असम के तिनसुकिया जिले की एक स्थानीय अदालत ने 11 साल पहले बाजार में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में बुधवार को छह पुलिसकर्मियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। तिनसुकिया जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपांकर बोरा ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत छह पुलिसकर्मियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। घटना सात अक्टूबर 2013 की है, जब अंबिकापुर बाजार में अजीत सोनोवाल नामक व्यक्ति की पिटाई की गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि चोटों की वजह से उनकी मृत्यु हो गई।
सोनोवाल के पिता ने नौ अक्टूबर 2013 को सदिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। विस्तृत जांच के बाद आरोपपत्र दाखिल किया गया और तिनसुकिया जिला एवं सत्र न्यायालय में मुकदमा शुरू हुआ। अदालत ने साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और सरकारी वकील अशोक चौधरी की दलीलों पर विचार करते हुए छह पुलिसकर्मियों को दोषी पाया।
पूर्व विदेश सचिव मुचकुंद दुबे का 90 वर्ष की उम्र में निधन
पूर्व विदेश सचिव मुचकुंद दुबे (90) का बुधवार को एक अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें निरस्त्रीकरण मामलों का विशेषज्ञ माना जाता था। दुबे के मित्र मनोरंजन मोहंती ने एजेंसी को बताया, वह पिछले कुछ सप्ताह से बीमार चल रहे थे। इस महीने की शुरुआत में उन्हें दिल्ली के फोर्टिस (एस्कोर्ट) हार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
अवैध कोयला खनन मामले में तीन गिरफ्तार
सीबीआई ने मंगलवार को अवैध कोयला खनन मामले में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के एक पूर्व महाप्रबंधक और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से पहले दोनों से सीबीआई कार्यालय में घंटों पूछताछ की गई। एक अधिकारी ने दावा किया कि उन्हें बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। वे सीधे तौर पर घोटाले में शामिल हैं। पिछले हफ्ते, सीबीआई ने मामले में ईसीएल के एक अन्य पूर्व महाप्रबंधक को तीन अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया था।
असम में 4.5 करोड़ की हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
असम के कछार जिला पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने एक संयुक्त अभियान के तहत 4.5 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया में यह जानकारी दी। कहा कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने बुधवार को पड़ोसी राज्य मिजोरम से सिलचर आ रहे एक वाहन को रोका और तलाशी के दौरान 900 ग्राम हेरोइन बरामद की और तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध शराब से मरने वालों का मामला केवल तमिलनाडु तक ही सीमित नहीं: टीकेएस एलंगोवन
चेन्नई: तमिलनाडु में जहरीली शराब कांड पर डीएमके नेता टीकेएस एलंगोवन ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसा पूरे देश में हो रहा है। लोगों ने इसकी कम लागत के कारण इसे चुना है। 2022 में, गुजरात में अवैध शराब पीने से 43 लोगों की मौत हो गई थी। ऐसा यूपी, बिहार और राजस्थान में भी हुआ। एलंगोवन ने कहा यह केवल तमिलनाडु तक ही सीमित नहीं है। लोगों को अपनी मानसिकता बदलने और यह समझने की जरूरत है कि उनके मरने के बाद परिवार को ही कष्ट होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने दोषियों को सजा दिलाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस अधिकारियों का तबादला और निलंबन भी किया गया है।
भारत का प्रमुख साझेदार है अफ्रीका : जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को कहा कि अफ्रीका, भारत का एक प्रमुख साझेदार है। इसका प्रमाण अफ्रीका में भारतीय मिशनों की कुल संख्या से मिलता है। यहां पर भारतीय मिशन की संख्या 45 हो गई है। अफ्रीका दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में जयशंकर ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि अफ्रीका आज बहुत तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रहा है। ये मानव सभ्यता का उद्गम स्थल होने के साथ ही भविष्य की भूमि बनने की राह पर है। विदेश मंत्री ने कहा, यह सबसे युवा जनसांख्यिकी वाला महाद्वीप है, जिसमें विशाल प्राकृतिक संसाधन, बढ़ते बाजार और बढ़ती महत्वाकांक्षाएं हैं। अफ्रीका दिवस 1963 में अफ्रीकी एकता संगठन की स्थापना के रूप में मनाया जाता है।
सेनाओं के आधुनिकीकरण पर देना ध्यान चाहिए : चौधरी
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने मंगलवार को कहा कि भारत को सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण पर ध्यान देना चाहिए। कहा, वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य, सीमा विवाद और आतंकवाद से लेकर साइबर खतरों जैसी चुनौतियों से निपटने में यह कारगर साबित होगा। ‘तीसरा विश्व युद्ध और एयरोस्पेस रणनीति’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे सशस्त्र बलों को आधुनिक युद्ध की विशेषता, तेजी से बढ़ती नई तकनीक, भू-राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संदर्भों की व्यापक समझ की आवश्यकता है।
ऑल इंडिया परमिट वाले वाहनों को न रोकें तमिलनाडु : सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को निर्देश दिया है कि वह ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट (एआईटीपी) वाली बसों को बिना किसी रोकटोक के राज्य से गुजरने दे। जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस उज्जल भुइयां ने केआर सुरेश कुमार और अन्य की तरफ से दायर याचिका पर तमिलनाडु सरकार को नोटिस जारी किया और 12 अगस्त तक जवाब मांगा। राज्य सरकार ने 18 जून को जारी निर्देश में दूसरे राज्यों में पंजीकृत सभी बसों के लिए राज्य में परिचालन के लिए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण में पंजीकरण कराना अनिवार्य बना दिया है।
नीरज की याचिका पर ईडी को सुप्रीम नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने 46,000 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भूषण स्टील के पूर्व प्रवर्तक नीरज सिंघल की जमानत याचिका स्वीकार करते हुए ईडी को नोटिस जारी किया है। जस्टिस मनोज मिश्रा व जस्टिस एसवीएन भट्टी की पीठ ने ईडी से तीन सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। सिंघल ने दिल्ली हाईकोर्ट के 8 जनवरी के आदेश के खिलाफ शीर्ष अदालत का रुख किया है। हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका और ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी थी।
लंबित मुकदमे चिंताजनक, लोक अदालत का फायदा उठाएं लोग : जस्टिस चंद्रचूड़
देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने लंबित मुकदमों के बढ़ते बोझ पर गहरी चिंता जताई। साथ ही कहा कि सुप्रीम कोर्ट की तरफ से 29 जुलाई से 3 अगस्त तक विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है जिसका ज्यादा से ज्यादा संख्या में नागरिकों को लाभ उठाना चाहिए।
सीजेआई चंद्रचूड़ ने मंगलवार को जारी एक संदेश में कहा कि विशेष लोक अदालत का आयोजन शीर्ष अदालत की स्थापना के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही गतिविधियों का हिस्सा है। उन्होंने सभी नागरिकों, वकीलों और अधिवक्ताओं से इस अवसर का लाभ उठाते हुए मामलों को शीघ्रता से निपटाने की अपील की। जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा, लोक अदालत एक अनौपचारिक और प्रौद्योगिकी-आधारित समाधान का जरिया है जो हमारे नागरिकों से जुड़े मामलों को पूरी संतुष्टि के साथ हल करने में मददगार है।
पांच-दस वर्षों में और अच्छे होंगे भारत-ऑस्ट्रेलिया के संबंध: मैककैफ्रे
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उप उच्चायुक्त निकोलस मैककैफ्रे ने कहा, हमने भारत-ऑस्ट्रेलिया के संबंधों में काफी वृद्धि देखी है। हम द्विपक्षीय संबंधों के बारे में आर्थिक, मानवीय और रणनीतिक रूप में बात करते हैं। पिछले 5-10 वर्षों में हम भारत के साथ अपने संबंधों को बदलते हुए देखेंगे। दोनों देशों के रिश्ते में बहुत सारे अवसर हैं। 2022 में एफटीए पर हस्ताक्षर के साथ आर्थिक संबंधों को काफी बढ़ावा मिला है। हम ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों, निर्माताओं और सेवा प्रदाताओं को भारत में और भारत को ऑस्ट्रेलिया में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने भारत को सेमीफाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं।
पूर्व विदेश सचिव मुचकुंद दुबे का बुधवार को एक अस्पताल में स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण निधन हो गया, उनके एक मित्र ने बताया। वह 90 वर्ष के थे। उनके अस्सी वर्षीय मित्र मनोरंजन मोहंती ने बताया, "पिछले कुछ सप्ताह से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और इस महीने की शुरुआत में उन्हें दिल्ली के फोर्टिस (एस्कॉर्ट्स) हार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें हृदय संबंधी जटिलताएं थीं और कुछ अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी थीं। प्रोफेसर दुबे का आज दोपहर अस्पताल में निधन हो गया।" बता दें कि वरिष्ठ राजनयिक ने 1990-91 के दौरान भारत के विदेश सचिव के रूप में कार्य किया। वह बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त और जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र संगठनों के स्थायी प्रतिनिधि भी थे। मोहंती ने बताया कि गुरुवार शाम को यहां लोधी रोड श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अमित शाह से मिलने उनके आवास पर पहुंचीं स्मृति ईरानी
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचीं।