मणिपुर में यूकेएनए उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया। 18 वर्षीय किशोर हाओमिनथांग पर उग्रवादी को शुक्रवार को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने बताया कि एल गेलमोल गांव में एक अभियान के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक पिस्तौल और दो कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर सौरभ शर्मा उर्फ रिंकू सेठ के चार सहयोगियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक (शहर) कुमार शिवशिष ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गोविंदपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां आरोपियों ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। उनके पास से एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए। शुक्रवार को हुई कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रोहित लोहड़ (22), गौरव गोस्वामी (24), सनी सिंह उर्फ श्रेष्ठ सिंह (25) और हिमांशु कुमार (23) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सभी का आपराधिक इतिहास है और ये पहले भी जेल जा चुके हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपी रिंकू सेठ को पुलिस ने 19 अक्टूबर को जयपुर से गिरफ्तार किया था। वह हत्या और चोरी समेत कई गंभीर मामलों में आरोपी है।
खाना पकाने वाले तेल के इस्तेमाल मामले में NHRC ने नोटिस भेजा
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने देश में 'खाना पकाने वाले तेल के कई बार होने इस्तेमाल' से जुड़े मामले में गंभीर चिंता जताई है। आयोग ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय व भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को नोटिस जारी किया है। आयोग ने शिकायत की जांच कर दो सप्ताह में राज्यवार रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में शिकायतकर्ता, भोपाल के 'सार्थक सामुदायिक विकास एवं जन कल्याण संस्था' है। इसके संस्थापक ने आरोप लगाया कि FSSAI की 'रूको' (RUCO) योजना के बावजूद छोटे होटल और ठेला विक्रेता एक बार उपयोग हो चुके तेल को दोबारा इस्तेमाल करते हैं। इससे कैंसर, हृदय और लिवर रोग जैसे खतरे बढ़ रहे हैं। उन्होंने इसे जनस्वास्थ्य से जुड़ा मानवाधिकार का मुद्दा बताया और सख्त निगरानी के साथ-साथ कार्रवाई की अपील भी की।
राजस्थान में 'गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास' योजना की शुरुआत
राजस्थान सरकार ने 'गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना' की शुरुआत की है। इसका मकसद प्रत्येक जिले के एक ब्लॉक में समग्र और समावेशी विकास को बढ़ावा देना है। सरकार के मुताबिक यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' विजन के मुताबिक की गई है। शुक्रवार को शुरू की गई इस योजना के तहत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, अवसंरचना, कौशल विकास और सामाजिक प्रगति जैसे क्षेत्रों में नवाचार कार्यक्रम लागू किए जाएंगे। 39 संकेतकों के माध्यम से सरकार योजना में होने वाली प्रगति की निगरानी भी करेगी। इसके लिए राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर समितियां गठित होंगी। राज्यस्तरीय समिति की अध्यक्षता मुख्य सचिव करेंगे, जबकि जिला स्तर पर कलेक्टर जिम्मेदारी निभाएंगे। बता दें कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में सरकार ने इस योजना के लिए ₹75 करोड़ का प्रावधान किया गया है। 41 चयनित ब्लॉकों में सभी को ₹1.5 करोड़ दिए जाएंगे। सरकार ने योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन पर ₹50 लाख, ₹35 लाख और ₹25 लाख के वार्षिक पुरस्कार का भी प्रावधान किया है।
भाजपा का आरोप-
झारखंड में डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) फंड में घोटाले का आरोप लगाते हुए भाजपा ने दावा किया है कि यह भ्रष्टाचार पूरे राज्य में फैला है। विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बोकारो की तरह कोडरमा और धनबाद में भी अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन कोडरमा उपायुक्त आदित्य रंजन ने निजी संस्थाओं के साथ मिलकर “स्किल डेवलपमेंट” के नाम पर धन की लूट की, और अब धनबाद में भी वही हो रहा है। शुक्रवार को मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से 2022–24 के दौरान कोडरमा के डीएमएफटी फंड की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। वहीं झामुमो ने पलटवार करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में एसीबी सक्रिय है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडे व तनुज खत्री ने कहा कि 2015–2021 की कैग रिपोर्ट में भाजपा शासनकाल में भी गंभीर गड़बड़ियां पाई गई थीं, जबकि मौजूदा सरकार फंड का उपयोग पारदर्शिता से कर रही है।
ड्रग तस्करी में दो लोगों को सात साल की सजा
असम के दीमा हसाओ जिले की एक अदालत ने दो लोगों को ड्रग तस्करी में सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद यूसुफ आजाद की अदालत ने यह फैसला 2023 के एक मामले में सुनाया है। दोनों पर 40,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया, जिसे अदा न करने पर तीन महीने अतिरिक्त जेल में बिताने होंगे।
10 दिन में जुबीन की मौत से जुड़े अहम साक्ष्य देगी सिंगापुर पुलिस
सिंगापुर पुलिस बल अगले 10 दिनों के भीतर गायक जुबीन गर्ग की मौत से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध करा सकता है। मामले की जांच कर रहे एसआईटी प्रमुख सीआईडी के विशेष डीजीपी मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने कहा कि सिंगापुर में अपने समकक्षों से अनुरोध किया है कि वे जांच को समय पर पूरा करने के लिए सभी प्रासंगिक जानकारी प्रदान करें।
मैसूर में गैस गीजर से LPG लीक होने से दो बहनों की मौत
कर्नाटक के मैसूर में शनिवार सुबह गैस गीजर से LPG लीक होने से दो बहनों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, गुलफाम (23) और उसकी बहन सिमरन ताज (20) की बाथरूम में LPG गैस सूंघने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि गीजर से गैस निकली लेकिन उसमें आग नहीं लगी। जब दोनों बहनें काफी देर तक वॉशरूम से बाहर नहीं आईं, तो उनके पिता अल्ताफ को शक हुआ और उन्होंने दरवाजा खोला तो देखा कि उनकी बेटियां बेहोश पड़ी हैं। जल्दी से उन्होंने परिवार के दूसरे लोगों के साथ मिलकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक अलग घटना में, पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह बंगलूरू के केआर पुरम में खाना पकाने वाले गैस सिलेंडर में धमाका होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, यह घटना बंगलूरू के त्रिवेणी नगर में हुई। पुलिस ने बताया कि धमाके की वजह से बिल्डिंग गिर गई, जबकि आस-पड़ोस के कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा।
असम विधानसभा के शीत सत्र की शुरुआत 25 नवंबर से
असम विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत 25 नवंबर से होने जा रही है। विधानसभा सचिवालय की तरफ से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि 25 नवंबर 2025 को सुबह 9.30 बजे विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत होगी।
युवती पर हमला करने का आरोपी कैब ड्राइवर गिरफ्तार
बंगलूरू पुलिस ने शनिवार को बताया कि एक कैब ड्राइवर को कथित तौर पर एक 19 साल की कॉलेज स्टूडेंट पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना बंगलूरू के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने के लिए टोल रूट छोड़ने को लेकर हुई बहस के बाद हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान केरल के त्रिशूर के रहने वाले 31 साल के अजास पी एस के रूप में हुई है। उसे 20 अक्टूबर को हुई इस घटना के बाद हिरासत में लिया गया। पीड़ित लड़की के चाचा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और बंगलूरू की एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन कर रही है। पीड़ित छात्रा ने फ्लाइट पकड़ने के लिए एयरपोर्ट जाने के लिए एक ऑनलाइन एग्रीगेटर के जरिए कैब बुक की थी।
पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि सफर के दौरान ड्राइवर ने कथित तौर पर टोल चार्ज देने के बावजूद टोल रोड से जाने से मना कर दिया। जब लड़की ने उससे सवाल किया, तो उसने कथित तौर पर कोई सही जवाब नहीं दिया, जिसके बाद लड़की ने उसे गाड़ी रोकने के लिए कहा। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद छात्रा नीचे उतर गई और दूसरी कैब बुक की। जैसे ही वह उसमें बैठने वाली थी, आरोपी ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद छात्रा अपना सामान वहीं छोड़कर चली गई, जबकि ड्राइवर भाग गया। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जानबूझकर चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी और गलत तरीके से रोकने, और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया।
सात साल की बच्ची की हत्या के आरोप में सौतेले पिता पर केस
पुलिस ने शनिवार को बताया कि बंगलूरू में एक सात साल की बच्ची की हत्या के आरोप में उसके सौतेले पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम को हुई जब बच्ची की मां काम पर गई हुई थी।घर लौटने पर महिला ने अपनी बेटी, सिरी, को मरा हुआ पाया। इस पर उसे अपने पति, दर्शन, पर शक हुआ, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर कुंबलगुडु पुलिस स्टेशन में दर्शन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि उसने कथित तौर पर बच्ची का गला घोंटकर उसकी हत्या की है।
पुलिस के अनुसार, करीब चार महीने पहले शादी करने वाले इस जोड़े के बीच अक्सर झगड़े होते थे और घरेलू दिक्कतें थीं, जिससे जांचकर्ताओं को शक है कि इसी वजह से यह घटना हुई होगी। आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही हत्या का सही मकसद पता चलेगा और उसे ढूंढने की कोशिशें जारी हैं।
त्रिपुरा पुलिस के 400 जवान बिहार के चुनाव ड्यूटी पर
त्रिपुरा राज्य राइफल्स के लगभग 400 जवान बिहार के चुनाव ड्यूटी के लिए रवाना हो गए हैं। यह जानकारी त्रिपुरा पुलिस के प्रवक्ता राजदीप देब ने दी। टीएसआर के पांच कंपनियों का एक दल विशेष ट्रेन से पटना के लिए गया। जवान रविवार सुबह पटना पहुंचने की उम्मीद है। ये जवान बिहार में विधानसभा चुनाव तक रहेंगे। राजदीप देब ने बताया कि टीएसआर के जवान चुनाव ड्यूटी के दौरान सभी सुरक्षा और व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।
कोयंबटूर में कार हादसे में चार की मौत
कोयंबटूर के पेरुर चेट्टिपलायम के पास कार पेड़ से टकरा गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार रात हुआ। प्रारंभिक जांच में पता चला कि ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और कार पेड़ से टकरा गई। मृतक सभी 19 से 25 साल के बीच के थे। घायल व्यक्ति को कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। शवों का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओडिशा में दो आदिवासी लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार
ओडिशा के मयूरभंज में दो आदिवासी लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात हुई। जानकारी के मुताबिक पीड़ित लड़कियां 13 और 14 साल की हैं और आठवीं एवं नौवीं कक्षा में पढ़ती हैं। उनके माता-पिता ने शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि दो फरार हैं। इस मामले में बीएनएस और पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। विपक्षी बीजेडी ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा कमजोर हो रही है।
सरकारी अस्पतालों में मरीजों, डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने के आदेश
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोलकाता और उलुबेरिया के सरकारी अस्पतालों में एक नाबालिग और एक चिकित्सक के साथ कथित छेड़छाड़ की घटनाओं के बाद राज्य भर के सभी चिकित्सा प्रतिष्ठानों में मरीजों, आगंतुकों और डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बनर्जी ने फोन पर एक उच्चस्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों को ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया। एक अधिकारी ने बताया, 'उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इलाज के लिए आने वाले किसी भी व्यक्ति का उत्पीड़न किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को ऐसे अपराधों के प्रति कतई बर्दाश्त न करने का भी निर्देश दिया।' राज्य की स्वास्थ्य मंत्री बनर्जी ने विभाग को अस्पतालों में मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और जहां भी आवश्यक हो, उन्हें मजबूत करने का निर्देश दिया।
पीएमके संस्थापक रामदास ने बेटी श्रीगांधी को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया
पट्टाली मक्कल कच्ची के संस्थापक डॉ. एस. रामदास ने शनिवार को अपनी बड़ी बेटी श्रीगांधी को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। उन्होंने अपने बेटे डॉ. अंबुमणि की जगह ली है, जिन्हें उन्होंने सितंबर में पार्टी से निष्कासित कर दिया था। पार्टी विरोधी गतिविधियों और नेतृत्व की अवहेलना करने के आरोप में हटाए जाने से पहले, वरिष्ठ रामदास ने अप्रैल में संस्थापक और अध्यक्ष के रूप में पार्टी की बागडोर संभालने की घोषणा की थी और अपने बेटे और पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबुमणि को कार्यकारी अध्यक्ष पद से हटा दिया था।
दोनों के बीच हुए तीखे सत्ता संघर्ष में, अंबुमणि ने दावा किया कि वह भारत के चुनाव आयोग द्वारा अनुमोदित पार्टी प्रस्ताव के अनुसार पीएमके अध्यक्ष के रूप में कार्य करते रहे। श्रीगांधी परशुरामन उर्फ गांधीमथी को पीएमके का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय शनिवार को धर्मपुरी में पार्टी की आम परिषद की बैठक में लिया गया।
तेलंगाना के रंगा रेड्डी में पलटी बस, सात घायल
तेलंगाना के रंगा रेड्डी में अब्दुल्लापुरमेट पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आउटर रिंग रोड पर मियापुर से गुंटूर जा रही एक निजी इलेक्ट्रिक बस पलट गई। मामले में वनस्थलीपुरम के यातायात निरीक्षक ने बताया, 'आज दोपहर करीब 2:30 बजे हमें सूचना मिली कि एक निजी ट्रैवल्स बस पलट गई है। हम मौके पर पहुंचे और पाया कि उसमें लगभग 17 यात्री सवार थे, जिनमें से सात घायल हो गए। उन्हें आगे के इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। यह घटना मोड़ते समय चालक की लापरवाही के कारण हुई, जिसके बाद बस पलट गई। चालक और अन्य लोग सुरक्षित हैं, लेकिन कुछ को चोटें आई हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं।'
मूसेपेट रेलवे कंटेनर शेड में आग, समय रहते पाया गया काबू
तेलंगाना के मूसेपेट इलाके में शनिवार सुबह रेलवे कंटेनर शेड में आग लग गई। जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 8:45 बजे लगी, जिसके बाद दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। आठ फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। सहायक जिला अग्निशमन अधिकारी श्रीनिवास ने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा, 'फायर विभाग को कॉल मिलते ही तुरंत वाहन भेजे गए। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है।' फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
खगोलशास्त्री जयंत नारळीकर को 'विज्ञान रत्न' पुरस्कार, निधन के बाद सम्मानित
देश के प्रसिद्ध खगोलशास्त्री दिवंगत जयंत नारळीकर को 'विज्ञान रत्न पुरस्कार' से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान विज्ञान के क्षेत्र में देश का सर्वोच्च पुरस्कार माना जाता है। नारळीकर ने 'बिग बैंग थ्योरी' को चुनौती दी थी और ब्रिटिश वैज्ञानिक फ्रेड हॉयल के साथ मिलकर यह सिद्धांत दिया था कि ब्रह्मांड हमेशा से अस्तित्व में है और लगातार नया पदार्थ बनता रहता है। उनका निधन इस वर्ष 20 मई को 86 वर्ष की आयु में हुआ था। सरकार ने 2025 के लिए आठ विज्ञान श्री और 14 विज्ञान युवा पुरस्कार भी घोषित किए हैं। जम्मू-कश्मीर में लैवेंडर मिशन को बढ़ावा देने वाली 'सीएसआईआर अरोमा मिशन टीम' को विज्ञान टीम पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
ज्ञान भारतम में पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण के लिए केंद्र और 17 संस्थानों में समझौता
केंद्र सरकार ने ज्ञान भारतम में पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण के लिए 17 संस्थानों के साथ करार किया है। केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पांच साल में एक करोड़ से अधिक पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण और संरक्षण पर काम होगा। देश की इस ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, बहुमूल्य धरोहर को सहेजने में बेशक टाइमलाइन है, लेकिन गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। पांडुलिपियों के संरक्षण के साथ एक राष्ट्रीय डिजिटल रिपॉजिटरी भी बनेगी। बेशक पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण व संरक्षण पर टाइमलाइन है, लेकिन गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
दिल्ली स्थित राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम में पहले चरण के तहत केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और 17 संस्थानों में समझौता हुआ। इसमें 12 राज्य और पांच संस्थान शामिल हैं। अगले चरण में अन्य राज्यों व संस्थानों को भी शामिल किया जाएगा। इसमें हिंदी साहित्य सम्मेलन प्रयागराज, नागरी प्रचारिणी सभा वाराणसी, अभय जैन ग्रंथालय बीकानेर, सनातन ट्रस्ट तिरुपति, आनंद आश्रम ट्रस्ट पुणे, हिमाचल स्टेट म्यूजियम शिमला, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ बुद्धिस्ट स्ट्डीज लेह, नक्षत्र वैद्यशाला देवप्रयाग, वृंदावन रिसर्च इंस्टीट्यूट वृंदावन, नव नालंदा महावीर नालंदा, डॉ एसएस गौड़ यूनिवर्सिटी सागर, असम यूनिवर्सिटी सिल्चर, द एस्टेटिक सोसायटी कोलकाता इत्यादि का नाम शामिल है।
पूर्व सांसद ने भारत में अमेरिकी राजदूत को सिख ड्राइवरों के समर्थन के लिए लिखा पत्र
पूर्व राज्यसभा सदस्य तरलोचन सिंह ने भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर शनिवार को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने अमेरिका से देश में सिख ड्राइवरों के समुदाय के साथ खड़े होने की अपील की है। उन्होंने लिखा है कि कैलिफोर्निया में हालिया हुए ट्रक हादसे के बाद वहां कई अन्य सिख ड्राइवर संदेह के घेरे में है। इस हादसे का आरोप 21 साल के भारतीय मूल के सिख ट्रक ड्राइवर जशनप्रीत सिंह पर लगा है। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
अमेरिकी राजदूत गोर को लिखे पत्र में तरलोचन सिंह ने कहा, मैं आपके जरिए अमेरिकी सरकार के ध्यान में लाना चाहता हूं कि कैलिफोर्निया में एक सिख ड्राइवर के हाल ही में हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना अमेरिका में सिख ट्रक ड्राइवरों के बीच भय पैदा कर रही है। सरकार सिखों के साथ खड़ी हो जो हमेशा अमेरिकी नागरिक होने पर गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने इस चिंता का कारण इस घटना को लेकर मीडिया में हो रहे आक्रामक प्रचार को बताया। पूर्व सांसद ने जोर देकर कहा, मैं सिख ड्राइवर के लिए कोई माफी नहीं मांग रहा हूं, उसे अदालत का सामना करना चाहिए। हालांकि, ड्राइवर के परिवार ने गाड़ी चलाते समय उसके नशे में होने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह एक अमृतधारी सिख है। उन्होंने अमेरिका के विकास में योगदान दिया है और उन्हें कभी इस तरह निशाना नहीं बनाया गया। अब उन्हें वहां हर ट्रक स्टॉप पर संदेह का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, तरलोचन सिंह ने अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा को भी पत्र लिखा है और अमेरिका में अन्य सिख ड्राइवरों की भलाई के लिए समर्थन मांगा है।
काली पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान परिवार पर हमला करने के आरोप में दो गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस ने शनिवार को बताया कि शहर के दक्षिणी टॉलीगंज इलाके में काली पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान एक परिवार पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। टॉलीगंज पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, कथित घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुई, जब एक स्थानीय परिवार के सदस्यों ने विसर्जन जुलूस के दौरान अपने घर के पास पटाखे फोड़ने का विरोध किया।
उन्होंने कहा, 'परिवार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी आपत्तियों के जवाब में उन पर शारीरिक हमला किया गया, उन्हें परेशान किया गया और धमकाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार की एक महिला सदस्य का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया है।' उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ हमलावरों ने बांस के डंडों और रॉड का इस्तेमाल किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, टॉलीगंज पुलिस ने जांच शुरू की और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
ओडिशा सरकार ने 'बी-मान' योजना को दी मंजूरी, 14,182 करोड़ से बनेगा एविएशन हब
ओडिशा सरकार ने शनिवार को ‘बी-मान’ योजना को मंजूरी दी है। 14,182 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य राज्य को पूर्वी भारत का अग्रणी विमानन केंद्र बनाना है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई। मुख्य सचिव मनोज आहूजा ने बताया कि यह योजना राज्य के उड्डयन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक छत्र योजना होगी। मनोज आहूजा ने कहा कि इसका लक्ष्य उड्डयन क्षेत्र के सभी पहलुओं को एक समग्र ढांचे में लाना है। ‘सभी के लिए विमान सेवा’ के समावेशी विजन के तहत ओडिशा को पूर्वी भारत का उड्डयन हब बनाया जाएगा।