फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: सिक्किम में बर्फबारी में फंसे छह पर्यटक बचाए गए; असम हथियार बरामदगी मामले में मुख्य आरोपी पकड़ा

Mon, 30 Dec 2024 12:37 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

सिक्किम में हो रही बर्फबारी में असम के छह पर्यटक फंस गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मोटरसाइकिल सवार पर्यटकों को बचाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सड़कों पर बर्फ जमने के कारण बाइक का चलना असंभव हो गया था। बचाव अभियान के बाद सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने युमथांग घाटी तक सड़क साफ कर दी। अधिकारियों ने यात्रियों से सावधानी बरतने के लिए कहा है। 

विज्ञापन


एसटीएफ ने पकड़ा आरोपी
25 दिसंबर कोकराझार जिले में मिले  हथियार और गोला-बारूद मामले में एसटीएफ ने मुख्य आरोपी को पकड़ा है। एसटीएफ इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए आरोपी की पहचान भोडेयागुरी  निवासी 35 वर्षीय गाजी रहमान के रूप में हुई है। एसटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक पार्थसारथी महंत ने बताया कि यह सफलता एसटीएफ असम ने कोकराझार पुलिस की सहायता से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रघात के दौरान हासिल हुई। इस मामले में आगे की जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आज फिर से खुलेगा सबरीमला मंदिर
सबरीमला भगवान अयप्पा मंदिर इस साल के मकरविलक्कू उत्सव के लिए सोमवार को फिर से खुलेगा। मंदिर अधिकारियों ने कहा कि मंदिर शाम 4 बजे खोला जाएगा। गर्भगृह में अग्निस्थान (आझी) पर औपचारिक रूप से अग्नि प्रज्वलित करने बाद तीर्थयात्री भगवान के दर्शन कर सकते हैं। इससे पहले मंदिर को 26 दिसंबर को रात 10 बजे मंडला पूजा के बाद बंद कर दिया गया था। 

विज्ञापन

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहली उड़ान का सफल परीक्षण
महाराष्ट्र के नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली उड़ान का परीक्षण सफल रहा। इंडिगो एयरलाइन्स का ए320 विमान यहां सफलतापूर्वक उतरा। इसे अग्निशमन वाहनों ने वाटर कैनन से सलामी दी। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लि. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण बंसल ने कहा कि यह नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए महत्वपूर्ण दिन है। वैलिडेशन उड़ान का सफल परीक्षण एक बड़ी उपलब्धि है। अब हम एयरपोर्ट को चालू करने के एक कदम और करीब हैं। 

ठेकेदार की मौत का मामला: प्रियांक खरगे के करीबी समेत छह लोगों पर केस
भाजपा विधायक बसवराज मत्तीमाडु और अन्य नेताओं की हत्या की साजिश रचने के संबंध में कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे के करीबी सहयोगी राजू कपनूर और 5 अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने रविवार को कहा कि मामला एक सिविल ठेकेदार सचिन पंचाल के सुसाइड नोट के आधार पर दर्ज किया गया। इसमें उल्लेख किया गया था कि कांग्रेस नेताओं ने मत्तीमाडु, अंडोला मठ के सिद्धलिंग स्वामी, भाजपा नेता मणिकांत राठौड़ और चंदू पाटिल को मारने के लिए साजिश रची थी।

बीदर में रहने वाले ठेकेदार पंचाल ने बृहस्पतिवार को एक ट्रेन के सामने लेटकर अपनी जान दे दी थी। अपने सुसाइड नोट में पंचाल ने कपनूर और उनके सहयोगियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इस बीच, बीदर जिले के प्रभारी मंत्री ईश्वर खंड्रे ने भालकी तालुक में पांचाल के आवास का दौरा किया।

पीएम इंटर्नशिप योजना: 1.27 लाख अवसर, 6.21 लाख आवेदन
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत 1.27 लाख अवसरों के लिए करीब 6.21 लाख आवेदन मिले हैं। रविवार को सरकार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि चयन की प्रक्रिया चल रही है। इस साल के आम बजट में इस योजना की घोषणा की गई थी। इसका उद्देश्य पांच वर्षों के दौरान शीर्ष 500 कंपनियों में 1 करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप मुहैया कराना है।

योजना का लक्ष्य 2024-25 के दौरान 1.25 लाख इंटर्नशिप अवसर प्रदान करना है। इसके लिए सरकार ने एक पोर्टल भी शुरू किया था, जिस पर कंपनियों को अपने यहां इंटर्नशिप के मौके की जानकारी देनी है और उसी पर युवाओं को पंजीकरण भी करना है। इंटर्नशिप की अवधि 12 महीने की होगी। एक बार 6,000 रुपये की मदद दी जाएगी और इंटर्नशिप के दौरान हर महीने इंटर्न को 5,000 दिए जाएंगे।

होटल के कमरे में मृत मिले मलयालम अभिनेता दिलीप
प्रसिद्ध मलयालम फिल्म और टेलीविजन अभिनेता दिलीप शंकर रविवार को तिरुवनंतपुरम के एक होटल के कमरे में मृत पाए गए। उन्होंने अम्मा अरियाथे, सुंदरी और पंचाग्नि जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अपनी भूमिकाओं के लिए विशेष पहचान बनाई।छावनी पुलिस के अनुसार, एक धारावाहिक योजना पर काम करने के लिए वे चार दिन से होटल में रुके हुए थे। उनके सह-कलाकारों ने दिलीप को फोन किया था, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद होटल कर्मचारी और उनके सहकर्मी उनके कमरे में दाखिल हुए, जहां उन्हें मृत पाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच की। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा। प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, दिलीप की मौत में कोई अप्राकृतिक कारण नहीं पाया गया।

कर्नाटक: नए साल के जश्न के मद्देनजर तैनात किए गए हजारों पुलिसकर्मी
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने सोमवार को कहा कि नए साल के जश्न के मद्देनजर हजारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं कि बेंगलुरु शहर और पूरे राज्य में कोई अप्रिय घटना न घटे। उन्होंने लोगों से किसी भी अप्रिय घटना में शामिल न होने की अपील भी की।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, 'बेंगलुरू शहर और पूरे राज्य में कोई अप्रिय घटना न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। हमने उन लोगों को भी चेतावनी दी है जो गड़बड़ी पैदा करना चाहते हैं और साथ ही हमने व्यापक तैयारियां भी की हैं। हजारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे किसी भी अप्रिय घटना में शामिल न हों। नए साल का जश्न खुशी से मनाएं। आपका नया साल बहुत खुशहाल हो।'

तेलंगाना: मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ से की मुलाकात
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए.रेवंत रेड्डी ने सोमवार को माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सत्या नाडेला से उनके हैदराबाद स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हैदराबाद में एक मजबूत आईटी पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) को विकसित करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट से समर्थन की अपील की, ताकि शहर को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दुनिया के प्रमुख शहर के रूप में पहचाना जा सके। 

मुख्यमंत्री रेड्डी ने नाडेला का आभार जताया और कहा कि माइक्रोसॉफ्ट ने लगातार निवेश किया है और शहर व राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। रेवंत रेड्डी और आईटी मंत्री श्रीधर  बाबू ने तेलंगाना की विभिन्न तकनीकी प्राथमिकताओं पर चर्चा की, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), जनरेटिव एआई और क्लाउड तकनीकी शामिल हैं और इसके लिए माइक्रोसॉफ्ट से सहयोग मांगा। 

जस्टिस (सेवानिवृत्त) वी. रामासुब्रमण्यम ने एनएचआरसी प्रमुख का पदभार संभाला
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज वी. रामासुब्रमण्यम ने सोमवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक परंपरा में मानवाधिकार गहराई से समाहित हैं और इनका संरक्षण और प्रचार विभिन्न हितधारकों के सहयोग से ही संभव है। 23 दिसंबर उनकी एनएचआरसी के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति की घोषणा की गई थी।

गुजरात में भेड़ियों की कुल संख्या 222, पर्यावरण विभाग की ताजा गणना में सामने आई जानकारी
गुजरात वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा की गई ताजा गणना में राज्य में भेड़ियों की संख्या 222 पाई गई है। सोमवार को एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि गुजरात पारिस्थितिकी शिक्षा एवं अनुसंधान (गिर) फाउंडेशन के सहयोग से 2023 में की गई गणना के तहत 13 जिलों का सर्वेक्षण किया गया, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में उनके फैलाव और आवास पर महत्वपूर्ण निष्कर्ष मिले। गुजरात में सबसे ज्यादा 80 भेड़िये भावनगर जिले में पाए गए, इसके बाद नर्मदा जिले में 39, बनासकांठा में 36, सुरेंद्रनगर में 18, जामनगर और मोरबी में 12-12 और कच्छ जिले में नौ भेड़िए पाए गए।

ओडिशा : पीएम के प्रधान सचिव की बेटी और दामाद बनकर ठगी करने वाला दंपती गिरफ्तार
ओडिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्रा की बेटी और दामाद बनकर लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप में एक दंपती को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि दंपती की पहचान हंसिता अभिलिप्सा (38) और उसके साथी अनिल कुमार मोहंती के रूप में हुई है। दोनों पर प्रभावशाली संबंधों का झांसा देकर लोगों को ठगने का आरोप हैं। भुवनेश्वर में जोन 6 के अतिरिक्त डीसीपी स्वराज देबता ने बताया कि इन्हें रविवार को गिरफ्तार किया गया और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

रेणुकास्वामी हत्या मामला:आरोपियों की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी कर्नाटक सरकार
कर्नाटक सरकार ने रेणुकास्वामी हत्या मामले में कन्नड़ अभिनेता दर्शन थुगुदीप और अन्य आरोपियों को जमानत देने के उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देने का फैसला किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार ने उच्चतम न्यायालय में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर करने की मंजूरी दे दी है। याचिका का उद्देश्य आरोपियों को जमानत देने के उच्च न्यायालय के दिसंबर के फैसले को चुनौती देना है।

इस मामले में राज्य सरकार की ओर से प्रतिनिधित्व करने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा को विशेष वकील नियुक्त किया गया है। आदेश में राज्य के सरकारी लोक अभियोजक को एसएलपी के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है।

दर्शन को 30 अक्टूबर को चिकित्सा कारणों का हवाला देते हुए अंतरिम जमानत पर रिहा किया गया था। तब तक वह 131 दिन हिरासत में रह चुके थे। बाद में उच्च न्यायालय ने दर्शन और मुख्य आरोपी पवित्रा गौड़ा को 13 दिसंबर को नियमित जमानत दे दी। मामले में नामजद अन्य सभी व्यक्तियों को भी जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

केरल: कांग्रेस विधायक को चोट के मामले में कार्यक्रम प्रबंधक गिरफ्तार
कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक उमा थॉमस को गंभीर चोटें आईं। इस घटना में सुरक्षा की कमी के कारण कार्यक्रम प्रबंधक कृष्णकुमार को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। कृष्णकुमार ऑस्कर कार्यक्रम प्रबंधन कंपनी के प्रबंधक हैं, जो इस कार्यक्रम का आयोजन कर रही थी। हालांकि उन्हें बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, कृष्ण कुमार को सबूत एकत्र करने के लिए स्टेडियम भी ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आयोजकों की ओर से गंभीर सुरक्षा लापरवाहियां हुईं। कोच्चि शहर पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों पर सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था में खामियां और स्टेज बनाने में सुरक्षा मानकों का पालन न करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। 
 
विज्ञापन

पूर्व सांसद डी के सुरेश ने अपने नाम के 'दुरुपयोग' को लेकर महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
कांग्रेस नेता डी. के. सुरेश ने सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर एक महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिसने कथित तौर पर उनके नाम का दुरुपयोग करके कुछ लोगों को धोखा दिया। ऐश्वर्या गौड़ा और उसके पति हरीश के. एन. को शहर के चंद्रा लेआउट स्थित वाराही वर्ल्ड ऑफ गोल्ड की मालिक वनिता ऐथल की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया। ऐश्वर्या गौड़ा ने ऐथल से 14.660 किलोग्राम सोना उधार लिया था, लेकिन उसे वापस नहीं किया। उसने खुद को पूर्व सांसद डी के सुरेश की बहन बताकर ऐथल का भरोसा जीत लिया था। सुरेश कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के छोटे भाई हैं। सुरेश ने अपनी लिखित शिकायत में कहा, ‘‘मीडिया में बताया गया है कि श्रीमती ऐश्वर्या गौड़ा उर्फ नव्याश्री ने मेरे नाम का दुरुपयोग करके कई लोगों से सोना और नकदी की ठगी की है।’’
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें