विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट किया, 'भारतीय भूकंप सहायता हवाई मार्ग से काबुल पहुंच गई है। कंबल, टेंट, स्वच्छता किट, जल भंडारण टैंक, जनरेटर, रसोई के बर्तन, पोर्टेबल वाटर प्यूरीफायर, स्लीपिंग बैग, आवश्यक दवाइयां, व्हीलचेयर, हैंड सैनिटाइजर, जल शोधन गोलियां, ओआरएस घोल और चिकित्सा उपभोग्य सामग्रियों समेत 21 टन राहत सामग्री आज हवाई मार्ग से पहुंचाई गई। भारत जमीनी हालात पर नजर बनाए रखेगा और आने वाले दिनों में और अधिक मानवीय सहायता भेजेगा।'
बंगलूरू में पांच नगर निगमों के गठन की अधिसूचना जारी
कर्नाटक सरकार ने मंगलवार को राज्य विधानमंडल के बजट सत्र में पारित ग्रेटर बंगलूरू गवर्नेंस एक्ट, 2024 के तहत पांच नगर निगमों के गठन की अधिसूचना जारी की। इस फैसले से बंगलूरू पश्चिम नगर निगम, बंगलूरू दक्षिण नगर निगम, बंगलूरू उत्तर नगर निगम, बंगलूरू पूर्व नगर निगम और बंगलूरू मध्य नगर निगम के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा। ये नए निकाय बृहत बंगलूरू महानगर पालिका (बीबीएमपी) का स्थान लेंगे, जिसे बंगलूरू महानगर पालिका के नाम से भी जाना जाता है। अधिसूचना में पांच निगमों की सीमाओं का भी निर्धारण किया गया है।
उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि ग्रेटर बंगलूरू अथॉरिटी (जीबीए) के तहत नवगठित निगमों के लिए व्यापक प्रशासनिक अनुभव वाले वरिष्ठ अधिकारियों को आयुक्त नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा, 'हमने निगमों के लिए अधिकारियों की नियुक्ति पर चर्चा की और स्थानीय स्तर पर पहले से कार्यरत अधिकारियों को नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।' जीबीए का नेतृत्व मुख्यमंत्री पदेन अध्यक्ष के रूप में करेंगे, जबकि बंगलूरू विकास मंत्री पदेन उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे।
रेलवे बोर्ड ने एससी जैन को बनाया आरवीएनएल का प्रमुख
रेलवे बोर्ड ने रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का अतिरिक्त प्रभार अपने अतिरिक्त सदस्य एससी जैन को सोमवार से सौंप दिया है। सितंबर 2018 से आरवीएनएल के सीएमडी के रूप में कार्यरत प्रदीप गौर के 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें ये कार्यभार सौंपा गया। आरवीएनएल ने एक प्रेस नोट में बताया कि 1987 बैच के भारतीय रेलवे इंजीनियर्स सेवा (आईआरएसई) अधिकारी प्रदीप गौर ने विकास, विविधीकरण और परिवर्तन की विरासत छोड़ी है। उनके नेतृत्व में, आरवीएनएल ने लगातार उत्कृष्ट रेटिंग हासिल की, नए पंबन ब्रिज जैसे इंजीनियरिंग के चमत्कार दिए और 10 प्रमुख भारतीय शहरों में मेट्रो नेटवर्क को मजबूत करने के लिए काम शुरू किया।
गाय को मिले राष्ट्रीय माता का दर्जा : कांग्रेस सांसद गेनीबेन
गुजरात की एक मात्र कांग्रेस सांसद गेनीबेन ठाकोर ने केंद्र से गायों को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग की है। उन्होंने कहा, देशभर के लोग इस मांग का समर्थन करते हैं। कई स्थानों पर इसके लिए धरने दिए जा रहे हैं। उन्होंने गुजरात सरकार को भी पत्र लिख कर गायों को राज्य माता का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा, पूरे देश के लोगों की एक ही मांग है कि गो माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिया जाए...। मैं उन सभी साधु-संतों के साथ हूं जो गुजरात सरकार से कच्छ जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने गो माता को राज्य माता का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं।
रजित पुन्हानी बने एफएसएसएआई के नए सीईओ
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पदभार रजित पुन्हानी ने सोमवार को संभाला। वह 1991 बैच के बिहार काडर के आईएएस अधिकारी हैं। एफएसएसएआई, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत स्थापित एक वैधानिक निकाय है। पुन्हानी के पास केंद्र, राज्य और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तीन दशक से ज्यादा का प्रशासनिक अनुभव है। इससे पहले, पुन्हानी कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के सचिव, राज्यसभा के सचिव और संसद टीवी के सीईओ जैसे पदों पर रह चुके हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से अर्थशास्त्र (ऑनर्स) में स्नातक और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, बंगलूरू से एमबीए है।
वकील दंपती की हत्या की सीबीआई ने शुरू की जांच
सीबीआई ने तेलंगाना के वकील दंपती की हत्या की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी ने चार साल पहले तेलंगाना के पेड्डापल्ली में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में एफआईआर दर्ज की है। पीड़ित पिता गट्टू किशन राव ने अपने बेटे गट्टू वामन राव और बहू पी नागमणि की हत्या की जांच सीबीआई से कराने की गुहार लगाई थी। वामन और उनकी पत्नी तेलंगाना हाईकोर्ट में वकालत करते थे।
इसरो ने चंद्रयान-3 पर रिसर्च के लिए वैज्ञानिकों को किया आमंत्रित
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने देश के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और शिक्षकों से चंद्रयान-3 मिशन के दौरान प्राप्त हुए डाटा के इस्तेमाल के लिए प्रस्ताव आमंत्रित (एओ) किए हैं। जुलाई 2023 में लॉन्च हुए चंद्रयान-3 मिशन ने चांद की सतह पर एक दिन तक रहकर भूकंपीय गतिविधि, तापीय गुण, प्लाज्मा वातावरण और तत्वों की संरचना से जुड़े अहम आंकड़े जुटाए थे।
इसरो ने बताया कि इन आंकड़ों का विश्लेषण कर वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित किया गया है और इन्हें पिछले साल अगस्त से आम लोगों के लिए भी उपलब्ध करा दिया गया है। अब एजेंसी चाहती है कि देश के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, शोध संस्थानों और सरकारी संगठनों के वैज्ञानिक और शिक्षक चंद्रयान-3 के इस डाटा पर और रिसर्च करें।
चंद्रयान-1 और चंद्रयान-2 से मिले आंकड़ों का पहले ही भारतीय वैज्ञानिकों ने व्यापक रूप से उपयोग कर चांद की सतह, भीतर की संरचना और विकास प्रक्रिया को समझा है। इसी तरह चंद्रयान-3 के आंकड़ों पर भी नए शोध को प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसरो ने कहा कि प्रस्ताव भेजने की आखिरी तारीख 21 अक्तूबर रखी गई है। इच्छुक लोग इसरो के प्रदान पोर्टल पर उपलब्ध डाटा एक्सेस कर अपने विचार और प्रोजेक्ट जमा कर सकते हैं।
भारतीय सेना ने नेपाल सेना को 6 स्वदेशी ड्रोन सौंपे
भारतीय सेना ने कहा कि उसने सोनौली स्थित एकीकृत चेक पोस्ट पर आयोजित एक विशेष समारोह में अपने नेपाली समकक्ष को छह स्वदेशी लक्ष्य अभ्यास ड्रोन और जमीनी सहायता उपकरण सौंपे हैं। सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी और इसे भारत-नेपाल मैत्री, सीमाओं से परे भाईचारा टैग किया।सेना ने कहा कि वह नेपाली सेना की क्षमता वृद्धि में सहयोग देने तथा गहन द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। मालूम हो कि पड़ोसी प्रथम नीति के तहत भारत नेपाल की यथासंभव मदद करता रहा है। इसके साथ ही भूटान व अन्य देशों के साथ भी भारत का सहोयगात्मक रवैया रहा है।
जनगणना के लिए खर्च होंगे 14,619 करोड़ रुपये
भारत के महापंजीयक (आरजीआई) ने 2027 की जनगणना के लिए 14,618.95 करोड़ रुपये के बजट की मांग की है। आरजीआई ने इसे व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की मंजूरी के लिए भेजा है। ईएफसी से मंजूरी के बाद, गृह मंत्रालय इसे केंद्रीय मंत्रिमंडल के सामने पेश करेगा।
ईस्टर्न सेक्टर में सेना ने किया अगली पीढ़ी के युद्ध का प्रदर्शन
चीन से सहज होते रिश्तों के बीच भारत रक्षा तैयारियों के मामले में अपने कदम फूंक-फूंक कर रख रहा है। एससीओ समिट के दौरान भारत और चीन के रिश्तों की गर्माहट पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकीं रहीं, लेकिन इसी बीच भारतीय सेना ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र में अगली पीढ़ी के सैन्य अभ्यास का प्रदर्शन किया।
तवांग के कामेंग क्षेत्र की दुर्गम पहाड़ियों में युद्ध कौशल 3.0 नाम के इस अभ्यास में सेना ने मल्टी डोमेन युद्धक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए ड्रोन द्वारा निगरानी, लक्ष्य की रीयल-टाइम पहचान और आसमान से लेकर समुद्र तक अपनी सटीक प्रहार करने की क्षमता को धार दी। सेना की गजराज कोर ने अपने बयान में कहा कि अभ्यास से यह साबित हुआ है कि स्वदेशी रक्षा नवाचार के माध्यम से युद्ध में जीत दिलाने वाली अहम तकनीकें विकसित हो रही हैं।
बंगलूरू में निर्माण स्थल पर मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत
बंगलूरू के येलहंका इलाके में एक निर्माण स्थल पर काम कर रहे दो मजदूरों की उस समय मौत हो गई जब नींव की खुदाई के दौरान मिट्टी ढह गई। यह हादसा सोमवार देर रात को हुआ।
पुलिस के मुताबिक, जे शिवा (30 वर्षीय) और मधुसूदन रेड्डी (55 वर्षीय) एक बड़े निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे। सोमवार रात हुई तेज बारिश के कारण मिट्टी ढीली हो गई और दोनों मजदूरों पर गिर गई। शिवा की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि मधुसूदन को अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार तड़के उनकी भी मौत हो गई। इस घटना को लेकर येलहंका पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मणिपुर में हथियार और गोला-बारूद के साथ चार गिरफ्तार
मणिपुर की इंफाल घाटी के विभिन्न हिस्सों से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। वे केशाल ग्राम स्वयंसेवी संगठन से जुड़े थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान राजकुमार सिद्धार्थ उर्फ मोमो (33), लैशराम रमेशोर मीतेई (44), अथोकपम ब्रोजेंद्रो सिंह (45) और लैशराम सचिकांत सिंह (25) के रूप में हुई है। उनके पास से 17 हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक तथा सैन्य उपकरण बरामद किए गए।
जमीयत उलेमा-ए-हिंद प्रतिनिधिमंडल के दौरे पर पुलिस की नजर
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को कहा कि जमीयत उलेमा-ए-हिंद का प्रतिनिधिमंडल असम के ग्वालपाड़ा जिले का दौरा कर रहा है और पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर रखेगी। उन्होंने बताया कि सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष महमूद मदनी कर रहे हैं। सीएम ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आगामी बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) चुनावों और जिले में संवेदनशील स्थिति को देखते हुए, असम पुलिस शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी जारी रखेगी। जिला प्रशासन भी यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है कि हर समय सार्वजनिक व्यवस्था बनी रहे। जमीयत उलेमा-ए-हिंद सरमा की चल रही बेदखली मुहिम की आलोचना कर रहा है, जिसके दौरान हजारों बंगाली भाषी मुस्लिम परिवारों को बेदखल कर दिया गया है।
यूएई में भारत के अगले राजदूत बने वरिष्ठ राजनयिक दीपक मित्तल
अनुभवी राजनयिक दीपक मित्तल को मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया। 1998 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी मित्तल वर्तमान में प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक संक्षिप्त नोट में कहा, 'उनके जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है।'
बता दें कि दीपक मित्तल इससे पहले 2020 से 2022 तक कतर में भारत के राजदूत रह चुके हैं। दोहा में उनके कार्यकाल के दौरान, नई दिल्ली ने अगस्त 2021 में काबुल में तालिबान के सत्ता पर कब्ज़ा करने के कुछ हफ्ते बाद, उसके साथ पहला राजनयिक संपर्क स्थापित किया। दीपक मित्तल ने 2018 से 2020 तक दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के मुख्यालय में पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान-ईरान (पीएआई) डेस्क का भी कार्यभार संभाला। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब 2022 में दोनों देशों के बीच एक महत्वाकांक्षी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच संबंधों में बढ़ोत्तरी हुई है।
सरकारी विभागों ने भ्रष्टाचार के 23 मामलों में सीवीसी की सलाह का अनुपालन नहीं किया
केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने अपनी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी विभागों की तरफ से अनुपालन न करने के 23 मामलों की पहचान की है, जहां भ्रष्टाचार के मामलों में उसकी सलाह को काफी कमजोर किया गया था। इन मामलों में, सबसे ज्यादा पांच मामले रेल मंत्रालय की तरफ से और दो-दो मामले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) और एनर्जी एफिशिएंसी सर्विस लिमिटेड (ईईएसएल) की तरफ से दर्ज किए गए।
दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण (डीपीए), भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), आईडीबीआई बैंक लिमिटेड और इंडियन ओवरसीज बैंक समेत अन्य की तरफ से एक-एक मामला दर्ज किया गया। आयोग ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट 2024 में, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी), भारतीय कपास निगम (सीसीआई), खनिज अन्वेषण एवं परामर्श लिमिटेड (एमईसीएल), सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), प्रसार भारती और जवाहर नवोदय विद्यालय की तरफ से अपनी सलाह का पालन न करने के एक-एक मामले का भी हवाला दिया। सत्यनिष्ठा निगरानी संस्था की हाल ही में जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि आयोग की सलाह को न मानने से सतर्कता प्रक्रिया दूषित होती है और सतर्कता प्रशासन की निष्पक्षता कमजोर होती है।
कर्नाटक: दुष्कर्म के मामले में सात गिरफ्तार
मंगलुरु पुलिस ने मंगलवार को बताया कि गुरुपुरा कैकम्बा में किन्निकंबला के पास एक जूनियर कॉलेज छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता लगभग दो महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए एक आरोपी से परिचित हुई थी। उनकी ऑनलाइन बातचीत एक रिश्ते में बदल गई।
29 जून को, कार्तिक ने कथित तौर पर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने स्कूटर पर वलाचिल के एक होटल में दोपहर के भोजन के लिए ले गया और बाद में अड्यार फॉल्स के पास एक जंगली इलाके में ले गया। पुलिस ने कहा कि उसने वहां उसका यौन उत्पीड़न किया। उसके साथी ने भी पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। मुख्य आरोपी ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे अपने दोस्तों के बीच प्रसारित कर दिया।
आरोपियों की पहचान कार्तिक, राकेश सलदाना, जीवन, संदीप, रक्षित, श्रवण और सुरेश के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि अन्य पांच लोगों को वीडियो को प्रसारित करने और उसे बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अरुणाचल: लड़की को बचाया गया, अपहरणकर्ता असम से गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 26 अगस्त को नाहरलागुन से लापता हुई 17 वर्षीय लड़की को असम के सोनितपुर जिले के तेजपुर में पुलिस द्वारा खोजे जाने के एक सप्ताह के भीतर ही बचा लिया गया और आरोपी, जिसकी पहचान 19 वर्षीय शंकर नाथ के रूप में हुई है, को गिरफ्तार कर लिया गया। नाहरलागुन की एसपी डॉ. नीलम नेगा ने बताया कि शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को लड़की को बरामद कर लिया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
नाहरलागुन पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। नेगा ने युवाओं से गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त होने के बजाय शिक्षा, कौशल और व्यक्तिगत विकास पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा, 'कानून का उल्लंघन जीवन में केवल असफलताएँ लाता है, जबकि ज्ञान और कड़ी मेहनत अवसरों के द्वार खोलती है।'
ओडिशा में बंगाली बोलने पर श्रमिक से मारपीट
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सांसद समीरुल इस्लाम ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के एक प्रवासी श्रमिक बिनॉय बेसरा को ओडिशा में सिर्फ बंगाली बोलने पर पीटा गया। इस्लाम ने कहा कि गांव वालों ने पहले उसे रोका और फिर मारपीट की। बाद में वह किसी तरह बचकर निकला। सांसद ने भाजपा शासित ओडिशा पर 'बंगाल विरोधी हिंसा' का आरोप लगाया।
टीएमसी विधायक के काफिले की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार की मौत
दक्षिण 24 परगना जिले में टीएमसी विधायक शौकत मोल्ला के काफिले की गाड़ी से मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। घटना बामनघाटा इलाके में हुई, जब काफिले की पायलट कार मोटरसाइकिल से टकराई और फिर बिजली के खंभे से भिड़ गई। घायल युवक मोहम्मद ताजुद्दीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कल कोलकाता मेट्रो में आठ लाख से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर
कोलकाता मेट्रों के अधिकारियों ने एक बयान में बताया कि 1 सितंबर को सभी कॉरिडोर पर लगभग 8.07 लाख यात्रियों ने कोलकाता मेट्रो रेलवे सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें से लगभग 5.84 लाख यात्रियों ने ब्लू लाइन (दक्षिणेश्वर-शहीद खुदीराम) में यात्रा की, जिनमें सबसे ज्यादा 66000 से ज्यादा यात्री दमदम स्टेशन पर दर्ज किए गए। बयान में कहा गया है कि एस्प्लेनेड और रवींद्र सदन स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या क्रमशः 57,000 से ज़्यादा और लगभग 41,000 थी। ग्रीन लाइन (हावड़ा मैदान-साल्ट लेक सेक्टर V) में सोमवार को 2.04 लाख से ज्यादा यात्रियों ने यात्रा की।
इस कॉरिडोर में, सियालदह स्टेशन पर सबसे ज़्यादा 49,000 से ज़्यादा यात्रियों की उपस्थिति दर्ज की गई। बयान में कहा गया है कि हावड़ा स्टेशन पर यात्रियों की संख्या 48700 से ज्यादा और हावड़ा मैदान पर 25500 से ज्यादा थी। येलो लाइन (नोआपारा-जय हिंद विमानबंदर), ऑरेंज कॉरिडोर (कवि सुभाष-बेलेघाटा) और पर्पल लाइन (जोका-माजेरहाट) पर सोमवार को यात्रियों की संख्या क्रमशः लगभग 7000, 5500 और 6700 रही।
इस बीच, अधिकारियों ने 3 सितंबर से ब्लू लाइन पर दमदम से शहीद खुदीराम स्टेशनों तक विशेष रात्रि मेट्रो ट्रेन सेवाओं को स्थगित करने की घोषणा की है। मेट्रो के प्रवक्ता ने कहा, 'कवि सुभाष स्टेशन के ओवरहालिंग के कारण, जहां से ब्लू लाइन सेवाएं एक महीने से ज्यादा समय से निलंबित हैं, और परिचालन संबंधी बाधाओं और रखरखाव संबंधी समस्याओं के कारण, 3 सितंबर से ब्लू लाइन पर रात 10:40 बजे विशेष रात्रि मेट्रो सेवाएं चलाना संभव नहीं होगा।'
एनसीबी चेन्नई ने चेन्नई अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से पांच किलो कोकीन किया बरामद
एनसीबी चेन्नई ने एयर इंटेलिजेंस यूनिट, चेन्नई कस्टम्स के साथ एक संयुक्त अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप चेन्नई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 5.618 किलोग्राम कोकीन जब्त की गई। दो भारतीय नागरिक - एक बागेश्वर, यूके (25 वर्षीय बीए ग्रेजुएट) और चंबा, एचपी (26 वर्षीय आईटीआई पास) क्रमशः अपने सामान में अदीस अबाबा, इथियोपिया से चेन्नई के लिए इथियोपियन एयरलाइंस की उड़ान से लाए गए कॉन्ट्रैबैंड को ले जाते हुए इस ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार किया गया था। जब्त किए गए कॉन्ट्रैबैंड का सड़क मूल्य, जो उच्च श्रेणी का कोकीन है, भारत में कम से कम 60 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। कोकीन को एक ग्राम के पाउच में खुदरा में बेचा जाता है, और कोकीन में मिलावट के स्तर के आधार पर एक ग्राम पाउच की कीमत 8000 रुपये से 12000 रुपये के बीच होती है।
मणिपुर में राज्यसभा सांसद के घर के पास मिले दो ग्रेनेड
मणिपुर के राज्यसभा सांसद सनाजाओबा लीशेम्बा के इंफाल स्थित घर के पास सोमवार को दो ग्रेनेड मिले। उन्होंने बताया कि सांसद के पैलेस कंपाउंड स्थित आवास से करीब 50 मीटर दूर बाल विद्या मंदिर स्कूल के मुख्य द्वार पर ग्रेनेड बरामद किए गए। स्कूल में तैनात सीआरपीएफ कर्मियों ने ग्रेनेड देखे। बम निरोधक दस्ते ने बाद में पाया कि दोनों ग्रेनेडों में डेटोनेटर गायब थे, जिसके कारण उन्हें ट्रिगर नहीं किया जा सका। पोरोमपत पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच कर रहा है।
ओडिशा पुलिस ने 2025 में 1,200 से ज्यादा लापता बच्चों और 6,600 से अधिक महिलाओं को बचाया
ओडिशा पुलिस ने 2025 में अब तक 1,209 लापता बच्चों को बचाया है, जिनमें से 1,078 लड़कियां हैं। इसके अलावा 6,667 गुमशुदा महिलाओं को भी पुलिस ने विशेष अभियानों के तहत ढूंढ निकाला है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 358 बच्चों और 2,059 महिलाओं का 'ऑपरेशन अन्वेषण' नाम के विशेष अभियान के जरिए पता लगाया गया। यह अभियान राज्यभर में 18 अगस्त से 22 अगस्त तक चलाया गया था।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, सबसे ज्यादा 45 बच्चे और 504 महिलाएं पुरी जिले की पुलिस ने ढूंढ निकालीं। इसके बाद भद्रक जिले में 37 बच्चे और 318 महिलाएं, और कटक में 21 बच्चे और 304 महिलाएं ढूंढी गईं। 'ऑपरेशन अन्वेषण' के अलावा फरवरी, अप्रैल और मई में भी लापता महिलाओं और बच्चों को खोजने के लिए अभियान चलाए गए। फरवरी में हुए अभियान में 139 बच्चे और 593 महिलाएं, अप्रैल में 421 बच्चे और 3,073 महिलाएं और मई में 291 बच्चे और 942 महिलाएं ढूंढी गईं। मई का अभियान 19 मई से 22 मई तक चलाया गया था।
विक्रम मिसरी ने एससीओ में उठाया संयुक्त राष्ट्र सुधार का मुद्दा
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने तियानजिन में एससीओ प्लस बैठक में संयुक्त राष्ट्र सुधार के महत्व पर जोर दिया और सतत विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग को प्राथमिकता बनाए रखने की जरूरत है।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को एससीओ बैठक में विदेश सचिव की भागीदारी का ब्योरा साझा किया। उन्होंने लिखा, विदेश सचिव ने तियानजिन में संयुक्त राष्ट्र में सुधार की भारत की मांग को दोहराया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई एससीओ की एक महत्वपूर्ण प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने एससीओ भागीदारों के साथ सतत विकास के लिए अपनी विशेषज्ञता और पहलों को साझा करने की तत्परता को रेखांकित किया।