फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Update: असम में पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद और विधायक पर हमला; मणिपुर में 10 उग्रवादी गिरफ्तार

Sun, 27 Apr 2025 10:09 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वेटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद रविवार को दिल्ली पहुंचीं। राष्ट्रपति कार्यालय ने यह जानकारी दी। पोप फ्रांसिस का सोमवार को निधन हो गया था। वह 88 वर्ष के थे। मुर्मू शनिवार को वेटिकन सिटी के सेंट पीटर्स स्क्वायर में अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। राष्ट्रपति के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू, अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष जोशुआ डीसूजा भी समारोह में शामिल हुए। विश्व के नेताओं और बड़ी संख्या में कैथोलिक अनुयायियों ने पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में भाग लिया, जिन्हें सेंट मैरी मेजर बेसिलिका के पार्श्व गलियारे में दफनाया गया।
विज्ञापन


मणिपुर में 10 उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के 10 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पाम्बेई) के चार कार्यकर्ताओं और एक सहयोगी को इंफाल पूर्व के वांगखेई थंगापट मापान से गिरफ्तार किया गया। प्रतिबंधित पीआरईपीएके (प्रो) के एक सदस्य को इंफाल पश्चिम के लाम्फेलपट से गिरफ्तार किया गया। कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं को शनिवार को इंफाल पूर्व के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया गया। वहीं काकचिंग जिले के मोल्तिनचाम गांव में तलाशी अभियान के दौरान बंदूकें, राइफलें और ग्रेनेड सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।

सेना के पूर्व उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पट्टाभिरामन का निधन
भारतीय सेना के पूर्व उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एस पट्टाभिरामन का निधन हो गया है। सेना ने उन्हें दिल से एक सैनिक और आत्मा से एक नेता के रूप में याद किया। वह 78 वर्ष के थे। सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और सेना के सभी रैंक के लोग पूर्व उपसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एस पट्टाभिरामन के दुखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं और उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। ले. जनरल पट्टाभिरामन 40 वर्ष की सेवा के बाद सेना से 2006 में सेवानिवृत्त हुए थे।
विज्ञापन

 

कबड्डी मैच के दौरान दर्शक दीर्घा ढही, कई लोगों के घायल होने की खबर
कर्नाटक के मांड्या जिले में दर्दनाक हादसा होने की खबर है। यहां मल्लानायकन कट्टे में आयोजित कबड्डी मैच के दौरान दर्शक दीर्घा ढह गई। पुलिस ने बताया है कि कई लोगों के घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मांड्या पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


पाकिस्तानी आतंकी दोस्त की तस्वीरें पोस्ट करने वाले युवक से पूछताछ
पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को नादिया जिले में एक युवक से सोशल मीडिया पर अपने पाकिस्तानी आतंकवादी दोस्त की तस्वीरें साझा करने के मामले में पूछताछ की। दरअसल, इस युवक की एक पोस्ट सामने आने के बाद हड़कंप मच गया था, जिसमें उसका दोस्त कुछ कथित आतंकियों के साथ बंदूके पकड़े नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि युवक का यह पाकिस्तानी दोस्त आतंकवादी हो सकती है, जिससे उसकी मुलाकात कतर में काम करने के दौरान हुई थी। युवक ने तस्वीर पर लिखा है-पाकिस्तान भैया मेरे दोस्त। उक्त युवक तीन साल पहले कतर गया था और एक साल पहले ही वापस लौटा है। पुलिस ने बताया कि कृष्णानगर के पुलिस स्टेशन में युवक के अलावा उसके माता-पिता से भी पूछताछ की गई। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तस्वीरें असली हैं या इनसे कोई छेड़छाड़ की गई है। पुलिस ने इस संबंध में कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया है। साइबर विशेषज्ञ उसके सोशल मीडिया प्रोफाइल की भी जांच कर रहे हैं।

पाकिस्तान के राजनयिक को विदेश मंत्रालय में नहीं दिया गया प्रवेश
साउथ ब्लॉक स्थित विदेश मंत्रालय में शनिवार को पाकिस्तान के राजनयिक को प्रवेश नहीं दिया गया। पाकिस्तान के राजधानी दिल्ली स्थित उच्चायोग में तैनात राजनयिक विदेश मंत्रालय में अपनी बात रखने पहुंचे थे, लेकिन प्रवेश द्वार पर ही तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। पहलगाम हमले के बाद भारत ने पहले पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंध न्यूनतम कर दिए हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ सिंधु जल संधि को स्थगित करने समेत कई कूटनीतिक कदम उठाए गए हैं।

कोच्चि हवाई अड्डे से 5.5 करोड़ का गांजा बरामद, एक गिरफ्तार
कोच्चि हवाई अड्डे से पुलिस ने शनिवार को 5.5 करोड़ की हाइब्रिड गांजे की तस्करी करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। सीमा शुल्क विभाग ने बताया कि मलप्पुरम निवासी एक व्यक्ति को कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 5 किलो हाइब्रिड गांजे की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी इंडिगो फ्लाइट से दुबई जा रहा था। पुलिस ने वेटिंग रूम से एक यात्री के ट्रॉली बैग की चेकिंग के दौरान 5.5 किलो गांजा बरामद किया जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 5.5 करोड़ रुपये है।

आज के आक्रामक राजनीतिक माहौल में विपक्ष को कुचलने का हो रहा प्रयास: राहुल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर देश में नफरत और डर का माहौल बनाने का आरोप लगाया और सत्तारूढ़ पार्टी पर हमला बोला। राहुल ने कहा कि आज के आक्रामक राजनीतिक माहौल में विपक्ष को कुचलने और मीडिया को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।हैदराबाद में भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, हम सभी जानते हैं, लोकतांत्रिक राजनीति में वैश्विक स्तर पर एक बुनियादी बदलाव आया है। एक दशक पहले जो नियम लागू थे, वे अब लागू नहीं होते। मैं अक्सर कहता हूं कि दस साल पहले जो रणनीतियां कारगर थीं, वे अब अप्रभावी हैं। पारंपरिक राजनेता अप्रचलित हो चुके हैं और एक नए तरह के राजनेता को गढ़ने की जरूरत है। यह हमारे लिए एक बड़ी चुनौती है। इस नई राजनीति से कौन से विचार उभरेंगे? राहुल ने कहा कि आज  विपक्ष को कुचलने और मीडिया को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। अपनी भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा, भाजपा और आरएसएस का नजरिया नफरत, डर और गुस्से से भरा हुआ है।

मुर्शिदाबाद में ममता ने दंगाइयों को पनाह दी : तरुण चुग
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तरुण चुग ममता बनर्जी सरकार पर मुर्शिदाबाद में हाल ही में हुई हिंसा के बाद दंगाइयों को पनाह देने का आरोप लगाया है। मीडिया से बातचीत में चुग ने दावा किया कि मुर्शिदाबाद में हिंदुओं पर पूर्व नियोजित और योजनाबद्ध हमले पर पश्चिम बंगाल सरकार की चुप्पी इस बात का सबूत है कि ममता बनर्जी की सरकार ने दंगाइयों को पनाह दिए हुए है। चुग ने कहा कि हिंदुओं पर अत्याचार के कारण बनर्जी के नेतृत्व में बंगाल बर्बाद और बदनाम हो गया है।

कांग्रेस विधायक के ठिकानों पर छापे, महिला ठग गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक में नेताओं से नजदीकी संबंध होने का दावा करने वाली 33 साल की ऐश्वर्या गौड़ा नाम की महिला को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। ऐश्वर्या के साथ संबंधों को लेकर ईडी ने कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की।अदालत ने महिला को 14 दिनों के लिए ईडी के रिमांड पर भेज दिया है। ईडी ने उसे 24 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। ऐश्वर्या पर आरोप है कि उसने सोना, नकदी और बैंक जमा पर ज्यादा रिटर्न का लालच देकर अमीर लोगों खासकर डॉक्टर और कारोबारियों से करीब 20 करोड़ रुपये ठगे। ईडी ने बताया कि ऐश्वर्या ने न तो पैसे लौटाए और न ही वादा किया गया रिटर्न दिया। उसने विभिन्न हाई-प्रोफाइल राजनेताओं से अपनी निकटता का दावा करके मामले को आगे बढ़ाने पर निवेशकों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। ऐश्वर्या के ठिकाने से 2.5 करोड़ कैश बरामद हुए थे। ईडी ने 24 और 25 अप्रैल को कर्नाटक में 14 जगहों पर छापे मारे थे, जिनमें कांग्रेस नेता कुलकर्णी के परिसर पर भी शामिल थे।

ईडी छापे के बाद गोगोई ने पूछा- असम का असली सिंडिकेट राजा कौन
असम में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे के बाद कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने शनिवार को भाजपा सरकार से कई सवाल पूछे हैं। सीएम हिमंत बिश्व सरमा पर निशाना साधते हुए गोगोई ने पूछा कि असम का असली सिंडिकेट राजा कौन है? सोशल मीडिया पोस्ट में गोगोई ने कहा कि ईडी ने असम के अवैध कोयला साम्राज्य का पर्दाफाश किया, जिसमें 1.58 करोड़ रुपये और फर्जी बिल जब्त किए गए। प्रतिदिन 1200 टन अवैध कोयला निकाला जा रहा है। ये गतिविधियां मुख्यमंत्री  की नाक के नीचे चल रही थीं, जिसको वे नकार रहे थे। गोगोई का आरोप है कोयला माफिया ने सीमा पार करने के लिए प्रति ट्रक 1.27-1.5 लाख रुपये का भुगतान किया गया। 

मणिपुर में 10 उग्रवादी गिरफ्तार हथियार, गोला-बारूद बरामद
मणिपुर के इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में सुरक्षा बलों ने विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के 10 उग्रवादियों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

इंफाल पूर्व के वांगखेई थंगापत मापान से शनिवार को प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पाम्बेई) के चार उग्रवादियों और एक सहयोगी को हिरासत में लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए उग्रवादी इंफाल घाटी में वसूली और स्थानीय लोगों को धमकाने की गतिविधियों में शामिल थे। इसी बीच इंफाल पश्चिम के लाम्फेलपाट से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (प्रो) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया, जबकि कांगलैपक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के पांच सक्रिय सदस्यों को शनिवार को इंफाल पूर्व के विभिन्न इलाकों से पकड़ा गया। इसके अलावा, काकचिंग जिले के मोल्टिनचाम गांव में शनिवार को हुई तलाशी अभियान के दौरान बंदूकें, राइफल्स और ग्रेनेड सहित हथियार व गोला-बारूद बरामद किए गए।

कोच्चिः गांजा रखने पर दो फिल्म निर्देशक समेत तीन हिरासत में
केरल के कोच्चि में हाइब्रिड गांजा रखने के आरोप में मलयालम फिल्म निर्देशक खालिद रहमान और अशरफ हमजा समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत दे दी गई। आबकारी विभाग ने एक बयान में कहा कि जांच के दौरान संदिग्धों के पास से 1.6 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया। तीसरा आरोपी शालिफ मोहम्मद अन्य दोनों आरोपियों का सहयोगी है।

मन की बात की स्क्रीनिंग की अनुमति न मिलने पर तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष ने उठाया सवाल
तमिलनाडु भाजपा प्रमुख एन नागेंद्रन ने रविवार को इस बात पर आश्चर्य जताया कि एक सप्ताह पहले अनुमति मिलने के बावजूद इस बार विल्लुपुरम जिले के नाडुकुप्पम इलाके में मन की बात की स्क्रीनिंग की अनुमति क्यों नहीं दी गई। नागेंद्रन ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें खुले मैदान में स्क्रीनिंग की अनुमति देने से इन्कार करने के बाद बंद हॉल में शिफ्ट होने को कहा। घटना के बाद नागेंद्रन ने तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, यह जगह उपमुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में आती है। हम उपमुख्यमंत्री से अनुरोध करते हैं कि पुलिस का इस्तेमाल हमें परेशान करने के लिए न करें।

जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश सचिव लैमी के साथ पहलगाम आतंकी हमले पर की चर्चा 
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष डेविड लैमी को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए नृशंस आतंकी हमले को लेकर चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सीमा पार के देशों से संबंधों पर वार्ता हुई। इस दौरान उन्होंने डेविड लैमी को आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस की नीति से अवगत कराया।

असम में पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद और विधायक पर हमला
असम के नागांव जिले में पंचायत चुनाव बैठक में भाग लेने जा रहे कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरोदोलोई और पार्टी विधायक सिबामोनी बोरा पर रविवार को अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों को मामूली चोटें आईं, लेकिन उनके वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना धींग पुलिस थाने के उपर-दुमदुमिया गांव में हुई, जब दोनों पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक प्रचार बैठक से दूसरी बैठक में जा रहे थे।

उन्होंने बताया, 'बालिकाटिया में एक चुनावी बैठक में भाग लेने के बाद, बोरदोलोई एपीसीसी प्रवक्ता मोहसिन खान और बोरा के साथ एक अन्य बैठक में भाग लेने के लिए जेंगोनी गांव की ओर बढ़ रहे थे। उसी समय, काले कपड़े पहने 10-12 नकाबपोश बदमाशों के एक गिरोह ने एक सुनसान जगह पर काफिले को रोका और उन पर हमला कर दिया।' अधिकारी ने बताया कि हमले में बोरदोलोई और बोरा दोनों मामूली रूप से घायल हो गए, लेकिन उनके वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, क्योंकि लोहे की छड़ों और हॉकी स्टिक से उनके वाहन के शीशे तोड़ दिए गए। अधिकारी ने बताया, 'हमले में बोरदोलोई और बोरा के पीएसओ घायल हो गए। सांसद ने सोलगुरी चौकी में एफआईआर दर्ज कराई है। दोषियों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।'
विज्ञापन


भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण उत्तरी सिक्किम के लाचेन में फंसे सभी पर्यटकों को रविवार को सुरक्षित निकाल लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि लगभग 600 पर्यटकों को 126 वाहनों के जरिये लाचेन से लाचुंग ले जाया गया। अधिकांश वाहन चुंगथांग पहुंच चुके हैं और संकलांग बेली ब्रिज के रास्ते अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में मंगन जिले के चुंगथांग, लाचुंग और लाचेन में भारी बारिश की वजह से हुए भूस्खलन के कारण लगभग 3,000 पर्यटक फंस गए थे। कई पर्यटकों ने चुंगथांग के एक गुरुद्वारे में शरण ली, जबकि अन्य होटलों और होमस्टे में रुके रहे। सड़कों की मरम्मत के बाद बीआरओ और प्रशासन की मदद से पर्यटकों को निकाला गया।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें