फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: मणिपुर में हथियार सौंपने की समय सीमा बढ़ी; रेलवे ट्रैक पर तीन महिलाएं मृत मिलीं, भाजपा नेता को जमानत

Fri, 28 Feb 2025 12:18 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने लूटे गए और अवैध हथियारों को पुलिस को सौंपने की समयसीमा शुक्रवार को बढ़ाकर छह मार्च शाम चार बजे तक कर दी। यह समयसीमा पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों के लोगों की अतिरिक्त समय दिए जाने की मांग के बाद बढ़ायी गई। बयान में कहा गया, 'स्वैच्छिक रूप से हथियार सौंपने की सात दिन की समय सीमा समाप्त होने पर घाटी और पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों ने इस अवधि को बढ़ाने का अनुरोध किया है। मैंने इन अनुरोधों पर विचार किया है और छह मार्च को शाम चार बजे तक समय सीमा बढ़ाने का फैसला किया है।' इसमें आश्वासन दिया गया कि इस अवधि के भीतर अपने हथियार सौंपने वालों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

विज्ञापन


इससे पहले चार जिलों में लोगों ने पुलिस और सुरक्षा बलों को विभिन्न प्रकार के 109 हथियार, विभिन्न गोला-बारूद और अन्य सामान सौंपे। कांगपोकपी जिले के सैकुल पुलिस थाने में गुरुवार को नौ एमएम सीबी1ए1 पिस्तौल, नौ एमएम मैगजीन, एक ग्रेनेड, कारतूस और दो वायरलेस सेट सहित अन्य सामान सौंपे गए। बिष्णुपुर जिले के फोगाकचाओ इखाई पुलिस थाने को एक एसबीबीएल बंदूक सहित कई हथियार सुपुर्द किए गए। इसके अलावा, इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिलों के विभिन्न पुलिस थानों में हथियार और गोला-बारूद जमा कराए गए। राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने लोगों से लूटे गए और अवैध रूप से रखे गए हथियारों को सात दिन के भीतर स्वेच्छा से पुलिस के सुपुर्द करने का 20 फरवरी को आग्रह किया था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि इस अवधि के दौरान हथियार छोड़ने वालों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

रेलवे ट्रैक पर तीन महिलाएं मृत पाई गईं
इस बीच केरल के कोट्टायम में शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर तीन महिलाएं मृत पाई गईं। मृतकों की उम्र, पहचान और अन्य विवरण अभी पता नहीं चल पाए हैं। पुलिस ने बताया कि संदेह है कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे कोट्टायम-नीलांबुर पैसेंजर ट्रेन जब एर्नाकुलम की ओर जा रही थी, तब तीनों ने ट्रैक पर छलांग लगा दी। हालांकि, उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारण मार्ग पर ट्रेन सेवा कुछ देर के लिए बाधित रही। पुलिस ने बताया कि शवों को कोट्टायम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है।
विज्ञापन


भाजपा नेता जॉर्ज को जमानत दी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता पी. सी. जॉर्ज को शुक्रवार को यहां की एक अदालत ने नफरत भरी टिप्पणी करने के मामले में जमानत दे दी। एराट्टुपेट्टा की मजिस्ट्रेट अदालत ने जॉर्ज को जमानत दे दी। जॉर्ज ने सोमवार को अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया था और उन्हें उसी दिन पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था। केरल उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किये जाने के बाद उन्होंने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। उच्च न्यायालय ने उनकी याचिका खारिज करते हुए कहा था कि ऐसे मामले में जमानत देने से समाज में गलत संदेश जाएगा। पूर्व विधायक जॉर्ज पर एक टीवी चैनल पर चर्चा के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ नफरत भरी टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। मामला ‘मुस्लिम यूथ लीग’ के नेता मुहम्मद शिहाब द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर आधारित है, जिन्होंने आरोप लगाया था कि जॉर्ज ने धार्मिक आधार पर नफरत फैलाने वाली टिप्पणी की थी।

पश्चिम बंगाल सरकार खोज एवं बचाव तैयारियों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध: प्रियंका सिंगला
पश्चिम बंगाल सरकार खोज और बचाव (एसएआर) तैयारियों को मजबूत करने के लिए नीतिगत ढांचे, अंतर-एजेंसी सहयोग और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर ध्यान दे रही है। आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की विशेष सचिव प्रियंका सिंगला ने बृहस्पतिवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा आयोजित 'आधुनिक प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के माध्यम से खोज और बचाव चुनौतियों पर काबू पाने' सेमिनार में यह बात कही। यह सेमिनार एक दो दिवसीय कार्यक्रम 'खोज एवं बचाव अभ्यास (एसएआरईएक्स)' का हिस्सा है। सिंगला ने कहा, 'आपदा प्रतिक्रिया और खोज एवं बचाव कार्यों के लिए बेहतर समन्वय, तकनीकी एकीकरण और सक्रिय रणनीतियों की जरूरत है। एसएआरईएक्स 2025 ज्ञान साझा करने और आपात स्थितियों का प्रभावी ढंग से सामना करने की हमारी क्षमता को बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच है।'

