फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: हमले का डर पाकिस्तान में हड़कंप, PoK में मदरसे बंद; जयशंकर ने EU के विदेश मामलों के प्रभारी से बात की

Fri, 02 May 2025 11:00 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

भारत के हमले के डर से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। पाकिस्तान ने उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में सभी मदरसों को दस दिन के लिए बंद कर दिया है। इससे पहले पीओके जाने वाली उड़ाने रद्द की थी औंर कराची व लाहौर का एयरस्पेस बंद किया था। पाकिस्तान में डर का ऐसा माहौल है कि वहां के लोग गूगल पर भारत की सैन्य शक्ति, राफेल की मारक क्षमता और युद्ध की संभावनाओं के बारे में सर्च कर रहे हैं। वहीं पाकिस्तान की सरकार ने पीओके में लोगों को दो महीने का राशन जमा करने का आदेश दिया है।

विज्ञापन


जयशंकर ने ईयू के विदेश मामलों के प्रभारी से बात की
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को यूरोपीय संघ के अपने समकक्ष काजा कल्लस से बात की और पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा की। फोन पर बातचीत के बाद, जयशंकर ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की यूरोपीय संघ द्वारा की गई कड़ी निंदा का स्वागत किया। जयशंकर ने एक्स पर कहा, आज शाम काजा कल्लस से बात करके अच्छा लगा। पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा की। आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की यूरोपीय संघ द्वारा की गई कड़ी निंदा का स्वागत किया। कल्लस ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार से भी बात की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ता तनाव चिंताजनक हैं। मैं दोनों पक्षों से संयम बरतने और स्थिति को बेहतर बनाने के लिए बातचीत करने का आग्रह करता हूं। तनाव बढ़ने से किसी को कोई फायदा नहीं होता।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए लॉन्च किया गया 'एजिंग विथ डिग्निटी' पोर्टल
वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक ऐसा पोर्टल लॉन्च किया गया है, जो सरकारी योजनाओं, कल्याणकारी पहलों, स्वास्थ्य सेवाओं और कई संगठनों की तरफ से आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी के लिए एकमात्र स्रोत (वन-स्टॉप रिसोर्स) के रूप में काम करेगा। 'एजिंग विथ डिग्निटी' नामक इस एप के लॉन्च के मौके पर सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सचिव अमित यादव ने कहा कि यह एक यूज-फ्रेंडली डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य बुजुर्गों के लिए जानकारी तक आसान पहुंच बनाना है। इस एप को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लॉन्च किया। उन्होंने देश के आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, तमिलनाडु और उत्तराखंड में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाए गए आश्रय गृहों का भी डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया। कानूनी बाधाओं के कारण 50 हजार करोड़ से अधिक की संपत्ति की जब्ती अटकी : ईडी
विज्ञापन

प्रवर्तन निदेशालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार 50,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति की जब्ती मुकदमेबाजी और स्थगन आदेश के कारण अटकी पड़ी है। इन संपत्तियों को ईडी ने धन शोधन निवारण कानून के तहत अनंतिम रूप से अटैच किया था। संघीय जांच एजेंसी को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच के दौरान उन संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच करने का अधिकार है, जिनके बारे में संदेह है कि वे अपराध की आय हैं। इस तरह के अनंतिम आदेश को जारी होने के 180 दिनों के भीतर उक्त कानून के न्यायाधिकरण की ओर से पुष्टि की जानी चाहिए। रिपोर्ट के अनुसार ईडी ने 2005 से लेकर 2025 तक पीएमएलए के प्रभावी होने के बाद से 1.55 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति अचैट की है, जिनमें से 1.07 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों की पुष्टि वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंत तक न्यायाधिकरण की ओर से की जा चुकी है, लेकिन कानूनी बाधाओं के कारण 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती अभी भी अटकी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार ईडी ने वर्ष 2005 से 2025 के बीच कुल 2,789 अटैच के आदेश जारी किए। इनमें से 2,220 की पुष्टि प्राधिकरण की ओर से की जा चुकी है।

असम में एनएचएआई सड़क परियोजना को लेकर जबरन वसूली मामले में दो और गिरफ्तार
असम के दीमा हसाओ जिले में एनएचएआई की सड़क परियोजना पर जबरन वसूली की मांग के मामले में पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान लैंटानलुंग बारियामताक (30) और हेलीवांग न्यूमे (28) के रूप में हुई है। असम के डीजीपी हरमीत सिंह ने इस गिरफ्तारी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आरोपियों के पास से एक 7.65 एमएम की पिस्तौल, एक मैगजीन और एक जिंदा गोला-बारूद बरामद किया गया है। पता चला है कि गिरफ्तार किए गए दोनों लोग एनएससीएन (आईएम) से जुड़े हैं और सार्जेंट के पद पर हैं। इससे पहले, संयुक्त अभियान के दौरान दीमा हसाओ जिले में असम पुलिस और असम राइफल्स के साथ भीषण मुठभेड़ में एनएससीएन (आईएम) के तीन उग्रवादी मारे गए थे।
 

एयर मार्शल नागेश कपूर ने दक्षिण-पश्चिमी वायु कमान की कमान संभाली
वरिष्ठ लड़ाकू पायलट एयर मार्शल नागेश कपूर ने बृहस्पतिवार को दक्षिण-पश्चिमी वायु कमान (एसडब्ल्यूएसी) के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पदभार संभाला। उनके पास 3,400 से अधिक उड़ान घंटों का अनुभव है। वह एयर मार्शल नरमदेश्वर तिवारी का स्थान लेंगे, जो 2 मई को वायुसेना उपप्रमुख का पद ग्रहण करेंगे। गुजरात के गांधीनगर में स्थित एसडब्ल्यूएसी मुख्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सम्मानित किया गया। भारतीय वायुसेना के एक बयान के अनुसार, एयर मार्शल कपूर ने दिसंबर 1985 में नेशनल डिफेंस अकादमी से ग्रेजुएशन किया और 6 दिसंबर 1986 को वायुसेना में कमीशन प्राप्त किया।

वह एक काबिल फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और फाइटर कॉम्बेट लीडर हैं। उनके पास मिग-21 और मिग-29 सहित कई लड़ाकू एवं प्रशिक्षण विमान उड़ाने का अनुभव है। उन्होंने डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज से भी प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अपने कॅरिअर के दौरान उन्होंने पाकिस्तान में डिफेंस अटैची, सेंट्रल सेक्टर में एक फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर, वेस्टर्न सेक्टर में एक एयरबेस के स्टेशन कमांडर और एक प्रमुख एयरबेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक

दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक चल रही है। बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और पार्टी सांसद राहुल गांधी, पार्टी सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कांग्रेस नेता मौजूद हैं।
 

भाजपा नेता एन जांगुरा मिजोरम के लाई स्वायत्त जिला परिषद के प्रमुख नियुक्त
मिजोरम के राज्यपाल जनरल विजय कुमार सिंह (सेवानिवृत्त) ने शुक्रवार को भाजपा नेता एन जांगुरा को दक्षिणी मिजोरम के लॉन्गतलाई जिले में लाई स्वायत्त जिला परिषद (एलएडीसी) का मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) नियुक्त किया। राज्य के जिला परिषद सचिव जोडिनपुई की तरफ से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जांगुरा को परिषद के सीईएम के रूप में अपनी नियुक्ति के 10 दिनों के भीतर सदन में अपना बहुमत साबित करने के लिए विश्वास मत का सामना करना होगा।

जांगुरा ने जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के नेता वी ज़िरसंगा की जगह ली। हाल ही में जांगुरा और बीएन थांगपुइया के जेडपीएम छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद ज़िरसंगा की अध्यक्षता वाली दो महीने पुरानी कार्यकारी समिति ध्वस्त हो गई। 24 अप्रैल को, भाजपा और एमएनएफ ने गठबंधन किया और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक अलायंस लेजिस्लेचर पार्टी (यूडीएएलपी) का गठन किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वनलालमुआका ने कहा कि भाजपा-एमएनएफ गठबंधन में अब 13 सदस्य हैं और जिला परिषद के एकमात्र कांग्रेस सदस्य सी लालहमुआनथांगा यूडीएएलपी को बाहरी समर्थन दे रहे हैं। जेडपीएम के वर्तमान में एलएडीसी में 11 सदस्य हैं। यूडीएएलपी ने जांगुरा को अपना नेता चुना और 25 सदस्यीय परिषद में अगली कार्यकारी समिति बनाने का दावा पेश किया। एलएडीसी में चार मनोनीत सदस्य भी हैं। 

जाति जनगणना: कांग्रेस पर बरसे केंद्रीय मंत्री
जाति जनगणना को राष्ट्रीय जनगणना में शामिल किए जाने पर केन्द्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, 'जाति जनगणना कांग्रेस की मांग की वजह से नहीं हुआ है, कांग्रेस पार्टी तेलंगाना में जाति जनगणना के नाम पर कोई ऑर्डर नहीं निकाली है बल्कि जाति सर्वे के नाम पर ही तेलंगाना में सर्वे किया है ये जनगणना नहीं है ये फर्जी जनगणना है, कोई आंकड़े ठीक नहीं है और न ही ठीक तरीके से सर्वे हुआ है...इसलिए ये जनगणना साइंटिफिक नहीं है। अभी भारत सरकार ने जो निर्णय लिया है संविधान के आधार पर जो एक्ट है उसके आधार जाति जनगणना होगी। राष्ट्रीय जनगणना में ही जाति जनगणना शामिल कर जाति जनगणना किया जाएगा। हमारे पास कोई तेलंगाना का रोल मॉडल नहीं है। तेलंगाना का फर्जी जनगणना है मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि आप 60 साल सत्ता में थे तो आपने जाति जनगणना क्यों नहीं किया ?'
 

चार राज्यों में चार महीने में 547 करोड़ की ड्रग्स जब्त, 15 गिरफ्तार- MHA
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने 547 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की और इस सिलसिले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, भारत आक्रामकता के साथ ड्रग कार्टेल को खत्म कर रहा है। एनसीबी की अमृतसर जोनल यूनिट ने 4 राज्यों में 4 महीने तक चले अभियान के दौरान ड्रग डायवर्जन कार्टेल को खत्म किया। इस दौरान 547 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की और 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पोस्ट में आगे कहा गया कि यह कार्रवाई प्रधानमंत्री के विजन के तहत नशा मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

कोलकाता के साल्ट लेक में लगी आग
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के साल्ट लेक सेक्टर 5 में एक इमारत में आग लगी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई है और आग को बुझाने के प्रयास जारी है।
 
 
विज्ञापन

ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में लगी आग
मध्य प्रदेश में ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में एक दुकान में कथित तौर पर गैस सिलेंडर लीक होने के कारण आग लग गई। 3 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें