प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को सूफी संगीत महोत्सव जहान-ए-खुसरो 2025 में हिस्सा लेंगे। इस वर्ष सूफी संगीत महोत्सव की 25वीं वर्षगांठ पर भव्य समारोह होगा। 28 फरवरी से 2 मार्च तक चलने वाले महोत्सव में अमीर खुसरो की विरासत का जश्न मनाने के लिए दुनिया भर के कलाकार हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री देश की विविध कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रबल समर्थक रहे हैं। इसी क्रम में वे शुक्रवार को शाम लगभग 7:30 बजे सुंदर नर्सरी में जहान-ए-खुसरो में हिस्सा लेंगे। यह सूफी संगीत, कविता और नृत्य को समर्पित एक अंतरराष्ट्रीय महोत्सव है। रूमी फाउंडेशन इसका आयोजन करता है।
बस से टकराई कार, दंपती और दो बेटों समेत पांच की मौत
गुजरात के बनासकांठा में एक एसयूवी कार की राजस्थान राज्य परिवहन निगम की बस से टक्कर हो गई। हादसे में दंपती और उनके दो बेटों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि नौ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा शाम करीब साढ़े चार बजे अमीरगढ़ कस्बे के पास हुआ। अमीरगढ़ के पुलिस निरीक्षक एसके परमार ने कहा कि बस राजस्थान के सिरोही की ओर जा रही थी। कार चालक राजमार्ग के गलत साइड पर लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। दुर्घटना में कार चालक दिलीप खोखरिया (32) सहित पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि बस में सवार छह लोगों सहित नौ अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान खोखरिया की पत्नी मेवलिबेन (28), उनके दो बेटे रोहित (6) और ऋत्विक (3) और सुंदरीबेन सोलंकी (60) के रूप में की गई। सभी अमीरगढ़ तालुका के धनपुरा के निवासी थे।
भारत आईं यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला लेयेन, कहा- मौजूदा युग में भरोसेमंद मित्र की जरूरत
यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन बृहस्पतिवार दोपहर को भारत आईं। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने स्वागत किया। इसके बाद लेयेन ने एक्स पर लिखा कि संघर्ष और प्रतिस्पर्धा के युग में भरोसेमंद मित्रों की जरूरत होती है। यूरोप के लिए भारत एक ऐसा ही मित्र और रणनीतिक सहयोगी है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चर्चा करूंगी कि हमारी रणनीतिक साझेदारी को अगले स्तर तक कैसे ले जाया जाए। मोदी और लेयेन के बीच बातचीत टैरिफ को लेकर यूरोपीय संघ और अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के बीच बढ़ते तनाव को लेकर हो रही है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष से मुलाकात की और प्रमुख द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यूरोप के साथ भारत के संबंधों में नई जान फूंकने के उनके विचारों की सराहना करता हूं। दोनों नेताओं के बीच एफटीए पर विचार-विमर्श की उम्मीद है, क्योंकि हमें जल्द से जल्द एक परस्पर लाभकारी समझौता करने की जरूरत है।इससे पहले लेयेन ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ओडिशा के लिंगराज मंदिर में अनुष्ठान के दौरान दुर्घटना
भुवनेश्वर के श्री लिंगराज मंदिर के शिखर पर बुधवार रात महादीप ले जाते समय दुर्घटना हो गई। इस दुर्घटना में मंदिर का एक कर्मचारी और एक पुलिसकर्मी सहित तीन लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह घटना रात करीब 10:40 बजे हुई। दरअसल, मंदिर का कर्मचारी एक हाथ में महादीप लेकर 11वीं शताब्दी के भगवान शिव मंदिर के शिखर पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। उसी समय उसके फिसलने के कारण महादीप का गर्म तेल उस पर गिर गया। इस हादसे में एक पुलिसकर्मी सहित दो अन्य लोग भी झुलस गए। बाद में एक अन्य कर्मचारी ने महादीप को मंदिर के शिखर पर पहुंचाया।
खुर्दा के जिलाधिकारी चंचल राणा ने भी इस बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी जोगेंद्र समर्थ (50) को सरकारी कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महादीप जलाकर महाशिवरात्रि के अवसर पर दिन भर का उपवास समाप्त किया जाता है।
शिक्षा मंत्रालय ने कहा, पित्रोदा का बयान निराधार, रांची में आईआईटी नहीं
शिक्षा मंत्रालय ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के उन दावों का खंडन किया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि आईआईटी रांची के छात्रों के साथ उनके वर्चुअल संवाद के दौरान आपत्तिजनक सामग्री चलाई गई थी। पित्रोदा ने 22 फरवरी के कार्यक्रम को बाधित किए जाने का भी आरोप लगाया था।
बुधवार रात जारी बयान में शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस प्रमुख संस्थान की छवि को धूमिल करने के किसी भी प्रयास के कानूनी परिणाम भुगतने होंगे। मंत्रालय ने कहा कि रांची में कोई आईआईटी नहीं है। इसलिए कांग्रेस नेता का बयान न केवल निराधार, बल्कि अज्ञानता से भरा हुआ है। रांची में एक भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) है। लेकिन उसने भी पुष्टि की है कि सैम पित्रोदा को संस्थान की ओर से किसी भी सम्मेलन या सेमिनार में वर्चुअल तरीके से भी व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था।
ओडिशा में 10वीं कक्षा की लड़की से दुष्कर्म के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार
ओडिशा के मलकानगिरि जिले में सरकारी आवासीय विद्यालय की 10वीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को बोर्ड परीक्षा देकर छात्रावास लौटने के बाद छात्रा ने एक बच्ची को जन्म दिया। जिसके बाद मां और उसके नवजात शिशु दोनों को मलकानगिरी जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किया गया युवक लड़की का पड़ोसी है। उसे यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (बलात्कार) और 65 (1) (16 साल से कम उम्र की लड़की से बलात्कार) के तहत गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने यह भी कहा कि आरोपी ने पुलिस स्टेशन आकर लड़की के साथ संबंध बनाने की बात स्वीकार की।
इस मामले में जिला प्रशासन ने जांच के बाद हेडमास्टर अजित कुमार मदकामी और सहायक नर्सिंग और मिडवाइफरी (एएनएम) कबिता कुमारी को निलंबित कर दिया था। इसके अलावा हॉस्टल की संचालिका सुचित्रा चार्ची की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं।
थोपी न जाए तो नहीं करेंगे हिंदी का विरोध : स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री व सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने बुधवार को कहा कि अगर तमिलनाडु और तमिलों के आत्मसम्मान के साथ खिलवाड़ कर जबरन उन पर हिंदी भाषा थोपी नहीं जाए तो पार्टी इस भाषा का विरोध नहीं करेगी। तमिलनाडु में हिंदी के शब्दों पर कालिख नहीं पोतेंगे।
हिंदी थोपे जाने के मुद्दे पर पार्टी कार्यकर्ताओं को लिखे पत्र में स्टालिन ने कहा कि आत्मसम्मान तमिलों की विशेषता है। उन्होंने कहा, जो लोग पूछ रहे हैं कि द्रमुक अब भी हिंदी का विरोध क्यों कर रही है, तो मैं उन्हें विनम्रता से जवाब देता हूं क्योंकि आप अब भी इसे हम पर थोप रहे हैं। स्टालिन की यह टिप्पणी राज्य में भाषा को लेकर जारी विवाद के बीच आई है।
गोडसे की प्रशंसा करने वाली प्रोफेसर बनीं डीन, विरोध
महात्मा गांधी के शहीद दिवस पर नाथूराम गोडसे की प्रशंसा करने वाली राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), कालीकट की प्रोफेसर डॉ. शैजा ए को योजना एवं विकास विभाग का डीन नियुक्त किया गया है। राजनीतिक दलों ने शैजा की इस नियुक्ति का कड़ा विरोध किया है। माकपा की युवा शाखा ने मार्च निकालने का एलान भी किया है। शैजा मौजूदा डीन डॉ. प्रिया चंद्रन की जगह लेंगी। उनकी नियुक्ति दो साल के लिए है। शैजा ने पिछले साल एक दक्षिणपंथी वकील की ओर से साझा की गई पोस्ट के जवाब में गोडसे की प्रशंसा की थी।
शैजा ने महात्मा गांधी की हत्या करने और इस तरह भारत को बचाने के लिए गोडसे पर गर्व जाहिर किया था। माकपा की युवा शाखा डीवाईएफआई, एसएफआई व युवा कांग्रेस ने उनके खिलाफ शिकायत की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर शैजा से पूछताछ भी की थी।
पूर्व जस्टिस नागेश्वर बार में चुनाव सुधारों पर गठित समिति के प्रमुख
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व जज जस्टिस एल नागेश्वर राव को सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन में चुनाव सुधारों पर गठित समिति का प्रमुख नियुक्त किया है। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ ने कहा कि पूर्व जज राव ने समिति की अध्यक्षता करने पर सहमति व्यक्त की है। यह समिति सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) की कार्यकारी समिति का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए पात्रता मानदंड भी सुझाएगी।
तारा चंद शर्मा, राम उनियाल और समीर को धन्वंतरि आयुर्वेद पुरस्कार
पारंपरिक भारतीय चिकित्सा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले तीन प्रतिष्ठित आयुर्वेदाचार्यों को आयुष मंत्रालय ने इस वर्ष का राष्ट्रीय धन्वंतरि आयुर्वेद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में प्रसिद्ध नाड़ी वैद्य और लेखक तारा चंद शर्मा, द्रव्यगुण विज्ञान के विशेषज्ञ माया राम उनियाल और विश्व व्याख्यानमाला राष्ट्रीय सम्मेलन के संस्थापक समीर गोविंद जमदग्नि शामिल रहे। हर विजेता को प्रशस्ति पत्र, भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा वाली ट्रॉफी सहित 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
राहुल गांधी शिकागो परिषद के प्रतिनिधिमंडल से मिले
लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को शिकागो काउंसिल ऑफ ग्लोबल अफेयर्स के निदेशक मंडल के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व काउंसिल के सीईओ और नाटो में पूर्व अमेरिकी राजदूत ईवो एच डाल्डर ने किया। इस प्रतिनिधिमंडल ने भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से भी मुलाकात की। रक्षा मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बारे में जानकारी साझा की। इस दौरान मुख्य रूप से वैश्विक सुरक्षा, सहयोग, रणनीतिक साझेदारी और प्रमुख रक्षा प्राथमिकताओं को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
सीपीआई नेता का निधन
वरिष्ठ सीपीआई नेता और केरल के पूर्व विधायक पी राजू का गुरुवार को कोच्चि एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वह कुछ समय से अस्वस्थ थे। उनके पार्थिव शरीर को अस्पताल में रखा गया है और बाद में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पार्टी की राज्य परिषद के सदस्य राजू कई वर्षों तक एर्नाकुलम जिला सचिव के रूप में कार्यरत थे। 18 जुलाई, 1951 को विधायक रहे एन सिवन पिल्लई और सी चेल्लम्मा के घर जन्मे राजू ने पार्टी में कई पदों पर काम किया।
वह 1991-1996 के दौरान उत्तरी परवूर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक थे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने केरल विधानसभा अनुमान समिति (1998-2001) के अध्यक्ष, एआईवाईएफ एर्नाकुलम जिला समिति के अध्यक्ष, सीयूएसएटी सीनेट के सदस्य और एआईटीयूसी केरल राज्य परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया।
दवाओं के अवैध निर्यात में 8 करोड़ की संपत्ति जब्त
मानसिक रोग के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवा के अवैध निर्यात से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को हैदराबाद की एक निजी कंपनी और उसके प्रमोटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
ईडी ने जेआर इंफिनिटी प्रा. लि. के मालिक आशीष जैन और उनके परिवार के सदस्यों की 7.98 करोड़ की 22 अचल संपत्तियों को जब्त किया है। ईडी के मुताबिक, पीएमएलए कानून के तहत कुर्क की गई अचल संपत्तियां आशीष और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर मध्य प्रदेश के इंदौर में भूखंडों के रूप में हैं। इनकी कीमत 6.52 करोड़ रुपये है। चल संपत्तियां बैंक बैलेंस और फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में हैं, जिनकी कीमत 1.46 करोड़ रुपये है, जो आशीष जैन और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर हैं।
मणिपुर के छह जिलों में 104 हथियार सौंपे गए
संघर्ष प्रभावित मणिपुर के छह जिलों में लोगों ने स्वेच्छा से 104 आग्नेयास्त्र और गोला-बारूद सौंपे। मामले की जानकारी देते हुए एक एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये हथियार बुधवार को कंगपोकपी, इंफाल पूर्व, बिष्णुपुर, थौबल, इंफाल पश्चिम और काकचिंग जिलों में सौंपे गए। यह समय सीमा अधिकारियों की तरफ से हथियार सौंपने के लिए दी गई सात दिन की अवधि समाप्त होने से एक दिन पहले थी।
मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने 20 फरवरी को संघर्ष प्रभावित राज्य के लोगों से लूटे गए और अवैध रूप से रखे गए हथियारों को सात दिनों के भीतर स्वेच्छा से सौंपने का आग्रह किया था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि इस अवधि के दौरान हथियार सौंपने वालों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। मुख्य सचिव पीके सिंह ने 23 फरवरी को कहा था कि अगर कोई व्यक्ति हथियार छोड़ना चाहता है तो स्वेच्छा से हथियार सौंपने के लिए सात दिन का समय पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि इस अवधि के समाप्त होने के बाद सुरक्षा बल ऐसी बंदूकें बरामद करने के लिए कार्रवाई करेंगे।
मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के 2 सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के दो सदस्यों को जबरन वसूली में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि, प्रतिबंधित संगठन प्रीपैक (पीआरओ) के एक कैडर को इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई माखा काक्वा असेम लेईकाई से पकड़ा गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान सपाम जेम्सबॉन्ड के रूप में हुई है। वह सीधे तौर पर लोगों, सरकारी कार्यालयों, प्रधानों, व्यापारियों और दुकान मालिकों से जबरन वसूली और पैसे वसूलने में शामिल था।' उन्होंने बताया कि उसके पास से दो मोबाइल हैंडसेट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के हवाई अड्डे से प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कन्ना लूप के एक सक्रिय सदस्य को भी गिरफ्तार किया।
महाशिवरात्रि पर हजारीबाग में हुई हिंसा की जांच शुरू: डिप्टी कमिश्नर
हजारीबाग हिंसा की घटना को लेकर डिप्टी कमिश्नर नैन्सी सहाय ने कहा कि इचाक में डुमरांव नामक पंचायत है। यहां महाशिवरात्रि पर लाउडस्पीकर और झंडे लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प हुई। एक घंटे तक झड़प और पथराव हुआ। लेकिन किसी को बड़ी चोट नहीं आई। कोई भी घायल नहीं हुआ। कुछ वाहन और बाइक जला दी गईं। हम नुकसान का आकलन कर रहे हैं। हमारे पास कुछ इलाकों की सीसीटीवी फुटेज है। पुलिस जांच कर रही है। सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। शांति समिति की बैठक है। उसके बाद हम स्थिति का आकलन करेंगे और तय करेंगे कि हम कब तक सुरक्षा बल और मजिस्ट्रेट तैनात करेंगे। अभी तक हमने कोई निषेधाज्ञा लागू नहीं की है।
विदेश मामलों पर संसद की स्थायी समिति की बैठक आज
विदेश मामलों पर संसद की स्थायी समिति की बैठक आज संसद भवन एनेक्सी में होगी। समिति 'वर्ष 2025-26 के लिए मंत्रालय की अनुदान मांगों पर विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों के मौखिक साक्ष्य दर्ज करेगी।
श्रीलंका में गिरफ्तार किए गए 25 भारतीय मछुआरे चेन्नई लौटे
श्रीलंका में गिरफ्तार किए गए 25 भारतीय मछुआरों का एक समूह बृहस्पतिवार को चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा, जिसके बाद उन्हें उनके घरों को भेज दिया गया। इन मछुआरों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पार करने के आरोप में श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तार किया था। बता दें कि पिछले जनवरी से श्रीलंकाई नौसेना ने 131 तमिलनाडु के मछुआरों को गिरफ्तार किया है। मछुआरों के संघ ने बीते सोमवार को मछुआरों को रिहाई के लिए एक आपातकालीन बैठक की थी। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भारतीय मछुआरों को पकड़े जाने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वह केंद्र से इस मुद्दे का स्थायी समाधान खोजने के लिए एक संयुक्त कार्य समूह (जेडब्लूजी) गठित करने का आग्रह करेंगे।
ओडिशा में दसवीं की एक और छात्रा ने बच्चे को दिया जन्म
ओडिशा के जाजपुर जिले में दसवीं की एक छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया है। अधिकारियों ने बताया कि पेट में तेज दर्द होने पर छात्रा के घर वाले उसे अस्पताल ले गए। जांच के दौरान उसके गर्भवती होने का पता चला। ओडिशा में इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। सोमवार को मलकानगिरी जिले में दसवीं की ही एक छात्रा ने अपने हॉस्टल में बच्चे को जन्म दिया था। जाजपुर के अतिरिक्त जिला चिकित्सा अधिकारी (एडीएमओ) एके शर्मा ने बताया कि बुधवार को एक बच्ची को जन्म देने वाली छात्रा दसवीं में पढ़ाई कर रही है। वह बोर्ड परीक्षा के दो पेपर दे चुकी है। नवजात शिशु की स्वास्थ्य स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसे आईसीयू रखा गया है। शर्मा ने कहा कि हम उसकी जन्मतिथि की पुष्टि करने के बाद कह सकते हैं कि छात्रा नाबालिग है या बालिग।
कर्नाटक में इडली बनाने में पॉलीथीन सीट का हो रहा इस्तेमाल, 52 होटलों के खिलाफ कार्रवाई
कर्नाटक में पतली पॉलीथीन सीट का इस्तेमाल कर इडली बनाए जाने का मामला सामने आया है। सरकार ने ऐसे 52 होटलों का पता लगाया है, जहां इडली बनाने के लिए पारंपरिक कपड़े की जगह पॉलीथीन शीट का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडु राव ने चेताते हुए कहा कि होटल मालिकों को ऐसा नहीं करना चाहिए... क्योंकि प्लास्टिक सीट कैंसरकारी होती है। सीट गर्म होने पर ये हॉनिकारक तत्व इडली में प्रवेश कर सकते हैं, जिससे लोगों को स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। राव ने कहा कि इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सरकार खाद्य व्यंजनों में प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाएगी।
मणिपुर में लोगों ने सौंपे 104 हथियार
पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में पुलिस और सुरक्षाबलों से लूटे गए हथियारों को लौटाने का सिलसिला जारी है। दो दिन के भीतर मणिपुर के सात से ज्यादा जिलों में लूट के 135 हथियार सुरक्षाबलों को लौटाए गए। मंगलवार को 87 और बुधवार को कुल 48 हथियार सौंपे गए। इनमें आईईडी और एक-47 जैसे खतरनाक हथियार व विस्फोटक शामिल हैं।
जिरिबाम, इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, बिष्णुपुर, चुराचंदपुर और कांगपोकपी जैसे जिलों से लूट के हथियार लौटाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिरिबाम जिले में 12 कार्बाइन मशीन गन, प्वाइंट 303 की दो राइफल, दो एसएलआर राइफल्स, 12 बोर की चार बंदूक और आईईडी सुरक्षाबलों को लौटाए गए। इसके अलावा कुछ अन्य जिलों में इंसास जैसे घातक हथियार लौटाए गए हैं। कांगपोकपी जिले में सुरक्षाबलों से लूटी गई एक-47 भी वापस की गई है। बता दें कि, 20 फरवरी को राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने हिंसा प्रभावित इस राज्य के सभी समुदायों से एक सप्ताह के भीतर लूट के हथियार लौटाने की अपील की थी। मुख्य सचिव पीके सिंह ने चेतावनी दी थी कि आदेश का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी।
सलाहकार समिति ने की प्रधान पति विरोधी चैंपियन की पुरस्कृत करने की सिफारिश
केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय की सलाहकार समिति ने पंचायतों में निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों के पुरुष रिश्तेदारों की भागीदारी से निपटने के लिए निगरानी और निरीक्षण तंत्र विकसित करने, प्रधानपति विरोधी चैंपियन को पुरस्कृत करने और दंड देने की सिफारिश की है। पीटीआई ने केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय के एक सूत्र के हवाले से बताया कि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में एक सलाहकार समिति ने मंत्रालय को एक रिपोर्ट सौंपी है। इसमें महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों के व्हाट्सएप समूह बनाने और विधायकों और सांसदों द्वारा महिला प्रधानों को सीधे मार्गदर्शन देने का सुझाव दिया गया। मंत्रालय ने सर्वोच्च न्यायालय की सलाह के अनुपालन में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तीकरण से संबंधित मुद्दों की जांच और समाधान के लिए अक्तूबर 2023 में समिति का गठन किया था।
गढ़चिरौली में दो नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में 18 लाख रुपये के इनामी दो नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों की पहचान भामरागढ़ स्थानीय संगठन दस्ते (एलओएस) की डिवीजनल कमेटी सदस्य (डीवीसीएम) महिला नक्सली कांता उर्फ कंटक्का उर्फ मंडी गालू पल्लो (56) और सुरेश उर्फ वारलू इरपा मज्जी (30) के रूप में हुई है। पल्लो, भामरागढ़ के गुडंजूर का निवासी है और मज्जी भी भामरागढ़ एलओएस का सदस्य था। माओवादी विचारधारा से मोहभंग के बाद उन्होंने गडचिरौली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सामने हथियार डाल दिए। अधिकारी ने बताया कि कांता 1993 में मद्देड एलओएस नियुक्त हुई और 2008 में वह डीवीसीएम के रूप में काम करने लगी।वह 2015 तक टिपागड, चटगांव और कासनसूर एलओएस में क्रांतिकारी महिला संगठन के साथ भी रही।