पार्टी के रुख के विपरीत बयान देने से बचें नेता: ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष
ओडिशा कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष भक्त चरण दास ने बृहस्पतिवार को पार्टी के सभी नेताओं से मीडिया या सोशल मीडिया पर ऐसे बयान न देने को कहा, जो पार्टी के रुख से अलग हों। उन्होंने पार्टी के नेताओं से कहा कि वे कोई भी बयान देने से पहले ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष या मीडिया समिति के अध्यक्ष से परामर्श करें। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न मुद्दों पर मीडिया समिति के अध्यक्ष या ओपीसीसी अध्यक्ष के समक्ष अपनी राय व्यक्त करनी चाहिए।

गुजरात के 400 करोड़ के मत्स्य घोटाले में पूर्व मंत्री को राहत
सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात के पूर्व मंत्री दिलीप संघानी के खिलाफ 2008 में 400 करोड़ के मत्स्य पालन घोटाले में शुरू की गई आपराधिक कार्यवाही को रद्द कर दिया। पीठ ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराधों के तत्वों की अनुपस्थिति पर गौर किया। पीठ ने कहा, हम अपीलकर्ता के उठाए गए तर्क को स्वीकार करते हैं कि जांच रिपोर्ट, शिकायतकर्ता या पुलिस अधिकारियों से दर्ज किए गए आरोप-पूर्व बयानों में कहीं भी अपराध सिद्ध करने की सामग्री नहीं है। यहां तक कि जांच दल की पूछताछ में लोगों के दिए बयानों में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों का कोई भी तत्व उजागर नहीं होता। 

तेलंगाना सुरंग हादसा : बचाव में बाधा बनी मशीन का हिस्सा काटा
तेलंगाना में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) का एक निर्माणाधीन खंड आंशिक रूप से ढहने से फंसे आठ लोगों को बचाने में जुटी टीम ने टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) के उस हिस्से और अन्य अवरोधकों को काटना शुरू कर दिया है, जो सुरंग में बचाव अभियान में बाधक बन रहे थे। नगरकुरनूल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव गायकवाड़ ने बताया कि सुरंग में कन्वेयर बेल्ट के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत होने से मलबा हटाने में मदद मिलेगी। अधिकारी से जब पूछा गया कि क्या गैस कटर ने काम करना शुरू कर दिया है, तो उन्होंने बताया कि यह पहले ही हो चुका है और रात के समय उन्होंने कुछ कटाई की।

इडली बनाने में पॉलिथीन शीट का इस्तेमाल, 52 होटलों पर कार्रवाई
कर्नाटक में पतली पॉलिथीन शीट का इस्तेमाल कर इडली बनाए जाने का मामला सामने आया है। सरकार ने ऐसे 52 होटलों का पता लगाया है, जहां इडली बनाने के लिए पारंपरिक कपड़े की जगह पॉलिथीन शीट का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडु राव ने चेताते हुए कहा कि होटल मालिकों को ऐसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि प्लास्टिक शीट कैंसरकारी होती है। शीट गर्म होने पर ये हॉनिकारक तत्व इडली में प्रवेश कर सकते हैं, जिससे लोगों को स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। राव ने कहा कि इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 

अनंत अंबानी की पहल वनतारा को प्रतिष्ठित प्राणी मित्र पुरस्कार
अनंत अंबानी की पहल वनतारा को प्रतिष्ठित प्राणी मित्र राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह भारत सरकार की ओर से कॉरपोरेट श्रेणी के तहत पशु कल्याण के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। बृहस्पतिवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने यह पुरस्कार वनतारा के सीईओ विवान करणी को प्रदान किया। यह केंद्र हाथियों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए 998 एकड़ के जंगल में फैला है। 

पश्चिम बंगाल : ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार रात 10 बजे एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में से एक की पहचान कोयल रॉय के तौर पर की गई, लेकिन दूसरी महिला की पहचान नहीं हो पाई है। जीआरपी अधिकारी के मुताबिक, पटरी पार करने के दौरान हाटे बाजारे एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला का शव रेल की पटरियों के पास गिर गया। वहीं, दूसरी महिला का शव एक्सप्रेस के इंजन के काउकैचर में उलझ गया।

आर्थिक नीति पर खरगे की टिप्पणी बेशर्म झूठ : भाजपा
भाजपा ने बृहस्पतिवार को केंद्र की आर्थिक नीति को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को 'बेशर्म झूठ' बताया। खरगे ने कहा था कि 90 प्रतिशत भारतीय बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम नहीं हैं। खरगे की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने पोस्ट किया, खरगे एक और बेशर्म झूठ लेकर वापस आ गए हैं। आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तहत प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हो गई है, जबकि गरीबी 2014 में 22.5 फीसदी से घटकर 2024 में 5 प्रतिशत से कम रह गई है। उन्होंने कहा, आधे से अधिक घरों में अब दोपहिया वाहन हैं। 2014-15 और 2022-23 के बीच 25 करोड़ भारतीय बेहद गरीबी से बाहर निकल आए हैं। पिछले 10 वर्षों में पूर्ण विद्युतीकरण, सार्वभौमिक स्वच्छता और लोगों की बैंकिंग तक पहुंच हुई है।

वरिष्ठ भाकपा नेता पी राजू का 73 वर्ष की आयु में निधन
भाकपा के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व विधायक पी राजू (73) का यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ थे और लिवर संबंधी बीमारी का इलाज करा रहे थे। सूत्रों ने बताया कि राजू ने बृहस्पतिवार सुबह छह बजकर 40 मिनट पर आखिरी सांस ली। शुक्रवार को उत्तरी परवूर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

निजी संस्थान के मोबाइल एप में आधार के जरिये चेहरा पहचान पुष्टि को मंजूरी
सरकार ने निजी संस्थानों के मोबाइल एप में आधार के जरिये चेहरा पहचान पुष्टि करने की मंजूरी दे दी है। इससे ग्राहकों के लिए सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिलेगी। बृहस्पतिवार को जारी बयान के मुताबिक, यह प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की तरफ से शुरू किए गए ‘आधार गुड गवर्नेंस’ पोर्टल के जरिये आधार प्रमाणीकरण के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत उपलब्ध कराई जाएगी। बयान के मुताबिक, यह पोर्टल एक संसाधन-समृद्ध मार्गदर्शक के रूप में काम करेगा और प्रमाणीकरण चाहने वाली संस्थाओं को आवेदन के तरीके और आधार प्रमाणन के लिए विस्तृत एसओपी मुहैया कराएगा। चेहरे के जरिये पहचान सुनिश्चित करने की सुविधा भी निजी इकाइयों के ग्राहक एप में एकीकृत की जा सकती है जिससे कभी भी कहीं भी प्रमाणीकरण किया जा सकेगा।

भाजपा राज गरीब और मध्य वर्ग के लिए अभिशाप : प्रियंका  
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ब्लूम वेंचर्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा राज चारों और फैले आर्थिक अन्याय के चलते गरीब और मध्य वर्ग के लिए अभिशाप बन गया है। देश के 140 करोड़ लोगों में 100 करोड़ ऐसे हैं, जिनके पास सबसे जरूरी खर्चों के बाद कुछ नहीं बचता। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि देश में मौजूदा समय में असमानता हद से ज्यादा है। कुल राष्ट्रीय आय का 57.7 फीसदी हिस्सा देश के सबसे अमीर 10 फीसदी लोगों के पास है।

दोषी पूर्व विधायक किशोर की सजा पर सुनवाई 19 को
संसद को उड़ाने की धमकी देने के मामले में दोषी ठहराए गए मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक किशोर समरीते की सजा पर अदालत अब 19 मार्च को सुनवाई करेगी। अदालत ने उन्हें 20 फरवरी को इस मामले में दोषी ठहराया था। राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने इस मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार को टाल दी। पूर्व विधायक समरीते को मांगें पूरी न होने पर सितंबर, 2022 में संसद को उड़ाने की धमकी देने के मामले में दोषी ठहराया गया था। न्यायाधीश ने कहा था कि राज्यसभा के महासचिव कार्यालय को भेजे गए पार्सल में पाए गए पदार्थ की जांच करने पर पता चला कि वह विस्फोट करने की क्षमता के मामले में हानिरहित है। फिर भी यह स्थापित हो गया कि आरोपी ने एक पत्र भेजा था, जिसमें धमकी दी गई थी कि अगर उसकी मांगें पूरी नहीं की गई तो वह संसद को उड़ा देगा। अदालत ने उन्हें आईपीसी की धारा 506 भाग 2 (जान से मारने या गंभीर रूप से चोट पहुंचाने की धमकी) के तहत दोषी ठहराया है, जिसके लिए उन्हें अधिकतम सात साल की सजा हो सकती है।

गुणवत्ता मानक पूरा न करने पर कई समीक्षक हटाए
विश्वविद्यालयों को ए प्लस रेटिंग देने के बदले घूस लेने की घटना के बाद राष्ट्रीय मूल्यांकन व प्रत्यायन परिषद (नैक) ने गुणवत्ता मानक पूरा नहीं करने पर कई समीक्षकों को जांच टीम से हटा दिया है। इसके साथ ही करीब 1,000 नए समीक्षक भी नियुक्त किए गए हैं। पहली बार इनमें कई कुलपति भी शामिल हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि  मूल्यांकनकर्ताओं के काम व आचरण की समीक्षा होती रही है, पर पहली बार सख्त कार्रवाई की गई है। कुछ को छह माह, तो कुछ को एक वर्ष के लिए हटाया गया है। कई को प्रतिबंधित भी किया गया है। वहीं, मूल्यांकन में गड़बड़ियों के विवाद के बाद नैक ने कॉलेजों के भौतिक सत्यापन पर रोक लगाकर प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है। बता दें कि नैक के पास 7,000 से अधिक मूल्यांकनकर्ता थे।

उत्तर आंध्र में एमएलसी चुनाव में 92 फीसदी मतदान
उत्तर आंध्र प्रदेश में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए द्विवार्षिक एमएलसी चुनाव में 91.8 फीसदी मतदान हुआ। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा और गुंटूर जिलों के दो स्नातक चुनावों में क्रमशः 63.2 और 65.5 फीसदी मतदान हुआ। ये चुनाव आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा, गुंटूर, श्रीकाकुलम, विजयनगरम, और विशाखापत्तनम में हुए। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे समाप्त हुआ। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने गुंटूर जिले के उंडावल्ली में एक स्थानीय स्कूल में अपना वोट डाला। चुनाव 18 जिलों के 1,062 मतदान केंद्रो पर हुए। मतों की गिनती तीन मार्च को होगी।

उड़िया अभिनेता उत्तम मोहंती का 66 वर्ष की आयु में निधन
दिग्गज उड़िया अभिनेता उत्तम मोहंती का बृहस्पतिवार रात दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार ने बताया कि मोहंती लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और उन्हें 8 फरवरी को भुवनेश्वर से दिल्ली लाया गया था। उनके परिवार में उनकी प्रसिद्ध अभिनेत्री पत्नी अपराजिता मोहंती और बेटा, ओडिया सिने स्टार बाबूशन हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मोहंती के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोहंती के जाने से ओडिया कला क्षेत्र में एक बहुत बड़ा शून्य पैदा हो गया है। ओडिया सिनेमा में उन्होंने जो छाप छोड़ी है, वह उन्हें हमेशा दर्शकों के दिलों में बनाए रखेगी। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

देश की बुनियाद सनातन धर्म में निहित: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भारत की गहरी आध्यात्मिकता और प्राचीन सभ्यता को रेखांकित करते हुए शुक्रवार को कहा कि देश की बुनियाद सनातन धर्म में निहित है। धनखड़ ने आध्यात्मिक गुरु श्रील प्रभुपाद की 150वीं जयंती के अवसर पर यहां एकत्र लोगों से कहा कि अहिंसा, शांति और भाईचारे के अपने संदेश के जरिये लंबे समय से दुनिया का पथ प्रदर्शक रहा भारत एक दिन विश्व गुरु बनेगा।

उन्होंने कहा,‘सनातन का अर्थ है समावेशिता, सार्वभौमिक मूल्य, देशभक्ति। इसका अभिप्राय जाति, पंथ और आर्थिक विभाजन से ऊपर उठना भी है।’ उन्होंने भारत की धरोहर का उल्लेख करते हुए कहा, ‘विश्व में (भारत को छोड़कर) किसी भी देश की संस्कृति 5,000 वर्ष पुरानी नहीं है। भारत विश्व का आध्यात्मिक केंद्र रहा है और हमें इस गति को बनाये रखना होगा।’ धनखड़ ने 1,000-1,200 साल पहले नालंदा और तक्षशिला जैसे प्रसिद्ध विश्वविद्यालयों पर हुए हमलों को लेकर भी अफसोस जताया। उन्होंने कहा, ‘हमने अकल्पनीय बर्बरता देखी, फिर भी हम उठ खड़े हुए। अब, भारत फिर से विकास और प्रगति के पथ पर है, जो आध्यात्मिक विकास के बिना संभव नहीं है।’
विज्ञापन

गोवा: चार रूसी नागरिकों को डूबने से बचाया
उत्तरी गोवा में मंड्रेम समुद्र तट पर चार रूसी नागरिकों को डूबने से बचाया गया। नागरिकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। राज्य में जीवन रक्षक सेवाएं प्रदान करने वाली दृष्टि मरीन के प्रवक्ता ने बताया कि विदेशी पर्यटकों को बृहस्पतिवार दोपहर को बचाया गया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अचानक ऊंची लहरें उठने के बाद तीन महिलाएं और एक पुरुष संकट में फंस गए। प्रवक्ता ने बताया, तैराकी के लिए परिस्थितियां असुरक्षित होने पर बचाव समूह पानी में उतरे और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें