राज्यसभा में बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के सदस्य राघव चड्ढा ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग की। आप सदस्य ने उच्च सदन में विशेष उल्लेख के जरिए यह मांग की। उन्होंने कहा कि क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह का देश की आजादी की लड़ाई में बहुत बड़ा योगदान है और उनके साहस से अंग्रेजी जेलों की दीवारें भी कांपती थीं।
भगत सिंह को जल्द से जल्द भारत रत्न दिए जाने की सरकार से मांग करते हुए उन्होंने अफसोस जताया कि उनकी शहादत के 93 साल बाद भी उन्हें यह सम्मान नहीं मिला है। विशेष उल्लेख के जरिए ही कांग्रेस सदस्य नीरज डांगी ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों की तरफ से सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध के लिए कानून बनाए जाने की मांग की।
मणिपुर के इफंला में सार्वजनिक परिवहन सेवा शुरू
मणिपुर सरकार ने राज्य में जातीय हिंसा में कमी के बाद, बुधवार से इंफाल से पहाड़ी जिलों तक सार्वजनिक परिवहन सेवा फिर से शुरू करने का फैसला किया है। यह 19 महीनों में सरकार का दूसरा प्रयास है, जबसे इंफाल घाटी के मैतेई समुदाय और पहाड़ी जिलों के कुकीज के बीच झड़पें हो रही थीं।
मुख्य सचिव विनीत जोशी ने एक आदेश में कहा कि राज्य सरकार ने सुरक्षा बलों की स्थिति और कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद यह निर्णय लिया है और पर्याप्त सुरक्षा के साथ सार्वजनिक वाहनों का संचालन शुरू करने का फैसला किया है।
सार्वजनिक वाहनों का संचालन
बुधवार से इंफाल से सेनापति, कांगपोकपी और चुराचांदपुर तक सार्वजनिक वाहनों का संचालन किया जाएगा। सेनापति नागा बहुल क्षेत्र है, कांगपोकपी और चुराचांदपुर कुकी-बहुल इलाके हैं, जबकि इंफाल और बिष्णुपुर मेइती बहुल इलाके हैं।
इसके साथ ही आदेश में यह भी कहा गया कि यह सेवा केवल तय घंटों तक ही चलेगी और जो लोग इस मार्ग से यात्रा करना चाहते हैं, उन्हें संबंधित उपायुक्तों के कार्यालय से संपर्क करना होगा। सरकार का यह कदम आम जनता की शिकायतों को हल करने के लिए उठाया गया है।
केरल के कोल्लम में पति ने कार में लगाई आग, महिला की मौत
दक्षिणी केरल के कोल्लम शहर में मंगलवार रात एक व्यक्ति पद्मराजन ने एक कार में आग लगा दी, जिससे उसकी पत्नी अनिला (44) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, कार में महिला के साथ यात्रा कर रहा एक व्यक्ति भी घायल हो गया।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने कहा कि पद्मराजन ने एक अन्य वाहन से अपनी पत्नी की कार का पीछा किया। मंगलवार रात करीब नौ बजे कोल्लम सिटी ईस्ट पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर चेम्मामुक्कु में उसे रोक लिया। उसने कार पर पेट्रोल डाला और उसमें आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी अनिला की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। महिला के साथ घायल हुए व्यक्ति अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पद्मराजन को कोल्लम पूर्व पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अपराध के कारणों का पता लगाने के लिए पद्मराजन से पूछताछ कर रही है।
बंगाल में अस्पतालों में दाखिलों में कथित अनियमितताओं मामले में ईडी का छापा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में कई मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में एनआरआई कोटे के तहत दाखिलों में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की। ईडी अधिकारियों ने कोलकाता के साल्ट लेक के साथ-साथ बीरभूम, दुर्गापुर, झारग्राम और बर्दवान जिलों में इन संस्थानों के अधिकारियों के आवासों पर भी छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान बरामद दस्तावेज
ईडी अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान कई दस्तावेज और बैंक संबंधित कागजात जब्त किए। उन्होंने इन कागजात और दस्तावेजों के बारे में संस्थान के अधिकारियों से भी पूछताछ की। इसके अलावा, बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों के साथ ईडी अधिकारियों ने हल्दिया में पूर्व माकपा नेता लक्ष्मण सेठ के आवास और उनके एनजीओ द्वारा चलाए जा रहे मेडिकल कॉलेजों पर भी छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि बोलपुर के मुकुल क्षेत्र में शांतिनिकेतन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भी इसी तरह की छापेमारी की गई।
कुवैत के विदेश मंत्री अबदुल्ला अली अल-याह्या आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे। जहां दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उनका स्वागत किया गया।
सीबीआई के पूर्व निदेशक विजय शंकर नहीं रहे
सीबीआई के पूर्व निदेशक विजय शंकर (76) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। यूपी कैडर के 1969 बैच के सेवानिवृत्त आईपीएस अफसर शंकर कुछ समय से नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती थे। उनका पार्थिव देह एम्स को दान किया जाएगा। वे 12 दिसंबर, 2005 से 31 जुलाई, 2008 तक सीबीआई निदेशक रहे।
एयर बैग नहीं खुलने से हुई थी आईपीएस अफसर की मौत
सड़क दुर्घटना में मारे गए परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी हर्ष बर्धन (26) की मौत के मामले में अब तक की जांच से पता चला है कि जिस पुलिस वाहन में वह यात्रा कर रहे थे, उसके एयरबैग नहीं खुले थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि दुर्घटना के समय बर्धन 2020-मॉडल जीप में यात्रा कर रहे थे। उसके आगे की दोनों सीटों में दो एयरबैग थे, लेकिन जब दुर्घटना के दौरान वाहन पलट गया तो एयरबैग नहीं खुले। हालांकि, ड्राइवर और अधिकारी दोनों ने सीट बेल्ट पहन रखी थी।
पुलिस दुर्घटना के समय वाहन की गति, दुर्घटना के दौरान जीप के सड़क के बाईं ओर जाने और दुर्घटना के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
मणिपुर के काकचिंग में केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) के चार सदस्यों को जबरन वसूली और अवैध हथियार रखने के आरोप में काकचिंग जिले से गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि चारों को सोमवार को काकचिंग जिले के लामखाई इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कहा कि चारों जबरन वसूली और अवैध हथियार रखने के आरोप में शामिल थे। उनके कब्जे से मैगजीन, गोला-बारूद, पांच मोबाइल फोन, केसीपी (पीडब्ल्यूजी) का मांग पत्र और केसीपी (पीडब्ल्यूजी) की 80 खाली कर रसीदें जब्त की गईं।
तेलंगाना में महिला कांस्टेबल की भाई ने की हत्या
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के इब्राहिमपट्टनम के रायपोलू गांव के बाहरी इलाके में एक महिला पुलिस कांस्टेबल की उसके भाई ने कथित तौर पर हत्या कर दी। उसने हाल ही में अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था।इब्राहिमपट्टनम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने बताया कि 2 दिसंबर को उसके भाई परमेश ने अपनी कार से उसकी स्कूटी को टक्कर मारी और चाकू घोंप दिया। आगे की जांच जारी है।
केरल में सड़क दुर्घटना में सबरीमाला के एक तीर्थयात्री की मौत
तमिलनाडु के अयप्पा श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक मिनी बस बुधवार तड़के यहां आर्यनकावु जांच चौकी के पास एक माल ट्रक से टकरा गई, जिससे सबरीमाला के तीर्थयात्री 46 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।
थेनमाला पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई दुर्घटना में 19 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मिनीबस करीब 24 तीर्थयात्रियों को लेकर सबरीमला से तमिलनाडु लौट रही थी जब उसकी सामने से एक माल ढोने वाले ट्रक से टक्कर हो गई।
अधिकारी ने बताया कि घायलों में से 17 का पुनालूर के तालुक अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि दो अन्य को तिरुवनंतपुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
आंध्र प्रदेश: बारिश के कारण झोपड़ी ढहने से एक परिवार के तीन लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में कल्याणदुर्ग ग्रामीण सर्किल इंस्पेक्टर नीलकंठेश्वर ने बताया कि भारी बारिश के कारण आज सुबह कुंदूर में मिट्टी की झोपड़ी ढहने से एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
अदाणी से जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ सेबी को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए- कांग्रेस
कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि अदाणी समूह से जुड़ी संस्थाओं की तरफ से अनुचित व्यवहार के माध्यम से सार्वजनिक शेयरधारिता मानदंडों के उल्लंघन के आरोप वाले मामले में निपटान के लिए सेबी से संपर्क करने की खबरों के बाद कवर-अप की तैयारी हो रही है। कांग्रेस ने जोर देकर कहा कि इस 'घोटाले' के लिए जांच एजेंसियों की तरफ से गिरफ्तारी और छापे समेत गंभीर दंडात्मक कार्रवाई की आवश्यकता है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि एक सांकेतिक समझौता भारतीय संस्थानों को हंसी का पात्र बना देगा, जिनकी प्रतिष्ठा पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और "उनके साथियों" के कार्यों से धूमिल हो चुकी है। उनकी यह टिप्पणी उन खबरों के बीच आई है, जिनमें कहा गया है कि अडानी समूह से जुड़ी कई संस्थाओं ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) से संपर्क करके एक मामले में निपटान की मांग की है, जिसमें बुनियादी ढांचा समूह की चार सूचीबद्ध कंपनियों में अनुचित व्यवहार के माध्यम से सार्वजनिक शेयरधारिता मानदंडों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।
नेपाली सेना के सेनाध्यक्ष जनरल अशोक राज सिगडेल 11 दिसंबर से 14 दिसंबर 2024 तक भारत की यात्रा पर आएंगे। अपनी यात्रा के दौरान जनरल सिगडेल को भारत गणराज्य के राष्ट्रपति द्वारा भारतीय सेना के मानद जनरल के पद से सम्मानित किया जाएगा।
ओडिशा: भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग
बारीपदा पुलिस ने बताया कि भारतीय नौसेना के एक हेलीकॉप्टर ने बुधवार को ओडिशा के मयूरभंज जिले में धान के खेत में आपातकालीन लैंडिंग की। पुलिस ने बताया कि हेलीकॉप्टर रसगोविंदपुर थाना क्षेत्र के अरमाडा गांव में उतरा, जिससे खेत में काम कर रहे किसान हैरान रह गए। लैंडिंग के बाद पायलट हेलीकॉप्टर से बाहर आया और उसकी जांच की। पुलिस ने बताया कि हेलीकॉप्टर करीब 30-40 मिनट बाद वहां से चला गया। पुलिस अधीक्षक वरुण गुंटुपल्ली ने बताया कि मामूली तकनीकी दिक्कतों के कारण हेलीकॉप्टर वहां उतरा था और पायलट ने खुद ही इसकी मरम्मत की।
बेडा बुडगा जंगम जाति को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल करने की मांग
नांदयाल निर्वाचन क्षेत्र से सांसद डॉ. बायरेड्डी शबरी ने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार को पत्र लिखकर बेडा बुडगा जंगम जाति को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल करने का अनुरोध किया।
आंध्र प्रदेश सीआईडी के पूर्व प्रमुख पर बड़ी कार्रवाई
आंध्र प्रदेश सीआईडी के पूर्व प्रमुख वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एन. संजय को सतर्कता एवं प्रवर्तन (वीएंडई) विंग की रिपोर्ट के बाद राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि अग्निशमन सेवाओं के महानिदेशक के पद पर रहते हुए एन. संजय ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए 1 करोड़ रुपये की हेराफेरी की है।
हावड़ा ब्रिज की चल रही स्वास्थ्य जांच की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक
ब्रिटिश और भारतीय विशेषज्ञों ने कोलकाता बंदरगाह के अधिकारियों के साथ मिलकर बुधवार को रवींद्र सेतु (हावड़ा ब्रिज) की चल रही स्वास्थ्य जांच की प्रगति की समीक्षा की। श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट (एसएमपी) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि लंदन के रेंडेल और राइट्स लिमिटेड के विशेषज्ञों के साथ-साथ वरिष्ठ बंदरगाह अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया, जिसकी अध्यक्षता बंदरगाह के अध्यक्ष रथेंद्र रमन ने की। रेंडेल, जिसे पहले रेंडेल, पामर एंड ट्रिटन (आरपीटी) के नाम से जाना जाता था, पुल का मूल डिजाइनर है और दृश्य निरीक्षण, डिजाइन समीक्षा, स्थिति आकलन और पुनर्वास प्रस्तावों की देखरेख कर रहा है। इस बैठक के दौरान, विशेषज्ञों ने चल रहे निरीक्षणों से अपने निष्कर्ष साझा किए और पुल की संरचनात्मक स्थिति पर चर्चा की।
रेंडेल द्वारा समीक्षा की जाने वाली अंतिम मूल्यांकन रिपोर्ट 2025 की पहली तिमाही तक आने की उम्मीद है। इसके आधार पर, राइट्स लिमिटेड पुल की दीर्घकालिक सुरक्षा और स्थायित्व सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक मरम्मत और पुनर्वास योजना का प्रस्ताव देगा। 3 दिसंबर को, रेंडेल विशेषज्ञों ने एसएमपी कोलकाता के इंजीनियरों के साथ मिलकर ऐतिहासिक पुल का विस्तृत निरीक्षण किया। फरवरी 2023 में एसएमपी कोलकाता द्वारा शुरू की गई यह स्वास्थ्य जांच राइट्स लिमिटेड द्वारा की जा रही है। रवींद्र सेतु, एक ऐतिहासिक इंजीनियरिंग उपलब्धि है, जिसका निर्माण 1937 और 1942 के बीच एसएमपी कोलकाता (पूर्व में कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट) द्वारा किया गया था और 1943 में इसे यातायात के लिए खोल दिया गया था।
PM मोदी ने भारतीय नौसेना की सराहना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना की सराहना की। उन्होंने कहा कि इसकी प्रतिबद्धता राष्ट्र की सुरक्षा, संरक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करती है। नौसेना दिवस देश की रक्षा में नौसेना की महत्वपूर्ण भूमिका की स्वीकृति के रूप में मनाया जाता है और 4 दिसंबर को 1971 के युद्ध के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ इसकी वीरता को याद करने के लिए चुना गया था, जब इसने दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचाया था। प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा, 'नौसेना दिवस पर हम भारतीय नौसेना के बहादुर कर्मियों को सलाम करते हैं जो बेजोड़ साहस और समर्पण के साथ हमारे समुद्रों की रक्षा करते हैं। उनकी प्रतिबद्धता हमारे राष्ट्र की सुरक्षा, संरक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करती है। हम भारत के समृद्ध समुद्री इतिहास पर भी गर्व करते हैं।'
ऑस्ट्रेलियाई दूत ने राहुल गांधी से की मुलाकात
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ हिंद-प्रशांत और दुनिया के मुद्दों पर चर्चा की। ग्रीन ने एक्स पर कहा, 'विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ एक सार्थक और विचारशील आदान-प्रदान हुआ। भारत, ऑस्ट्रेलिया, हिंद-प्रशांत और दुनिया। इस महत्वपूर्ण द्विपक्षीय साझेदारी को बनाने और गहरा करने के लिए बहुत कुछ चर्चा की जानी है।'
गलत एंजियोप्लास्टी: गुजरात के आरोपी अस्पताल का निदेशक गिरफ्तार
गुजरात के एक निजी अस्पताल में पिछले महीने गलत एंजियोप्लास्टी प्रक्रिया के बाद दो पीएमजेएवाई लाभार्थियों की मौत के सिलसिले में संस्थान के एक निदेशक को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नई गिरफ्तारी के साथ अब तक इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है जिनमें अहमदाबाद स्थित एक मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के सीईओ और विपणन निदेशक भी शामिल हैं।
अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक कि एक गुप्ता सूचना के आधार पर उसने गोटा क्षेत्र से बैरिएट्रिक सर्जन और अस्पताल के निदेशकों में से एक डॉ. संजय पटोलिया को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि बैरिएट्रिक्स विभाग में पूर्णकालिक चिकित्सक डॉ. पटोलिया ने अस्पताल के चेयरमैन कार्तिक पटेल और विपणन निदेशक चिराग राजपूत सहित अन्य प्रमुख आरोपियों के साथ मिलकर मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल की शुरुआत की थी।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के सात उत्पादों को जीआई टैग मिला
पोर्ट ब्लेयर के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पहली बार अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के सात उत्पादों को एक साथ भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग मिला है। ये उत्पाद हैं होदी (एक आउटरिगर डोंगी), निकोबारी चटाई (चतराई-हिलेउई), निकोबारी हट (चनवी पाटी - न्यी हुपुल), पडौक वुड क्राफ्ट, अंडमान और निकोबार नारियल, निकोबारी तवी-ए-नगैच (वर्जिन नारियल तेल), और अंडमान करेन मूसली चावल।
इस प्रक्रिया को सुगम बनाने वाले राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने लेफ्टिनेंट गवर्नर एडमिरल डी के जोशी (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व वाले द्वीप प्रशासन को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में नाबार्ड की महाप्रबंधक अर्चना सिंह ने कहा कि यह मील का पत्थर द्वीप के आदिवासी समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उनके अनूठे उत्पादों को संरक्षित करने के लिए बैंक के समर्पण को दर्शाता है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ये जीआई टैग न केवल निकोबारी और करेन समुदायों की विरासत का जश्न मनाते हैं, बल्कि बौद्धिक संपदा संरक्षण भी प्रदान करते हैं, जिससे भविष्य की पीढ़ियों के लिए इन उत्पादों का संरक्षण सुनिश्चित होता है। आदिवासी विकास सहकारी समिति लिमिटेड, सहारा महिला विपणन सहकारी समिति लिमिटेड, आदिवासी विकास परिषद और सहभागिता प्रशिक्षण एवं शिक्षण केंद्र सहित कई स्थानीय संगठनों ने जीआई टैग हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एक अधिकारी ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पद्म श्री रजनी कांत के मार्गदर्शन में एनजीओ ह्यूमन वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा समन्वित की गई थी।
राष्ट्रपति ने आयुर्वेद के अनछुए पहलुओं पर व्यापक शोध का आह्वान किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को आयुर्वेद में व्यापक शोध के महत्व पर जोर दिया और कहा कि इसमें कई बीमारियों के इलाज हैं। पुरी में गोपबंधु आयुर्वेद कॉलेज के 75वें स्थापना दिवस समारोह में बोलते हुए उन्होंने योग, प्रकृति और रोग मुक्त जीवन के बीच संबंध पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "शोध किसी भी पद्धति के वैज्ञानिक आधार को साबित कर सकता है। साक्ष्य से विश्वास बढ़ता है, जिससे व्यापक स्वीकृति मिलती है।" उन्होंने आयुर्वेद के छात्रों को न केवल रोगियों के इलाज पर बल्कि शोध करने पर भी ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय के छात्र डॉक्टर के रूप में सेवा करने के अलावा आयुर्वेद के अनछुए पहलुओं पर शोध करेंगे। उन्होंने कहा कि शोध से इस प्राचीन चिकित्सा पद्धति की प्रामाणिकता स्थापित होगी और दुनिया भर में इसकी मान्यता बढ़ेगी। राष्ट्रपति ने कुछ बीमारियों के लिए हर्बल उपचार के बारे में आदिवासी बुजुर्गों के ज्ञान को भी स्वीकार किया और चिंता व्यक्त की कि यह पारंपरिक ज्ञान धीरे-धीरे लुप्त हो रहा है।
गृह मंत्री से मिला केरल के सांसदों का प्रतिनिधिमंडल
कांग्रेस की वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में केरल के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। उन्होंने केंद्र से वायनाड में भूस्खलन से प्रभावित लोगों के लिए वित्तीय सहायता जारी करने का आग्रह किया।
स्मार्ट शहरों की तर्ज पर स्मार्ट गांव बनाए जाने चाहिए- गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को स्मार्ट शहरों की तर्ज पर स्मार्ट गांव बनाने की वकालत की। केंद्रीय मंत्री ने स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के 42वें दीक्षांत समारोह में कहा, हम स्मार्ट शहर बना रहे हैं... हम इस बारे में क्यों नहीं सोच रहे हैं कि हमें स्मार्ट गांव कैसे बनाने चाहिए।' उन्होंने कहा, यह बात मेरे दिमाग में है। मैं भी एक स्मार्ट गांव बना रहा हूं। 1,000 वर्ग फीट का प्लॉट, पांच लाख रुपये में 500 वर्ग फीट का घर... और पूरी जिंदगी बिजली और पानी मुफ्त।
नितिन गडकरी ने कहा कि ज्ञान बहुत महत्वपूर्ण है और ज्ञान को संपत्ति में बदलना देश का भविष्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षित जनशक्ति भारत को 5,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर बनाने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण में प्रमुख भूमिका निभाएगी। मंत्री ने कहा कि हमें पारिस्थितिकी और पर्यावरण की रक्षा करनी है, लेकिन हमें देश में विकास भी करना है। इसलिए दोनों के बीच समन्वय होना चाहिए।
दिल्ली में प्रदूषण के कारणों में पराली जलाना, वाहनों से निकलने वाला धुआं भी शामिल- लीना नंदन
केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को सांसदों को बताया कि पंजाब और हरियाणा में पराली जलाना दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के मुख्य कारणों में से एक है और किसानों को धान के अवशेषों का उपयोग पशु चारे और औद्योगिक उद्देश्यों के लिए करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की सचिव लीना नंदन ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन पर संसदीय स्थायी समिति के समक्ष दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर एक प्रस्तुति देते हुए वायु और जल प्रदूषण को कम करने के लिए सांसदों से सुझाव भी लिए।
सूत्रों ने बताया कि उन्होंने सांसदों को बताया कि सरकार बासमती चावल के उपयोग को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है, जिसके अवशेषों का उपयोग पशु चारे के लिए किया जाता है, इसके अलावा धान के अवशेषों का उपयोग औद्योगिक उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
उन्होंने वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन को भी वायु प्रदूषण का एक अन्य कारण बताया और कहा कि सरकार राष्ट्रीय राजधानी में ई-वाहनों को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास निर्माण गतिविधियों को भी प्रदूषण का कारण बताया गया और सचिव ने कहा कि इसे नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि सचिव ने समिति को बताया कि इस बार दिल्ली में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहा।