फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: तेलंगाना HC की जज न्यायमूर्ति एमजी प्रियदर्शिनी का निधन; इंडिगो विमान में एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़

Sun, 04 May 2025 08:56 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

तेलंगाना उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमजी प्रियदर्शिनी का रविवार को यहां खराब स्वास्थ्य के कारण निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार 5 मई को होगा। न्यायमूर्ति प्रियदर्शिनी ने 1995 में विशाखापत्तनम से कानून की डिग्री पूरी की और 1997 में आंध्र विश्वविद्यालय से श्रम और औद्योगिक कानून (एलएलएम) में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। सितंबर 1995 में उन्हें आंध्र प्रदेश बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित किया गया था। उन्हें सीधी भर्ती के माध्यम से जिला न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था और नवंबर 2008 में उन्होंने अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के रूप में अपनी न्यायिक सेवा शुरू की थी। न्यायमूर्ति प्रियदर्शिनी को मार्च 2022 में तेलंगाना राज्य के उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया और शपथ दिलाई गई।

विज्ञापन


नीट अभ्यर्थियों को ठगने के आरोप में चार गिरफ्तार
ओडिशा में पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए नीट अभ्यर्थियों को ठगने पर एक अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त एसडी सिंह ने बताया कि ओडिशा के दो लोगों सहित चार लोगों को शनिवार को भुवनेश्वर विशेष अपराध इकाई ने गिरफ्तार किया। यह गिरोह मेडिकल कॉलेजों में दाखिले का वादा करके उम्मीदवारों से पैसे लेता था। वह फर्जी उम्मीदवारों को परीक्षा में बैठाने वाला था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किये गये चार लोगों की पहचान झारखंड के प्रियदर्शी कुमार, बिहार के अरविंद कुमार तथा ओडिशा के सुनील सामंत्रे और रुद्र नारायण बेहरा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस काम में स्थानीय जासूस शामिल थे, जो आधार कार्ड सहित नीट उम्मीदवारों के विवरण प्राप्त करते थे, जिससे उनका पंजीकरण आसान हो जाता था। एक बार एडमिट कार्ड प्राप्त हो जाने के बाद उन्हें बिहार में गुर्गों को सौंप दिया जाता था। प्रॉक्सी उम्मीदवार एडमिट कार्ड के विवरण में हेराफेरी करके NEET परीक्षा देते हैं। गिरोह प्रति अभ्यर्थी 20 से 30 लाख रुपये वसूल रहा था।

पाकिस्तान समर्थक पोस्ट करने के आरोप में 39 लोग गिरफ्तार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि भारतीय धरती पर पाकिस्तान का बचाव करने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक पाकिस्तान समर्थक पोस्ट करने के आरोप में 39 लोग पकड़े जा चुके हैं। सरमा ने यह भी बताया कि दोनों को होजई और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिलों से गिरफ्तार किया गया। सीएम ने एक्स पर लिखा कि भारतीय धरती पर पाकिस्तान का बचाव करने वाले देशद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई पर अपडेट... अब तक कुल 39 देशद्रोहियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। इससे पहले, विपक्षी एआईयूडीएफ विधायक अमीनुल इस्लाम को पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान और उसकी मिलीभगत का कथित रूप से बचाव करने पर देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शुक्रवार को सरमा ने जम्मू-कश्मीर आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने वालों की टांगें तोड़ने की धमकी दी थी।

विज्ञापन

अरब सागर में वाणिज्यिक जहाजों के लिए नेविगेशन अलर्ट किया गया जारी
अरब सागर में भारतीय नौसेना के चल रहे अभ्यास के मद्देनजर इंडियन मैरीटाइम अथॉरिटी ने वाणिज्यिक जहाजों को सावधानी बरतने के लिए नेविगेशन चेतावनी जारी की है। सूत्रों के मुताबिक यह चेतावनी पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर जारी किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और समझा जाता है कि उन्होंने समुद्री क्षेत्र की स्थिति के बारे में उन्हें जानकारी दी। हालांकि, इस मुलाकात के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। नेविगेशन अलर्ट में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाणिज्यिक जहाजों को इस क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।

पीएम मोदी के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी रूस दौरा रद्द
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी रूस दौरा रद्द कर दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 9 मई को रूस की राजधानी मास्को में होने वाले विक्टरी डे परेड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

समारोह में रक्षा राज्य मंत्री को भेजने का कदम पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी पर सोवियत संघ की विजय की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विक्टरी डे परेड के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया था, लेकिन पहलगाम हमले के चलते पहले यह निर्णय लिया गया था कि पीएम मोदी की जगह रक्षा मंत्री कार्यक्रम में शिरकत करेंगे लेकिन अब सिंह का भी दौरा रद्द कर दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि अब इस समारोह में रक्षा राज्य मंत्री सेठ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जापान के स्पीकर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल तीन दिवसीय दौरे पर असम पहुंचा 
जापान की प्रतिनिधि सभा के स्पीकर नुकागा फुकुशिरो के नेतृत्व में जापानी प्रतिनिधिमंडल असम के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचा है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि यह दौरा जापानी कंपनियों को असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में निवेश बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
सरमा ने कहा कि यह यात्रा एडवांटेज असम 2.0 की पृष्ठभूमि में सहयोगी पहलों के माध्यम से जापान के साथ असम की रणनीतिक साझेदारी को एक नई गति प्रदान करेगी। इस दौरान उन्होंने फुकुशिरो को राज्य में व्यापार पारिस्थितिकी तंत्र से अवगत कराया।

झारखंड: अस्पताल के गलियारे का एक हिस्सा ढहने से 2 लोगों की मौत, एक अन्य के फंसे होने की आशंका
झारखंड के जमशेदपुर में शनिवार को सरकारी अस्पताल के गलियारे का एक हिस्सा ढहने से दो लोगों की मौत हो गई> वहीं, एक अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि साकची इलाके में एमजीएम अस्पताल के मेडिसिन विभाग की दूसरी मंजिल पर शाम करीब 4 बजे यह घटना हुई, जिसमें कुल 15 लोग फंस गए।

पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त अनन्य मित्तल ने बताया कि देर शाम मलबे से दो शव बरामद किए गए और एक अन्य व्यक्ति के अभी भी अंदर होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है।

वक्फ पर सुप्रीम कोर्ट में दिया केंद्र का डाटा गलत : पर्सनल लॉ बोर्ड
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (एआईएमपीएलबी) ने वक्फ अधिनियम मामले में सुप्रीम कोर्ट में केंद्र की तरफ से दायर हलफनामे की सत्यता पर सवाल उठाया है। बोर्ड का कहना है कि हलफनामे में दिया गया डाटा गलत है। बोर्ड ने सरकार के इस बयान पर गंभीर आपत्ति जताई है कि 2013 के बाद केंद्रीय पोर्टल पर अपलोड वक्फ संपत्तियों की संख्या में चौंकाने वाली वृद्धि हुई है। बोर्ड ने मंत्रालय से संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बोर्ड के मुताबिक, ऐसा लगता है कि केंद्र हलफनामे के जरिये बताना चाहती है कि 2013 से पूर्व वक्फ सभी संपत्तियों को पोर्टल शुरू होने के साथ ही अपलोड कर दिया गया था। 

कर्नाटक : हिंदू कार्यकर्ता की हत्या में 8 गिरफ्तार
कर्नाटक के मंगलूरू में हिंदू कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या के बाद से जारी तनाव के बीच पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। तनाव को देखते हुए प्रदेश के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने शनिवार को कहा कि नक्सल विरोधी बल की तर्ज पर उडुपी और दक्षिण कन्नड़ जिलों के लिए विशेष रूप से सांप्रदायिकता विरोधी टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा।

 शेट्टी की बृहस्पतिवार देर रात मंगलूरू में हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शहर में सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) समेत दूसरे संगठनों ने शुक्रवार को मंगलूरू बंद का आह्वान किया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शेट्टी की हत्या में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल सफवान, नियाज अहमद, मोहम्मद मोजम्मिल, खलंदर शफी, आदिल महरूज, मोहम्मद रिजवान, रंजीत व नागराज के रूप में हुई है। शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के बाद परमेश्वर ने बताया कि बजरंग दल नेता सुहास 2022 में मोहम्मद फाजिल नामक एक व्यक्ति की हत्या का मुख्य आरोपी था।  
 
 

नीट यूजी : ओडिशा-गुजरात में परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास, पुलिस ने की कार्रवाई
ओडिशा और गुजरात में परीक्षा की शुचिता भंग करने की कोशिश हुई है। यहां पर कुछ दलालों ने पैसे के बदले मनचाहे अंक देने का दावा किया था। मीडिया रिपोर्ट के आधार पर संबंधित राज्यों की पुलिस ने पहले ही झूठी खबरें फैलाने के मामले में कार्रवाई कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ-साथ सभी राज्य सरकारें भी परीक्षा की शुचिता भंग करने और अफवाहें फैलाने लोगों की तलाश में जुटी हुई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने छात्रों और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने  का आग्रह किया है।

एनटीए ने शनिवार देर शाम छात्रों के नाम पब्लिक नोटिस जारी किया है। इसमें लिखा है कि रविवार को आयोजित होने वाली नीट यूजी 2025 की परीक्षा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभी तक परीक्षा की सुचिता भंग करने या अफवाहें फैलाने वाले 165 टेलीग्राम चैनल और 32 इंस्टाग्राम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंध लगा दिया गया है।  

इंडिगो विमान में एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़, नशे में था आरोपी
इंडिगो की दिल्ली से शिरडी जा रही फ्लाइट में एयर होस्टेस के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शुक्रवार को विमान के शिरडी हवाई अड्डे पर उतरने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक यात्री ने विमान के शौचालय के पास एयर होस्टेस को गलत तरीके से स्पर्श किया। पुलिस ने बताया कि एयर होस्टेस ने अपने क्रू मैनेजर को यह जानकारी दी और सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी गई। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। मेडिकल जांच में पता चला कि आरोपी ने शराब पी रखी थी।

केपीसीसी के नेतृत्व में फेरबदल करने की अटकलें
केरल के नीलांबुर विधानसभा क्षेत्र के आगामी उपचुनाव होने वाले है। इस बीच ऐसी अटकलें है कि केपीसीसी नेतृत्व में फेरबदल किया जाएगा। हालांकि इन खबरों का केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के सुधाकरन अध्यक्ष ने खंडन किया है। उन्होंने रविवार को कहा कि आलाकमान उन्हें पद छोड़ने के लिए नहीं कहेगी। सुधाकरन ने एक टीवी चैनल से कहा कि कांग्रेस पार्टी हाईकमान पर निर्भर है। मुझे पद छोड़ना चाहिए या नहीं यह हाईकमान बताएगी। मेरा मानना है कि उन्होंने ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई थी। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए थे। 90 मिनट की बैठक के दौरान इस बात का जरा सा भी संकेत नहीं मिला कि पार्टी में कोई बदलाव किया जाएगा।
विज्ञापन

जॉन ब्रिटास को राज्यसभा में माकपा संसदीय दल का नेता नियुक्त किया गया
माकपा ने रविवार को एक बयान में कहा कि जॉन ब्रिटास को राज्यसभा में संसदीय दल का नेता नियुक्त किया गया है। ब्रिटास, जो राज्यसभा में उपनेता थे, को माकपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा विकास रंजन भट्टाचार्य द्वारा अपना पद छोड़ने के बाद इस पद पर नियुक्त किया गया था। केरल से सांसद विदेश मामलों की स्थायी समिति, सार्वजनिक उपक्रमों की समिति और आईटी विभाग की सलाहकार समिति के सदस्य हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें