फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: कर्नाटक मंत्रिमंडल में फेरबदल कवायद तेज!; वन्यजीवों को बचाने के लिए ओडिशा सरकार का बड़ा फैसला

Wed, 27 Nov 2024 10:34 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

वन्यजीवों को बचाने के लिए ओडिशा सरकार का फैसला

विज्ञापन


ओडिशा के उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव ने बुधवार को चेतावनी दी कि राज्य सरकार उन गांवों के घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली काट देगी, जहां लोग जानबूझकर बिजली का झटका देकर जानवरों का शिकार कर रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ने विधानसभा में भाजपा विधायक सिद्धांत महापात्रा के एक सवाल के जवाब में यह बयान दिया। उन्होंने बताया कि कुछ ग्रामीण जंगली सूअर और अन्य जानवरों का शिकार करने के लिए बिजली के तारों का इस्तेमाल कर रहे हैं और इस खतरनाक प्रथा के कारण हाथियों और यहां तक कि इंसानों की भी आकस्मिक मौत हो रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में संबलपुर जिले में ऐसी ही एक घटना में तीन हाथियों की मौत हो गई, जिससे राज्य की राष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हुई।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, ऐसे गांवों में वन अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों से चर्चा करने के बाद हम उनके बिजली कनेक्शन काट देंगे, जब तक कि वे अपराधियों को सौंप नहीं देते। उन्होंने सभी विधायकों से बिजली के झटके से शिकार रोकने के लिए सरकार के प्रयासों का समर्थन करने और अपने निर्वाचन क्षेत्रों में इस तरह की प्रथाओं पर अंकुश लगाने में मदद करने की अपील की।

मणिपुर में अपहृत चिकित्सा अधिकारी को छुड़ाया, चार गिरफ्तार
मणिपुर में हाल ही में अपहृत किए गए एक चिकित्सा अधिकारी को अपहर्ताओं के चंगुल से छुड़ा लिया गया है। इस मामले में प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के एक सदस्य सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि डॉ. नबाकिशोर का 22 नवंबर को लंगथबल कुंजा अवांग लेइकाई इलाके से अपहरण कर लिया गया था। अपहर्ताओं ने बाद में फिरौती की मांग की थी। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को इंफाल पश्चिम जिले के लामशांग थाना क्षेत्र के लामडेंग में एक फार्महाउस से पीड़ित को सुरक्षित बचा लिया गया। बयान में कहा गया है कि प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के एक सदस्य सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया।

 

भुवनेश्वर में 29 नवंबर को रोड शो करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 29 नवंबर शुक्रवार को एक रोड शो करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने मंगलवार को बताया कि प्रधानमंत्री शुक्रवार शाम करीब 4:15 बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पहुंचेंगे।

सामल ने कहा कि हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री हवाईअड्डे के पास ही एक जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। इसके बाद वह एयरपोर्ट स्क्वायर से गवर्नर हाउस स्क्वायर तक रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री यहां पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक के अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी शामिल होंगे। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यालय में प्रधानमंत्री पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ बैठक भी करेंगे।


आपदा से जुड़े जोखिमों से निपटने के लिए 1,115 करोड़ मंजूर
गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय समिति ने आपदा से उत्पन्न होने वाले जोखिम को घटाने और विभिन्न क्षमता निर्माण परियोजनाओं के लिए 15 राज्यों को 1,000 करोड़ मंजूर किए हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, समिति ने सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में नागरिक रक्षा स्वयंसेवियों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के लिए 115.67 करोड़ रुपये के कुल व्यय वाली एक अन्य परियोजना को मंजूरी दी।

बयान के अनुसार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश, प्रत्येक के लिए 139 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र के लिए 100 करोड़ रुपये, कर्नाटक और केरल के लिए 72-72 करोड़ रुपये, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के लिए 50-50 करोड़ रुपये तथा आठ पूर्वोत्तर राज्यों-असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के लिए 378 करोड़ मंजूर किए है। 

समिति ने राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण कोष (एनडीएमएफ) से वित्तपोषण के जरिये 15 राज्यों में भूस्खलन से होने वाले जोखिम को घटाने के प्रस्ताव पर विचार किया। समिति के सदस्यों में केंद्रीय वित्त और कृषि मंत्री तथा नीति आयोग के उपाध्यक्ष शामिल हैं। इससे पहले, समिति ने कई शहरों में कुल 3075.65 करोड़ रुपये के व्यय से शहरी बाढ़ से होने वाले जोखिम को घटाने से जुड़ी परियोजनाओं और एनडीएमएफ से राज्यों में 150 करोड़ रुपये के कुल व्यय से हिमनद झील बाढ़ जोखिम प्रबंधन परियोजनाओं को मंजूरी दी थी।

पश्चिम बंगाल के सरकारी अस्पतालों में ऊंचे दामों पर निम्न गुणवत्ता के कैथेटर की आपूर्ति, जांच के आदेश
पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने कई सरकारी अस्पतालों में कथित तौर पर निम्न गुणवत्ता वाले और स्थानीय रूप से निर्मित ‘कैथेटर’ की ऊंचे दामों पर आपूर्ति किए जाने से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि ऐसे सेंट्रल वेनस कैथेटर (सीवीसी) कथित तौर पर राज्य के कम से कम पांच मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को आपूर्ति किए गए थे।

सरकारी अस्पतालों में इन कैथेटरों की आपूर्ति करने वाली कंपनी ने गलती स्वीकार कर ली है, लेकिन दोष अपने कर्मचारियों पर मढ़ दिया है।

कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमने कुछ समय पहले स्टॉक की जांच शुरू की और मेरे अस्पताल के स्टोर में स्थानीय रूप से निर्मित सीवीसी मिले। ये कैथेटर राज्य द्वारा आवंटित कैथेटर की तुलना में निम्न गुणवत्ता वाले हैं। हमने राज्य स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर दिया है।’

सीवीसी एक पतली और लचीली ट्यूब होती है जिसे तरल पदार्थ, रक्त और अन्य उपचार के लिए नस में लगाया जाता है। इसे चिकित्सकीय भाषा में सेंट्रल लाइन कैथेटर भी कहा जाता है।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वितरण कंपनी प्रकाश सर्जिकल ने सरकार द्वारा नामित अंतरराष्ट्रीय कंपनी के सीवीसी के बजाय कई सरकारी अस्पतालों में निम्न-गुणवत्ता वाले और स्थानीय रूप से निर्मित कैथेटर की आपूर्ति की।'

उन्होंने कहा, ‘सभी कैथेटर की जांच की जाएगी। यह पता लगाने के लिए उचित जांच की जा रही है कि इन कैथेटर की आपूर्ति से किसे लाभ हुआ।’

वितरण कंपनी ने निम्न गुणवत्ता वाले कैथेटर की आपूर्ति के लिए अपने कर्मचारियों को दोषी ठहराया।

वितरण कंपनी के एक अधिकारी ने कहा, 'मैं कुछ महीनों से बीमार था। कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने यह गलती की। हम अस्पतालों में आपूर्ति की किए गए सभी कैथेटर वापस ले रहे हैं। यह सब गलतफहमी के कारण हुआ।'

आंध्र प्रदेश: फार्मा फैक्ट्री में जहरीला धुंआ भरने से एक की मौत, दो की हालत गंभीर

आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली में एक फार्मा कंपनी में जहरीला धुंआ अंदर भरने के कारण दम घुटन से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य की हालत गंभीर है। यह घटना मंगलवार को शाम करीब 4.30 बजे अनकापल्ली जिले के परवाड़ा फार्मा सिटी में मौजूद निजी कंपनी में हुई और प्रभावित कर्मचारियों में आधी रात के आसपास लक्षण दिखने लगे।

अधिकारी ने बताया, 'बिना किसी सावधानी के, कर्मचारियों ने रिएक्टर से निकलने वाले धुंए को साफ किया, जिसमें हाइड्रोक्लोरिक एसिड (एचसीएल) और क्लोरोफॉर्म को मिलाते समय भारी दबाव बन रहा था। इस प्रक्रिया में, उन्होंने उस धुंए को सांस के साथ अंदर ले लिया।

बंगलूरू: बैंक में बम की अफवाह से पुलिस में हड़कंप

बंगलूरू पुलिस के सूत्रों ने बताया कि बुधवार दोपहर को एचएसबीसी बैंक को एक ईमेल मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई, जिसमें दावा किया गया था कि शहर में एमजी रोड शाखा में बम रखा गया है। इसकी सूचना पर हलासुरु पुलिस स्टेशन के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और परिसर की गहन तलाशी ली। बाद में, धमकी के फर्जी होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

30 नवंबर से गार्ड बदलने के समारोह का समय बदलेगा: राष्ट्रपति भवन

आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में गार्ड बदलने का समारोह इस शनिवार से सर्दियों के समय पर होगा। गार्ड बदलने का समारोह एक सैन्य परंपरा है जो हर हफ्ते राष्ट्रपति के अंगरक्षकों के एक नए समूह को कार्यभार संभालने में सक्षम बनाने के लिए आयोजित की जाती है।

राष्ट्रपति कार्यालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में गार्ड बदलने का समारोह इस शनिवार (30 नवंबर) से सर्दियों के समय पर होगा, यानी सुबह 9 से 10 बजे के बीच।

1773 में गठित राष्ट्रपति अंगरक्षक (पीबीजी) भारतीय सेना की सबसे वरिष्ठ रेजिमेंट है। यह भारत के राष्ट्रपति के लिए औपचारिक कर्तव्यों का पालन करने वाली एक रेजिमेंट है। पीबीजी के कर्मी बेहतरीन घुड़सवार, सक्षम टैंक मैन और पैराट्रूपर्स होते हैं।

अरुणाचल प्रदेश में मिट्टी ढहने से असम के मजदूरों की मौत

ईटानगर की डोनी कॉलोनी में बुधवार को मिट्टी का एक टीला गिरने से असम के दो मजदूरों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान असम के ढेकियाजुली के रहने वाले जहां हेमरान (45) और विजय बाग (46) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल के समन्वय से पुलिस अधिकारी आर के झा की अगुवाई में पांच घंटे चले अभियान के बाद दोनों लोगों को बचाया गया। उन्होंने बताया कि घायल गणेश ओरान और जोसेफ दोपनू को रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

एक अधिकारी ने बताया कि इमारत के ढहने की परिस्थितियों की जांच के लिए ईटानगर पुलिस थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। ईटानगर राजधानी क्षेत्र के उपायुक्त तालो पोटोम ने धरती काटने की गतिविधियों से जुड़े राज्य के कानूनों के उल्लंघन पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों सहित हितधारकों के साथ कई बैठकों के बावजूद, अवैध उत्खनन और योजना प्राधिकरण से अनुमति की अवहेलना जारी है। उन्होंने कहा, 'इस तरह के उल्लंघनों से अक्सर जान-माल का नुकसान होता है। मुझे उम्मीद है कि नागरिक भविष्य में अधिकारियों के साथ सहयोग करेंगे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए योजना प्राधिकरण से संपर्क करेंगे।'

SDF ने SKM प्रमुख के खिलाफ याचिका वापस लेने से खुद को अलग किया

विपक्षी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से याचिका वापस लेने से खुद को अलग कर लिया, जिसमें एसकेएम अध्यक्ष प्रेम सिंह तमांग की अयोग्यता अवधि को 2019 में चुनाव आयोग की तरफ से छह साल से घटाकर एक साल करने को चुनौती दी गई थी।

अयोग्यता अवधि को लगभग पांच साल कम करने से प्रेम सिंह तमांग को उस वर्ष चुनाव लड़ने और हिमालयी राज्य के निर्वाचित मुख्यमंत्री बनने में मदद मिली, जब उनकी पार्टी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) ने एसडीएफ को सत्ता से हटा दिया था। एसकेएम इस साल की शुरुआत में सिक्किम में सत्ता में वापस आ गया। एसडीएफ के दो नेताओं ने अयोग्यता अवधि को कम करने के चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ताओं ने हाल ही में शीर्ष अदालत से मामला वापस लेने का आग्रह किया और मंगलवार को प्रार्थना स्वीकार कर ली गई।

कर्नाटक मंत्रिमंडल में फेरबदल पर मंत्री ने भरी हामी

कर्नाटक मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच राज्य के वरिष्ठ मंत्री सतीश जारकीहोली ने बुधवार को कहा कि इस तरह की कवायद के बारे में बातचीत चल रही है, लेकिन यह पता नहीं है कि यह कब होगा।

उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख डी.के. शिवकुमार ने आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना का संकेत देते हुए मंगलवार को कहा था कि कुछ मंत्रियों को उनके कार्यकाल के बारे में 'संदेश' दिया गया है। इससे मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों को और बल मिला है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री शिवकुमार का दिल्ली दौरा भी अटकलों को और बल दे रहा है। सिद्धरमैया बृहस्पतिवार शाम राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो सकते हैं, जबकि शिवकुमार पहले से ही वहां मौजूद हैं। मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर लोक निर्माण विभाग मंत्री जारकीहोली ने कहा, 'चर्चा है कि ऐसा किया जाएगा। पता नहीं यह कब किया जाएगा, लेकिन खबर है कि कुछ लोगों को बदला जाएगा, कुछ विभागों में बदलाव किया जाएगा।'

ओडिशा: IAS सुजाता का अवकाश विस्तार आवेदन किया खारिज

ओडिशा सरकार ने वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएसएस) की अधिकारी सुजाता आर कार्तिकेयन के बाल देखभाल अवकाश (सीसीएल) के विस्तार के आवेदन को खारिज कर दिया है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि उन्हें ड्यूटी पर लौटने के लिए कहा गया है। कार्तिकेयन वीके पांडियन की पत्नी हैं, जो पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी सहयोगी रहे हैं। सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग ने मंगलवार को एक पत्र के माध्यम से कार्तिकेयन को बुधवार को कार्यभार ग्रहण करने के लिए सूचित किया है, क्योंकि सरकार ने बाल देखभाल अवकाश के विस्तार के लिए उनके आवेदन को स्वीकार नहीं किया।

गर्भवती पत्नी, मां और दो बेटों की हत्या के लिए व्यक्ति को मौत की सजा


मैसूर की एक जिला अदालत ने एक व्यक्ति को उसकी गर्भवती पत्नी, मां और दो बेटों की हत्या का दोषी पाते हुए मौत की सजा सुनाई है। मंगलवार को मैसूर जिले के सरगुर तालुक के अपने गांव चामेगौड़ाना हुंडी में 28 अप्रैल, 2021 को हुए जघन्य अपराध से संबंधित एक मामले में मणिकांत स्वामी को मौत की सजा सुनाई गई।

शराब के नशे में मणिकांत स्वामी ने अपनी पत्नी गंगा जो गर्भावस्था के नौवें महीने में थी, मां केम्पम्मा, अपने दो साल के बेटे सम्राट और चार साल के बेटे रोहित की रॉड से हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि स्वामी को अपनी पत्नी की वफादारी पर संदेह था और उसके परिवार के सदस्यों ने उसे इस तरह के संदेह छोड़ने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन उसका संदेह कायम रहा। अपराध करने के बाद स्वामी फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने तलाशी अभियान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

JPSC भर्ती घोटाला: CBI ने 12 साल बाद 60 लोगों के खिलाफ दाखिल किया आरोपपत्र

सीबीआई ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के तत्कालीन अध्यक्ष दिलीप कुमार प्रसाद समेत 60 लोगों के खिलाफ सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं के लिए आरोपपत्र दाखिल किया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने जेपीएससी के दो भर्ती घोटालों की जांच के लिए झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश पर 2012 में मामला दर्ज करने के 12 साल बाद यह आरोपपत्र दाखिल किया।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि आरोपपत्र भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की कई धाराओं 120-बी (आपराधिक साजिश) और 420 (धोखाधड़ी) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत दाखिल किया गया है। इससे जुड़े एक अधिकारी ने बताया, आरोप है कि डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, विक्रय कर अधिकारी आदि पदों के लिए आयोजित उक्त परीक्षा में कुछ उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गई। प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा के अंकों में हेराफेरी की गई। उन्होंने बताया कि सीबीआई जांच से पता चला है कि कई चयनित उम्मीदवार आरोपी जेपीएससी अधिकारियों, नेताओं, आईएएस अधिकारियों और राज्य के वरिष्ठ कानून अधिकारियों के रिश्तेदार और करीबी थे।
विज्ञापन

महंत ने मुसलमानों को वोट देने का अधिकार न देने संबंधी अपनी टिप्पणी पर खेद जताया
 
विश्व वोक्कालिगा महासमस्तन मठ के महंत कुमार चंद्रशेखरनाथ स्वामीजी ने मुस्लिम समुदाय को मताधिकार से वंचित करने संबंधी अपने बयान पर बुधवार को खेद व्यक्त किया और कहा कि उनकी जुबान फिसल गई थी। महंत ने कहा कि मुसलमान भी इस देश के नागरिक हैं और उन्हें भी अन्य लोगों की तरह मताधिकार प्राप्त है।

स्वामीजी ने एक बयान में कहा, 'कल के मेरे बयान के बारे में मेरी स्पष्ट राय है कि मुसलमान भी इस देश के नागरिक हैं, उन्हें भी दूसरों की तरह वोट देने का अधिकार है। अगर कल के मेरे बयान से मुसलमान भाइयों को तकलीफ हुई है तो मैं तहे दिल से खेद व्यक्त करता हूं। मेरा अनुरोध है कि इस मुद्दे को आगे न बढ़ाया जाए और इसे यहीं खत्म कर दिया जाए।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें