फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: लापता शिवसेना नेता का शव गुजरात के भिलाड में मिला; NHIE प्रमुख संतोष यादव का कार्यकाल दो साल बढ़ा

Fri, 31 Jan 2025 12:15 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के पालघर जिले के दहानू से 20 जनवरी को लापता हुए शिवसेना नेता अशोक ढोडी का शव शुक्रवार को गुजरात के वलसाड जिले के भिलाड में एक लावारिस कार में मिला। पुलिस के अनुसार, अशोक ढोडी 20 जनवरी से लापता थे, जिसके बाद उनके परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी। 

विज्ञापन


अधिकारियों ने दी जानकारी
मामले में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि शव कार में बंद खदान में पाया गया। पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

मृतक के बेटे ने हत्यारों के लिए मांगी मौत की सजा
मृतक के बेटे आकाश ढोडी ने हत्यारों के लिए मौत की सजा की मांग की है और उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की भी अपील की है, जो अपने कर्तव्य में विफल रहे। आकाश और उसकी मां ने गुरुवार को मृतक के भाई पर आरोप लगाया था कि उसने लापता होने में कोई भूमिका निभाई है। मृतक की पत्नी ने भी कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही थी और मृतक के भाई पर शराब माफिया से जुड़ा होने का आरोप लगाया।
विज्ञापन


साथ ही आकाश ने आरोप लगाया था कि उनके पिता ने शराब से जुड़ी अवैध गतिविधियों के बारे में कई बार शिकायत की थी और मुख्य आरोपी के खिलाफ गुजरात में पहले भी मामले दर्ज हैं। इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दहानू कोर्ट ने उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

एनएचएआई प्रमुख संतोष यादव का कार्यकाल दो साल बढ़ा
केंद्र ने शुक्रवार को एनएचएआई प्रमुख संतोष कुमार यादव का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ा दिया। उत्तर प्रदेश कैडर के 1995 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी यादव को दिसंबर 2022 में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने एनएचएआई के अध्यक्ष के रूप में यादव के कार्यकाल को 17 फरवरी, 2025 से आगे दो साल की अवधि के लिए यानी 17 फरवरी, 2027 तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी है।

पं. बंगाल में टीएमसी नेता की गोली मारकर हत्या
प. बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में अज्ञात हमलावरों ने शुक्रवार दोपहर तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय कार्यकर्ता संतोष यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के वक्त संतोष यादव गौरीपुर इलाके से गुजर रहे थे। गोलीबारी की शुरुआत के दौरान वह एक हमलावर से रिवॉल्वर छीनने में कामयाब रहे। इसके बाद अन्य बदमाशों ने उस पर चार गोलियां बरसा दीं। एक गोली उसके सिर में लगी। साथ ही मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यादव को नैहाटी स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जांच चल रही है और दोषियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

राजाराम स्वामीनाथ ने संभाला सीडब्ल्यूपीएंडए का पदभार
वाइस एडमिरल राजाराम स्वामीनाथन ने गुरुवार को युद्धपोत उत्पादन और अधिग्रहण नियंत्रक (सीडब्ल्यूपीएंडए) का पदभार संभाला। बता दें कि स्वामीनाथन 1987 में भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त करने के बाद से कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं, जिनमें नौसेना परियोजनाओं के महानिदेशक, मुंबई में नौसेना डॉकयार्ड के एडमिरल अधीक्षक, और नौसेना मुख्यालय, दिल्ली में एसीओएम (डीएंडआर) और एसीओएम (मॉड) शामिल हैं।

अमेरिका विमान हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख
अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी हवाई अड्डे के पास हुए विमान हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि वाशिंगटन डीसी में हुई दुखद टक्कर में लोगों की जान जाने से हम बहुत दुखी हैं। पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। हम संयुक्त राज्य अमेरिका के लोगों के साथ एकजुटता में खड़े हैं। अमेरिकी विमान हादसे में 67 लोगों की मौत हो गई है। इसे 25 साल में सबसे घातक हवाई दुर्घटना माना जा रहा है। 

कोच्चि में अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशी पकड़े
केरल के कोच्चि में अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशियों को पुलिस ने पकड़ा है। एर्नाकुलम ग्रामीण पुलिस और आतंकवाद विरोधी दस्ते की ओर से चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान उत्तरी पारावुर क्षेत्र से बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया। बांग्लादेशी नागरिक पश्चिम बंगाल से आए प्रवासी मजदूरों के रूप  में अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि पूछताछ की जा रही है।

कर्नाटक मंत्रिमंडल ने 5000 करोड़ की जल सुरक्षा परियोजना को दी मंजूरी
कर्नाटक मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को विश्व बैंक से सहायता प्राप्त कर्नाटक जल सुरक्षा एवं आपदा सुरक्षा कार्यक्रम (केडब्ल्यूएसआरडीपी) को लागू करने की मंजूरी दे दी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 5,000 करोड़ रुपये है। विश्व बैंक इस परियोजना के लिए 3,500 करोड़ रुपये का ऋण देगा। भारत सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग की मंजूरी मिलने और विश्व बैंक के साथ ऋण समझौते पर हस्ताक्षर के बाद इस पर काम शुरू किया जाएगा। मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि राजस्व विभाग (आपदा प्रबंधन) केडब्ल्यूएसडीआरपी को लागू करेगा। सरकार ने वित्त विभाग को भी निर्देश दिया है कि वह भारत सरकार की मंजूरी मिलने तक ऋण की शर्तों और मुद्रा पर बातचीत करे।

अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा होने के आरोप में दो लोगों को सजा
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक विशेष अदालत ने अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा होने के आरोप में मुफ्ती सुलेमान अली और इमरान हुसैन उर्फ इमरान हुसैन को सजा सुनाई है। बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों को भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कारावास और जुर्माने की सजा दी गई है। दोनों को छह महीने का साधाराण कारावास और 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यदि वे जुर्माना नहीं चुकाते हैं, तो उन्हें 14 अतिरिक्त दिनों की सजा काटनी होगी। इसके अलावा, उन्हें पहले से काटी गई अवधि (दो साल, आठ महीने और 21 दिन) के लिए कठोर कारावास की सजा भी दी गई है। यह मामला मार्च 2022 में दर्ज किया गया था। जांच एजेंसी के अनुसार, यह प्रतिबंधित अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन अल कायदा से जुड़े अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) मॉड्यूल से संबंधित है। यह मॉड्यूल असम के बारपेटा जिले में बांग्लादेशी नागरिक सैफुल इस्लाम उर्फ हारून राशिद के नेतृत्व में सक्रिय था। 

मणिपुर को तोड़ने वालों से मिले हैं कुछ नेता : सीएम बीरेन सिंह
हिंसा प्रभावित मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने आरोप लगाया कि नेताओं का एक वर्ग उन लोगों के साथ मिला हुआ है, जो राज्य को तोड़ना चाहते हैं। हालांकि, सीएम ने किसी भी पार्टी का नाम नहीं लिया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मणिपुर में जातीय हिंसा के मुद्दे पर हुई अत्यधिक राजनीति ने लोगों को भ्रमित किया, जिसके चलते राज्य में आंतरिक संघर्ष शुरू हुआ। थौबल जिले में एक कार्यक्रम के दौरान बीरेन सिंह ने कहा कि बहुत से लोग अभी भी राज्य के मौजूदा मुद्दों को नहीं समझ पा रहे हैं, जो मैतेई और कुकी समुदायों के बीच मई, 2023 में शुरू हुई हिंसा की चपेट में हैं। ब्यूरो
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का विरोध राज्य में नए प्रवासियों के खिलाफ है, जो ड्रग संबंधी गतिविधियों में लिप्त हैं। हमारा कर्तव्य यह समझना और समझना है कि असली विरोधी कौन हैं और किसने हम पर हमले किए हैं।

