बांग्लादेश से खरीदे गए नकली भारतीय नोटों को प्रसारित करने के मामले में एक व्यक्ति को बंगलूरू की विशेष अदालत ने छह साल कैद की सजा सुनाई। एनआईए की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पश्चिम बंगाल के मूल निवासी सरीफुल इस्लाम उर्फ सरीफुल्ला उर्फ शरीफुद्दीन पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। 2018 के मामले में दोषी ठहराए जाने वाला सातवां आरोपी है। एनआईए जांच में पता चला कि आरोपियों ने छह अन्य लोगों के साथ मिलकर बांग्लादेश सीमा से भारत के विभिन्न हिस्सों में 82,000 रुपये मूल्य के 41 जाली भारतीय मुद्रा नोटों की तस्करी की साजिश रची थी। सरीफुल इस्लाम ने पश्चिम बंगाल से नकली नोट लाने और देशभर में उसका परिचालन करने के लिए सह-आरोपियों से बात करने के लिए धोखे से एक सिम कार्ड हासिल किया था। जांच में आरोपियों की ओर से कई ऐसे लेन-देन का पता चला है, जिन्होंने पहले पश्चिम बंगाल में मुख्य दोषी दलिम मिया को 10.3 लाख रुपये के फर्जी नोट दिए थे। साजिश का उद्देश्य भारत की मौद्रिक स्थिति और आर्थिक सुरक्षा को अस्थिर करना था। एनआईए ने अब तक इस मामले में दो आरोपपत्र दाखिल किए हैं। दो बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ जांच चल रही है।
केरल में पहली बार पति के बाद पत्नी बनेंगी मुख्य सचिव
केरल के इतिहास में पहली बार पति के रिटायर होने के बाद पत्नी मुख्य सचिव बनेंगी। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शुक्रवार को निवर्तमान मुख्य सचिव वी वेणु के विदाई समारोह के दौरान इस बारे में जानकार दी। वेणु 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होंगे। वेणु की जगह उनकी पत्नी शारदा मुरलीधरन मुख्य सचिव बनेंगी, जो वर्तमान में अतिरिक्त मुख्य सचिव का पद संभाल रही हैं। सीएम ने राज्य में कई ऐसे उदाहरणों का जिक्र किया, जहां दंपतियों ने कलेक्टर का कार्यभार एक से दूसरे को सौंपा हो।
पीएच असाध्य रोगों की सूची में शामिल; इलाज में 50 लाख तक की मिलेगी सहायता
केंद्र सरकार ने असाध्य रोगों की सूची में प्राथमिक हाइपरऑक्सालुरिया (पीएच) को भी शामिल किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को दिल्ली एम्स समेत देश के 12 संस्थानों को जारी आदेश में कहा है कि पीएच से ग्रस्त मरीजों को राष्ट्रीय दुर्लभ रोग नीति के तहत 50 लाख तक की सहायता की जाएगी। यह सहायता प्रत्यारोपण के लिए सीधे चिकित्सा संस्थान को उपलब्ध कराई जाएगी। पीएच एक दुर्लभ आनुवंशिक विकार है, जो शरीर में बहुत अधिक ऑक्सालेट का उत्पादन के कारण बनता है। इसकी वजह से गुर्दे और मूत्राशय में बार-बार पथरी बनती है, जिससे गुर्दे को नुकसान पहुंच सकता है और गुर्दे की विफलता हो सकती है।
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए नया पेंशन आवेदन फॉर्म जारी
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को केंद्र सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए एक नया सरलीकृत पेंशन आवेदन पत्र 6 ए जारी किया। इस नये फॉर्म में कुल नौ फॉर्म को मिलाया गया है। यह फॉर्म भविष्य/ई-एचआरएमएस (ऑनलाइन माड्यूल) में केंद्र सरकार के उन सभी कर्मचारियों के लिए उपलब्ध होगा, जो दिसंबर 2024 और उसके बाद सेवानिवृत्त होने वाले हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरलीकृत फॉर्म नागरिकों और पेंशनभोगियों के जीवन में आसानी सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार का एक और कदम है।
पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने वाले एयर मार्शल डेंजिल का निधन
भारत-पाकिस्तान के बीच 1965 के युद्ध में दुश्मन देश के एफ-86 सेबर जेट को मार गिराने वाले एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डेंजिल कीलोर का 90 वर्ष की आयु में गुरुग्राम में निधन हो गया। वे भारतीय वायुसेना के सम्मानित अधिकारी थे। उन्हें एक जांबाज पायलट के रूप में याद किया जाता है। उनके वीरतापूर्ण कार्यों के लिए उन्हें युद्ध के समय के तीसरे सबसे बड़े वीरता पुरस्कार वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
नमक व चीनी में माइक्रोप्लास्टिक की मौजूदगी पर एनजीटी ने मांगा जवाब
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने देश में सभी नमक और चीनी ब्रांडों में माइक्रोप्लास्टिक की मौजूदगी को लेकर भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) और अन्य से जवाब मांगा है। एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की पीठ ने गत दिनों मीडिया में आई रिपोर्ट्स का स्वतः संज्ञान लेते हुए इस संबंध में आदेश पारित किया।
आंध्र प्रदेश के गोदाम में हादसा, पांच घायल
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में श्रवण शिपिंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम से कंटेनर में लोडिंग करते समय एक रासायनिक पाउडर बैग अचानक फट गया। हादसे में तीन महिलाओं सहित पांच श्रमिकों को चोटें आई। विशाखापत्तनम के पुलिस आयुक्त शंका ब्रता बागची ने बताया कि सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार श्रमिकों की हालत स्थिर है। गंभीर हालत में एक शख्स को सिम्हागिरी अस्पताल गजुवाका के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. प्रणब मुखर्जी की पुण्यतिथि, गृह मंत्री ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. प्रणब मुखर्जी को उनकी पुण्यतिथि पर याद किया है। अमित शाह ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि 'भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. प्रणब मुखर्जी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। एक राजनीतिक दिग्गज, विद्वान और एक बेहतरीन प्रशासक, मुखर्जी जी की जीवन यात्रा पश्चिम बंगाल के एक साधारण गांव से निकलकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंची, जिन्होंने हर तरह से शासन को मजबूती दी। उनका योगदान राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।'
पूर्व पुलिस महानिरीक्षक को मद्रास हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत
मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने मूर्ति शाखा सीआईडी के सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक पोन मणिकावेल को सीबीआई द्वारा उनके खिलाफ दायर एक मामले में अग्रिम जमानत दे दी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, मणिकावेल पर मूर्ति चोरी के एक मामले में पूर्व डीएसपी कादर बाचा को गलत तरीके से फंसाने का आरोप था, जिसके कारण बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बाचा ने उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर आरोप लगाया कि मणिकावेल ने उन्हें मामले में गलत तरीके से फंसाया है। मणिकावेल के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद, अदालत ने आरोपों की जांच के आदेश दिए।'
ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से हिरासत में लिए गए घाना के तीन नागरिक
ओडिशा के पारादीप बंदरगाह के अधिकारियों ने कोयले से लदे मालवाहक जहाज पर छिपने का प्रयास करने के आरोप में घाना के तीन नागरिकों को हिरासत में लिया। फिलहाल ये तीनों सीआईएसएफ की हिरासत में है। तीनों को तब पकड़ा गया जब जहाज एमवी ग्रेट शेंग वेन शुक्रवार को पारादीप बंदरगाह के एक प्रतिबंधित क्षेत्र में रुका था। उन तीनों का नाम जहाज के चालक दल के सदस्यों की लिस्ट में शामिल नहीं था।
सीताराम येचुरी का एम्स में इलाज जारी
सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी का इलाज एम्स में चल रहा है। उन्हें निमोनिया जैसे सीने में संक्रमण के इलाज के लिए 19 अगस्त को एम्स में भर्ती किया गया था। पार्टी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। बता दें कि हाल ही में येचुरी की मोतयाबिंद की सर्जरी हुई थी।
सीपीएम ने ईपी जयराजन को एलडीएफ संयोजक पद से हटाया
केरल में सत्तारूढ़ सीपीआई(एम) ने शनिवार को बताया कि उनके अनुभवी नेता ईपी जयराजन अब एलडीएफ संयोजक का पद नहीं संभालेंगे। उनकी जगह अब टीपी रामकृष्णन लेंगे। सीपीआई (एम) के राज्य सचिव एमवी गोविंदन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान उनके द्वारा किए गए बयानों के कारण उन्हें पद से हटाया गया है।
असम के एक नदी तल से मिला मोर्टार स्मोक बम
असम पुलिस ने सोनितपुर में एक नदी तल से एक मोर्टार स्मोक बम बरामद किया। यह 1962 के भारत-चीन युद्ध के समय का माना जा रहा है। बम ढेकियाजुली इलाके में मिला। इसे सैन्य अधिकारियों की मदद से सफलतापुर्वक नष्ट कर दिया गया। सोनितपुर के पुलिस अधीक्षक बरुण पुरकायस्थ ने बताया कि दो इंच लंबे विस्फोटक जौगापुर गांव के एक व्यक्ति को मिला।
दो साल की बच्ची का यौन-शोषण करने के आरोप में एक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे में दो साल की बच्ची का अपहरण करने के मामले में शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। यह घटना कल्याण की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बच्ची को सुनसान इलाके में ले गया और उसका यौन शोषण किया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। बच्ची के माता-पिता ने पुलिस में इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
अगरतला और चटगांव के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ान जल्द शुरू होने की आशा
त्रिपुरा के परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि जल्द ही अगरतला और चटगांव के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू हो जाएगी। केंद्र सरकार ने क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत अगरतला और बांग्लादेश के चटगांव के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा को मंजूरी दी है। चौधरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गृह मंत्रालय इस बारे में विचार कर रहा है कि एमएसबी हवाई अड्डे पर एक आव्रजन केंद्र बनाया जाए। राज्य सरकार हवाई अड्डे पर आव्रजन सुविधाओं को संभालने के लिए 25 पुलिसकर्मियों को तैनात करेगी। उन्होंने कहा, हमें पूरा भरोसा है कि मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की अंतरिम सरकार दोनों स्थआनों के बीच उड़ान संपर्क पर फैसला लेगी।
गणेशोत्सव के दौरान सभी रेलवे स्टेशनों पर प्रार्थना प्रसारण की अपील
ठाणे से शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने रेल मंत्रालय से आग्रह किया है कि आगामी गणेशोत्सव के दौरान सभी रेलवे स्टेशनों पर गणेश पंचरत्न प्रार्थना प्रसारित की जाए। गणेशोत्सव सात सितंबर को शुरू होने वाला है। म्हास्के ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है।
मणिपुर: राष्ट्रीय मानवाधिकर आयोग ने भाईचारा बढ़ाने पर दिया जोर
मणिपुर विश्वविद्यालय में मानवाधिकारों पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के महासचिव भरत लाल ने कहा कि न्याय प्राप्त करने के लिए हिंसा के बजाय सांविधानिक व कानूनी प्रावधानों पर भरोसा करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मानवाधिकारों को बनाए रखना एक आंतरिक प्रतिबद्धता होनी चाहिए, न कि बाहरी रूप से लगाया गया कर्तव्य। मणिपुर विश्वविद्यालय के कोर्ट हॉल में हुए कार्यक्रम में 100 से अधिक विधि विशेषज्ञ, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं व विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। लाल ने कहा, संविधान में निहित लोगों के बीच भाईचारे को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। संविधान की आत्मा, प्रस्तावना में समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल आदर्श समाहित हैं।
मनोज पंत बंगाल सरकार के मुख्य सचिव नियुक्त
पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को वरिष्ठ नौकरशाह मनोज पंत को मुख्य सचिव नियुक्त किया। एक अधिकारी ने कहा कि यह आदेश वित्त सचिव रहे पंत को सिंचाई और जलमार्ग विभाग में स्थानांतरित किए जाने के 24 घंटे से भी कम समय बाद आया। 1991 बैच के आईएएस अधिकारी पंत, भगवती प्रसाद गोपालिका का स्थान लेंगे। गोपालिका शनिवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। प्रभात कुमार मिश्रा वित्त विभाग में पंत की जगह लेंगे। 1989 बैच के आईएएस अधिकारी गोपालिका 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले थे। उन्हें तीन महीने का विस्तार मिला था।
महाराष्ट्र: घर में मिला बुजुर्ग दंपती और बेटी का कंकाल
महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक गांव के एक घर से तीन लोगों के कंकाल के अवशेष बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि ये कंकाल बुजुर्ग दंपती और उनकी बेटी के हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को कहा कि वड़ा तहसील के नेहरोली गांव में एक घर कई दिन से अंदर से बंद पड़ा था। आसपास के लोगों ने घर से दुर्गंध आने की शिकायत पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुक्रवार को घर का दरवाजा तोड़ा। इस दौरान उन्हें दो महिलाओं के कंकाल मेहमान कक्ष और पुरुष के अवशेष बाथरूम के अंदर से बरामद किए। सभी शव पूरी तरह से सड़ चुके थे मौके पर सिर्फ कंकाल बरामद किए जा सके। इनमें से पुरुष की उम्र 70 साल, उसकी पत्नी की 65 और बेटी की उम्र 35 साल होने का अनुमान लगाया गया है। अवशेषों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
अधिकारी ने कहा, तीनों लोगों की मौत कैसे हुई, ये पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जानकारी छुपाने और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घर में बुजुर्ग दंपती और उनकी दिव्यांग बेटी रहा करती थी। उनके दो बेटे जिले के वसई में रहते हैं।
असम के तिनसुकिया में हथियार और गोलाबारूद बरामद
असम पुलिस ने तिनसुकिया जिले में हथियार और गोलाबारूद का जखीरा बरामद किया है। बरामद हथियारों में एक सबमशीन गन (एसएमजी) भी शामिल है, जिसके प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन से जुड़े होने का संदेह है। पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, तिनसुकिया में पुलिस ने एक हेकलर एंड कोच एसएमजी, 130 राउंड गोलाबारूद, 2 मैगजीन और लगभग एक किलोग्राम पीईके विस्फोटक पाउडर बरामद किया है।
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा सरकार पर बरसे
ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने पहली बार सत्ता संभाल रही भाजपा पर जमकर निशाना साथा। पूर्व सीएम पटनायक ने सांप्रदायिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने के कुछ ही समय बाद बालासोर और खुर्दा में सांप्रदायिक घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि ओडिशा शांति एवं सद्भाव के लिए जाना जाता है। राज्य की इस पहचान को हर हाल में कायम रखा जाना चाहिए। पटनायक ने दावा किया कि राज्य सरकार ने राज्यपाल रघुबर दास के बेटे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। राज्यपाल के बेटे पर जगन्नाथपुरी रथ यात्रा के दौरान एक अधिकारी पर कथित तौर पर हमला और अपमानित करने का आरोप है।