फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: अमरेली एयरपोर्ट पर ट्रेनर विमान फिसला; पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन से की मुलाकात

Sun, 28 Sep 2025 08:57 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

गुजरात के अमरेली हवाईअड्डे पर रविवार दोपहर एक सिंगल-सीटर ट्रेनर विमान रनवे पर लैंडिंग के दौरान फिसल गया। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई और प्रशिक्षु पायलट सुरक्षित है। अमरेली कलेक्टर विकल्प भारद्वाज ने बताया कि यह विमान हवाईअड्डे से संचालित एक निजी एविएशन अकादमी का था। कलेक्टर ने कहा, विमान लैंडिंग के तुरंत बाद रनवे से फिसल गया और रनवे के किनारे कच्चे हिस्से में चला गया। विमान को कुछ नुकसान हुआ, प्रशिक्षु पायलट भी सुरक्षित है। घटना की जांच सिविल एविएशन प्राधिकरण करेगा। हवाईअड्डे के पास रहने वाले एक व्यक्ति की ओर से बनाई गई वीडियो में विमान जमीन पर झुका हुआ दिखाई दे रहा है और यह रनवे से कुछ दूरी पर गिरा पड़ा है। गौरतलब है कि इस साल अप्रैल में भी अमरेली हवाईअड्डे से उड़ान भरने के बाद एक ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें एक प्रशिक्षु पायलट की जान चली गई थी।

विज्ञापन


पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन से की मुलाकात
रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन से मुलाकात की। सीपी राधाकृष्णन इस महीने ही उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण किए हैं। इस बात की जानकारी उपराष्ट्रपति सचिवालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर के दी। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उपराष्ट्रपति के आवास परिसर में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भेंट की। यह मुलाकात दोनों शीर्ष नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को दर्शाती है।

रियर एडमिरल विवेक दहिया ने संभाला वेस्टर्न फ्लीट की कमान
रियर एडमिरल विवेक दहिया, एनएम ने मुंबई में आयोजित एक औपचारिक परेड के दौरान रियर एडमिरल राहुल विलास गोकले, वाईएसएम एनएम से भारतीय नौसेना की वेस्टर्न फ्लीट की कमान संभाल ली है। रियर एडमिरल विवेक दहिया को 1 जुलाई 1993 को भारतीय नौसेना में कमीशन किया गया था। वे एक अनुभवी और वरिष्ठ नौसेना अधिकारी हैं, जिन्हें उनकी सेवाओं के लिए नौ सेना मेडल (एनएम) से सम्मानित किया जा चुका है। यह परिवर्तन नौसेना के नेतृत्व में नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, जो संचालन में निरंतरता और मजबूती सुनिश्चित करता है।
विज्ञापन


अहमदाबाद में सातवीं मंजिल से गिरकर यूपी के दो मजदूरों की मौत
गुजरात के अहमदाबाद में एक आवासीय इमारत की सातवीं मंजिल से गिरकर उत्तर प्रदेश के दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा रविवार दोपहर दक्षिण बोपल इलाके में स्थित एक सोसायटी में हुआ। 10 मजदूर यहां एक विज्ञापन कंपनी का विशाल होर्डिंग लगा थे। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से राज और महादेव नामक दो लोग सातवीं मंजिल से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान होर्डिंग भी एक बिजली के खंभे पर जा गिरा और इमारत के नीचे खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने बताया कि यह होर्डिंग आवासीय सोसाइटी के साथ एक समझौते के तहत लगाया जा रहा था। मामले की जांच जारी है।

राहुल दक्षिण अमेरिकी 4 देशों की यात्रा पर रवाना
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चार दक्षिण अमेरिकी देशों पेरू, चिली, ब्राजील और कोलंबिया की यात्रा पर गए हैं। अपने दस दिवसीय दौरे पर राहुल इन देशों के शीर्ष नेताओं और कारोबारियों से मुलाकात के अलावा छात्रों के साथ भी संवाद करेंगे। कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर लिखा, राहुल चार दक्षिण अमेरिकी देशों की यात्रा पर हैं।

यात्रा के दौरान वह विभिन्न देशों के शीर्ष नेताओं, कारोबारियों से मुलाकात करेंगे। वह ब्राजील और कोलंबिया में विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ संवाद करेंगे। इस यात्रा का मकसद रणनीतिक और लोकतांत्रिक देशों के साथ संबंधों को मजबूत करना है। हालांकि, भाजपा ने राहुल की यात्रा पर कटाक्ष किया है। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल भारत विरोधी वैश्विक गठबंधन बना रहे हैं। राहुल की विचारधारा के समर्थक सोनम वांगचुक को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत गिरफ्तार किया गया है। 

एनआईए ने कश्मीर में हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी की अचल संपत्तियां कीं अटैच
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को हिजबुल मुजाहिदीन (एचएम) के एक आतंकी की अचल संपत्तियां अटैच कीं। तारिक अहमद मीर नाम का यह आतंकी कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबंधित संगठन के सक्रिय सदस्यों को हथियार और गोला-बारूद की आपूर्ति करने में शामिल था। जम्मू स्थित एनआईए की विशेष अदालत के आदेश पर जांच एजेंसी ने मीर की अचल संपत्तियां अटैच करने की कार्रवाई की।

जांच एजेंसी ने कहा कि यह कार्रवाई भारत की शांति, स्थिरता व सद्भाव को बाधित करने के उद्देश्य से कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एनआईए की चल रही कार्रवाई का हिस्सा थी। एनआईए के मुताबिक, अटैच की गई संपत्तियों में 780 वर्ग फुट पर बनी कंक्रीट की एक मंजिला आवासीय इमारत और जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के मालदेरा गांव में बाग के आकार का आठ मरला जमीन का एक टुकड़ा शामिल है। मीर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल है। उसे अप्रैल में आतंकवाद से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सदस्य सैयद नवीद मुश्ताक के सहयोगी मीर के खिलाफ अक्तूबर 2024 में एनआईए अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई थी। 

2 अक्तूबर से जन योजना अभियान चलाएगा पंचायती राज मंत्रालय
पंचायती राज मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि वह 2 अक्तूबर से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जन योजना अभियान शुरू करेगा, जिससे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पंचायत विकास योजनाओं (पीडीपी) की तैयारी की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 2018 में अपनी शुरुआत के बाद से, जन योजना अभियान ने पंचायतों को विशेष ग्राम सभा बैठकों के माध्यम से साक्ष्य-आधारित, अभिसारी और समावेशी योजनाएं तैयार करने में सक्षम बनाया है। पिछले कुछ वर्षों में, राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और पंचायती राज संस्थाओं की प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है। ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2019-20 से अब तक 18.13 लाख से अधिक पंचायत विकास योजनाएं अपलोड की जा चुकी हैं, जिनमें ग्राम पंचायत विकास योजनाएं (जीपीडीपी), ब्लॉक पंचायत विकास योजनाएं (बीपीडीपी) और जिला पंचायत विकास योजनाएं (डीपीडीपी) शामिल हैं। इनमें से 2.52 लाख से अधिक योजनाएं 2025-26 के लिए चल रही प्रक्रिया से संबंधित हैं।

आंध्र प्रदेश में उबलते दूध में गिरने से बच्ची की मौत
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के कोर्रापाडु गांव में दर्दनाक हादसा हुआ। एक 16 महीने की बच्ची उबले हुए दूध के बड़े बर्तन में गिर गई, जिससे उसे गंभीर जलन हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह घटना 20 सितंबर को एक गुरुकुल स्कूल में हुई। बच्ची एक बिल्ली के पीछे भाग रही थी और खेलते-खेलते रसोईघर में पहुंच गई। वहां रखे उबले दूध के बर्तन में उसका पैर फिसल गया और वह उसमें गिर पड़ी।

अनंतपुर ग्रामीण के डिप्टी एसपी टी. वेंकटेसुलु ने बताया, 'बच्ची को तुरंत स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे कर्नूल के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन दिन इलाज के बाद 23 सितंबर को उसकी मौत हो गई।' घटना के समय बच्ची की मां चल्ला कृष्णावेनी, जो उसी स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड है, रसोईघर में कॉफी बना रही थीं। बच्ची की चीख सुनकर वह दौड़ीं, तुरंत उसे बाहर निकाला, पानी डाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 194 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

मिजोरम की सबसे बुजुर्ग महिला का 108 वर्ष की उम्र में निधन
मिजोरम की सबसे बुजुर्ग महिला लालनेइहसांगी का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। वह 108 वर्ष की थीं। उन्होंने बताया कि शतायु महिला का शनिवार शाम करीब 7.55 बजे आइजोल के एबेनेजर मेडिकल सेंटर में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार रविवार दोपहर करीब 1 बजे आइजोल के खटला मोहल्ले में उनके आवास पर होगा। लालनेइहसांगी, जिन्हें स्थानीय लोग प्यार से 'पी बुआंगी' कहते थे, को 13 सितंबर को समाज कल्याण मंत्री लालरिनपुई ने मिजोरम की सबसे बुजुर्ग महिला घोषित किया था। आइजोल के वेंघलुई इलाके में जन्मी और पली-बढ़ी लालनेइहसांगी 14 अप्रैल को 108 वर्ष की हो गईं। उन्होंने कोलकाता के बेहाला गर्ल्स होम में काम किया था, जिसके कारण उन्हें पुनर्वास केंद्र में काम करने वाली मिजो लोगों में पहली महिला होने का गौरव प्राप्त हुआ। समाज में उनके योगदान के लिए उन्हें 2022 में 'वुमेन ऑफ सब्सटेंस' पुरस्कार से सम्मानित किया गया।


असम के तीन जिलों में छह महीने के लिए बढ़ाया गया अफस्पा
असम के तीन जिलों में सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम या अफ्स्पा को 1 अक्तूबर से छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। राज्य के राजनीतिक (ए) विभाग की ओर से शनिवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य सरकार ने केंद्र से सिफारिश की थी कि अफ्स्पा के तहत अशांत क्षेत्र का दर्जा तिनसुकिया, चराइदेव और शिवसागर जिलों में छह महीने की अतिरिक्त अवधि के लिए बढ़ाया जाए। केंद्रीय गृह मंत्रालय तीनों जिलों में दर्जा बनाए रखने के राज्य सरकार के विचार से सहमत है और विस्तार दिया गया है।

राज्य सरकार ने कहा कि उग्रवादी हिंसा के संदर्भ में राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति में सुरक्षा बलों के निरंतर प्रयासों और सक्रिय उग्रवाद विरोधी उपायों के कारण उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इसमें कहा गया है कि इन सुधारों के बावजूद, राज्य में सक्रिय एकमात्र उग्रवादी समूह, संदिग्ध उल्फा (आई) कैडरों की (हिंसा की) छिटपुट घटनाएं हुई हैं। साथ ही एनएससीएन (के-वाईए) कैडरों की आवाजाही भी हुई है, जिसका मुख्य उद्देश्य इन तीन जिलों में जबरन वसूली, विध्वंसक गतिविधियां और युवाओं की भर्ती करना है। 1 अप्रैल, 2022 को नौ जिलों और कछार जिले के एक उप-मंडल को छोड़कर पूरे राज्य से अफ्स्पा हटा लिया गया था। इसके बाद, इसे चरणों में छह जिलों से हटाया गया।
 
विज्ञापन

भूटान तस्करी मामले में सीमा शुल्क विभाग ने जब्त की दुलकर सलमान से जुड़ी एक और लग्जरी कार
भूटान से लग्जरी वाहनों की तस्करी की जांच कर रहे सीमा शुल्क अधिकारियों ने मलयालम अभिनेता दुलकर सलमान की एक और कार जब्त की है। इस मामले में अब तक 40 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। इनमें अभिनेता से जुड़ी तीन गाड़ियां भी शामिल हैं। सीमा शुल्क विभाग के सूत्रों ने बताया कि वेन्नाला स्थित एक अपार्टमेंट परिसर से एक लाल निसान पेट्रोल एसयूवी जब्त की गई, जहां दुलकर का एक रिश्तेदार रहता है। जांचकर्ताओं ने बताया कि एसयूवी को भूटान से तस्करी करके हिमाचल प्रदेश लाया गया था, जहां अभिनेता को बेचने से पहले इसका दोबारा पंजीकरण कराया गया। यह घटनाक्रम दुलकर की ओर से केरल हाईकोर्ट में दायर एक याचिका के एक दिन बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी जब्त की गई 2004 लैंड रोवर डिफेंडर को वापस लेने की मांग की थी। अपनी याचिका में, उन्होंने तर्क दिया कि यह एसयूवी मूल रूप से अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति (आईसीआरसी) की ओर से नई दिल्ली स्थित अपने क्षेत्रीय प्रतिनिधिमंडल को भेजी गई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें