फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: केरल में पत्नी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार; पश्चिम बंगाल में नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश

Sat, 30 Nov 2024 02:05 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पश्चिम बंगाल के कल्याणी कस्बे में नाबालिग लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म की कोशिश करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी एक एम्बुलेंस चालक है और पीडिता का पड़ोसी है।
विज्ञापन

पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना शुक्रवार शाम को हुई। जिसके बाद नाबालिग के परिवार की शिकायत पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता के परिवार ने शिकायत में दावा किया कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी।
 

विदेश मंत्री जयशंकर ने डेनमार्क के राजदूत से की मुलाकात

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत में डेनमार्क के राजदूत फ्रेडी स्वेन से मुलाकात की। स्वेन की विदाई का जिक्र करते हुए विदेश मंत्री ने एक्स पर साझा पोस्ट में भारत-डेनमार्क साझेदारी को मजबूत करने में राजदूत के योगदान की सराहना की। बकौल जयशंकर, राजदूत स्वेन दोनों देशों के 'रिश्ते में बदलाव लाए।' उन्होंने भविष्य के सभी प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। बता दें कि भारत और डेनमार्क के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। सितंबर 1949 में दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित हुए जो ऐतिहासिक संबंधों, आम लोकतांत्रिक परंपराओं और क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति और स्थिरता की साझा इच्छा पर आधारित हैं।

पीजी सीटों में धोखाधड़ी पर मेडिकल कॉलेजों की 5 करोड़ की संपत्ति अटैच

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पीजी सीटों में धोखाधड़ी मामले में तेलंगाना के मेडिकल कॉलेजों की 5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अटैच की है। केंद्रीय एजेंसी ने शुक्रवार को कहा कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत चाल्मेदा आनंद राव इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की 3.33 करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि और एमएनआर मेडिकल कॉलेज की 2.01 करोड़ की जमा राशि अटैच करने के लिए आदेश जारी किया था। अटैच की गई राशि 5.34 करोड़ रुपये है।

मुस्लिमों को मतदान का अधिकार न हो बयान देने वाले संत पर केस

विश्व वोक्कालिगा महासमस्तन मठ के संत कुमार चंद्रशेखरनाथ स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा था कि ऐसा कानून लाया जाना चाहिए जिसमें मुस्लिम समुदाय को मतदान का अधिकार न हो। यह बयान मंगलवार को भारतीय किसान संघ की बैठक के दाैरान दिया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत के आधार पर बुधवार को मामला दर्ज किया है।

आरएसएस नेता हत्याकांड...पीएफआई के सात सदस्यों की जमानत अर्जी रद्द

केरल हाईकोर्ट ने 2022 में पलक्कड़ जिले में हुई आरएसएस नेता श्रीनिवासन की हत्या में आरोपी सात पीएफआई सदस्यों की जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपियों पर राज्य और देश के अन्य हिस्सों में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का भी मुकदमा चल रहा है।  जस्टिस एके जयशंकरन नांबियार व जस्टिस केवी जयकुमार की पीठ ने कहा कि रिकार्ड में मौजूद सामग्री में अभियोजन पक्ष यह साबित करने में सफल रहा है कि सातों आरोपियों के खिलाफ आरोप प्रथमदृष्टया सत्य हैं।

अगले साल भारत आएंगे पाॅप स्टार ईडी शीरन, छह शहरों में काॅन्सर्ट

ब्रिटिश संगीतकार और पॉप स्टार ईडी शीरन अगले साल भारत आने वाले हैं। देश के छह शहरों में उनका कॉन्सर्ट होगा। शीरन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिये यह जानकारी साझा की। भारत में वह पहले कॉन्सर्ट के लिए आ चुके हैं। इंस्टाग्राम पर शीरन के 4.84 करोड़ फॉलोअर्स हैं। शीरन का नाम उन पॉप स्टार्स की लिस्ट में शामिल है, जो अपनी आवाज से लोगों के दिलों में खास जगह बना चुके हैं। 

केंद्र सरकार के खान मंत्रालय ने नयक्करपट्टी टंगस्टन ब्लॉक की बिक्री पर अहम बयान दिया है। केंद्र का दावा है कि इस संबंध में तमिलनाडु सरकार से जानकारी ली गई। सरकार के मुताबिक नायकरपट्टी टंगस्टन ब्लॉक की नीलामी का तमिलनाडु सरकार ने विरोध किया है, उन्हें इसकी सूचना नहीं मिली है। खान मंत्रालय मुताबिक राज्य सरकार समेत किसी की भी तरफ से बिक्री के विरोध के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने पीएम मोदी से मदुरै जिले में टंगस्टन खनन अधिकारों को रद्द करने की अपील की है। बता दें कि टंगस्टन एक महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज है। सीएम स्टालिन ने कहा है कि राज्य सरकार जैव विविधता विरासत स्थल और लोगों के विरोध जैसे पहलुओं को देखते हुए नयक्करपट्टी में खनन की अनुमति नहीं देगी।






दो सालों में उड़ानों में शराब से जुड़ी घटनाओं में आई कमी : एअर इंडिया
एअर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन ने कहा कि पिछले दो सालों में उड़ानों में शराब से जुड़ी घटनाओं में कमी आई है, क्योंकि अधिकारियों को ऐसी घटनाओं की सूचना देने की संख्या में वृद्धि हुई है।
मीडिया से बातचीत में विल्सन ने कहा, यात्रियों को जागरूक करने की आवश्यकता है और उन्हें यह बताना होगी कि विमान में किस तरह का व्यवहार स्वीकार्य है। चालक दल को भी उनके दायित्व और उनके कार्यों के बारे में उचित जानकारी देने की जरूरत है। उन्होंने कहा, केबिन क्रू के लिए रिपोर्ट करने के लिए एक सुरक्षित माहौल है और जब कोई मामला रिपोर्ट किया जाता है तो अधिकारियों की ओर से गंभीरता से कार्रवाई की जाती है। 



 

 मुंबई में वाहनों को टक्कर मारने के आरोप में नशेड़ी ड्राइवर गिरफ्तार
वहीं, मुंबई में पुलिस ने 32 वर्षीय एक व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि कथित तौर पर उसने शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए चेकिंग से बचने के लिए अपनी महंगी कार को बैरिकेड्स से टकरा दिया था और अन्य वाहनों को टक्कर मारी थी।  

पुलिस ने बताया कि ये घटना शनिवार को अंधेरी (पश्चिम) में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर हुई । इस घटना के लिए वर्ली निवासी आरोपी सभ्यसाची देवप्रिय निशंक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि नशे की हालत में गाड़ी चला रहे आरोपी ने चेकिंग से बचने की कोशिश में गोखले ब्रिज पर बैरिकेड्स को टक्कर मार दी और तीन अन्य वाहनों को टक्कर मार दी थी।

 

केरल में पत्नी की हत्या के आरोप में पश्चिम बंगाल का मूल निवासी गिरफ्तार
केरल में पुलिस ने मूल रूप से पश्चिम बंगाल के एक  निवासी को गिरफ्तार किया है। उस पर पेरुंबवूर में अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि मुर्शिदाबाद के रहने वाले शीबा बहादूर छेत्री को अपनी 39 वर्षीय पत्नी ममानी छेत्री की हत्या के आरोप में एर्नाकुलम ग्रामीण पुलिस ने हिरासत में लिया था।

पुलिस ने कहा, दंपति यहां भाई कॉलोनी, पलक्कट्टुथाज़म में रहते थे और सुबह करीब 7.30 बजे उनके बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद, आरोपी ने उसे छुरी से काट डाला। हालांकि पीड़िता को पेरुंबवूर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

उन्होंने आगे कहा कि ऐसा संदेह है कि उसने उसकी पवित्रता पर संदेह करते हुए हत्या की है। हालांकि घटना के पीछे का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामले में जांच की जा रही है।

गोवा के मुख्यमंत्री का निजी ईमेल हैक हुआ, फिर बहाल किया गया
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत का निजी ईमेल कुछ देर के लिए हैक हुआ। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर की रात को ईमेल हैक होने के बाद जांच में पाया गया कि जीमेल खाते को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा। गोवा पुलिस के साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने तुरंत कार्रवाई की और मुख्यमंत्री के निजी ईमेल को चार से पांच घंटे में बहाल कर लिया। हैकर्स का पतला लगाने के लिए जांच जारी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की जीमेल यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया खातों से जुड़ा हुआ है। 

   

गुजरात: संदिग्ध परिस्थितियों में तीन बच्चों की मौत, जांच जारी 
गुजरात के सूरत के एक सिविल अस्पताल के आरएमओ डॉक्टर केतन नायक ने बताया कि तीन  बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि मृतक बच्चों के परिजनों द्वारा अलग-अलग घटनाओं का जिक्र किया जा रहा है, जिनकी वजह से मौत हुई। लेकिन अभी तक यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है। एक बच्चा बेहद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। लेकिन हमारी पूरी कोशिशों के बावजूद हम उसे बचा नहीं सके। पोस्टमार्टम के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने भी जांच शुरू कर दी है और पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। 
 

झारखंड: मुठभेड़ में मारा गया माओवादी
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में शनिवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़  टेबो थाना क्षेत्र के टॉमरोंग गांव में हुई। मारे गए माओवादी की पहचान पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के क्षेत्रीय कमांडर लांबू के रूप में हुई है। एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। 

महाराष्ट्र कांग्रेस ने बंटी शेल्के से मांगा स्पष्टीकरण
महाराष्ट्र की कांग्रेस इकाई ने शनिवार को पार्टी के उम्मीदवार बंटी शेल्के से स्पष्टीकरण मांगा है। शेल्के ने चुनाव में हार के बाद राज्य कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले के खिलाफ बयान दिया था। शेल्के ने पटोले पर 'आरएसएस का एजेंट' होने का आरोप लगाया था, जब वह हाल में हुए चुनावों में नागपुर मध्य सीट से भाजपा के उम्मीदवार प्रवीण दातके से करीब 12 हजार वोटों से हार गए थे। 

ओडिशा: शीर्ष पुलिस अधिकारियों के सम्मेलन के बीच मीडिया कर्मियों को मिला धमकी भरा ईमेल
ओडिशा में मीडिया कर्मियों के एक वर्ग को यहां पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिरीक्षक सम्मेलन के दूसरे दिन शनिवार को एक प्रतिबंधित संगठन से धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति हिस्सा ले रहे हैं। अंग्रेजी और उड़िया में लिखे मेल के साथ एक ऑडियो-विजुअल क्लिप भी जोड़कर दी गई है। सम्मेलन का उद्घाटन शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था।

मुख्यमंत्री भाजपा से होगा, दो उप मुख्यमंत्री सहयोगी दलों से होंगे: अजीत पवार 
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख अजित पवार ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा औऱ महायुति के अन्य सहयोगी दलों से दो उप मुख्यमंत्री होंगे। महायुति में भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राकांपा शामिल हैं। महायुति ने राज्य विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की। भाजपा ने 132 सीटों पर जीत हासिल की। 

राजनीति तथ्यों को चुन-चुनकर पेश करने में लगी है: एस जयशंकर
दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विक्रम संपत की पुस्तक टीपू सुल्तान: द सागा ऑफ द मैसूर इंटररेग्नम का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि इसे जीवनी कहना बहुत बड़ी भूल होगा। क्योंकि यह इससे कहीं बढ़कर है। यदि आपके पास इस पुस्तक का अमेरिकी संस्करण हो, तो मैं उपशीर्षक 'सब कुछ जो आप टीपू सुल्तान के बारे में जानना चाहते थे, लेकिन पूछने से डरते थे' रखने का सुझाव दूंगा। टीपू सुल्तान वास्तव में हमारे इतिहास में एक बहुत ही जटिल व्यक्ति है। एक ओर उनकी प्रतिष्ठा एक ऐसे प्रमुख व्यक्ति के रूप में है, जिन्होंने भारत पर ब्रिटिश औपनिवेशिक नियंत्रण लागू करने का विरोध किया और यह एक तथ्य है कि उनकी हार और मृत्यु को भारत के लिए महत्वपूर्ण मोड़ माना जा सकता है। टीपू सुल्तान आज भी कई क्षेत्रों में तीव्र प्रतिकूल भावनाओं को जन्म देते हैं। समकालीन इतिहास लेखन राष्ट्रीय स्तर पर अधिक ध्यान केंद्रित करता है। अब सभी समाजों में इतिहास जटिल है और आज की राजनीति अक्सर तथ्यों को चुन-चुनकर पेश करने में लगी रहती है। काफी हद तक टीपू सुल्तान के मामले में ऐसा हुआ है। अधिक जटिल वास्तविकता को छोड़कर टीपू के अंग्रेजी द्विआधार को उजागर करके पिछले कुछ वर्षों में एक विशेष कथा को आगे बढ़ाया गया है।

मणिपुर: लापता मैतेई व्यक्ति की पत्नी ने किया प्रदर्शन
मणिपुर के कांगपोकपी जिले से लापता एक 54 वर्षीय मैतेई समुदाय के व्यक्ति की पत्नी ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि यह व्यक्ति 25 नवंबर से लापता है। लाइश्राम ओंगबी कोइजम बेला रानी, 50, जो कमलबाबू लाइश्राम की पत्नी हैं, ने लेइमाखोंग में आर्मी कैंप के 57वीं माउंटेन डिवीजन के प्रवेश द्वार पर धरना दिया। इस विरोध प्रदर्शन को कई मीराई पैबीस (महिला समूह) का समर्थन है। सैकड़ों प्रदर्शनकारी कैंप के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारी हमें कमलबाबू जिन्दा चाहिए जैसे नारे लगा रहे थे।

घाटकोपर होर्डिंग हादसा: विज्ञापन कंपनी के निदेशक ने आरोप मुक्त करने के लिये याचिका दायर की
महाराष्ट्र के घाटकोपर इलाके में होर्डिंग गिरने की घटना के आरोपी भावेश भिंडे (विज्ञापन कंपनी के निदेशक) ने मुंबई की एक अदालत में आरोपमुक्त करने के लिये याचिका दायर की है। भिंडे ने कहा, ‘इस घटना के संबंध में मेरे खिलाफ जो मामला दायर किया गया है, उसका एकमात्र उद्देश्य लोगों के गुस्से को कम करना था।’

घाटकोपर इलाके में इस साल 13 मई को विशाल होर्डिंग गिर जाने से 17 लोगों की मौत हो गई थी। भिंडे ने दावा किया कि वह ‘‘निर्दोष’’ हैं और उन्हें कथित अपराध के लिये फंसाया गया है। वह इस मामले में फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। मुंबई के घाटकोपर इलाके में इस साल 13 मई को आंधी और बेमौसम बारिश के दौरान विशाल होर्डिंग एक पेट्रोल पंप पर गिर गया था, जिससे मुंबई हवाई अड्डे के वायु यातायात नियंत्रण के पूर्व महाप्रबंधक और उनकी पत्नी सहित 17 लोगों की मौत हो गई थी। भावेश भिंडे ने अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वी.एम.पठाडे के समक्ष आरोप मुक्त करने की याचिका हाल ही में दायर की है। अदालत ने अभियोजन पक्ष से जवाब मांगा है और मामले की सुनवाई 7 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी है।
विज्ञापन

पश्चिम बंगाल: अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से चार अवैध बांग्लादेशी प्रवासी गिरफ्तार 
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से चार अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें शुक्रवार रात एक गुप्त सूचना के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अवैध प्रवासियों ने तुंगी के पास धरमपुर बीरपाड़ा में एक घर में शरण ले रखी है। उन्होंने कहा कि वे अवैध रूप से भारत में घुसे थे और उनके पास वैध पासपोर्ट नहीं थे। इनकी पहचान सुमी अख्तर, ईमोन बिस्वास, शंकर बिस्वास और रूप कुमार बिस्वास के रूप में की गई। पुलिस ने कहा कि वे पड़ोसी देश के बालाडांगा, धवाखाली और चाकुलिया इलाकों के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें