नहीं मिला। इस बारे में विशाखापत्तनम हवाई अड्डे के निदेशक एस राजा रेड्डी ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस को बम की धमकी वाली कॉल मिली थी। इसके बाद पुलिस ने एयरलाइन और विशाखापत्तनम हवाई अड्डे को सतर्क किया।
रेड्डी ने बताया कि विमान की लैंडिग के बाद जब उसकी जांच की गई तो पता चला कि यह एक झूठी कॉल थी। उन्होंने बताया कि इस उड़ान में 107 यात्री थे।
पुणे में मोबाइल हॉटस्पॉट कनेक्शन साझा करने से मना करने पर हत्या
पुणे के हडपसर इलाके में अजनबियों के साथ मोबाइल हॉटस्पॉट कनेक्शन साझा करने से इन्कार करने पर 47 वर्षीय व्यक्ति वासुदेव रामचन्द्र कुलकर्णी की सड़क पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। कुलकर्णी एक लोन एजेंट के रूप में काम करता था। एक अधिकारी ने बताया कि रविवार देर रात हुई घटना के सिलसिले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि युवाओं के एक समूह ने कुलकर्णी से संपर्क किया और उनसे मोबाइल हॉटस्पॉट कनेक्शन साझा करने के लिए कहा। उसने अजनबियों के साथ कनेक्शन साझा करने से इन्कार कर दिया, जिस कारण विवाद हो गया। इस बीच कुलकर्णी ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
स्कूटी फिसल कर आई ट्रक के नीचे, ट्रांसजेंडर की मौत
मुंबई के लोअर परेल इलाके में मंगलवार शाम सड़क हादसे में एक ट्रांसजेंडर की मौत हो गई। यहां 32 वर्षीय ट्रांसजेंडर की स्कूटी फिसल कर डंपर ट्रक की चपेट में आ गई जिससे उसकी मौत हो गई। लोअर परेल पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद उसे नगर निगम द्वारा संचालित अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पीड़िता वर्ली बीडीडी चॉल की रहने वाली थी।
ओडिशा सरकार ने छह आईएएस अधिकारियों को उप-कलेक्टर नियुक्त किया
इस बीच, ओडिशा सरकार ने मंगलवार को 2022 बैच के छह आईएएस अधिकारियों को उनका प्रशिक्षण पूरा होने के बाद राज्य के विभिन्न उपखंडों के उप-कलेक्टर के रूप में नियुक्त किया। इस बारे में सामान्य प्रशासन और लोक शिकायत विभाग द्वारा एक अधिसूचना भी जारी की हई है। इसके मुताबिक, अक्षय पिल्ले को बोनी के उप-कलेक्टर के रूप में नियुक्त किया गया है, जबकि प्रह्लाद नारायण शर्मा अथागढ़ के नए उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) हैं। वहीं, अरुगुला स्नेहा को पदमपुर, अकावरम सस्या रेड्डी को जेपोर के उप-कलेक्टर, समीर कुमार जेना को तालचेर का एसडीएम और सौम्यरंजन प्रधान को रायरंगपुर का एसडीएम नियुक्त किया है।
महिलाओं के प्रति नजरिये को बदलने की जरूरत- राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि महिलाओं के प्रति नजरिये में बदलाव की जरूरत है। मुंबई में महाराष्ट्र विधान परिषद के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की आधी आबादी महिलाओं की है। देश को आगे ले जाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। हमारा दायित्व है कि महिलाओं की चिंताओं को दूर करें।
राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक प्रगति के बिना देश का विकास उस तरह नहीं हो सकता जैसा होना चाहिए। इसलिए महिलाओं के प्रति हमारे नजरिये में बदलाव की जरूरत है। मुझे लगता है, जो कुछ हम देख रहे हैं। महिलाएं जो कुछ झेल रही है, आगे ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में लोग भारत का अनुसरण करते हैं। छोटी बच्ची मां की अंगुली पकड़कर चलती है। जननी चाहती है कि किसी कि खराब दृष्टि बच्चों पर न पड़े। मां के होते हुए कोई भी ऐसा साहस न करेगा। यह हम सबकी सोच होनी चाहिए। उनकी यह टिप्पणी महिलाओं के खिलाफ अपराध के हाल के मामलों को संदर्भ से जोड़कर देखी जा रही है।
इनमें कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में एक जूनियर महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना भी शामिल है, जिससे देशभर में व्यापक आक्रोश पैदा हुआ। मुंबई में राष्ट्रपति दादर स्थित चैत्यभूमि गई। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा भी मौजूद थे।
शिवाजी की मूर्ति गिरने के मामले में मूर्तिकार के खिलाफ लुकआउट नोटिस
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले की पुलिस ने राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के गिरने के मामले में मूर्तिकार और ठेकेदार जयदीप आप्टे के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया, किसी व्यक्ति को देश से भागने से रोकने के लिए हवाईअड्डों और अन्य सभी निकास स्थलों पर एलओसी जारी किया जाता है। ठाणे के मूर्तिकार आप्टे ने प्रतिमा बनाने के ठेके का कार्यान्वयन किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रतिमा का उद्घाटन किया था। प्रतिमा गिरने के बाद मालवण पुलिस ने आप्टे और संरचनात्मक सलाहकार चेतन पाटिल के खिलाफ मामला दर्ज किया।
जेल अधिकारियों को दोषी को पैरोल से इन्कार पर फटकार
बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को नासिक केंद्रीय जेल अधिकारियों को जर्मन बेकरी विस्फोट मामले के एकमात्र दोषी हिमायत बेग को पैरोल देने से इन्कार करने पर दिमाग इस्तेमाल न करने के लिए फटकार लगाई।
खंडपीठ ने चेतावनी दी कि वह अधिकारियों पर केवल इस आधार पर पैरोल देने से इन्कार करने पर जुर्माना लगाएगी कि बेग को आतंकवादी आरोपों के लिए दोषी ठहराया गया था। न्यायाधीशों ने कहा कि हाईकोर्ट ने अपील में उन्हें यूएपीए के तहत आतंकवादी आरोपों और भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक साजिश से बरी कर दिया था।
ठेका कर्मियों से चल रहा राज्य, ऐसा लगातार नहीं हो सकता : हाईकोर्ट
कलकत्ता हाईकोर्ट ने ठेका कर्मियों की नियुक्ति को लेकर राज्य सरकार को फटकार लगाई है। एक मामले की सुनवाई के दौरान मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश टीएस शिवगणनम और जस्टिस राजर्षि भारद्वाज की खंडपीठ ने कहा, पूरे राज्य में ठेका कर्मियों के आधार पर कार्य चल रहा है।
विशेष परिस्थितियों में ठेका कर्मियों की नियुक्ति की जा सकती है, लेकिन इसे नियमित रूप से नहीं किया जा सकता। यहां तक कि पुलिसकर्मियों की नियुक्ति भी ठेका पर की जा रही है। खंडपीठ ने हैरानी जताते हुए कहा, देश के किसी और हिस्से में ऐसा नहीं होता। दरअसल, मार्च में उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों में ठेका के आधार पर अदालत के कर्मियों की नियुक्ति के लिए राज्य ने एक विज्ञप्ति जारी की थी। इस विज्ञप्ति को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में मामला दायर किया गया। न्यायाधीश अरिंदम मुखोपाध्याय की एकल पीठ ने इस नियुक्ति पर रोक लगाने का आदेश दिया था। राज्य ने इस आदेश को चुनौती देने के लिए डिवीजन बेंच का दरवाजा खटखटाया। मुख्य न्यायाधीश टीएस शिवगणनम और न्यायाधीश राजर्षि भारद्वाज की खंडपीठ ने राज्य की अपील खारिज करते हुए कहा कि एकल पीठ की ओर से रोक का आदेश फिलहाल लागू रहेगा।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत
मुंबई के मलाड में मंगलवार रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर घायल महिला को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मलाड पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस ने बताया कि आगे की जांच की जा रही है।
त्रिपुरा भाजपा प्रमुख राजीब राज्यसभा उपचुनाव में विजयी
त्रिपुरा भाजपा के अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्जी ने मंगलवार को राज्यसभा उपचुनाव में जीत हासिल की। भट्टाचार्जी ने बताया, उन्हें 60 में से 47 वोट मिले। उन्होंने भाजपा इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) और त्रिपुरा मोटोमती पार्टी (टीएमपी) के सभी विधायकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनका समर्थन किया।
के राजलक्ष्मी मेनन डीआरडीओ की नई महानिदेशक एयरो बनीं
के राजलक्ष्मी मेनन ने डीआरडीओ के महानिदेशक (एयरो) का पदभार संभाला है और साथ ही सेंटर फॉर एयरबोर्न सिस्टम्स (सीएबीएस) के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला है। डीजी (एयरो) के रूप में डॉ. के राजलक्ष्मी मेनन अब एयरो क्लस्टर के तहत सभी कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदार होंगी, जो उनके रचनात्मक नेतृत्व में कार्य करेगा। पुणे विश्वविद्यालय से कंप्यूटर विज्ञान में एमएससी करने के बाद मेनन 1988 में सीएबीएस, जो पहले एएसडब्ल्यूएसी था, में वैज्ञानिक-बी के रूप में डीआरडीओ में शामिल हुईं।
मुंबई हवाई अड्डे पर महिला यात्री ने कर्मचारी से की अभद्रता
मुंबई हवाई अड्डे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस काउंटर पर एक महिला यात्री ने महिला कर्मचारी से अभद्रता कर दी। यात्री को पुलिस को सौंप दिया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि एक सितंबर को मुंबई हवाई अड्डे पर एक यात्री ने हमारे स्टाफ सदस्य के साथ दुर्व्यवहार किया। ड्यूटी मैनेजर ने तुरंत सीआईएसएफ को सूचित किया और यात्री को पुलिस को सौंप दिया गया।
तेलंगाना में आईटी कर्मी की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद के घाटकेसर के एक फार्म हाउस में जन्मदिन की पार्टी के दौरान आईटी कर्मी गजंबिकल अजय तेजा की हत्या कर दी गई। मामले में तीन आईटी कर्मियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। घाटकेसर के जन्मदिन की पार्टी के दौरान दो आरोपियों ने तेजा को पूल धक्का दे दिया था। इससे अजय तेजा बेहोश हो गए और उन्हें 45 मिनट तक लावारिस छोड़ दिया गया। दोस्तों ने उन्हें देखा और उन्हें जेडीमेटला के सूर्या अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में रंजीत रेड्डी और साई कुमार, आईटी फर्म के प्रबंधक श्रीकांत और वेंकटे, फार्महाउस मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तमिलनाडु में ट्रक से टकराई कार, चार दोस्तों की मौत
चेन्नई के ईस्ट कोस्ट रोड पर बुधवार को एक कार के खड़े ट्रक से टकरा गई। इससे कार सवार चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार से दौड़ रही कार एक बैरिकेड से टकराकर बेकाबू हो गई। इसके बाद एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। कार में सवार मोहम्मद आशिक मलेशिया से चेन्नई लौटने के बाद अपने तीन दोस्तों के साथ पुडुचेरी-चेन्नई राजमार्ग पर शहर की ओर जा रहे थे। तीन मृतकों की पहचान आदिल मोहम्मद, असलफ अहमद और सुल्तान के रूप में की गई है। ट्रक खराब होने के बाद सड़क किनारे खड़ा किया गया था। ट्रक शहर के मायलापुर में एक ट्रांसपोर्ट फर्म का था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
प्रशासनिक भवन की पांचवीं मंजिल से गिरकर आईआईटी-भुवनेश्वर की छात्रा की मौत
आईआईटी भुवनेश्वर में अध्ययनरत एक छात्रा की कथित तौर पर प्रशासनिक भवन की पांचवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार रात 23 वर्षीय युवती का शव संस्थान परिसर से बरामद किया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि हमें संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला है। मृतका की पहचान दिल्ली निवासी कृतिका राज के रूप में हुई है और वह बी.टेक तृतीय वर्ष की छात्रा थी।
वड़ोदरा में गणेश पंडाल बनाते समय करंट लगने से युवक की मौत, सात झुलसे
वड़ोदरा जिले के डबका गांव में गणेश पंडाल बनाते वक्त करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि सात लोग झुलस गए। पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11.45 बजे पडरा तालुका के गांव में एक मंदिर के पास ग्रामीण भगवान गणेश उत्सव के लिए पंडाल लगा रहे थे। इस दौरान लोहे की रॉड ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार को छू गई। इससे रॉड पकड़े प्रकाश जाधव की मौके पर ही मौत हो गई। सात लोग झुलस गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
स्कूल नौकरी घोटाले में ईडी ने बंगाल के मंत्री से की पूछताछ
पश्चिम बंगाल के मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा ने बुधवार को स्कूल भर्ती घोटले में ईडी ने पूछताछ की। वह प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के सामने पेश हुए। मंत्री को कुछ दिन पहले केंद्रीय जांच एजेंसी ने तलब किया था। ईडी ने राज्य में स्कूल नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं को लेकर मार्च में बीरभूम जिले के बोलपुर में टीएमसी नेता के आवास पर तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान ईडी ने एक मोबाइल फोन और लगभग 40 लाख रुपये की नकदी बरामद की थी।
छात्राओं से यौन उत्पीड़न के आरोप में डॉक्टर गिरफ्तार
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में स्कूल की छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। ये छात्राएं स्कूल के भीतर हॉस्टल में रहती हैं। इस मामले में फोर्ट ऑल महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद आरोपी डॉक्टर सैमसन (31) को यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि डॉक्टर की मां स्कूल की प्रधानाध्यापिका थीं, इसलिए वह अपने प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए अक्सर हॉस्टल में जाता था।
गायिका से छेड़छाड़ के आरोप में दो गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस ने एक पांच सितारा होटल में एक गायिका से छेड़छाड़ करने के आरोप में एनआरआई समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। यह घटना मंगलवार रात की है जब गायिका होटल में अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए पहुंची थी।गायिका ने प्रगति मैदान पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि होटल में दो लोगों ने उन्हें गलत तरीके से छुआ। इन दो आरोपियों में एक के पास इटली की नागरिकता है और दूसरा स्थानीय निवासी है।पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।