बेरोजगारी और महंगाई तोड़ रही कमर : चिदंबरम
केंद्रीय बजट से पहले कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को अर्थव्यवस्था की वास्तविक स्थिति 2025 रिपोर्ट जारी की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था सुस्त चाल से चल रही है। लोगों के कर्ज बढ़ रहे हैं। घरेलू बचत 47 साल में सबसे कम है। रिपोर्ट में कहा गया है कि लोगों के पास खर्च करने को पैसे नहीं है। केवल 20 से 30 फीसदी लोग ही आराम से जी रहे हैं, बाकि 70 फीसदी हर दिन केवल 100 से 150 रुपये तक ही खर्च कर पा रहे हैं। 29 फीसदी स्नातक बेरोजगार हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के शोध विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर एमवी राजीव गौड़ा और उनकी टीम ने यह रिपोर्ट तैयार की है। चिदंबरम ने यहां 24, अकबर रोड स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय में रिपोर्ट जारी की। चिदंबरम ने कहा रिपोर्ट में कई ऐसे तथ्यों का वर्णन है। जिसको सरकार ने दबा दिया है। पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि आर्थिक हालात को संभालने के लिए केंद्र सरकार कुछ नहीं कर रही है। मौजूदा समय में हालात काफी संवेदनशील है। 

फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार
झारखंड के जामताड़ा में साइबर ठगी के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के महारथी ये ठग एआई का इस्तेमाल करते थे और मैलवेयर बनाकर लोगों को इंटरनेट पर झांसा देते थे। पुलिस को इनकी वेबसाइट पर 2,700 लोगों का डाटा मिला है। इंटरनेट पर ये छद्म नाम डीके बॉस से काम करते थे।

मेघालय में केंद्र ने खनिकों संग किए 3 समझौते 10 साल बाद फिर शुरू होगा कोयला खनन
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड कोंगकल संगमा ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि केंद्र सरकार ने राज्य के तीन कोयला खनिकों के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते का उद्देश्य राज्य के कम से कम दो जिलों में वैज्ञानिक तरीके से कोयला खनन शुरू करना है। सीएम संगमा ने कहा कि इन समझौतों पर केंद्र का हस्ताक्षर करना एक अहम कदम है। राज्य सरकार कोयला खनिकों को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के प्रतिबंध से बाहर निकालने में मदद कर रही है, ताकि वे पर्यावरणीय नियमों के तहत फिर से खनन शुरू कर सकें। दरअसल, एनजीटी ने 10 साल पहले राज्य में अवैज्ञानिक रैट-होल खनन और कोयले के परिवहन पर प्रतिबंध लगा दिया था। बाद में, सुप्रीम कोर्ट ने केवल पहले से निकाले गए खुली जगहों पर रखे कोयले के परिवहन की मंजूरी दी थी।

महाकुंभ भगदड़ में बंगाल के दो और लोगों की गई थी जान 
मौनी अमावस्या के दिन उत्तर प्रदेश के महाकुंभ में मची भगदड़ में पश्चिम बंगाल के दो और लोगों की मौत होने की खबर सामने आ रही है। इससे भगदड़ में बंगाल से मरने वालों की संख्या 4 हो गई है। खबर के अनुसार मृतकों में मालदा जिले की अमिया साहा और पश्चिम बर्धमान के बिनोद रुइदास शामिल हैं। ये दोनों भी उन 30 तीर्थयात्रियों में शामिल थे, जिनकी महाकुंभ के संगम क्षेत्र में बुधवार को भगदड़ के दौरान मौत हो गई। बता दें कि गुरुवार को दो महिलाओं, बसंती पोद्दार और उर्मिला भुनिया के परिवारों ने भी दावा किया था कि मौनी अमावस्या के दौरान पवित्र स्नान के लिए भीड़ में लगी चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। 

साहा के पिता का आरोप
मामले में साहा के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को भगदड़ में गंभीर चोटें आईं और कुछ समय तक इलाज नहीं हुआ, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि जब शव वापस किया गया, तो उत्तर प्रदेश प्रशासन ने "मृत्यु प्रमाण पत्र" जारी नहीं किया, जिससे पोस्टमार्टम में देरी हुई। रुइदास के भाई ने भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने "उचित" मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया।

केरल में प्रेमी ने ले ली लड़की जान
केरल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक लड़के ने अपनी प्रेमिका के साथ यौन शोषण करने के बाद हमला किया, जिसमें लड़की की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले अपने घर पर अपने प्रेमी द्वारा यौन शोषण और क्रूरता से हमला किए जाने की शिकार 19 वर्षीय लड़की की शुक्रवार को चोटों के कारण मौत हो गई।

पोक्सो मामले की पीड़िता लड़की सोमवार को चोट्टानिकारा में अपने घर पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाई गई थी, उसे उसी दिन यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया दोपहर में उसकी मौत हो गई।

बिजली क्षेत्र के कर्मचारियों ने डिस्कॉम के निजीकरण के खिलाफ किया देशव्यापी विरोध प्रदर्शन
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ में बिजली वितरण कंपनियों के निजीकरण के खिलाफ लाखों बिजली कर्मचारियों ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन (एआईपीईएफ) के अध्यक्ष शैलेंद्र दुबे ने बताया कि करीब 27 लाख बिजली कर्मचारी शनिवार को भी अपना विरोध जारी रखेंगे। 

साथ ही मामले में दुबे ने कहा कि इन तीन राज्यों में बिजली वितरण कंपनियों का निजीकरण किया जा रहा है, जिसके खिलाफ बिजली कर्मचारी सड़कों पर उतरे। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश में सरकार पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के निजीकरण की दिशा में काम कर रही है। दुबे ने सवाल उठाया कि इन कंपनियों की अरबों रुपये की संपत्ति को किस आधार पर निजी कंपनियों को सौंपा जाएगा, जबकि ये दोनों कंपनियां अकेले उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में से 42 जिलों में सेवाएं देती हैं।

एक बार फिर त्रिपुरा मापका के सचिव चुने गए जितेंद्र चौधरी
त्रिपुरा माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) इकाई के सचिव के रूप में एक बार फिर जितेंद्र चोधरी को चुना गया है। इस बात को लेकर माकपा ने शुक्रवार को घोषणा की कि पार्टी के विधायक जितेन्द्र चौधरी को फिर से त्रिपुरा इकाई का सचिव चुना गया है। इसके साथ ही पार्टी ने 61 सदस्यों वाली राज्य समिति भी गठित की है, जिसमें छह महिलाएं भी शामिल हैं।

मापका नेता पाबित्र ने दी जानकारी
मामले में जानकारी देते हुए पार्टी के एक नेता पाबित्र कर ने बताया कि यह निर्णय त्रिपुरा के 24वें माकपा राज्य सम्मेलन में लिया गया, जो 29 जनवरी से तीन दिन तक चलने वाला था। सम्मेलन के दौरान माकपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश करात और पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने एक विशाल रैली को संबोधित किया।

जितेंद्र चौधरी ने जताया आभार
साथ ही विपक्ष के नेता और माकपा के राज्य सचिव जितेन्द्र चौधरी ने कहा कि पार्टी ने उन पर फिर से विश्वास जताया है, जिसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता पार्टी को मजबूत करना और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा करना होगा। पार्टी ने राज्य सम्मेलन की तैयारी के लिए पहले ही विभिन्न स्तरों पर आंतरिक सम्मेलन आयोजित किए थे।

रामेश्वरम में पंबन रेल पुल पर नए ड्रॉब्रिज का आंशिक उद्घाटन
तमिलनाडु के रामेश्वरम में पंबन रेल पुल पर बने नए ड्रॉब्रिज को पहली बार आंशिक रूप से खोला गया, जिससे मंडपम से भारतीय तटरक्षक के गश्ती पोत को गुजरने की अनुमति मिली। इसके बाद, रामेश्वरम एक्सप्रेस ट्रेन बिना यात्रियों के पंबन रेलवे पुल से होकर रामेश्वरम रेलवे स्टेशन तक गई। यह ट्रेन सेवा 2 साल बाद फिर से शुरू हुई, जिससे क्षेत्र के लोग खुशी से झूम उठे।
 

 

मुडा मामले के शिकायतकर्ता आरटीआई कार्यकर्ता कृष्णा चेक बाउंस में दोषी करार
 मुडा जमीन घोटाले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनकी पत्नी पार्वती के खिलाफ शिकायत करने के बाद चर्चा में आए आरटीआई कार्यकर्ता एस कृष्णा को चेक बाउंस मामले में दोषी करार दिया गया है। चेक बाउंस का यह मामला करीब 10 साल पुराना है।

तृतीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) कोर्ट ने 2015 के चेक बाउंस मामले में आरटीआई कार्यकर्ता कृष्णा को दोषी पाया है। कोर्ट ने कृष्णा को तत्काल लोन का भुगतान करने का निर्देश दिया है। ऐसा नहीं करने पर उन्हें छह महीने की जेल हो सकती है।

साल 2015 में कृष्णा ने मैसूर के रहने वाले कुमार नाम के शख्स से लोन लिया था। कर्ज चुकाने के लिए कृष्णा ने मर्चेंट्स को-ऑपरेटिव बैंक से एक चेक जारी किया। हालांकि, जब कुमार ने चेक भुनाने की कोशिश की तो वह बाउंस हो गया, जिसके बाद उन्होंने कानूनी शिकायत दर्ज कराई।

के.वी. थॉमस ने एयर इंडिया द्वारा कोच्चि-लंदन सीधी उड़ानें बंद करने के फैसले पर जताई चिंता
केरल सरकार के विशेष प्रतिनिधि के.वी. थॉमस ने शुक्रवार को एयर इंडिया द्वारा कोच्चि और लंदन के बीच सीधी उड़ानें बंद करने के फैसले पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस कदम से यात्रियों को अन्य विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ेगा, जिससे यात्रा का समय और लागत दोनों बढ़ जाएंगे। एयर इंडिया 28 मार्च से कोच्चि और लंदन के बीच की सीधी उड़ानें निलंबित कर रही है।

थॉमस ने एयरइंडिया को लिखा पत्र
थॉमस ने एयर इंडिया के सीईओ और एमडी कैंपबेल विल्सन को पत्र लिखकर इस सेवा के निलंबन को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे केरल और यूके के बीच सीधा संपर्क खत्म हो जाएगा, जो खासकर ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय प्रवासियों, विशेष रूप से केरल के लोगों के लिए यात्रा को सुविधाजनक बनाता था। साथ ही थॉमस ने एयर इंडिया से इस फैसले पर पुनर्विचार करने और सीधी उड़ान सेवा जारी रखने का अनुरोध किया। हालांकि, एयर इंडिया ने अभी तक इस निर्णय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

गुजरात में चेन स्नैचिंग के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार
गुजरात के अहमदाबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक महिला से सोने की चेन चुराने के आरोप में मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक का बेटा होने का दावा करने वाले 25 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मामले में पुलिस ने बताया कि बुधवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी प्रद्युम्न सिंह चंद्रावत के दावे की पुष्टि करने की प्रक्रिया में है। साथ ही घाटलोदिया थाने के निरीक्षक जे एस कंडोरिया ने बताया कि चंद्रावत ने 25 जनवरी को शहर के घाटलोदिया इलाके में एक बुजुर्ग से सोने की चेन छीन ली थी।

 

ईडी ने चीनी नियंत्रित लोन एप घोटाले में चार लोगों को किया गिरफ्तार 
शुक्रवार को संघीय एजेंसी ने बताया कि जांच में पाया गया कि सिंगापुर में बैठे एक व्यक्ति के निर्देशों पर चारों आरोपियों ने फर्जी लोन एप के जरिये 230.92 करोड़ रुपये एकत्र किए। इन अवैध आय को 400 से अधिक फर्जी खातों के माध्यम से प्रबंधन किया जाता था।

ईडी ने दी जानकारी
मामले में ईडी ने कहा कि बाद में आरोपियों ने इसे सिंगापुर की नियाम पीटीई लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी नियाम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (वैश्विक धन प्रेषण सुविधा कंपनी) के जरिये सिंगापुर स्थानांतरित कर दिया।

गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों की पहचान डैनियल सेल्वाकुमार (एक्सोडुज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक और टायरानस टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के संचालक), एलन सैमुअल(अप्रीकिवी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक), एंटो पॉल प्रकाश (ग्लोबल एक्सपोजिशन्स और इन्फोमीडिया सॉल्यूशंस के मालिक) और कथिरावन रवि (फ्यूचर विजन मीडिया सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक) के रूप में हुई है। धन शोधन से जुड़ी ईडी की यह कार्रवाई केरल और हरियाणा में दर्ज 11 पुलिस एफआईआर पर आधारित है।

GHMC परिषद ने मंजूर किया 8440 करोड़ का बजट
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) ने बृहस्पतिवार को 2025-26 के लिए 8,440 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट को मंजूरी दी। मेयर विजया लक्ष्मी आर गडवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में बजट मंजूर किया गया। इस दौरान बीआरएस पार्षद हाथों में तख्तियां लेकर अपने मुद्दों पर बहस की मांग की और सत्तारूढ़ सरकार पर शहर के विकास में लापरवाही का आरोप लगाया, जिसका कांग्रेस सदस्यों ने विरोध किया। जब बीआरएस पार्षदों को उनकी सीटों पर बैठने के लिए मनाने का प्रयास सफल नहीं हुआ, तो मेयर ने मार्शलों को उन्हें बाहर निकालने का आदेश दिया। नारे लगा रहे बीआरएस सदस्यों को पुलिस थानों में ले जाया गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने हैदराबाद में कांग्रेस सरकार की लापरवाही के बारे में सवाल उठाने के लिए पार्टी पार्षदों को पुलिस द्वारा ले जाने की निंदा की।

आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त ने की छापेमारी 
कर्नाटक में लोकायुक्त ने शुक्रवार को आय से अधिक संपत्ति मामले में सात अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक बंगलूरू और बेलगावी में दो-दो और चित्रादुर्ग, रायचूर और बागलकोर्ट में एक-एक अधिकारी के यहां छापेमारी की गई।  इन अधिकारियों में बेलगावी दक्षिण में उप पंजीयन कार्यालय में तैनात प्रथम श्रेणी सहायक संजय मांदेड़, चित्रदुर्ग में जिला पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रबंधक शशिधर, बागलकोट में होलागेरी ग्राम पंचायत में पंचायत विकास अधिकारी शिवलिंगैया हिरेमठ शामिल हैं। इसके अलावा बंगलूरू महानगर पालिका के हेब्बल इंजीनियरिंग विभाग में सहायक कार्यकारी अभियंता माधव राव, ग्रामीण विकास और पंचयातराज विभाग में उप सचिव टीके रमेश, रायचूर जिला पंचायत के सहायक लेखा अधिकारी नरसिंग राव गुज्जर और पशुपालन विभाग में पर्यवेक्षक संजय अन्नप्पा दुर्गन्नावर के यहां छापेमारी की जा रही है। 

केरल में 27 बांग्लादेशी घुसपैठिये गिरफ्तार, जांच शुरू
केरल के एर्नाकुलम जिले में 27 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग पश्चिम बंगाल के प्रवासी मजदूर बनकर यहां विभिन्न इलाकों पर काम कर रहे थे। कोच्चि पहुंचने से पहले इन घुसपैठियों ने एजेंटों के माध्यम से आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी जुटा लिए थे। मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि एक संयुक्त अभियान के तहत एटीएस और पुलिस ने मिलकर जिले के उत्तरी परवूर क्षेत्र से ये गिरफ्तारियां कीं। अब उनसे पूछताछ की जा रही है।

अधिकारी ने दी जानकारी
साथ ही मामले में एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक टीम ने उत्तरी परवूर में तलाशी अभियान चलाया था। वहां रह रहे लोगों के दस्तावेजों की जांच से पता चला कि वे बांग्लादेशी नागरिक थे, जो अवैध रूप से भारत में घुस आए थे और खुद को भारतीय नागरिक बता रहे थे।

कोर्ट ने निकिता के अंकल को दी अग्रिम जमानत
कर्नाटक की एक स्थानीय अदालत ने एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या से जुड़े मामले में उसकी पत्नी निकिता सिंघानिया के अंकल सुशील को अग्रिम जमानत दे दी है। सुभाष आत्महत्या मामले के चौथे आरोपी सुशील को पहले ही इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत मिल चुकी है। अतुल ने अपनी पत्नी निकिता (34) और उसके घर वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए 9 दिसंबर, 2024 को बंगलूरू स्थित अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली थी।

गैरतलब है कि 24 पन्नों के सुसाइड नोट में सुभाष ने तलाक के लिए अपनी पत्नी निकिता पर 3 करोड़ रुपये देने का दबाव डालने आरोप लगाया था। अतुल की मौत के बाद पुलिस ने निकिता, उसकी मां निशा और उसके भाई अनुराग को गिरफ्तार किया था। सुभाष और निकिता ने साल 2019 में शादी की थी और दोनों का एक बेटा भी है। हालांकि, सुभाष और निकिता बीते तीन सालों से अलग रह रहे थे।

भ्रष्टाचार के आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने गोली मारकर की खुदकुशी
आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले में पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर ने सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना शुक्रवार सुबह लगभग 7.45 बजे तनुकु ग्रामीण थाने के भीतर हुई। पुलिस ने बताया कि एजीएस मूर्ति ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया...इसकी जांच की जा रही है। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण मूर्ति को रिजर्व में रखा गया था। उसके खिलाफ जांच लंबित थी।

गौहाटी हाईकोर्ट ने रैट होल खनन मामले में असम सरकार से सात तक मांगा जवाब
गौहाटी हाईकोर्ट ने बड़े पैमाने पर रैट-होल कोयला खनन को लेकर असम सरकार और उसके विभिन्न विभागों को नोटिस जारी किया है। अदालत ने पूछा कि उन्होंने इस अवैध गतिविधि को रोकने के लिए क्या कदम उठाए हैं। दीमा हसाओ कोयला खनन त्रासदी का स्वत: संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने बीते सोमवार को एक जनहित याचिका दर्ज की और अगले दिन मुख्य सचिव के कार्यालय सहित सात सरकारी विभागों को नोटिस जारी किया।

मुख्य न्यायाधीश विजय बिश्नोई और जस्टिस कौशिक गोस्वामी की खंडपीठ ने आदेश में कहा, अदालत ने विभिन्न रिपोर्टों पर ध्यान दिया है, जो बताती हैं कि उमरंगसो क्षेत्र में लगभग 200 से अधिक रैट-होल खदानें चल रही हैं। पीठ ने कहा, अदालत ने इस बात पर भी गौर किया है कि कार्बी आंगलोंग जिले में रैट-होल खनन बड़े पैमाने पर हो रहा है और या तो इस पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है या फिर इसकी जानकारी होने के बावजूद अधिकारी इन रैट-होल खदानों को रोकने या बंद करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। अदालत ने सभी सात प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया और उनसे 7 फरवरी को होने वाली अगली सुनवाई तक अपना जवाब दाखिल करने को कहा।
विज्ञापन

आंध्र सरकार ने आईपीएस अधिकारी एन संजय का निलंबन मई तक बढ़ाया
आंध्र प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एन संजय का निलंबन 31 मई, 2025 तक बढ़ा दिया। उन पर 1.76 करोड़ रुपये सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप है। संजय को 4 दिसंबर 2024 को निलंबित किया गया था, और उसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।

एसीबी ने दी जानकारी
एसीबी का कहना है कि संजय ने एक वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप के विकास और रखरखाव के लिए अनुबंध देते समय नियमों में छेड़छाड़ की। सरकार ने आदेश दिया है कि उनका निलंबन 31 मई 2025 तक या अगले आदेश तक जारी रहेगा, जो भी पहले हो। साथ ही मामले में एक समीक्षा समिति ने 29 जनवरी को बैठक कर संजय के निलंबन को बढ़ाने की सिफारिश की थी। संजय ने 2023 में चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के समय वाईएसआरसीपी सरकार में सीआईडी का नेतृत्व किया था।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें