पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा से मुलाकात की। इस मौके पर देवेगौड़ा के साथ उनके बेटे और केंद्रीय इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी भी थे। देवेगौड़ा से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, '7, लोक कल्याण मार्ग पर पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा जी से मिलना सम्मान की बात थी। विभिन्न विषयों पर उनकी बुद्धिमत्ता और दृष्टिकोण को बहुत महत्व दिया जाता है।' मैं उस कलाकृति के लिए भी आभारी हूं जो उन्होंने मुझे दी, जिससे मुझे हाल ही में कन्याकुमारी की यात्रा की याद आ गई।
पीएम मोदी के पोस्ट को कुमारस्वामी ने टैग किया और कहा, 'माननीय नरेंद्र मोदी सर, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं आपके प्रोत्साहन और हमारे प्रति दिखाए गए विश्वास के लिए सदैव आभारी हूं।'
डिप्टी सीएम फडणवीस के खिलाफ अपमाजनक पोस्ट करने पर एक के खिलाफ केस
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक मीम्स बनाने और पोस्ट करने के लिए माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट 'एक्स' के एक उपयोगकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि एक शिकायत के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी और सार्वजनिक शरारत को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को ठाणे जिले के खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि एक्स यूजर @gajabhauX ने कथित तौर पर 20 जुलाई को फडणवीस की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की और अपमानजनक मीम्स बनाकर साझा किए। अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने दावा किया कि पोस्ट ने लोगों में असंतोष और असुरक्षा की भावना पैदा की। मामले की जांच चल रही है और कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
चीनी राजदूत ने घायल नाविक को बचाने के लिए भारतीय नौसेना की सराहना की
भारत में चीनी राजदूत जू फेइहोंग ने एक चीनी नाविक को बचाने के लिए भारतीय नौसेना की सराहना की है। चीनी राजदूत ने कहा कि उसका उपचार किया जा रहा है, अब उसकी हालत स्थिर है। दरअसल, मुंबई के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) को 23 जुलाई को मुंबई से 200 नॉटिकल मील (लगभग 370 किमी) दूर बल्क कैरियर झोंग शान मेन से एक कॉल मिली, जिसमें 51 वर्षीय चीनी नाविक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना दी गई और तत्काल बचाने का अनुरोध किया गया। भारतीय नौसेना वायु स्टेशन आईएनएस शिकरा से एक हेलिकॉप्टर से घायल चीनी नाविक को जहाज के ब्रिज विंग से सफलतापूर्वक एयरलिफ्ट किया। सहायता प्रदान करने के लिए आईसीजीएस सम्राट को भी डायवर्ट किया गया था। भारतीय नौसेना के साथ एमआरसीसी (एमबीआई) द्वारा समन्वित इस संयुक्त अभियान के कारण मरीज को सुरक्षित और समय पर निकाला गया। इस पर राजदूत जू फेइहोंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, चीनी चालक दल के सदस्य को बचाने के लिए हम भारतीय नौसेना की सराहना करते हैं।
प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय के छात्र फीस बढ़ोतरी को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे
प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय के छात्रों ने बृहस्पतिवार को फीस बढ़ोतरी के खिलाफ विश्वविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने मांग की कि नए शैक्षणिक वर्ष में नए छात्रों के लिए प्रवेश शुल्क में बढ़ोतरी के किसी भी फैसले को तुरंत रद्द किया जाए। एसएफआई, प्रेसीडेंसी इकाई के सदस्य बिटान इस्लाम ने कहा, 'हम पिछले एक सप्ताह से हाल ही में गठित शुल्क समीक्षा समिति के साथ बिना किसी नतीजे के बातचीत कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि विश्वविद्यालय के अधिकारी- कार्यवाहक कुलपति, रजिस्ट्रार और डीन सीधे हमसे बात करें। वहीं, प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी के एक अधिकारी ने कहा कि करीब 10 साल बाद फीस बढ़ोतरी का प्रस्ताव विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि बढ़ोतरी केवल नए छात्रों के लिए प्रभावी होगी।
दक्षिण गोवा के वर्ना औद्योगिक एस्टेट में दम घुटने से दो कर्मचारियों की मौत
दक्षिणी गोवा के वर्ना औद्योगिक एस्टेट में एक इकाई में बृहस्पतिवार को दम घुटने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। कर्मचारी क्रशर मशीन की मरम्मत के लिए लिफ्ट के गड्ढे में घुसे थे। पुलिस ने मृतकों की पहचान पड़ोसी महाराष्ट्र के क्रमशः सांगली और कोल्हापुर के अक्षय पवार (24) और अक्षय पाटिल (27) के रूप में की। वर्ना पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा, घटना शाम 4 बजे हुई। उन्होंने बताया कि दोनों कर्मचारी सिप्ला यूनिट में ब्रिकेट बॉयलर प्लांट में एनजे रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के लिए ऑपरेटर के रूप में काम कर रहे थे।
1.6 करोड़ की पारंपरिक लैंप से सजा ऐतिहासिक थिरुमलाई नयक्कर महल
तमिलनाडु के मदुरै में ऐतिहासिक थिरुमलाई नयक्कर महल को 1.6 करोड़ रुपये की लागत से पारंपरिक लैंप से सजाया गया है। महल के अंदर और बाहर लगी लाइटों की रोशनी ने आकर्षण को बढ़ा दिया है। रात में लाइटों से जगमगाता महल का यह मनमोहक दृश्य देखते ही बन रहा है।
महाराष्ट्र में मौसम साफ, आज स्कूल खुले रहेंगे
मुंबई में मौसम साफ हो गया है। बारिश भी फिलहाल सामान्य है। मौसम साफ होने के चलते महानगर में जनजीवन सुचारू रूप से चल रहा है। इसके परिणामस्वरूप, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) क्षेत्र के सभी स्कूल और कॉलेज आज यानी 26 जुलाई को नियमित आधार पर खुले रहेंगे। बीएमसी ने अभिभावकों से अनुरोध करते हुए कहा है कि वे स्कूल और कॉलेज की छुट्टियों के संबंध में किसी भी अन्य जानकारी या अफवाहों पर विश्वास न करें। केवल बीएमसी की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
त्रिपुरा में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव आठ अगस्त को होंगे
त्रिपुरा में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव आठ अगस्त को होंगे और 12 अगस्त को नतीजे आएंगे। बीजेपी नेता राजीब भट्टाचार्य ने कहा कि त्रिपुरा में 605 ग्राम पंचायतें हैं और 6370 सीटें हैं। बीजेपी 4704 सीटों पर निर्विरोध जीत चुकी है। चुनाव 1666 सीटों पर होंगे। पीएम मोदी और त्रिपुरा के सीएम मनक साहा के नेतृत्व में किए गए काम की वजह से हमें भरोसा है कि हम सभी सीटें जीतेंगे।
कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय में लैपटॉप चोरी की पूछताछ में बीमार पड़ा छात्र, अस्पताल में भर्ती
जादवपुर विश्वविद्यालय के छात्रावास में कथित रैगिंग के कारण एक छात्र बीमार हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्र की हालत स्थिर है और उसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। बताया जा रहा है कि लैपटॉप चोरी के संदेह में अन्य छात्रों की ओर से पूछताछ के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। विश्वविद्यालय में वरिष्ठ छात्रों की ओर से रैगिंग के बाद स्नातक प्रथम वर्ष के एक छात्र की मौत के करीब एक साल बाद यह दूसरी घटना है।
जेयू रजिस्ट्रार स्नेहामंजू बसु ने बृहस्पतिवार को कहा कि कंप्यूटर इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष स्नातकोत्तर छात्र को बुधवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया। हॉस्टल में रहने वाले कुछ लोगों ने चोरी हुए लैपटॉप के बारे में जब छात्र से पूछताछ की तो वह बीमार पड़ गया। अधिकारी ने कहा कि छात्र के साथ मारपीट नहीं की गई, लेकिन उस पर लैपटॉप चोरी करने का आरोप लगाया गया था। हम घटना और आरोपों की जांच कर रहे हैं। चोरी का आरोप लगने पर छात्र को घबराहट होने लगी, लेकिन रैगिंग या शारीरिक हमले का कोई सबूत नहीं मिला। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद छात्र का बयान दर्ज किया जाएगा।
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव राजीव रंजन का निधन, नीतीश ने जताया दुख
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता राजीव रंजन (65) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें सांस लेने में कठिनाई के बाद भर्ती भर्ती कराया गया था। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त किया। अपने शोक संदेश में जदयू प्रमुख नीतीश कुमार ने रंजन को एक सक्षम राजनीतिज्ञ और प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता बताया। नालंदा जिले से आने वाले रंजन ने 2010 में इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी। इसी जिले से मुख्यमंत्री भी आते हैं। पांच साल बाद नीतीश के साथ मतभेदों के कारण उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। दिसंबर 2022 में रंजन ने भाजपा छोड़ दी थी और कुछ ही समय बाद जदयू में वापस आ गए।
आपातकाल के खिलाफ लड़ने वालों को लोकतंत्र सेनानी घोषित करें : त्यागी
जदयू के मुख्य प्रवक्ता एवं सलाहकार केसी त्यागी ने 25 जून को संविधान हत्या दिवस घोषित करने के मोदी सरकार के फैसले का आभार जताते हुए आपातकाल के खिलाफ संघर्ष करने वाले योद्धाओं को लोकतंत्र सेनानी घोषित करने की मांग की है। गुरुवार को प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को पत्र लिखकर त्यागी ने आपातकाल के योद्धाओं को प्रतिमाह 50 हजार रुपये पेंशन और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने का भी आग्रह किया है।
पत्र में त्यागी ने लिखा है कि लोकतंत्र की जगह तानाशाही व्यवस्था लाने के इस प्रयास के खिलाफ जय प्रकार नारायण, मोरारजी देसाई, अटल बिहारी वाजपेयी सहित कई हस्तियों ने संघर्ष किया। संविधान दिवस हत्या घोषित करने वाले राजपत्र में दिवंगतों को श्रद्धांजलि का उल्लेख तो किया है, मगर जीवित योद्धाओं के साथ न्याय करने को ले कर कोई उल्लेख नहीं किया गया है।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के धालीवाल बने नए डीजीपी
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हरगोविंद सिंह धालीवाल को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया। 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी धालीवाल नई दिल्ली में विशेष पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यरत थे। धालीवाल ने धौलाकुआं सामूहिक दुष्कर्म कांड, पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की हत्या और जिगिशा घोष हत्याकांड जैसे कई बड़े मामलों को सुलझाया है।
महाराष्ट्र : राज ठाकरे का एलान 250 सीटों पर उतारेंगे प्रत्याशी
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे आगामी विधानसभा चुनाव में अकेले चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन में यह घोषणा की। कहा कि मनसे राज्य की 288 सीटों में से 200 से 250 सीटों पर स्वतंत्र रूप से प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। चुनाव की तैयारी के लिए वह एक अगस्त से राज्यव्यापी दौरा भी शुरू करेंगे। राज ने लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हुए प्रदेश में लोकसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार नहीं उतारे थे, लेकिन विधानसभा चुनाव में वह किसी भी दल से समझौता नहीं करना चाहते।
तमिलनाडु में जंगली हाथी ने बुजुर्ग महिला को पटककर मार डाला
तमिलनाडु के इरोड जिले में एक बुजुर्ग महिला को जंगली हाथी ने पटककर मार डाला। घटना बुधवार को सत्यमंगलम टाइगर रिजर्व (एसटीआर) के करिक्कलमेडु मदैयान कोइल वन क्षेत्र में हुई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि मणिअम्मल (63) इलाके की कुछ महिलाओं के साथ जलावन इकट्ठा करने के लिए जंगल गई थीं। शाम को जब वह घर नहीं लौटीं तो ग्रामीणों ने उसकी तलाश की। इस दौरान एक स्थान पर उन्हें बुजुर्ग महिला का शव पड़ा मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एनसीपी नेता के नाम से फेक व्हाट्सएप अकाउंट बनाने वाला गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने बताया कि एक व्यवसायी को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता प्रफुल पटेल के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर कथित तौर पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाने और कतर के शाही परिवार के सदस्यों समेत विदेश में कुछ लोगों से पैसे मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई के उपनगर जुहू निवासी व्यवसायी राहुल कांत ने एक पेड एप्लीकेशन से राकांपा नेता का मोबाइल फोन नंबर हासिल किया था। अधिकारी ने बताया कि यह मामला 23 जुलाई को सामने आया, जब एनसीपी नेता के एक सहयोगी विवेक अग्निहोत्री ने महाराष्ट्र साइबर अधिकारियों से एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पैसे मांगने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके दौरान साइबर यूनिट के अधिकारियों ने जुहू में उस व्यक्ति को ट्रैक किया और पूछताछ के बाद उसे हिरासत में ले लिया। अधिकारी ने बताया कि व्यवसायी वित्तीय समस्याओं से जूझ रहा था और इसलिए उसने जल्दी से पैसा कमाने के लिए यह तरीका अपनाया।
रथ यात्रा के दौरान अव्यवस्था का आरोप, भाजपा सरकार पर बरसी विपक्ष
ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजेडी) और कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि इस महीने पुरी में आयोजित भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में गंभीर कुप्रबंधन हुआ। ओडिशा विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव पर बहस की शुरुआत करते हुए, कांग्रेस विधायक दल के नेता राम चंद्र कदम ने दावा किया कि भगवान जगन्नाथ के नाम पर सत्ता में आई भाजपा सरकार ने भगवान बलभद्र की 'पहांडी' अनुष्ठान के दौरान हुई घटनाओं को छिपाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि 9 जुलाई को गुंडिचा मंदिर के अदपा मंडप में रथ से ले जाते समय भगवान बलभद्र की मूर्ति गिर गई थी। वहीं बीजेडी विधायक ब्योमकेश रे ने भी भाजपा सरकार की आलोचना की और भाजपा पर रथ यात्रा को पार्टी के कार्यक्रम की तरह मानने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कुप्रबंधन के कारण एक भक्त की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। वहीं विपक्ष के आरोप के जवाब में, कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि इस साल की रथ यात्रा अनूठी थी क्योंकि इसमें तीन प्रमुख अनुष्ठान शामिल थे - एक ही दिन, 7 जुलाई को 'नबजौबन दर्शन', 'नेत्र उत्सव' और रथ यात्रा। उन्होंने कहा कि सभी सेवकों के सहयोग और भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से रथ यात्रा सुचारू रूप से आयोजित की गई और पूरी दुनिया ने इसे देखा।
भुवनेश्वर - पत्रकार के मस्तिष्क कैंसर के लिए राज्यपाल ने दी सहायता
- फोटो : ANI
पत्रकार के मस्तिष्क कैंसर के लिए राज्यपाल ने दी सहायता
ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास ने आज राजभवन में ओडिशा के एक युवा पत्रकार स्वाधीन चेता दास महापात्रा से मुलाकात की और उनके मस्तिष्क कैंसर के इलाज के लिए 2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की।
बंगाल के राणाघाट में व्यवसायी और ड्राइवर की चाकू मारकर हत्या
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले से में अपराध की दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। स्थानीय पुलिस ने बताया कि गुरुवार को एक व्यवसायी और उसकी कार के चालक की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात को जिले के रानाघाट कस्बे में अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक अनुलिया इलाके में एक निर्माणाधीन मकान से सुमन चक्रवर्ती और उसके चालक के शव बरामद किए गए, जिन पर चाकू के कई घाव थे। व्यवसायी के परिवार ने पुलिस को बताया कि चक्रवर्ती दोपहर के समय किसी से मिलने अनुलिया इलाके में गए थे। बाद में परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो सका।
नक्सलियों ने की आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादी की हत्या
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादी पर मुखबिर होने का आरोप लगाकर उसकी हत्या कर दी। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि जग्गू उर्फ जयराम गावड़े पर गुरुवार रात आरेवाड़ा-हिद्दुर रोड पर एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास नक्सलियों के एक समूह ने हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि भामरागढ़ जिले के आरेवाड़ा निवासी गावड़े और उसकी पत्नी रासो उर्फ देवे पुंगती ने 2017 में आत्मसमर्पण किया था। एसपी कार्यालय के बयान में कहा गया है कि जग्गू उर्फ जयराम गावड़े और उसकी पत्नी 2007 से प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के भामरागढ़ 'दलम' के सदस्य थे। फिलहाल मामले में केक दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
कांग्रेस ने सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए गठित की समितियां
कांग्रेस पार्टी ने महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपने महा विकास अघाड़ी सहयोगियों शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) के साथ बातचीत करने के लिए मुंबई और महाराष्ट्र के लिए समिति बनाई हैं। शुक्रवार को पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि राज्य स्तरीय समिति में राज्य इकाई प्रमुख नाना पटोले, कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता बालासाहेब थोराट, विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के साथ-साथ वरिष्ठ नेता नितिन राउत, नसीम खान और सतेज पाटिल शामिल हैं। वहीं मुंबई इकाई का प्रतिनिधित्व शहर इकाई प्रमुख और लोकसभा सांसद वर्षा गायकवाड़, पूर्व शहर इकाई प्रमुख भाई जगताप और विधायक असलम शेख करेंगे। बता दें कि राज्य की 48 लोकसभा सीटों में से एमवीए ने 31 सीटें जीतीं। जिसमें राज्य के एकमात्र निर्दलीय सांसद विशाल पाटिल सांगली से कांग्रेस के सहयोगी सदस्य हैं।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस आठ एक्स यूजर को किया तलब
महाराष्ट्र पुलिस की साइबर शाखा ने भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा (आईआरपीएस) अधिकारी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की बेटी अंजलि बिरला के बारे में अपमानजनक सामग्री पोस्ट करने या फिर से पोस्ट करने के लिए एक एक्स उपयोगकर्ता और सात अन्य को तलब किया है। महाराष्ट्र साइबर ने 'ध्रुव राठी (पैरोडी)' नामक एक एक्स अकाउंट के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसमें दावा किया गया था कि अंजलि ने अपने पिता के प्रभाव के कारण यूपीएससी की परीक्षा पास की और अपने पहले ही प्रयास में आईएएस अधिकारी बन गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पैरोडी अकाउंट का ध्रुव राठी से कोई संबंध नहीं है। इस निराधार पोस्ट को सात अन्य लोगों ने रीट्वीट या शेयर किया, जिसके बाद अंजलि बिड़ला के एक रिश्तेदार ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मानहानि, जानबूझकर अपमान, शांति भंग करने और शरारत के लिए महाराष्ट्र साइबर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पैरोडी अकाउंट पर मूल ट्वीट पोस्ट करने वाले सोशल मीडिया यूजर और इसे रीट्वीट करने वालों का पता लगा लिया है और सभी आठ एक्स यूजर्स को उनके बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है। हालांकि पैरोडी अकाउंट चलाने वाले एक्स यूजर ने बाद में बिना शर्त माफी मांगी, लेकिन कानूनी प्रावधानों के अनुसार उसकी जांच की जाएगी।
कर्नाटक की नई मुख्य सचिव बनीं शालिनी रजनीश
शुक्रवार को कर्नाटक के कानून एवं संसदीय मामलों के मंत्री एच के पाटिल ने बताया कि शालिनी रजनीश कर्नाटक की नई मुख्य सचिव होंगी। 1989 बैच की आईएएस अधिकारी अपने पति और निवर्तमान मुख्य सचिव रजनीश गोयल की जगह लेंगी, जो 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। मंत्री ने पत्रकारों से बताया, मंत्रिमंडल ने नए मुख्य सचिव की नियुक्ति पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को अधिकृत किया था। उन्होंने सरकार की वर्तमान अतिरिक्त मुख्य सचिव शालिनी रजनीश के नाम को अंतिम रूप दिया है और आज मंत्रिमंडल को इसकी जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, शालिनी रजनीश 1989 के आईएएस बैच की महिला टॉपर थीं। ग्रामीण विकास में पीएचडी करने वाली शालिनी ने प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास और महिला सशक्तिकरण जैसे कई विषयों पर कई किताबें लिखी हैं।
सऊदी अरब में भारतीय राजदूत एसए खान को सौंपा गया यमन का अतिरिक्त प्रभार
वरिष्ठ राजनयिक सुहेल एजाज खान, जो वर्तमान में सऊदी अरब में भारत के राजदूत के रूप में कार्यरत हैं, उन्हें यमन के लिए अगले राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया है। एस ए खान 1997 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी हैं। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि उनके जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है।
पूर्व सांसद राजदीप रॉय को भाजपा ने त्रिपुरा इकाई का प्रभारी बनाया
सिलचर लोकसभा क्षेत्र से पूर्व भाजपा सांसद राजदीप रॉय को पार्टी की त्रिपुरा इकाई का प्रभारी नियुक्त किया गया है। बता दें कि राज्य में 8 अगस्त को होने वाले पंचायत चुनावों से पहले ये बदलाव किया गया है। वहीं भाजपा की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राजदीप रॉय महेश शर्मा की जगह लेंगे। वहीं इस पर राजदीप रॉय ने कहा, त्रिपुरा राज्य का प्रभारी नियुक्त करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी का आभारी हूं। राजदीप रॉय को बधाई देने वालों में मुख्यमंत्री माणिक साहा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक भी शामिल थीं।
नागालैंड में 1 अगस्त से सिंगल-यूज प्लास्टिक उत्पादों पर प्रतिबंध
नागालैंड सरकार ने 1 अगस्त से राज्य में सिंगल-यूज प्लास्टिक उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का एलान किया है। इस फैसले को संबंधित अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर एक बैठक के बाद उठाया गया है और राज्य में "सिंगल-यूज प्लास्टिक के बड़े पैमाने पर उपयोग से उत्पन्न गंभीर पर्यावरणीय और पारिस्थितिक चुनौतियों" को खत्म करने के उद्देश्य से उठाया गया है। सिंगल-यूज प्लास्टिक उत्पादों में आम तौर पर खाद्य और पेय पदार्थ के कंटेनर, बोतलें, स्ट्रॉ और डिस्पोजेबल प्लास्टिक बैग शामिल होते हैं। एक आदेश में कहा गया है, कि माइक्रोन की परवाह किए बिना सभी सिंगल-यूज प्लास्टिक कैरी बैग और एक लीटर से कम पानी और शीतल पेय के लिए सभी सिंगल-यूज प्लास्टिक बोतलों पर 1 अगस्त से राज्य में पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
महाराष्ट्र में भाजपा नेता ने थामा शिवसेना (UBT) का दामन
- फोटो : ANI
महाराष्ट्र में भाजपा नेता ने थामा शिवसेना (यूबीटी) का दामन
महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दल बदलने के सिलसिला शुरू होने लगा है। इस कड़ी में पूर्व विधायक और भाजपा नेता रमेश कुठे ने उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में शिवसेना (यूबीटी) का दामन थाम लिया है। बता दें कि इससे पहले रमेश कुठे साल 2018 में शिवसेना छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
राष्ट्रपति और पूर्व राष्ट्रपतियों को भेंट किए गए चुनिंदा उपहारों की नीलामी करेगा राष्ट्रपति भवन
राष्ट्रपति भवन एक वेब पोर्टल के माध्यम से राष्ट्रपति और पूर्व राष्ट्रपतियों को कई अवसरों पर भेंट किए गए चुनिंदा उपहारों की नीलामी करेगा। पहले चरण में, लगभग 250 बेहतरीन उपहारों की नीलामी की जाएगी, इसमें कहा गया है। राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है, इस पहल का उद्देश्य न केवल नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है, बल्कि नेक कामों का समर्थन करना भी है। नीलामी से प्राप्त सभी आय जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए दान की जाएगी। इस नीलामी की बोली 5 अगस्त से 26 अगस्त तक खुली रहेगी। बोली अवधि समाप्त होने के बाद, आइटम सबसे अधिक बोली लगाने वालों को सौंप दिए जाएंगे। राष्ट्रपति भवन कई अवसरों पर राष्ट्रपति और पूर्व राष्ट्रपतियों को भेंट किए गए चुनिंदा उपहारों की नीलामी ई-उपहार नामक एक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से करेगा। इस पोर्टल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को अपने राष्ट्रपति पद के दो साल पूरे होने पर लॉन्च किया है। इच्छुक व्यक्ति आवश्यक विवरण और आधार प्रमाणीकरण दाखिल करने के बाद https://upahaar.rashtrapatibhavan.gov.in/ पर अपनी बोलियां लगा सकते हैं। वेबसाइट के माध्यम से, बोलीदाता अपनी पसंदीदा वस्तुओं के लिए बोलियां लगा सकते हैं, उनकी स्थिति की जांच कर सकते हैं और ऑनलाइन मोड का उपयोग करके भुगतान कर सकते हैं। नीलामी के लिए उपहार वस्तुएं राष्ट्रपति भवन संग्रहालय में जनता के देखने के लिए उपलब्ध होंगी। आगंतुक https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/ के माध्यम से संग्रहालय के लिए टिकट बुक कर सकते हैं और मंगलवार से रविवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे के बीच प्रदर्शनी देख सकते हैं।
आर्मस्ट्रांग हत्याकांड में एक और शख्स गिरफ्तार
चेन्नई पुलिस ने बताया कि बहुचर्चित बीएसपी नेता आर्मस्ट्रांग हत्याकांड में शुक्रवार को 28 वर्षीय एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान टी. प्रदीप के रूप में हुई है, जो आर्मस्ट्रांग की तरह पेरम्बूर इलाके का निवासी है। इस मामले में, के. थिरुवेंगदम को छोड़कर, जिसे 14 जुलाई को पुलिस ने गोली मार दी थी, उनकी गिरफ्तारी के बाद हिरासत में लिए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 17 हो गई है। गिरफ्तारी के बाद, थिरुवेंगदम को हथियार बरामद करने के लिए जांच के तहत शहर में एक स्थान पर ले जाया गया। मामले में एक प्रमुख आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाईं और उनकी हिरासत से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कहा था कि आत्मरक्षा में उन्होंने उस पर गोली चलाई और वह मारा गया। 5 जुलाई को, आर्मस्ट्रांग की यहां एक गिरोह ने हत्या कर दी थी और हत्या के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया था।
इंडिगो की खराब यात्रा के बारे में मंत्री ने की शिकायत
तमिलनाडु के उद्योग मंत्री टीआरबी राजा ने शुक्रवार को तिरुचिरापल्ली जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान के बारे में शिकायत करते हुए कहा कि खराब एयर कंडीशनिंग के कारण यात्रियों को विमान में 'पसीना और घुटन' हो रही थी। डीएमके नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इसे उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत "सेवा में कमी" के रूप में माना जाना चाहिए। हालांकि इंडिगो एयरलाइंस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
मंत्री ने कहा, आज 6E7028 पर प्रत्येक यात्री को पसीना और घुटन हो रही थी क्योंकि एयर कंडीशनिंग सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा था। राजा ने पोस्ट में कहा, "उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत इसे अपर्याप्त सेवा माना जाना चाहिए! कम लागत वाली एयरलाइन की तरफ से यात्रा करने का मतलब यह नहीं है कि यात्रियों के साथ कम देखभाल, ध्यान, सम्मान या शिष्टाचार के साथ व्यवहार किया जाएगा, या सुरक्षा, सुरक्षा या दक्षता के न्यूनतम मानकों में कमी की जाएगी!
मेघालय: 10 आईएलपी समर्थक किए गए गिरफ्तार, पर्यटकों को रोकने का आरोप
शिलांग पुलिस ने बताया कि मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में सोहरा और दावकी जाने से पर्यटकों को रोकने की कोशिश करने पर कम से कम 10 आईएलपी समर्थक कार्यकर्ताओं को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। सोहरा और दावकी में पर्यटकों की आमद उस समय कुछ समय के लिए प्रभावित हुई, जब हिनीवट्रेप नेशनल यूथ फ्रंट (एचएनवाईएफ) से जुड़े आईएलपी समर्थक कार्यकर्ताओं ने असम से आने वाले कुछ पर्यटकों को इन स्थानों पर जाने से रोकने की कोशिश की। पुलिस अधीक्षक सिल्वेस्टर नॉन्गटिंगर ने बताया, जिला अधिकारियों ने सोहरा और दावकी की यात्रा करने वाले पर्यटकों के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और पर्यटकों की यात्रा में किसी भी तरह की बाधा को रोकने के लिए मार्ग पर विशिष्ट स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा, हमने सोहरा और दावकी जाने से पर्यटकों को अनधिकृत रूप से रोकने के लिए उमटिंगर शहर में एचएनवाईएफ के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने घटना की निंदा करते हुए कहा, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। लोग प्रकृति का आनंद लेने के लिए मेघालय आते हैं। हम ऐसी चीजें दोबारा नहीं होने देंगे। तिनसॉन्ग, जो गृह मंत्री भी हैं, ने कहा कि कानून अपना काम करेगा।