भारत सरकार ने बताया कि केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
गोलीबारी में एक घायल
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के निमता में गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया। निमता पुलिस थाने के प्रभारी संजय कुंडू ने कहा कि शनिवार रात एक असामाजिक व्यक्ति ने अपने घर के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति को आरजी कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज चल रहा है। अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
तमिलनाडु में 10 स्थानों पर तलाशी
हिज्ब-उत-तहरीर मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) बड़ी कार्रवाई कर रही है। एजेंसी तमिलनाडु में 10 स्थानों पर तलाशी ले रही है।
त्रिपुरा में 11 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
बिना वैध यात्रा दस्तावेज के अगरतला रेलवे स्टेशन से देश में प्रवेश करने के आरोप में 11 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने वाले कुछ बांग्लादेशी नागरिकों के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। इसके आधार पर रेलवे पुलिस ने शनिवार शाम को उनकी तलाश शुरू की।
प्रभारी अधिकारी तापस दास ने बताया, 'हमने अगरतला रेलवे स्टेशन से पांच महिलाओं और छह पुरुषों समेत 11 लोगों को हिरासत में लिया है और उन्हें पूछताछ के लिए अगरतला जीआरपी थाना ले जाया गया है। पूछताछ के दौरान बांग्लादेशी नागरिक भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के लिए कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं दिखा सके।'
उन्होंने कहा कि 11 बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि 11 बांग्लादेशी नागरिक आजीविका कमाने के लिए चेन्नई, मुंबई और कोलकाता जाने की योजना बना रहे थे।
दास ने कहा, 'हम मानव तस्करी के प्रयासों की संभावना से इनकार नहीं कर सकते। हमने मामले की जांच शुरू कर दी है।'
इससे पहले 27 जून को अगरतला रेलवे स्टेशन से दो बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
विदेश मंत्री से मिले ओडिशा सीएम माझी
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर नई दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान माझी ने विदेश मंत्री से राज्य में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का वाणिज्य दूतावास खोलने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, माझी ने कहा, ओडिशा के कई लोग दुबई में काम कर रहे हैं, इसलिए यूएई का वाणिज्य दूतावास बहुत मददगार होगा। इस दौरान उन्होंने विदेश मंत्री का दुबई में फंसे राज्य के आठ लोगों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। साथ ही उनकी सुरक्षित वापसी के लिए जयशंकर से समर्थन मांगा। वहीं, विदेश मंत्री ने भी सीएम को इस संबंध में तत्काल कदम उठाने का वादा किया।
बैठक में राज्य की पर्यटन स्थिति पर भी चर्चा की गई। इस दौरान सीएम माझी ने विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र की स्थापना के बारे में विदेश मंत्री से अपने विचार साझा किए। इस दौरान बैठक में डिप्टी सीएम कनक वर्धन सिंह देव और पार्वती परिदा भी शामिल हुए।
विदेश मंत्री से मुलाकात के बाद सीएम माझी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने नड्डा से आग्रह किया कि राज्य के जिन जिलों में एक भी मेडिकल कॉलेज नहीं है, वहां पर स्थापित किए जाएं। सीएम ने एम्स-भुवनेश्वर के विस्तार और संबलपुर में एक और एम्स स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की।