फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Update: NEP पर सोनिया गांधी का आक्रामक पत्र; भारत दौरे पर नीदरलैंड के विदेश मंत्री, जयशंकर-NSA से होगी मुलाकात

Mon, 31 Mar 2025 11:54 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की शिक्षा नीति की सोमवार को निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार का मुख्य एजेंडा तीन ‘सी’ यानी सत्ता का केंद्रीकरण, शिक्षा का व्यवसायीकरण और पाठ्यपुस्तकों का सांप्रदायीकरण है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष ने एक लेख में कहा कि ये तीन ‘सी’ आज भारतीय शिक्षा को परेशान कर रहे हैं और भारत की सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली की ‘हत्या’ बंद होनी ही चाहिए। सोनिया ने एक समाचार पत्र में प्रकाशित लेख ‘द ‘3सी’ दैट हॉन्ट इंडियन एजुकेशन टुडे’ यानी भारतीय शिक्षा के लिए आज चिंता का विषय तीन ‘सी’ में कहा कि हाई-प्रोफाइल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की शुरुआत ने एक ऐसी सरकार की वास्तविकता को छिपा दिया है, जो भारत के बच्चों और युवाओं की शिक्षा के प्रति बेहद उदासीन है। सोनिया ने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्ष में इस सरकार के कामकाज की पहचान ‘अनियंत्रित केंद्रीकरण’ रही है, लेकिन इसके सबसे हानिकारक परिणाम शिक्षा के क्षेत्र में हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड (सीएबीई), जिसमें केंद्र और राज्य दोनों सरकारों के शिक्षा मंत्री शामिल हैं, की बैठक सितंबर 2019 से नहीं बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि एनईपी 2020 के माध्यम से शिक्षा में बड़े बदलाव करने और इसे लागू करते समय भी सरकार ने इन नीतियों के कार्यान्वयन पर राज्य सरकारों से एक बार भी परामर्श करना उचित नहीं समझा। यह, सरकार के इस एकल संकल्प का प्रमाण है कि वह भारतीय संविधान की समवर्ती सूची में शामिल विषय पर भी अपनी आवाज के अलावा किसी और की आवाज नहीं सुनती।

विज्ञापन

भारत पहुंचे नीदरलैंड के विदेश मंत्री, विदेश मंत्री जयशंकर और NSA डोभाल से मुलाकात करेंगे

नीदरलैंड के विदेश मंत्री कैस्पर वेल्डकैंप सोमवार को भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर दिल्ली पहुंचे। वे विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल से मिलेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया ट्वीट में लिखा, हम वेल्डकैंप का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। उनकी यात्रा दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करेगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में वेल्डकैंप का स्वागत किया और कहा कि वे उनके साथ बातचीत को लेकर उत्सुक हैं। वेल्डकैंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह भारत आने और जयशंकर तथा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण है।

ओडिशा : छात्र की हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थिति में मौत, जांच शुरू
ओडिशा के उत्कल विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव रविवार सुबह हॉस्टल परिसर में खून से लथपथ पड़ा मिला। पुलिस ने बताया कि तपस रंजन नायक दर्शनशास्त्र विभाग में द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसके हॉस्टल की छत से दुर्घटनावश गिरने का संदेह है। एक अधिकारी ने बताया कि सूचना के बाद शहीद नगर थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए कैपिटल अस्पताल भेजा गया। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।  

गुजरात : सुरेंद्रनगर में 25 हथियार जब्त, 21 आरोपी हिरासत में
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में पुलिस ने 25 हथियार जब्त कर 21 लोगों को हिरासत में लिया है। जांच में पता चला कि इन 21 लोगों ने गुजरात, हरियाणा, नगालैंड, मणिपुर के एजेंटों के जरिये फर्जी दस्तावेज से लाइसेंस हासिल किए और इनका इस्तेमाल कर हथियार खरीदे। इन लाइसेंसों के जरिये 17 लोगों ने 5 पिस्तौल, 12 रिवॉल्वर और 8  राइफल खरीदीं। आठ लोगों के पास दो-दो हथियार थे।  

भारतीयों को डेस्टिनेशन वेडिंग व कॉर्पोरेट कार्यक्रमों के लिए लुभा रहा ओमान
खाड़ी देश ओमान भारतीयों को डेस्टिनेशन वेडिंग और कॉर्पोरेट आयोजनों के लिए लुभा रहा है। ओमान पर्यटन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनका देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से ध्यान केंद्रित कर रहा है।

भारत में ओमान पर्यटन के कंट्री मैनेजर अर्जुन चड्ढा ने कहा कि रणनीति बैठकों, प्रोत्साहनों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियां (एमआईसीई) क्षेत्र पर केंद्रित है, जहां कई भारतीय ग्राहक पहले से ही ओमान को एक विकल्प के रूप में पहचान रहे हैं। इसका उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में भागीदारी को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाना और ग्राहक वर्ग तैयार करना है, जो ओमान में नियमित रूप से इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करता हो।

ओमान लगातार भारत में अपने विविध पर्यटन प्रस्तावों को बढ़ावा दे रहा है। वर्ष 2023 में छह लाख भारतीय ओमान घूमने गए थे। पिछले साल सितंबर में ओमान दूतावास ने ओमान की यात्रा अभियान शुरू किया था, जिसका उद्देश्य भारतीय पर्यटकों की आमद को बढ़ाकर सात लाख करना था।  

आर्थिक तंगी : सोने के व्यापारी ने परिवार के चार सदस्यों के साथ जान दी
श्री सत्य साई जिले के मडकसिरा में रविवार को एक परिवार के चार सदस्य अपने घर में मृत पाए गए। पुलिस का मानना है कि वित्तीय संकट और पारिवारिक विवादों के कारण इस परिवार ने आत्महत्या की हो सकती है।

मृतकों की पहचान कृष्ण चारी, उनकी पत्नी सरला और उनके दो बेटों के रूप में हुई है। कृष्ण चारी गांधी बाजार क्षेत्र में सोने की दुकान चलाते थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार ने सायनाइड निगलकर जान दी। यह उन्हें सुनार के काम के कारण आसानी से उपलब्ध था। चारी तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और कर्ज में डूबे थे। बताया जाता है कि वे अपने भाइयों की आर्थिक सफलता से उनसे ईर्ष्या करते थे। उनके पिता ने सबसे पहले शवों को देखा। पुलिस ने मौके से सायनाइड की बोतल बरामद की है। माना जा रहा है कि परिवार ने शनिवार रात को जहर खाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चारी के टूटे हुए मोबाइल फोन की जांच शुरू की है।  

फिल्म एम्पुरान विवाद पर मोहनलाल ने खेद जताया विवादित अंश हटाएंगे
मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म एल2 : एम्पुरान को लेकर चल रहे विवाद पर खेद व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि फिल्म से विवादास्पद अंशों को जल्द ही हटा दिया जाएगा।

संघ परिवार ने फिल्म के कुछ अंश को लेकर तीखी आलोचना की है। अभिनेता ने रविवार को अपने सोशल मीडिया पर कहा कि एक कलाकार के तौर पर यह सुनिश्चित करना मेरा कर्तव्य है कि मेरी कोई भी फिल्म किसी राजनीतिक आंदोलन, विचारधारा या धार्मिक समुदाय के प्रति नफरत को बढ़ावा न दे। मुझे पता चला है कि लूसिफर फैंचाइज के दूसरे भाग एम्पुरान में दिखाए गए कुछ राजनीतिक और सामाजिक विषयों ने मेरे चाहने वालों को बहुत परेशान किया है। पिछले चार दशकों से लोगों के बीच रहकर अपना फिल्मी जीवन जी रहा हूं। आपका प्यार और विश्वास ही मेरी एकमात्र ताकत है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि इससे परे कोई मोहनलाल नहीं है। 

प्रियंका गांधी का काफिला रोकने पर यूट्यूबर गिरफ्तार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के काफिले को रोकने के आरोप में एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना के सिलसिले में एलानाडू निवासी अनीश अब्राहम को हिरासत में लिया और बाद में उसे थाने से जमानत पर रिहा कर दिया। उसकी कार भी जब्त कर ली गई है। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे मन्नुथी बाईपास जंक्शन पर जब प्रियंका गांधी अपने निर्वाचन क्षेत्र और मलप्पुरम जिले में कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वंदूर, मलप्पुरम से कोच्चि हवाई अड्डा जा रही थीं। आरोपी ने वायनाड के सांसद के पायलट वाहन के हॉर्न बजाने से नाराज होकर अपनी कार काफिले के सामने रोक दी। पुलिस दल ने जब उसे नाके को हटाने का प्रयास किया तो झड़प हो गई। पुलिस ने उसके खिलाफ जानबूझकर काफिले में घुसने, लोगों की जान खतरे में डालने और पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करने का मामला दर्ज किया है।

असम के पूर्व मंत्री की बेटी ने की खुदकुशी
असम के पूर्व गृह मंत्री दिवंगत भृगु कुमार फुकन की बेटी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि उपासना फुकन (28) ने रविवार को गुवाहाटी के खारघुली इलाके में अपने घर की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। उसे तुरंत गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि जांच में पता चला है कि वह लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थी और उसका इलाज चल रहा था। उसने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। रविवार को जब उसकी मां घरेलू काम में व्यस्त थी, तो उसने घर की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घर में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पूर्व मंत्री भृगु कुमार फुकन का 2006 में निधन हो गया था। असम के कृषि मंत्री और एजीपी अध्यक्ष अतुल बोरा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मैं असम आंदोलन के एक प्रमुख नेता, वरिष्ठ एजीपी नेता और असम के पूर्व गृह मंत्री स्वर्गीय भृगु कुमार फुकन की बेटी उपासना फुकन के असामयिक और दुर्भाग्यपूर्ण निधन से बहुत दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और ईश्वर से उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ओम शांति!

पत्रकार की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सांसद गोगोई का PM को पत्र
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने असम में एक पत्रकार की गिरफ्तारी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। गोगोई ने असम सरकार पर पुलिस के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की है। वरिष्ठ पत्रकार दिलवर हुसैन मजूमदार को असम पुलिस ने मंगलवार आधी रात को तब गिरफ्तार किया था, जब वह सरकारी बैंक में वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को कवर कर रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह भी पत्रकर दिलवर को गिरफ्तार किया गया था, हालांकि दोनों ही मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है।

हिंसक झड़प में 4 लोग घायल, नगालैंड के उपमुख्यमंत्री ने शांति की अपील की
नगालैंड के दो सीमावर्ती जिलों के ग्रामीणों के बीच झड़प में कम से कम चार लोग घायल हो गए। उपमुख्यमंत्री यानथुंगा पैटन ने सोमवार को बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने किफिरे और मेलुरी जिलों के लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। पैटन गृह विभाग का भी प्रभार संभाल रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, किफिरे और मेलुरी जिलों के कुछ गांवों में हिंसा की खबरें विचलित करने वाली हैं। ऐसी घटनाओं से शांति बाधित होती है और समुदायों को एकजुट रखने वाले बंधन कमजोर होते हैं। झड़प कब हुई ये बताए बिना पैटन ने कहा, वे सभी पक्षों से शांति बनाए रखने और सद्भाव बहाल करने के प्रयास करने की अपील करते हैं। उन्होंने कहा, संघर्ष की स्थिति में हमेशा संवाद और समझ की जीत होनी चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिंसा के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पैटन ने कहा, सरकार पहले ही दो जिला उपायुक्तों - किफिर और मेलुरी को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।

पति की हत्या की आरोपी महिला को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत
सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा के एक आपराधिक मामले में हत्यारोपी महिला को जमानत दे दी है। अपने पति की हत्या की आरोपी इस महिला को जस्टिस सूर्यकांत और एन कोटिश्वर सिंह की खंडपीठ से जमानत मिली। मृतक का शव ओडिशा के खुर्दा जिले के जंगल में ट्रॉली बैग में बरामद हुआ था। जमानत पर रिहाई का आदेश देते हुए खंडपीठ ने कहा कि 23 जनवरी, 2023 को गिरफ्तार की गई महिला दो साल से अधिक समय हिरासत में बिता चुकी है। उसका एक बच्चा है जिसे माता-पिता की देखभाल की आवश्यकता है। याचिकाकर्ता गवाहों को प्रभावित करने की स्थिति में नहीं है और उसे अपने नाबालिग बच्चे की देखभाल करनी है, इसलिए महिला को रिहा किया जाएगा। पीठ ने इस बात को भी रेखांकित किया कि 37 गवाहों में से 15 का परीक्षण हुआ है और मुकदमे के निपटारे में अभी लंबा समय लगेगा। महिला को जमानत देने के साथ ही पीठ ने स्पष्ट किया कि मुकदमे के इस चरण में आरोपों के गुण-दोष पर कोई राय नहीं दे रही है।

अहमदाबाद में कार नहर में गिरी; तीन लोगों की मौत, 2 सुरक्षित बचे
गुजरात के अहमदाबाद जिले में एक कार के नहर में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। साणंद कस्बे के पास हुए इस हादसे के बारे में साणंद जीआईडीसी पुलिस थाने के निरीक्षक जेआर जाला ने बताया कि हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे विरोचननगर गांव के बाहरी इलाके में हुआ। कार में सवार लोग गांधीनगर जिले में अपने पैतृक गांव जुंडल लौट रहे थे। नहर में गिरने के बाद कार में पीछे की सीट पर बैठे कनुभाई देसाई, दर्शन देसाई और विशाल देसाई डूब गए। ड्राइवर और आगे की सीट पर बैठा एक अन्य व्यक्ति समय रहते बाहर निकल आए, और नहर के किनारे पहुंच गए। पांचों लोग विरोचननगर के एक मंदिर में प्रार्थना करने आए थे। हादसे का कारण मुश्किल मोड़ पर ड्राइवर का नियंत्रण खोना रहा। 

पांडुलिपि चित्रों को पाठ में बदलने की पहल, संसदीय पैनल ने एआई-आधारित प्लेटफॉर्म बनाने की सिफारिश की
एक संसदीय पैनल ने एआई-आधारित प्लेटफॉर्म बनाने की सिफारिश की है। इसका मकसद पांडुलिपि चित्रों को पाठ में बदलने और इसका प्रमुख भारतीय भाषाओं में अनंतिम अनुवाद उपलब्ध कराना है। परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी स्थायी समिति ने अपनी रिपोर्ट में यह भी सुझाव दिया है कि संस्कृति मंत्रालय जमीनी स्तर के कर्मियों को पांडुलिपि मित्र के रूप में सशक्त बना सकता है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया जा सकता है। मौजूदा डिजिटलीकरण प्रयासों के आधार पर, पैनल ने पांडुलिपियों के संरक्षण और दस्तावेज़ीकरण के लिए एक व्यापक डिजिटल तरीका विकसित करने की सिफारिश भी की है।

बीआरएस नेता केटीआर ने कांग्रेस और राहुल गांधी से पूछे तीखे सवाल
हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी भूमि विवाद मामले में तेलंगाना विधानसभा की मुख्य विपक्षी पार्टी- बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने कहा, "राहुल गांधी ने मुंबई में आरे और छत्तीसगढ़ में हसदेव वनों के विनाश के खिलाफ आवाज उठाई थी। राहुल पहले भी दो बार यूनिवर्सिटी का दौरा कर चुके हैं। फिर भी आज, जब उनकी अपनी पार्टी की सरकार छात्रों पर अत्याचार कर रही है और पर्यावरण को नष्ट कर रही है, तो राहुल खामोश हैं। केटीआर ने पूछा कि क्या राहुल को बुलडोजर के नीचे कुचले जा रहे वन्यजीवों की चीखें सुनाई नहीं दे रही? क्या छात्रों को घसीटने और पीटने के दृश्य आप तक नहीं पहुंच रहे? केटीआर ने पूछा कि लोकतंत्र और पर्यावरण के प्रति कांग्रेस और राहुल गांधी की प्रतिबद्धता कहां है? बकौल केटीआर, यूनिवर्सिटी की छात्राओं को घसीटा गया, उनके कपड़े फाड़े गए और दो छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उनकी लोकेशन के बारे में कोई जानकारी नहीं है। सरकार को तुरंत उनके ठिकाने का खुलासा करना चाहिए। बीआरएस प्रमुख केटीआर ने कहा, संसद, राज्यसभा और दूसरी सार्वजनिक जगहों पर भी बीआरएस इस मुद्दे को उठाएगी, ताकि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और उनकी सरकार की जवाबदेही तय की जा सके।

मूल्य निर्धारण समझौते पर CBDT ने दी जानकारी, इस साल रिकॉर्ड 174 APA
CBDT के प्रवक्ता ने बताया है कि केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने वित्त वर्ष 2024-25 में भारतीय करदाताओं के साथ रिकॉर्ड 174 अग्रिम मूल्य निर्धारण समझौते (APA) किए हैं। इनमें एकतरफा मूल्य निर्धारण समझौते (UAPA), द्विपक्षीय मूल्य निर्धारण समझौते (BAPA) और बहुपक्षीय मूल्य निर्धारण समझौते (MAPA) शामिल हैं। कार्यक्रम की शुरुआत से अब तक APA की कुल संख्या 815 तक पहुंच गई है। एक वित्तीय वर्ष में सबसे अधिक मूल्य निर्धारण समझौते इसी साल हुए हैं। 
विज्ञापन

तमिलनाडु में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को गोली मारी
हत्या के सिलसिले में वांछित 29 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर को तमिलनाडु पुलिस ने मदुरै में गोली मार दी। मृतक की पहचान वी. सुभाष चंद्र बोस के रूप में हुई है। मदुरै सिटी पुलिस कमिश्नर जे. लोगनाथन ने बताया कि पुलिस को सुभाष के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने पहले पेरुंगुडी के पास उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की, लेकिन वह उन्हें चकमा देकर भाग गया। पुलिस ने बाद में उसका पीछा किया और एक बार फिर उसे पकड़ने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि सुभाष ने दो पुलिसकर्मियों पर दरांती से हमला किया। उसने एक पुलिस निरीक्षक पर देसी पिस्तौल से गोली भी चलाई। पुलिस ने 'आत्मरक्षा' में जवाबी फायरिंग की। पैर पर निशाना साधा  गया लेकिन वह नीचे झुका जिसके कारण गोली छाती में जा लगी। लोगनाथन ने बताया उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल और बाद में सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें