कर्नाटक की बंगलूरू पुलिस ने एक कंपनी के संवेदनशील डाटा चुराकर 12.51 करोड़ रुपये उड़ाने के मामले में निजी बैंक के एक मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साइबर ठगी की शिकार कंपनी ने नवंबर में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह मामले सामने आया था।
पुलिस के अनुसार, कंपनी के निदेशक ने बताया कि उसकी कंपनी का नोडल और करंट बैंक खाता एक्सिस बैंक के इंदिरानगर शाखा में था। कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने इन खातों से जुड़े ईमेल पते और कॉन्टैक्ट नंबरों को हासिल कर लिया था। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने कंपनी का डाटा चुराया। उसके बाद जाली कॉर्पोरेट इंटरनेट बैंकिंग (सीआईबी) फॉर्म, डुप्लिकेट हस्ताक्षर और मुहरें बनाई। फिर कंपनी के फोन नंबर और ई-मेल के जरिये 12.51 करोड़ रुपये गुजरात और राजस्थान के 17 बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए। इस मामले में जिस बैंक मैनेजर को गिरफ्तार किया गया वह गुजरात में तैनात था। पुलिस ने 17 बैंक खातों में 55 लाख रुपये फ्रीज कर दिए हैं और एक करोड़ 28 लाख 48 हजार 500 रुपये और दो मोबाइल फोन आरोपियों से बरामद किए हैं। कुछ आरोपी फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
गुणवत्ता पर खरी नहीं उतरीं 111 दवाएं, दो नकली मिलीं
दवाओं की गुणवत्ता की जांच के अभियान में नवंबर में 111 दवाएं मानकों पर खरी नहीं पाई गईं। जांच में दो दवाएं नकली मिलीं, जिनके उत्पादकों का कुछ पता नहीं है। इनके नमूने बिहार और गाजियाबाद से लिए गए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर रहा है। दवाओं को बाजार से हटाने के निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने देशभर में दवा दुकानों से नमूने लिए थे। इनमें से 41 दवाओं के नमूनों की जांच संगठन और केंद्रीय प्रयोगशालाओं में की गई। 70 की जांच राज्य की प्रयोगशालाओं में की गई थी। इनमें गैस, बुखार, सांस की दवाएं शामिल हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया, बिहार और गाजियाबाद में जिन दो दवाओं के नमूने नकली मिले हैं, उन्हें बड़ी कंपनी के नाम पर बनाया गया है। नकली दवाओं के मामले में 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है।
पैन 40 और ऑगमेंटिन 625 डीयूओ मिली नकलीं
बिहार से पैन-40 नामक गैस की दवा नकली पाई गई है, जिसका बैच नंबर 23443074 है। गाजियाबाद से एमोक्सिसिलिन और पोटेशियम क्लैवुलैनेट टैबलेट (ऑगमेंटिन 625 डीयूओ) का नमूना नकली पाया गया है, जिसका बैच नंबर 824डी054 है।
अकासा एयर के दो निदेशक छह महीने के लिए निलंबित
विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए ने पायलटों के प्रशिक्षण में कथित खामियों के लिए अकासा एयर के संचालन निदेशक और प्रशिक्षण निदेशक को छह महीने के लिए निलंबित कर दिया।
डीजीसीए ने जारी किया आदेश
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने शुक्रवार को जारी आदेश में कहा कि राकेश झुनझुनवाला परिवार की हिस्सेदारी वाली एयरलाइन के दो वरिष्ठ अधिकारी नागरिक उड्डयन आवश्यकताओं का अनुपालन सुनिश्चित करने में विफल रहे। डीजीसीए ने आकाश एयर के परिचालन निदेशक और प्रशिक्षण निदेशक क्रमशः 15 अक्तूबर और 30 अक्तूबर को जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब को असंतोषजनक पाने के बाद उनपर निलंबन की कार्रवाई की।
पश्चिम बंगाल में तीन जिलों से दो महिलाओं सहित 13 बांग्लादेशी व पांच दलाल गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल पुलिस ने शुक्रवार को तीन जिलों से दो महिलाओं समेत 13 बांग्लादेशी घुसपैठियों और पांच दलालों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नदिया जिले में धानतला व हांसखाली थाने की पुलिस ने बुधवार और बृहस्पतिवार रात संयुक्त रूप से अभियान में दो महिलाओं सहित 10 बांग्लादेशी घुसपैठियों और उन्हें सीमा पार कराकर लाने वाले पांच दलालों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, नदिया जिले में पिछले दो महीने में करीब 210 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार इसी तरह उत्तर 24 परगना जिले के स्वरूपनगर इलाके से तीन और पार्क स्ट्रीट इलाके से एक घुसैपैठिये को गिरफ्तार किया गया है। घुसपैठ रोकने को इस जिले के बनगांव इलाके में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। नदी मार्गों पर तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
मुडा घोटाले के शिकायतकर्ता स्नेहमयी ने पीएम मोदी, गृह मंत्री शाह को लिखा पत्र
आरटीआई एक्टिविस्ट स्नेहमयी कृष्णा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर केंद्र से तत्काल सुरक्षा सहायता का अनुरोध किया है। उनकी शिकायत पर मूडा घोटाले में केस दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि कर्नाटक सरकार ने उन्हें और उनके परिवार के सुरक्षा प्रदान करने से इन्कार कर दिया था। पत्र में उन्होंने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की पत्नी पार्वती, अन्य राजनीतिक नेताओं और प्रभावशाली व्यक्तियों के नाम पर मूडा के तहत 14 साइटों के अवैध आवंटन के संबंध में शिकायत की थी।
दर्ज की गई है झूठी एफआईआर
स्नेहमयी ने कहा, घोटाले के खुलासे के कारण उनके खिलाफ कई झूठी एफआईआर दर्ज की गई हैं और उन्हें जेल में डालने की कोशिश की गई है। पहली एफआईआर नंजनगुडु टाउन पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई। उसके बाद देवराज पुलिस स्टेशन और कृष्णराज पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि केस छोड़ने के बदले मुझे पैसे की पेशकश भी की जा रही है।
चेन्नई में यौन उत्पीड़न मामले की जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन
राष्ट्रीय महिला आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय में यौन उत्पीड़न की घटना की जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की।
एमके वर्गीज ने भाकपा पर हास्यास्पद बयान देने का लगाया आरोप
वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) समर्थित त्रिशूर के महापौर एमके वर्गीज ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेता वीएस सुनील कुमार पर उनके खिलाफ हास्यास्पद बयान देने का आरोप लगाया। वर्गीज ने कहा कि सुनील कुमार सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के साथ मिलकर एलडीएफ के साथ सहयोग करने और नई परियोजनाओं को लागू करके त्रिशूर में बदलाव लाने में रुचि नहीं रखते हैं।
30 दिसंबर को होगी तेलंगाना विधानसभा की बैठक, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को दी जाएगी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए तेलंगाना विधानसभा की बैठक 30 दिसंबर को होगी। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि विधानसभा अध्यक्ष जी. प्रसाद कुमार ने 30 दिसंबर को सुबह 10 बजे विधानसभा की बैठक बुलाई है। उन्होंने बताया कि 2014 में तेलंगाना राज्य के गठन में मनमोहन सिंह की तरफ से निभाई गई भूमिका के लिए आभार व्यक्त करने के लिए यह सत्र आयोजित किया जा रहा है। मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए-2 सरकार के दौरान तेलंगाना का गठन किया गया था। सूत्रों ने बताया कि सत्र एक दिन के लिए आयोजित होने की संभावना है। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 21 दिसंबर को संपन्न हुआ था।
त्रिपुरा: बेकाबू वाहन सड़क के किनारे पलटा, 15 लोग घायल
उत्तरी त्रिपुरा के कंचनपुर उप-मंडल के दहराम पारा चाय क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 14 यात्रियों को ले जा रहा एक वाहन अत्यधिक भीड़ के कारण बेकाबू होने के बाद भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। जानकारी के मुताबिक, कम्मुई से दसदा बाजार जा रहा यह वाहन अत्यधिक भीड़ के कारण नियंत्रण खो बैठा और सड़क से उतर गया, जिससे चालक समेत 15 लोग घायल हो गए।
घायलों में नाबालिग, महिलाएं और बुजुर्ग यात्री शामिल हैं, जिन्हें बाद में स्थानीय लोगों ने दसदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायल 15 यात्रियों में से 12 को कंचनपुर उप-जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया और वाहन के चालक समेत बाकी लोगों को गंभीर हालत में धर्मनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ओडिशा में तीन महिला माओवादी गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस ने शनिवार को मल्कानगिरी जिले में तीन महिला माओवादियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार की गईं महिला माओवादियों पर कुल आठ लाख रुपये का इनाम था। अधिकारियों के मुताबिक, महिला माओवादियों की पहचान स्वप्ना उर्फ चंद्रमा खिलो, बबीता उर्फ कमला खिलो और सुनीता खिलो के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इन्हें (महिला माओवादियों को) चित्रकोंडा थानाक्षेत्र के गुम्मा इलाके से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के जोदाम्बो थानाक्षेत्र के धाकड़ापदर गांव की रहने वाले तीनों माओवादी प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) संगठन के आंध्र ओडिशा बॉर्डर स्पेशल जोनल कमेटी (एओबीएसजेडसी) की हिस्सा थीं। दक्षिण पश्चिमी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक नीति शेखर और मलकानगिरी के पुलिस अधीक्षक बिबेकानंद शर्मा ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि तीनों महिलाएं सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के कई मामलों में शामिल थे। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि वे सुरक्षा बलों पर और हमले करने की योजना बना रही थीं।
बीआरएस नेता विनोद कुमार ने केटीआर के खिलाफ ईडी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग से किया इनकार
बीआरएस नेता बी. विनोद कुमार ने शनिवार को कहा कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव के खिलाफ ईडी की तरफ से दर्ज मामला, जो 2023 में हैदराबाद में फॉर्मूला-ई रेस के आयोजन में कथित भुगतान अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से संबंधित है, मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत नहीं आता है। उन्होंने बताया कि पार्टी इस मामले को कानूनी रूप से चुनौती देगी, उन्होंने कहा कि कोई मनी लॉन्ड्रिंग नहीं हुई है और पीएमएलए के तहत आरोपों का कोई आधार नहीं है।
वहीं बीआरएस नेता मन्ने कृष्णक ने रामा राव के खिलाफ फॉर्मूला-ई मामले को 'राजनीति से प्रेरित' बताया, जिसकी जांच तेलंगाना सरकार के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की तरफ से भी की जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले बीआरएस शासन के दौरान हैदराबाद में आयोजित फॉर्मूला-ई रेस के दौरान कथित भुगतान अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले के संबंध में रामा राव और कुछ अन्य को अगले महीने पूछताछ के लिए बुलाया है। संघीय एजेंसी ने तेलंगाना पुलिस भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की शिकायत का संज्ञान लेते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत पिछले सप्ताह मामले में प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) या एफआईआर दर्ज की। तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के बेटे रामा राव को 7 जनवरी को अपना बयान दर्ज कराने के लिए पेश होने को कहा गया है।
कोड़ा वाले आंदोलन को राजनीतिक रूप में न देखा जाए- अन्नामलाई
कोड़े मारने वाले अनोखे आंदोलन को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की कड़ी आलोचना के बीच तमिलनाडु भाजपा प्रमुख के अन्नामलाई ने कहा कि उनके कदम की तुलना बहन के यौन उत्पीड़न पर एक भाई के आदिम क्रोध से की जानी चाहिए। अन्नामलाई ने कहा कि उनके कदम को राजनीतिक रूप से नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसे राज्य में व्यवस्था की विफलता पर एक बड़े भाई के गुस्से के रूप में देखा जाना चाहिए।
अन्नामलाई ने पूछा, क्या पुलिस मामले को निष्पक्ष तरीके से संभाल रही है? नहीं। एफआईआर लीक होने की कोई संभावना नहीं थी। यह कैसे लीक हो गई? अन्नामलाई ने एक दिन पहले चेन्नई की कॉलेज छात्रा पर यौन उत्पीड़न के मामले से निपटने के तरीके को लेकर सत्तारूढ़ द्रमुक और राज्य पुलिस की निंदा करने के लिए खुद को कोड़े मारने का अनूठा आंदोलन किया था। सत्तारूढ़ डीएमके समेत कई राजनीतिक दलों ने अन्नामलाई के इस आंदोलन के लिए मजाक उड़ाया था, जिसका मकसद डीएमके सरकार को हटाना भी था। उन्होंने डीएमके के सत्ता से बाहर होने तक चप्पल न पहनने की कसम खाई थी और मुरुगन मंदिरों की तीर्थयात्रा के लिए 48 दिनों का अनुष्ठान भी शुरू किया था। साथ ही, उन्होंने इस मुद्दे पर अपने रुख को उचित ठहराया।
कर्नाटक HC का ट्रांसजेंडरों से जुड़े केस में अहम निर्देश
कर्नाटक हाईकोर्ट ने जन्म और मृत्यु रजिस्ट्रार को लैंगिक पहचान बदलवाने वाले ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को संशोधित प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश दिया है। इन प्रमाणपत्रों में व्यक्तियों के पिछले और संशोधित नाम व लिंग दोनों का उल्लेख होना चाहिए। अदालत ने कहा कि यह निर्देश तब तक प्रभावी रहेगा, जब तक कि जन्म और मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 में आवश्यक संशोधन नहीं हो जाते।
मामले में कर्नाटक हाईकोर्ट के अनुसार फिलहाल मूल जन्म या मृत्यु प्रमाणपत्र पर लिंग में बदलाव की अनुमति नहीं है। जस्टिस सूरज गोविंदराज ने ये निर्देश लिंग की सर्जरी कराने वाली 34 वर्षीय ट्रांसजेंडर महिला की याचिका पर सुनवाई करते हुए जारी किए। याचिकाकर्ता ने अपने जन्म प्रमाणपत्र पर नाम व लिंग की जानकारी अपडेट करने का अनुरोध किया था।
प. बंगाल को मुस्लिम बहुल राज्य बनाना चाहते हैं आतंकी- मजूमदार
प. बंगाल से तहरीक-उल-मुजाहिदीन और अंसारुल्लाह बांग्ला टीम के आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने शनिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, टीएमसी आतंकियों को प. बंगाल को मुस्लिम बहुल प्रदेश बनाने में मदद कर रही हैं। उन्होंने कहा, जो भी आतंकी पकड़ा जाता है उसका संबंध किसी न किसी प्रकार टीएमसी के साथ पाया जाता है। पिछले 5 वर्षों से ममता बनर्जी ने आतंकियों को भारत के खिलाफ कृत्य करने की पूरी आजादी दी है। प. बंगाल सरकार ने घुसपैठियों पर लगाम कसने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। इसीलिए भाजपा के नेता आतंकियों की हिटलिस्ट में हैं, ना कि टीएमसी नेता।
सुकांत मजूमदार ने कोलकाता में मीडिया से बातचीत में कहा, हमें देश को कट्टरपंथी इस्लामी शक्तियों से बचाना है। असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 22 दिसंबर को प. बंगाल से अल-कायदा के सहयोगी अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इससे पहले एक संयुक्त अभियान में असम एसटीएफ और प. बंगाल एसटीएफ ने 19 दिसंबर को मुर्शिदाबाद के हरिहरपारा में दो संदिग्ध आतंकियो अब्बास शेख और मिनारुल शेख को गिरफ्तार किया था।
तेलंगानाः 21 लाख के पांच इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
तेलंगाना के भद्राद्रि कोठागुडेम जिले में शनिवार को सुरक्षाबलों के समक्ष पांच इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें प्रतिबंधित सीपीआई माओवादी पार्टी के क्षेत्र समिति चार सदस्य और एक कैडर शामिल है। इन सभी के सिर पर कुल 21 लाख रुपये का इनाम था। पुलिस ने बताया कि जिला पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों के समक्ष समर्पण करने वालों में पूनम पक्षी (27), वेट्टी देवा (21), मदकम उंगी (22), रव्वा सोमा (25), माडवी गंगी (23) शामिल हैं। इनमें से वेट्टी और मदकदम भद्राद्री कोठागुडेम जिले की निवासी हैं, जबकि अन्य छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के हैं।
उन्होंने बताया कि पूनम, वेट्टी, मदकम और रव्वा सुरक्षाबलों पर हमले के साथ-साथ कई हिंसक घटनाओं में शामिल थे। इन पर चार-चार लाख रुपये का इनाम था। वहीं, एक लाख रुपये की इनामी माडवी सुरक्षाबलों पर हमले में शामिल थी।
सीपी राधाकृष्णन ने अमित शाह से की मुलाकात
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।