फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: IPS ज्ञानेंद्र सिंह ने संभाला CRPF के महानिदेशक का कार्यभार; भाइयों ने मां के प्रेमी की हत्या की

Thu, 30 Jan 2025 08:27 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

आईपीएस अधिकारी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को सीआरपीएफ के महानिदेशक के रूप में कार्यभार संभाला। उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्हें सीआरपीएफ बल के कार्यवाहक प्रमुख और विशेष महानिदेशक वितुल कुमार ने कमान सौंपी। केंद्रीय सरकार ने 19 जनवरी को ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को सीआरपीएफ का महानिदेशक नियुक्त किया था।

विज्ञापन


भाइयों ने मां के प्रेमी की निर्मम हत्या की
गुजरात में एक जघन्य अपराध में दो भाइयों ने कथित तौर पर अपनी मां के प्रेमी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने उसकी आंतें काट दीं और उन्हें हवा में उछाल दिया। दोनों भाई रतनजी ठाकोर (53) से नाराज थे। उन्हें शक था कि उसका उनकी मां के साथ संबंध है। घटना 26 जनवरी को गुजरात के गांधीनगर जिले में हुई थी। 

पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय ठाकोर (27) और जयेश ठाकोर (23) ने दिनदहाड़े रतनजी पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद उन्होंने उसके पेट में कई बार चाकू घोंपा। इस दौरान पीड़ित की आंतें बाहर आ गईं, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों व्यक्ति नहीं रुके। आरोपियों ने उसकी आंतें निकाल लीं, उन्हें हवा में उछाला और फिर काट दिया।
विज्ञापन


घटना के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वारदात के कुछ घंटों बाद ही मोबाइल लोकेशन के जरिए उन्हें ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।

तेलंगाना एयरपोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी
तेलंगाना के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आरजीआई) को बुधवार की दोपहर में बम से उड़ाने की धमकी मिली। कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान कामारेड्डी जिले के रहने वाले के तौर पर की गई है। आरजीआई पुलिस स्टेशन ने बताया कि नितिन नाम के एक व्यक्ति ने 100 नंबर पर फोन पर एयरपोर्ट पर बम होने का दावा किया। कॉल करने वाले व्यक्ति के घरवालों ने बताया कि उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। 

असम में बच्चों के सामने मां से दुष्कर्म 
असम के कछार जिले के धोलाई थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय महिला से कथित तौर पर उसके दो बच्चों के सामने दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने बुधवार को इसके बारे में जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि आरोपी 28 वर्षीय चालक है और पीड़ित परिवार के पड़ोस में रहता है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के घर में घुस आया और उसने महिला के दो बच्चों के सामने कथित रूप से उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद, वह महिला पर तेजाब डालकर वहां से भाग गया। महिला का पति जब घर पहुंचा तो उसने अपने पत्नी के हाथ और पैर बंधे देखे। पुलिस ने कहा कि घटना 22 जनवरी की है और मामला अगले दिन दर्ज किया गया। महिला को सिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने कहा कि घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश जारी है।

हरीश गुप्ता आंध्र प्रदेश के नए DGP नियुक्त
आंध्र प्रदेश सरकार ने बुधवार को हरीश कुमार गुप्ता को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद पर पूर्ण अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गुप्ता 31 जनवरी को डी तिरुमाला राव के सेवानिवृत्त होने के बाद डीजीपी का कार्यभार संभालेंगे। राव को 1 फरवरी से एक साल की अवधि के लिए आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में फिर से नियुक्त किया गया है। सरकारी आदेश में कहा गया है, 'हरीश कुमार गुप्ता, आईपीएस (1992), महानिदेशक, सतर्कता और प्रवर्तन, और सरकार के पदेन प्रधान सचिव, को अगले आदेश तक डीजीपी (पुलिस बल के प्रमुख) के पद का पूर्ण अतिरिक्त प्रभार दिया जाता है।' बता दें कि गुप्ता को 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान थोड़े समय के लिए चुनाव आयोग द्वारा डीजीपी नियुक्त किया गया था। बाद में टीडीपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के कार्यभार संभालने के बाद राव ने उनकी जगह ले ली।

झारखंड: सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में दो माओवादी ढेर, हथियार बरामद
चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने दो माओवादियों को मार गिराया। मुठभेड़ बुधवार सुबह चाईबासा के सोनुआ थाना क्षेत्र के जंगल में हुई। माओवादियों ने यहां कैंप बनाया हुआ था।   सीआरपीएफ और पुलिस की एक संयुक्त टीम नक्सलरोधी अभियान पर निकली थी। सुबह 6:35 बजे सुरक्षाबलों को देख नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो नक्सली मारे गए, जबकि बाकी भाग खड़े हुए। मारे गए नक्सलियों की पहचान भाकपा (माओवादी) जोनल कमेटी सदस्य विनय गंझू उर्फ संजय गंझू और हेमंती मंझियाईन के रूप में हुई है। तलाशी अभियान में हथियार, कारतूस व अन्य सामान भी बरामद हुए हैं।

आम जनता और दिल्ली के लिए जहरीली हुई आप: पप्पू यादव
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और नई दिल्ली विधानसभा सीट से उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल के बयान पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पानी जहरीला नहीं हुआ है, बल्कि इन लोगों का विचार और चरित्र जहरीला हो गया है। आम आदमी पार्टी अब आम जनता और दिल्ली के लिए जहरीली हो गई है। 
 

थाईलैंड-अमेरिका से निर्वासित दो भगोड़े गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के समन्वित अभियानों में इंटरपोल रेड नोटिस का सामना कर रहे दो भगोड़ों को अमेरिका और थाईलैंड से भारत वापस लाकर बुधवार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह तमिलनाडु और गुजरात में अलग-अलग मामलों में वांछित थे। अधिकारियो ने बताया कि जनार्थनन सुंदरम, जो पोंजी योजना के जरिए निवेशकों के 87 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोपी है, को बैंकॉक से वापस लाया गया। तमिलनाडु पुलिस ने उसे कोलकाता हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया। दूसरे मामले में, सीबीआई के वैश्विक परिचालन केंद्र ने वीरेंद्रभाई मणिभाई पटेल की वापसी में मदद की, जो 20 साल से धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के मामले में वांछित था। पटेल को गुजरात पुलिस ने 2002 में दर्ज 77 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया। दोनों भगोड़ों को वापस लाने के लिए अमेरिका और थाईलैंड में अधिकारियों के साथ समन्वय किया गया था।

मंगलुरु पुलिस ने आठ साल से फरार आरोपी पकड़ा
कर्नाटक की मंगलुरु पुलिस ने एक आपराधिक मामले में आठ साल से फरार आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान किशोर शेट्टी निवासी हसन जिला के रूप में हुई है। आरोपी मंगलुरु उत्तर पुलिस थाने में 2011 में दर्ज मामले में 2016 से फरार था। वह न्यायालय के समक्ष पेश नहीं हो रहा था। मंगलुरु पुलिस ने एक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हसन जिले के सकलेशपुर से गिरफ्तार कर लिया और उसे अदालत में पेश किया गया।

जयललिता की संपत्ति तमिलनाडु सरकार को हस्तांतरित करने का आदेश
बंगलूरू की एक विशेष सीबीआई अदालत ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए, तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जे जयललिता की जब्त की गई सारी संपत्ति को तमिलनाडु सरकार को हस्तांतरित करने का आदेश दिया है। कर्नाटक हाईकोर्ट ने 13 जनवरी को जयललिता के भतीजे जे दीपक और भतीजी जे दीपा की एक याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने जयललिता के कानूनी उत्तराधिकारी के रूप में संपत्ति पर दावा किया था। हाईकोर्ट ने 2016 में जयललिता के निधन के बाद उनके खिलाफ कार्यवाही समाप्त हो जाने के बावजूद उनकी संपत्ति को जब्त किए जाने के फैसले को बरकरार रखा था। उनके उत्तराधिकारियों ने तर्क दिया कि जयललिता के खिलाफ मामला खत्म होने के बाद उनकी संपत्ति जब्त नहीं होनी चाहिए। हालांकि, हाईकोर्ट ने कहा कि क्योंकि शीर्ष अदालत ने अन्य आरोपियों को दोषी करार देने के विशेष अदालत के फैसले को सही माना है, इसलिए संपत्ति का जब्त होना वैध है। बता दें कि जयललिता को आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में दोषी ठहराया गया था। 

मुस्लिम लीग के महासचिव बोले महिला और पुरुष बराबर नहीं
केरल में कांग्रेस की सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के महासचिव पीएमए सलाम ने यह कह कर विवाद खड़ा कर दिया कि महिला और पुरुष बराबर नहीं होते। उन्होंने कहा कि ऐसा दावा करना हकीकत से आंखें मूंदने जैसा है। इतना ही नहीं, सलाम ने यह भी कहा कि आईयूएमएल, लैंगिक न्याय की समर्थक है, न कि लैंगिक समानता की। हाल में मलप्पुरम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सलाम ने यह विवादास्पद बयान दिया था। राजनीतिक रूप से विपक्षी गठबंधन यूडीएफ के लिए अच्छा संकेत नहीं माना जा रहा। आईयूएमएल नेता ने अपनी दलील के समर्थन में एक उदाहरण देते हुए कहा कि ओलंपिक में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग श्रेणियां होती हैं। उन्होंने कहा, क्या ऐसा इसलिए नहीं है क्योंकि वे अलग-अलग हैं? उन्होंने पूछा कि क्या हम कह सकते हैं कि पुरुष और महिला सभी मामलों में समान हैं? क्या दुनिया ने इसे स्वीकार किया है? उन्होंने कहा कि उन्हें समान कहना हकीकत से आंखें मूंद लेने जैसा है। 

बंगाल में महिला प्रोफेसर ने कक्षा में छात्र से रचाई शादी, जांच के आदेश
पश्चिम बंगाल में एक सरकारी विश्वविद्यालय की प्रोफेसर ने कक्षा के भीतर एक छात्र से शादी रचा ली। बुधवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद जांच के आदेश दिए हैं और तीन सदस्यीय समिति गठित की है। हालांकि, महिला प्रोफेसर ने शादी को साइको-ड्रामा (नाटक) करार दिया। यह घटना नदिया जिले के हरिनघाटा स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद प्रौद्योगिकी विवि के मनोविज्ञान विभाग में हुई। वायरल वीडियो में महिला प्रोफेसर दुल्हन की तरह सजी हैं। उनके गले में माला पड़ी है। साथ में एक छात्र भी है, जो उनकी मांग भर रहा है। एक छात्रा कक्षा में ‘सिंदूर दान’ और ‘माला बोडोल’ सहित हिंदू बंगाली विवाह की विभिन्न रस्में निभाते हुए दिखाई दे रही थी। 

छेड़खानी की शिकायत करने पर तमिलनाडु पुलिस ने कहा- रात में क्यों घूमती हो
तमिलनाडु में छेड़खानी की शिकार महिलाओं से पुलिस के अजीब बर्ताव का मामला सामने आया है। खबर के मुताबिक कार सवार बदमाशों ने महिलाओं का उनके घर तक पीछा किया और छेड़खानी की कोशिश की। जब उन्होंने शिकायत की तो पुलिस ने यह कहते हुए उन्हें फटकार लगाई कि वे रात में बाहर क्यों घूम रही थीं। यह घटना चेन्नई के ईस्ट कोस्ट रोड की बताई जा रही है। वीडियो में द्रमुक का झंडा लगी एक एसयूवी कार अचानक महिलाओं की कार का रास्ता रोक लेती है और उससे एक युवक बाहर निकल कर महिलाओं की तरफ आता है। भागने की कोशिश के दौरान एसयूवी में सवार लोग उन्हें धमकाते दिख रहे हैं। माना जा रहा है कि ये बदमाश सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़े हैं। मुख्य विपक्षी अन्नाद्रमुक ने इस घटना की कड़ी आलोचना की और सरकार पर निशाना साधा। पार्टी महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी ने कहा कि महिलाओं को धमकाने वाले दृश्य चौंकाने वाले हैं और पूछा कि क्या द्रमुक का झंडा लगाने से महिलाओं के खिलाफ अपराध का लाइसेंस मिल जाता है।

कर्नाटक : 3,200 करोड़ की जीएसटी धोखाधड़ी में डीजीजीआई का 30 जगह छापे, दो गिरफ्तार
कर्नाटक में बंगलूरू स्थित जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) ने 3,200 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डीजीजीआई बंगलूरू जोन की अतिरिक्त महानिदेशक सुचेता श्रीजेश ने कहा कि तीसरा संदिग्ध अभी फरार है। डीजीजीआई की बंगलूरू क्षेत्रीय इकाई ने बंगलूरू और मुंबई में 30 से अधिक स्थानों पर छापा मारा और धोखाधड़ी का खुलासा किया। आरोपियों ने बिना किसी वैध कारोबार संचालन वाली फर्जी कंपनियां बनाईं, टर्नओवर बढ़ाने के लिए सर्कुलर ट्रेडिंग में लगे रहे। इन कंपनियों को स्टॉक एक्सचेंजों में सूचीबद्ध किया और 665 करोड़ रुपये के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाने और उसे पारित करने में सफल रहे। घोटाले में शामिल फर्जी बिलों का कुल मूल्य 3,200 करोड़ रुपये से अधिक है। जांच में 15 संदिग्ध कंपनियों का पता चला, जिनका वास्तव में कोई कारोबार नहीं था। बड़ी संख्या में इनवर्ड ई-वे बिल के बावजूद, किसी भी कंपनी के पास कोई आउटवर्ड ई-वे बिल नहीं था। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से नौ कंपनियां भारतीय स्टॉक एक्सचेंजों में सूचीबद्ध भी हैं।

श्री शारदा पीठम को भी मिला विदेशी चंदा लेने का लाइसेंस
गृह मंत्रालय ने आंध्र प्रदेश के श्री शारदा पीठम को विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) लाइसेंस प्रदान कर दिया है। अब संस्था अंतरराष्ट्रीय स्रोतों से चंदा स्वीकार कर सकेगी। गृह मंत्रालय से बांके बिहारी मंदिर को एफसीआरए मंजूरी दिए जाने के कुछ दिनों बाद ही श्री शारदा पीठम को यह लाइसेंस दिया गया। इस वर्ष अब तक 91 संस्थानों को एफसीआरए अनुमोदन मिला है।

एअर इंडिया के विमान ने अनजाने में भेजा अपहरण का संकेत, जांच
मुंबई जाने वाले एअर इंडिया के एक विमान ने इस सप्ताह राष्ट्रीय राजधानी से उड़ान भरने के तुरंत बाद अनजाने में अपहरण का संकेत भेज दिया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए मुंबई हवाईअड्डे पर विमान को उतारकर एक अलग स्थान पर ले जाया गया। इस दौरान सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। घटनाक्रम से अवगत सूत्रों ने बताया कि 27 जनवरी को दिल्ली से मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या एआई 2957 ने एक खास कोड '7500' भेजा गया। इस कोड का इस्तेमाल अपहरण के बारे में चेतावनी देने के लिए किया जाता है। ड्यूटी पर मौजूद पायलट ने संबंधित एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को सूचित किया कि कोड अनजाने में दबा दिया गया था। 

पूर्व एमयूडीए प्रमुख के आवास पर ईडी का छापा गैरकानूनी : हाईकोर्ट
कर्नाटक हाईकोर्ट ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय की ओर से एमयूडीए के पूर्व आयुक्त नतेश डीबी के आवास पर की गई तलाशी और जब्ती गैरकानूनी थी। न्यायालय ने अधिकारी को तलाशी में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार भी दिया। मामला कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की पत्नी पार्वती बीएम को अवैध रूप से भूखंड आवंटित करने के आरोपों से जुड़ा है। जस्टिस हेमंत चंदनगौदार ने कहा कि मनमाने तरीके से की गई तलाशी संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत स्वतंत्रता और निजता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है।

कौशल विकास ट्रेनिंग पार्टनर्स के लिए जीएसटी छूट फिर से बहाल
कौशल विकास से जुड़े छात्रों और ट्रेनिंग पार्टनर्स के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने ट्रेनिंग पार्टनर्स के लिए जीएसटी छूट को बहाल कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जीएसटी काउंसिल की 54वीं बैठक में स्किलिंग सेवाओं पर जीएसटी छूट खत्म कर दी गई थी। 

 ओडिशा में 9 चोरियों के मामले में इंजीनियरिंग छात्र सहित 4 गिरफ्तार
 ओडिशा के गंजम जिले में नौ जगहों पर चोरी के मामले में इंजीनियरिंग छात्र सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। बेहरामपुर के एसपी सर्वना विवेक एम ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से 10 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त किया गया। इन वस्तुओं में सोने के आभूषण, मोबाइल फोन, कंप्यूटर, रंगीन प्रिंटर, एक वाटर कूलर, एक वाटर फिल्टर, एक स्कूटर, एक डिजिटल वजन मशीन और 1.40 लाख रुपये नकद के अलावा घर तोड़ने वाले उपकरण शामिल थे।

संसदीय समिति पेड-फेक न्यूज और गंभीर खबरों को नजरअंदाज करने जैसे मुद्दों पर कर सकती है चर्चा
संसद की एक समिति की शुक्रवार को होने वाली बैठक में पेड न्यूज, फेक न्यूज, कई टीवी न्यूज चैनलों द्वारा सनसनी फैलाने पर ध्यान केंद्रित करने और डिजिटल उभार तथा घटते पाठक वर्ग के कारण पारंपरिक अखबारों के संघर्ष जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे की अध्यक्षता वाली संचार और सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी संसद की स्थायी समिति, बैठक में मीडिया के सभी रूपों से संबंधित कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा करने वाली है, जिसमें मीडिया से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
विज्ञापन

ओडिशा सरकार ने महाकुंभ मेले के लिए विशेष बस सेवा चार फरवरी तक रद्द की
ओडिशा सरकार ने महाकुंभ मेले के लिए शुरू की गई विशेष बस सेवा बृहस्पतिवार को चार फरवरी तक के लिए रद्द कर दी। एक अधिकारिक नोटिस में यह जानकारी दी गई। नोटिस में कहा गया है कि अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण महाकुंभ मेले के लिए अयोध्या तक संचालित विशेष बस सेवा तत्काल प्रभाव से चार फरवरी तक रद्द कर दी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें