फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: राहुल गांधी ने इंडोनेशिया के नए राष्ट्रपति को दी बधाई; सीएम एमके स्टालिन की केंद्र सरकार से अपील

Mon, 28 Oct 2024 07:36 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर प्रबोवो सुबियांतोको बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में दोनों देश आपसी हितों के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेंगे तथा लोगों के बीच बेहतर संबंध बनाएंगे। प्रबोवो सुबियांतो को इस महीने की शुरुआत में दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले मुस्लिम बहुल देश के आठवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई थी। राहुल गांधी ने उन्हें लिखे अपने पत्र में कहा, मैं इंडोनेशिया गणराज्य के आठवें राष्ट्रपति के रूप में आपके शपथ ग्रहण के अवसर पर आपको बधाई देना चाहता हूं। लोगों ने भविष्य के लिए एक समावेशी दृष्टिकोण के लिए मतदान किया है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया ने अपने घनिष्ठ सभ्यतागत संबंधों में निहित मित्रता का बंधन बनाया है।
विज्ञापन


पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने 25 अक्टूबर को लिखे अपने पत्र में कहा, हमारी संस्कृति हमारे साझा अतीत और वर्तमान पर इसके स्थायी प्रभाव का एक शक्तिशाली प्रतीक है। हमें विश्वास है कि आपके नेतृत्व में, हमारे देश आपसी हित के क्षेत्रों में जुड़ाव को गहरा करना जारी रखेंगे और लोगों के बीच बेहतर संबंध बनाएंगे। राहुल गांधी ने कहा, मैं इंडोनेशिया के लोगों को भी अपनी शुभकामनाएं देना चाहूंगा। मैं निकट भविष्य में आपसे मिलने के लिए उत्सुक हूं।

अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव 30 नवंबर से

राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (एनबीटी-इंडिया) ने अहमदाबाद नगर निगम के साथ मिलकर अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव (एआईबीएफ) का आयोजन किया है। 30 नवंबर से 8 दिसंबर, 2024 तक चलने वाले इस उत्सव में 100 से अधिक साहित्यिक सत्र, बच्चों की गतिविधियां सहित संगीतमय कहानी सत्र, रचनात्मक लेखन, थिएटर नाटक, सुलेख कार्यशाला, युवा वयस्कों के लिए उच्च अध्ययन और सिविल सेवाओं में कॅरिअर पर अभिविन्यास कार्यक्रम के साथ लाइव कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रदर्शनों की एक शृंखला आयोजित होगी।

केरल : घर में मृत मिले यूट्यूबर दंपती, आत्महत्या का संदेह

केरल के परसाला शहर में लोकप्रिय यूट्यूबर दंपती प्रिया (37) और उनके पति सेल्वराज (45) अपने आवास पर मृत पाए गए। वे यूट्यूब चैनल ‘सेलु फैमिली’ का संचालन करते थे। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। घटना तब सामने आई जब उनके पड़ोसियों ने दो दिन से घर में किसी प्रकार की हलचल नहीं देखी। पुलिस के अनुसार, सेल्वराज का शव फंदे पर लटका हुआ पाया, जबकि पत्नी प्रिया का शव बिस्तर पर पाया गया। मौतें दो दिन पहले हुई थीं।

मणिपुर : प्रतिबंधित संगठन पीएलए के  दो उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर के टेंग्नौपाल जिले में प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किए गए। किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इनकी पहचान एन प्रियो सिंह (21) और एस देवजीत सिंह (21) के तौर पर की गई। दोनों पीएलए कार्यकर्ताओं को शनिवार को सीमा स्तंभ संख्या 87 के आसपास से असम राइफल्स की एक टीम ने पकड़कर पल्लेल पुलिस स्टेशन को सौंपा। वहीं, एक अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने भारत-म्यांमार सीमा के पास यांगहौबुंग गांव से प्रतिबंधित पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक (प्रो) के एक कार्यकर्ता रॉबर्ट लालहादम को गिरफ्तार किया। 

भारतीय तटरक्षक बल को मिलेंगे 6 एयर कुशन वाहन

रक्षा मंत्रालय ने चौगुले एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किया है। इसके तहत छह एयर कुशन वाहनों का अधिग्रहण किया जाएगा। इनका निर्माण पहली बार आत्मनिर्भर भारत की तर्ज पर भारत में स्वदेशी रूप से किया जाएगा। एयर कुशन वाहन को 33 माह में दिया जाएगा। इन आधुनिक एयर कुशन वाहनों का उपयोग बहुउद्देशीय समुद्री भूमिकाओं के लिए किया जाएगा, जिसमें दिन/रात दोनों समय संचालन के क्षेत्रों में उच्च गति तटीय गश्त और टोही, दलदली क्षेत्रों, गहरे समुद्र सहित बहुउद्देशीय समुद्री भूमिकाएं शामिल हैं।

जीएसएल ने तटरक्षक बल के लिए तीव्र गति के दो स्वदेशी गश्ती पोत का किया जलावतरण

गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जीएसएल) ने भारतीय तटरक्षक बल के लिए तीव्र गति के दो स्वदेशी गश्ती पोत (एफपीवी) का सोमवार को जलावतरण किया। इसका इस्तेमाल अपतटीय परिसंपत्तियों एवं द्वीपीय क्षेत्रों की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए किया जाएगा। भारतीय तटरक्षक महानिदेशक (डीजी) परमेश शिवमणि की पत्नी ने अथर्ववेद के श्लोकों के साथ अदम्य और अक्षर पोतों का जलावतरण किया। 

52 मीटर लंबाई और आठ मीटर चौड़ाई वाला यह पोत अपतटीय परिसंपत्तियों, द्वीपीय क्षेत्रों की सुरक्षा और निगरानी कार्य करने के लिए अनुकूल हैं। जीएसएल भारतीय तटरक्षक बल के लिए आठ एफपीवी के बेड़े का निर्माण कर रहा है। यह रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में शिपयार्ड की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।

मणिपुर में कॉलेज के बाहर मिला हथगोला
मणिपुर के इंफाल में राजभवन से 100 मीटर से भी कम दूरी पर स्थित जीपी महिला कॉलेज के गेट पर सोमवार की सुबह एक हथगोला मिला। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। कॉलेज के बाहर हथगोला मिलने की खबर से दहशत फैल गई। एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना की जानकारी पाकर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। यह घटना ऐसे समय में घटी, जब इंफाल घाटी के पास कई शैक्षणिक संस्थानों में जबरन वसूली की धमकियां मिलने की शिकायत दर्ज कराई गई है। 

एनसीसी कैडेट ने शुरू की 1200 किमी की जलयात्रा
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ने विशेष नौकायन अभियान के तहत जल यात्रा शुरू की। यह गणतंत्र दिवस शिविर 2025 तक का एक प्रमुख कार्यक्रम है। इस अभियान में भारत भर से नौसेना विंग के 528 कैडेट शामिल हुए। यह उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से होकर गंगा और हुगली नदियों के किनारे करीब 1,200 किलोमीटर की जलयात्रा करेंगे। भारतीय नदिया-संस्कृति की जननी थीम पर आधारित इस जलयात्रा को कानपुर से रवाना किया। यात्रा 20 दिसंबर को कोलकाता में समाप्त होगी।

एसबीआई को सर्वश्रेष्ठ भारतीय बैंक का पुरस्कार
अमेरिका की ग्लोबल फाइनेंस पत्रिका ने एसबीआई को 2024 के लिए भारत का सर्वश्रेष्ठ बैंक घोषित किया है। वाशिंगटन में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष व विश्व बैंक की बैठक से अलग आयोजित अपने 31वें वार्षिक सर्वश्रेष्ठ बैंक पुरस्कार समारोह में ग्लोबल फाइनेंस ने एसबीआई को यह पुरस्कार दिया। एसबीआई ने कहा, चेयरमैन सी एस सेट्टी ने पुरस्कार प्राप्त किया। यह सम्मान ग्राहकों का विश्वास जीतकर देशभर में वित्तीय समावेश बढ़ाने की प्रतिबद्धता के लिए मिला है।

निजता मामले में मुख्य याचिकाकर्ता कर्नाटक HC के पूर्व न्यायाधीश का निधन

कर्नाटक उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति के एस पुट्टस्वामी का सोमवार को बंगलूरू में मौजूद उनके आवास पर निधन हो गया। उन्होंने 2017 में निजता के अधिकार को सर्वोच्च न्यायालय से मौलिक अधिकार घोषित करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे 98 वर्ष के थे, न्यायमूर्ति पुट्टस्वामी मुख्य याचिकाकर्ता थे, जिन्होंने 2012 में आधार योजना की संवैधानिक वैधता को निजता के अधिकार का उल्लंघन बताते हुए सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। आधार योजना को बाद में विधायी स्वीकृति मिली।

अगस्त 2017 में एक ऐतिहासिक फैसले में, नौ न्यायाधीशों की पीठ ने सर्वसम्मति से फैसला सुनाया कि निजता का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 (जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की सुरक्षा) के तहत मौलिक अधिकार है। इसने निजता को मानव गरिमा का संवैधानिक मूल बताया था। 8 फरवरी, 1926 को जन्मे पुट्टस्वामी ने महाराजा कॉलेज, मैसूर से पढ़ाई की और गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, बेंगलुरु से कानून की डिग्री हासिल की। जनवरी 1952 में उन्हें वकील के रूप में नामांकित किया गया और 28 नवंबर, 1977 को वे कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने।

मणिपुर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता

भारतीय सेना, असम राइफल्स ने मणिपुर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के साथ मिलकर मणिपुर के इम्फाल पूर्व, इम्फाल पश्चिम, चुराचांदपुर, कांगपोकपी और थौबल जिलों के पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों से 22 हथियार, इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), गोला-बारूद और युद्ध सामग्री (डब्ल्यूएलएस) बरामद की।
 

अरुणाचल के राज्यपाल ने दो टीबी मरीजों को गोद लिया

अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल केटी परनायक (सेवानिवृत्त) ने रोइंग के जिला अस्पताल के दौरे के दौरान लोअर दिबांग घाटी जिले के दो टीबी रोगियों को गोद लिया। राज्यपाल ने निक्षय मित्र के रूप में अपनी भूमिका निभाते हुए रोगियों को गोद लिया। निक्षय मित्र योजना के तहत टीबी रोगियों को पोषण, निदान और व्यावसायिक सहायता प्रदान की जाती है।
राजभवन के एक आधिकारिक बयान में सोमवार को कहा गया कि राज्यपाल ने दोनों मरीजों को भोजन की टोकरियां भी भेंट कीं। इस दौरान उनके साथ विधायक मुच्चू मिथी, पुइन्यो अपुम और स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।

केरल हॉरर किलिंग मामला: दो को आजीवन कारावास

केरल की एक अदालत ने सोमवार को दो व्यक्तियों को थेनकुरसी में लगभग चार साल पहले 27 वर्षीय एक व्यक्ति के सनसनीखेज हॉरर किलिंग में शामिल होने के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायालय 1 के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विनायक राव आर ने पहले और दूसरे आरोपी प्रभु कुमार और सुरेश को कुमार की बेटी से शादी करने के लिए व्यक्ति की हत्या का दोषी पाया। इस दौरान अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। न्यायाधीश ने फैसला सुनाया कि जुर्माना अदा न करने पर दोनों आरोपियों को दो साल के कठोर कारावास की सजा दी जानी चाहिए।

जानकारी के मुताबिक, 2020 में अनीश की हत्या उसकी पत्नी के पिता प्रभु कुमार और चाचा सुरेश ने हरिथा से विवाह के मात्र 88 दिन बाद कर दी, जो दूसरी जाति की थी। वहीं अदालत में आए हरिथा और अनीश के माता-पिता ने फैसले पर निराशा व्यक्त की और कहा कि वे अपील के साथ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
 

डिस्लेक्सिया: राष्ट्रपति भवन, संसद को लाल रंग से रोशन

डिस्लेक्सिया के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए सोमवार को राष्ट्रपति भवन, साउथ ब्लॉक और संसद को लाल रंग से रोशन किया गया। यह रोशनी राष्ट्रव्यापी 'एक्ट4डिस्लेक्सिया अभियान' का प्रतीक है, जिसका उद्देश्य सीखने की अक्षमताओं के बारे में जागरूकता बढ़ाना है, जो कि भारत की 20 प्रतिशत आबादी को प्रभावित करती है, जिसमें 35 मिलियन छात्र शामिल हैं।

चेंजइंक फाउंडेशन की सह-संस्थापक और ट्रस्टी नूपुर झुनझुनवाला ने कहा, डिस्लेक्सिया के बारे में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक साहसिक कदम उठाते हुए, यूनेस्को एमजीआईईपी और चेंजइंक फाउंडेशन के सहयोग से रविवार को सरकार के सर्वोच्च कार्यालयों और दिल्ली में प्रमुख स्मारकों - जिसमें राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ और साउथ ब्लॉक, संसद और इंडिया गेट शामिल हैं - को डिस्लेक्सिया जागरूकता के लिए लाल रंग से रोशन किया गया।

बंगाल ने तंबाकू पर प्रतिबंध एक और साल के लिए बढ़ाया

पश्चिम बंगाल सरकार ने तंबाकू या निकोटीन युक्त गुटखा और पान मसाला उत्पादों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध को सात नवंबर से एक और वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने जन स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए 24 अक्तूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है कि राज्य के खाद्य सुरक्षा आयुक्त को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 30 के तहत जन स्वास्थ्य के हित में पूरे प्रदेश में किसी भी खाद्य पदार्थ के निर्माण, भंडारण, वितरण या बिक्री पर एक वर्ष की अवधि के लिए प्रतिबंध लगाने का अधिकार है।

केरल: घर में मृत मिले ब्लॉगर दंपती

केरल के परश्शाला में एक ब्लॉगर दंपती अपने घर में मृत मिले। मृतकों की पहचान सेल्वाराज और उनकी पत्नी प्रिया के रूप में हुई है। ये किनारुमुक्कू के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, सेल्वराज को फांसी पर लटका हुआ पाया गया, जबकि प्रिया का शव बिस्तर पर था। दोनों की मौत दो दिन पहले हो चुकी थी। दंपती ने शुक्रवार रात यूट्यूब पर एक वीडियो अपलोड किया था। इसके बाद उन्होंने शुक्रवार को एर्नाकुलम में काम करने वाले अपने बेटे से भी फोन पर बात की। जब बेटा घर लौटा तो उसने अपने माता-पिता को मृत पाया। पुलिस को पहले संदेह था कि दोनों ने आत्महत्या की हो। लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला की गर्दन पर गला घोंटने के निशान पाए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, अभी हम इस बात की पुष्टि नहीं कर सकते कि महिला की हत्या की गई है या नहीं।

कारोबारी से एक करोड़ की ठगी में फर्जी आईपीएस अधिकारी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नागपुर में खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर एक कारोबारी से एक करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी गौरव रामचेश्वर मिश्रा (37) को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए मिश्रा ने पुलिस की वर्दी पहनी, लालबत्ती लगी गाड़ी में सफर किया और भारतीय रेलवे बोर्ड में महानिरीक्षक का फर्जी पहचान पत्र इस्तेमाल किया।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी 2018 में शिकायतकर्ता से मिला था और धीरे-धीरे उसने उसका विश्वास जीता। इसके बाद, उसने कारोबारी को रेलवे का ठेका दिलाने का वादा किया और कई कारण बताकर उससे एक करोड़ रुपये ले लिए। शिकायतकर्ता को जब एहसास हुआ कि मिश्रा ने उसे धोखा दिया है, तो शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगे।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी ने उसे 13 अक्तूबर को एक होटल में बुलाया और रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उससे हर महीने 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। अन्यथा पुलिस विभाग में अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उसके खिलाफ फर्जी दुष्कर्म का केस दर्ज करने की धमकी भी दी।

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में डायरिया का प्रकोप

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सोमवार को पटमदा ब्लॉक में एक गांव से डायरिया के 36 मामले सामने आने के बाद एक मेडिकल टीम भेजी है। मामले में उपायुक्त अनन्या मित्तल ने टीम को सुंदरपुर गांव के काशीडीह टोला में जाकर मरीजों को उचित उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। 

वहीं टीम के सदस्य महामारी विशेषज्ञ डॉ. असद ने बताया कि ग्रामीणों ने पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि 36 मरीजों में से 13 को पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सात को गंगा मेमोरियल अस्पताल, तीन को गुरुनानक अस्पताल और एक को बंदवान में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य को एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है। जबकि गांव में ही इलाज करा रहे बाकी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। इससे पहले 21 अक्टूबर को गांव में डायरिया से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी।

जीशान सिद्दीकी को सुरक्षा से गायब पुलिसकर्मी निलंबित

महाराष्ट्र में विधायक जीशान सिद्दीकी की सुरक्षा में तैनात एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है, क्योंकि वह क्षेत्र के डीसीपी के औचक निरीक्षण के दौरान अपने ड्यूटी से गायब पाया गया। बांद्रा पूर्व विधायक के पिता और पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को निर्मल नगर इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, यह घटना राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रही थी। इसके बाद जीशान सिद्दीकी की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। विधायक ने हाल ही में क्षेत्रीय पुलिस उपायुक्त दीक्षित गेदम से मुलाकात की और अपनी सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई थी।

उन्होंने कहा कि गेदम ने इसके बाद जीशान सिद्दीकी के घर जाकर उनकी सुरक्षा का जायजा लिया और कांस्टेबल विशाल अशोक थांगे को उनकी ड्यूटी स्थल से गायब पाया। अधिकारी ने कहा, जब जीशान सिद्दीकी किसी आधिकारिक उद्देश्य से अपने घर से निकल रहे थे, तब थांगे अपने निर्धारित ड्यूटी स्थान पर नहीं थे। प्रारंभिक जांच के बाद थांगे को निलंबित कर दिया गया। उनके खिलाफ विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

केंद्र तमिलनाडु के मछुआरों और उनकी नावों की रिहाई में करें हस्तक्षेप- स्टालिन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने सोमवार को केंद्र से राज्य के 140 मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित करने में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की, जिनमें 12 नागपट्टिनम के हैं, जिन्हें श्रीलंकाई नौसेना ने पकड़ लिया है, और साथ ही उनकी मछली पकड़ने वाली नावें भी जब्त कर ली गई हैं।

उन्होंने कहा कि 12 मछुआरों को 26 अक्टूबर को श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तार किया था और इसे मिलाकर इस साल ऐसी 30 घटनाएं हो चुकी हैं। सीएम स्टालिन ने केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर को लिखे एक पत्र में कहा, आज तक 140 मछुआरे और 200 मछली पकड़ने वाली नावें श्रीलंकाई अधिकारियों की हिरासत में हैं। मैं आपसे सभी गिरफ्तार मछुआरों और उनकी नावों की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने के लिए इस मुद्दे को उच्च प्राथमिकता के आधार पर उठाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह करता हूं।

झरने के पास खाई में गिरी युवती को 12 घंटे के ऑपरेशन के बाद बचाया गया

कर्नाटक के तुमकुरु जिले में मंदारगिरी पहाड़ियों के पास झील के ऊपर चट्टानी इलाके में सेल्फी लेते समय फंसी एक युवती सोमवार को चमत्कारिक रूप से बच गई, जब पुलिस और दमकलकर्मियों ने 12 घंटे के बचाव अभियान के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मामले में पुलिस ने बताया कि गुब्बी तालुक के शिवरामपुर गांव की बीटेक छात्रा हमसा रविवार को बेंगलुरु से अपनी दोस्त के साथ मंदारगिरी पहाड़ी झरने को देखने गई थी, जो पिछले कुछ दिनों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण फिर से शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा, 30 फीट ऊंची चट्टान से पानी बह रहा है और चट्टानी इलाके से बहता हुआ मैदाला झील में गिर रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, मंदारगिरी की तलहटी में सेल्फी लेते समय वह खाई में फिसल गई और चट्टानों के बीच फंस गई। पुलिस ने बताया कि उसे खाई में गिरता देख उसकी सहेली ने शोर मचाया और मदद के लिए चिल्लाई। इसके बाद जल्द ही गांव वाले वहां जमा हो गए और पुलिस को फोन किया। पुलिस की टीम, अग्निशमन और आपातकालीन सेवा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और 12 घंटे की मशक्कत के बाद हमसा को बचा लिया गया
 

विदेश में दो सदस्यीय टीम भेजेगा रेलवे बोर्ड

रेलवे बोर्ड ने बोगी, कपलर और अन्य माल ढुलाई घटकों के विकास के लिए "उत्तरी अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में प्रतिनियुक्ति पर" दो सदस्यीय विशेषज्ञ टीम भेजने का फैसला किया है। विशेषज्ञ टीम का एक सदस्य ईस्ट कोस्ट रेलवे में वित्तीय सलाहकार और मुख्य लेखा अधिकारी है, जबकि दूसरा दक्षिण पूर्व रेलवे में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक है। बोर्ड के 18 अक्टूबर के पत्र के अनुसार, इन दोनों अधिकारियों को रेलवे बोर्ड के सदस्य (वित्त) और सदस्य (संचालन और व्यवसाय विकास) की तरफ से नामित किया गया था। दोनों क्षेत्रों के महाप्रबंधकों को संबोधित पत्र में कहा गया है, इस मामले की आगे की प्रक्रिया को सक्षम करने के लिए उपरोक्त अधिकारियों को संलग्न प्रोफार्मा में प्रस्तुत करने का निर्देश देने का अनुरोध किया जाता है। हालांकि, इस कदम की विशेषज्ञों के एक वर्ग ने आलोचना की है, जिन्होंने कहा कि पहचान की गई टीम में एक गैर-तकनीकी और एक जूनियर ट्रैफिक अधिकारी शामिल थे।

केरल में सड़क हादसे में तीन मनरेगा श्रमिकों की मौत

केरल की कन्नूर पुलिस ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत काम करने वाली तीन महिलाओं की सोमवार को इस जिले के रमनथली के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पीड़ित रमनथली पंचायत के 5वें वार्ड के 20 श्रमिकों के समूह का हिस्सा थे, जो पिछले दिन अधूरा छोड़े गए कार्य को पूरा करने जा रहे थे। रमनथली रोड पर यात्रा करते समय, वे निर्माण सामग्री ले जा रहे एक पिकअप वैन से टकरा गए, जिसने नियंत्रण खो दिया, तीन श्रमिकों को टक्कर मार दी, और पलट गई। स्थानीय निवासी मदद के लिए दौड़े और घायलों को अस्पताल ले गए। वहीं ट्रक चालक को आगे की जांच के लिए पय्यान्नूर पुलिस ने हिरासत में लिया है।
विज्ञापन

IFS हर्ष कुमार जैन माइक्रोनेशिया में भारत के राजदूत नियुक्त 

विदेश मंत्रालय ने बताया कि, हर्ष कुमार जैन, आईएफएस, बैच 1993, जो वर्तमान में फिलीपींस गणराज्य में भारत के राजदूत हैं, को मनीला में निवास के साथ माइक्रोनेशिया के संघीय राज्यों में भारत के राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें