कन्नड़ साहित्य के दिग्गज उपन्यासकार और दार्शनिक एस. एल. भैरप्पा का बुधवार को 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें दोपहर 2.38 बजे हृदय गति रुकने के कारण बंगलूरू के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस लेते हुए घोषित किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें भारतीय साहित्य का अमूल्य रत्न बताते हुए श्रद्धांजलि दी। इस पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया उनके निधन से हमने एक ऐसे महान व्यक्तित्व को खो दिया है, जिन्होंने हमारी अंतरात्मा को झकझोर दिया तथा भारत की आत्मा में गहराई तक उतर गए। साथ ही पीएम ने यह भी कहा कि उनके विचार और लेखन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
भैरप्पा अपने गहन विचारों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े उपन्यासों के लिए प्रसिद्ध रहे। उनकी चर्चित कृतियों में वंशवृक्ष, दाटु, पर्व, मंदारा, नायी-नेरळु और मतदाना शामिल हैं। इनमें से कई उपन्यासों पर फिल्में और धारावाहिक भी बने, जैसे वंशवृक्ष, तब्बलियु नीनाड़े माने और गृहभंग। उनके साहित्य को अंग्रेजी समेत कई भारतीय भाषाओं में अनूदित किया गया, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाठकों के बीच लोकप्रिय हुए। उन्हें पद्मभूषण, पद्मश्री, सरस्वती सम्मान और साहित्य अकादमी पुरस्कार सहित कई सम्मान प्राप्त हुए।
केरल में सेना की जाली मुहर वाली कार जब्त
सीमा शुल्क निवारक विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को केरल में कई स्थानों पर छापे मारकर सेना और अमेरिकी दूतावास की मुहरों वाले जाली दस्तावेजों के साथ भूटान से अवैध रूप से भारत लाए गए लग्जरी वाहनों को जब्त किया। कोच्चि स्थित सीमा शुल्क निवारक आयुक्तालय के आयुक्त टी तिजू ने बताया कि फिल्म अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन, दुलकर सलमान और अमित चक्कलक्कल के आवासों समेत राज्य भर में 30 स्थानों पर छापे मारकर 36 महंगी लग्जरी कारें जब्त की गईं। यह कार्रवाई ऑपरेशन नुमखोर के तहत की गई। उन्होंने कहा कि इनमें से कई वाहन सोने और नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए भी इस्तेमाल किए गए थे। इस संबंध में मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा, वे इस तरह कारों को ला सकते हैं तो कुछ भी ला सकते हैं। यह देश की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. बीला वेंकटेशन का निधन, मुख्यमंत्री स्टालिन ने जताया शोक
चेन्नई में बुधवार को तमिलनाडु की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और ऊर्जा विभाग की प्रधान सचिव डॉ. बीला वेंकटेशन का 56 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. वेंकटेशन ने अपने करियर में कई विभागों में उल्लेखनीय योगदान दिया। कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की सचिव के रूप में सेवाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी मृत्यु से राज्य ने एक ईमानदार और समर्पित अधिकारी खो दिया है। स्टालिन ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और प्रशासन में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मिला आईआईटी कानपुर का शीर्ष सम्मान
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को प्रतिष्ठित आईआईटी कानपुर द्वारा विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार (डीएए) से सम्मानित किया गया है। चुनाव आयोग ने बुधवार को बताया कि यह सम्मान आईआईटी कानपुर द्वारा अपने पूर्व छात्रों को असाधारण उपलब्धियों के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च पुरस्कार है। कुमार ने आईआईटी कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की थी। वे 1988 बैच के केरल कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं और राज्य व केंद्र सरकार में कई अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है।
तेलंगाना हाईकोर्ट ने ग्रुप-एक परीक्षा पुनर्मूल्यांकन आदेश पर लगाई अंतरिम रोक
तेलंगाना उच्च न्यायालय ने बुधवार को तेलंगाना पब्लिक सर्विस कमीशन को बड़ी राहत दी। न्यायालय ने सिंगल जज के आदेश को अंतरिम रूप से निलंबित कर दिया, जिसमें आयोग को पिछले साल हुई ग्रुप-एक मेन्स परीक्षा की सभी उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन करने का निर्देश दिया गया था। न्यायालय ने कहा कि इस दौरान की गई नियुक्तियां रिट अपीलों के नतीजों पर निर्भर होंगी। आयोग और कुछ सफल उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि सिंगल जज ने परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता की कमी का गंभीर आरोप लगाया, जबकि किसी प्रकार के प्रश्नपत्र या उत्तरपत्र लीक होने के प्रमाण नहीं हैं। सिंगल जज ने नौ सितंबर के आदेश में अंतिम अंक सूची और सामान्य रैंकिंग सूची को रद्द कर दिया था और या तो पुनर्मूल्यांकन का निर्देश दिया या परीक्षा दोबारा कराने का विकल्प रखा था। मामले की अगली सुनवाई 15 अक्तूबर को होगी।
गृहमंत्री अमित शाह करेंगे कोलकाता में तीन दुर्गापूजा पंडालों का उद्घाटन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दुर्गापूजा के मद्देनजर आज शाम को कोलकाता पहुंचेंगे। शाह रात करीब 11 बजे एयरपोर्ट पर उतरेंगे और सीधे होटल जाएंगे। अगले दिन यानी 26 सितंबर (चतुर्थी) को वे तीन प्रमुख पंडालों का उद्घाटन करेंगे। सुबह 56 लेक एवेन्यू स्थित सेवक संघ पंडाल से दिन की शुरुआत होगी। इसके बाद वे संतोष मित्र स्क्वायर जाएंगे, जहां पूजा के आयोजकों में भाजपा पार्षद सजल घोष भी शामिल हैं। दोपहर करीब 12:30 बजे तक कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके बाद शाह ईजेडसीसी पंडाल का उद्घाटन करेंगे, जिसे पश्चिम बंगाल सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित किया गया है। उद्घाटन के बाद वे सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इस दौरे से पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा उत्सव में भाजपा की उपस्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।
राजस्थान में नवजात लावारिस हाल में बरामद
मानवता और इंसानियत को शर्मसार करने वाली ये घटना राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से सामने आई है। मंगलवार को 15 दिन के नवजात शिशु को जंगल से बरामद किया गया। इस हृदयविदारक मामले में किसी ने शिशु का मुंह बंद कर उसे जंगल में फेंक दिया। मंडलगढ़ के सीता का कुंड मंदिर के पास एक चरवाहे ने बच्चे को पत्थरों के ढेर के पास तड़पते देखा। बच्चे के मुंह में पत्थर ठूंसकर उसे चिपकने वाले पदार्थ से सील भी किया गया था। चरवाहे ने लोगों को सूचना दी और पत्थर हटाकर शिशु को सरकारी अस्पताल बिजौलिया पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने शिशु के मुंह और जांघ पर चिपकने के निशान पाए। डॉक्टर बच्चे की जान बचाने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
करंट से आठ लोगों की मौत की जिम्मेदारी लेने से सीईएससी का इन्कार
कोलकाता में जलभराव के दौरान करंट लगने से आठ लोगों की मौत पर कलकत्ता इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कॉरपोरेशन (सीईएससी) ने जिम्मेदारी से इंकार किया और कहा कि हादसे उसकी वितरण प्रणाली से संबंधित नहीं हैं। कंपनी के अनुसार पांच मौतें घर व फैक्ट्री की आंतरिक वायरिंग से, दो गैर-स्वामित्व वाले लैम्पपोस्ट से और एक ट्रैफिक सिग्नल पैनल से हुईं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीईएससी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवारों को रोजगार और मुआवजा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति सीईएससी की जिम्मेदारी है और उन्हें अपने सिस्टम को आधुनिक बनाना होगा।
झारखंड की बड़ी खबरें
- फोटो : अमर उजाला
दक्षिणपंथी संगठनों नन और आदिवासी नाबालिगों से 'पूछताछ' की, JSMC ने मांगी रिपोर्ट
झारखंड के जमशेदपुर में टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक कैथोलिक नन और 19 आदिवासी नाबालिगों से बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद जैसे दक्षिणपंथी संगठनों ने कथित तौर पर पूछताछ की। झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग (JSMC) ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आरोप है कि बच्चों और नन से मानव तस्करी व धर्मांतरण के शक में पांच घंटे तक पूछताछ की गई। साथ ही नाबालिगों की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए। जांच में अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला। इस घटना से भयभीत होकर कौशल विकास सत्र रद्द करना पड़ा। JSMC ने अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। संगठन ने कहा कि सितंबर माह के अंत में वह एक जांच टीम भेजेगा।
JSMC ने मांगी रिपोर्ट
अल्पसंख्यकों से जुड़े एक अन्य मामले में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग (JSMC) ने राज्य के धार्मिक और भाषाई स्कूलों के बारे में शिक्षा विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी। मंगलवार को आयोग के अध्यक्ष हेदायतुल्ला खान ने उर्दू स्कूलों को नियमित स्कूल में पुन: वर्गीकृत करने की जानकारी भी मांगी, क्योंकि इससे छात्रों को उर्दू पढ़ाई में कठिनाई हो रही है। उपाध्यक्ष आलम ने मदरसों, खाली शिक्षक पदों, छात्रों को मिलने वाले वर्दी, मध्याह्न भोजन और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। शिक्षा विभाग ने कहा कि रिपोर्ट जल्द JEPC से प्राप्त कर आयोग को दी जाएगी। आयोग ने पुरानी ओड़िया पाठ्यक्रम की पुस्तकों की अनुपलब्धता पर वर्तमान पाठ्यक्रम अपनाने का निर्देश भी दिया।
ओडिशा में आपराधिक मामलों में दोषी पाए गए लोगों को जेल की सजा
भुवनेश्वर की एक अदालत ने फर्जी पुलिस गैंग के छह सदस्यों को दो डकैती मामलों में 10-10 साल की सजा और 50 हजार रुपये जुर्माना सुनाया। दोषियों में सादिक हुसैन, सब्बीर अली, फजल अली, हसन अली, अबुजर अली और राजेंद्र कुमार कुशवाहा शामिल हैं। जबकि एक आरोपी जहीर अली की हिरासत में ही मौत हो गई। यह गैंग पुलिसकर्मी बनकर लोगों से लूटपाट करता था। फरवरी 2024 में यूनिट-1 क्षेत्र में और अप्रैल में 2 लाख रुपये की लूट की गई। जांच के बाद सातों आरोपियों को 23 अप्रैल 2024 को गिरफ्तार किया गया।
गुजरात दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में जलभराव की समस्या पर चर्चा के लिए बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाले कुछ वर्षों में इस समस्या का समाधान किया जाए। राज्य राजधानी में हुई बैठक में अधिकारियों ने जलभराव समाधान के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसे शाह ने देखा और आवश्यक निर्देश दिए। बाद में कालोल में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगले साल तक यह समस्या पर्याप्त रूप से हल हो जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने कालोल में 114 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन या शिलान्यास किया और अपने गृह नगर मांसा में मां बहुचरा मंदिर में पूजा की।
झारखंड में रेलवे कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप, सुरक्षा नियमों का उल्लंघन
ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर्स यूनियन (AIRTU) ने रेलवे बोर्ड को लिखा है कि धनबाद डिवीजन में स्वास्थ्य खराब कर्मचारियों को कठिन परिस्थितियों में काम पर लगाया जा रहा है, जिससे सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हो रहा है। कोडरमा सेक्शन में ट्रैकमैन प्रवीण कुमार को रेलवे डॉक्टरों ने तनावपूर्ण कार्यों के लिए अयोग्य बताया है, फिर भी वरिष्ठ अधिकारी उन्हें भारी काम पर मजबूर कर रहे हैं। यूनियन अध्यक्ष चंद मोहम्मद ने बताया कि डिवीजनल रेलवे मैनेजर और ईस्ट सेंट्रल रेलवे के जीएम ने शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने रेलवे बोर्ड से डिवीजन को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया।
असम से 37 बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेजा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने कहा कि 37 अवैध बांग्लादेशियों को असम से वापस भेज दिया गया है और भविष्य में घुसपैठियों से इसी तरीके से निपटा जाएगा। सरमा ने मंगलवार को सोशल मीडिया में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की धुंधली तस्वीरें भी साझा कीं और लिखा, अलविदा घुसपैठियों...असम में आपका समय समाप्त। 37 अवांछित मेहमानों को बांग्लादेश वापस भेज दिया गया है।
बिहार में राहुल-तेजस्वी के बाद औवैसी की सीमांचल यात्रा आज से
बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद के तेजस्वी यादव की यात्रा के बाद अब एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी बुधवार से चार दिवसीय सीमांचल न्याय यात्रा निकालेंगे। इस यात्रा के तहत ओवैसी सीमांचल के चार जिलों से जुड़ी विधानसभा की सभी 24 सीटों के मतदाताओं से संपर्क साधेंगे। बीते चुनाव में इस क्षेत्र की पांच सीटों पर जीत हासिल कर एआईएमआईएम ने विपक्षी महागठबंधन का समीकरण बिगाड़ दिया था।
भाजपा सांसद सुधाकर की पत्नी को डिजिटल अरेस्ट कर 14 लाख ठगे
कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर से भाजपा सांसद डॉ. के सुधाकर की पत्नी डॉ. प्रीति सुधाकर को सइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर 14 लाख ठग लिए। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर रकम बरामद कर ली। पुलिस ने बताया, बसवेश्वरनगर निवासी प्रीति (44) को साइबर ठगों से एक व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें उन्होंने खुद को मुंबई साइबर पुलिस का अधिकारी बताया। जालसाजों ने प्रति को बताया कि उनके बैंक खाते से अवैध पैसे भेजे गए हैं। वे उनके पैसे को सत्यापन के लिए आरबीआई भेजेंगे और 45 मिनट में वापस उनके खाते में जमा कर दिया जाएगा।
जस्टिस वर्मा मामले में जांच समिति की मदद के लिए दो वकील नियुक्त
इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही समिति को दो वकील मदद करेंगे। जस्टिस वर्मा को हटाने के कारणों की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति की सहायता के उद्देश्य से रोहन सिंह और समीक्षा दुआ को सलाहकार नियुक्त किया गया है। जस्टिस वर्मा के दिल्ली में सरकारी आवास पर 14 मार्च को नोटों की जली हुई गड्डियां मिली थीं।
पीएम मोदी को लाल किले से तिरंगा फहराने से रोकने की साजिश में पन्नू पर केस
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने खालिस्तान समर्थक आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ पीएम मोदी को स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से तिरंगा फहराने से रोकने का एक नया मामला दर्ज किया है। उस पर अन्य आरोपों के अलावा, भारत के खिलाफ सिखों में असंतोष फैलाने के लिए इनाम की पेशकश करने का भी आरोप है। एनआईए की एफआईआर के अनुसार प्रतिबंधित सिख्स फॉर जस्टिस (एसएफजे) संगठन के महासचिव पन्नू ने 10 अगस्त को पाकिस्तान के लाहौर प्रेस क्लब में मीट द प्रेस कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। वाशिंगटन से एक वीडियो संबोधन में, उसने उन सिख सैनिकों को 11 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की जो मोदी को दिल्ली के लाल किले पर तिरंगा फहराने से रोकेंगे। एनआईए ने एफआईआर में यह भी आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम में पन्नू ने एक नए खालिस्तान के नक्शे का भी अनावरण किया।
6 अक्तूबर को नौसेना में शामिल होगा एंड्रोथ, समुद्र में बढ़ेगी ताकत
भारतीय नौसेना अपने दूसरे स्वदेशी पनडुब्बी रोधी जलयान एंड्रोथ को शामिल करने के लिए तैयार है। इस पनडुब्बी रोधी जलयान को आगामी 6 अक्तूबर को विशाखापट्टनम में नौसेना में कमीशन किया जाएगा। एंड्रोथ जैसे कुल 16 पनडुब्बी रोधी जलयान नौसेना में शामिल होने हैं, जिनमें से यह दूसरा जलयान होगा।
‘एंड्रोथ’ का नामकरण लक्षद्वीप द्वीपसमूह के एंड्रोथ द्वीप से लिया गया है, जिसका अपना सामरिक महत्व है। करीब 80 प्रतिशत स्वदेशी सामानों से तैयार एंड्रोथ का निर्माण गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड, कोलकाता द्वारा किया जा रहा है। डीजल इंजन-वॉटरजेट के संयोजन से संचालित होने वाला यह जलयान 77 मीटर लंबा है। इसमें हल्के टॉरपीडो और पनडुब्बी रोधी रॉकेट लगे होते हैं। नौसेना ने एक बयान में बताया कि एंड्रोथ के शामिल होने से देश की समुद्री सुरक्षा बेहतर होगी। इससे नौसेना की पनडुब्बी रोधी क्षमताओं में इज़ाफा होगा। हिंद महासागर में चीन की बढ़ती उपस्थिति को देखते हुए इसका नौसेना में शामिल होना मत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दिल्ली और झारखंड में नाै स्थानों पर ईडी के छापे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत झारखंड और दिल्ली में 9 जगहों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की गई। छापे के दौरान एजेंसी ने दस्तावेज, डिजिटल डेटा और कुछ संदिग्ध लेन-देन से जुड़े सबूत अपने कब्जे में लिए हैं। सूत्रों ने बताया कि ईडी की टीमें रांची में छह ठिकानों और दिल्ली में तीन परिसरों पर पहुंचीं। ये सभी ठिकाने बीके सिंह और उससे जुड़े अन्य लोगों से संबंधित बताए जा रहे हैं। बीके सिंह मुख्य आरोपी कमलेश कुमार का सहयोगी माना जाता है। मामला रांची जिले के कांके ब्लॉक में जमीन घोटाले से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि कुछ व्यक्तियों ने राजस्व विभाग के हलका और सर्कल अधिकारियों के साथ साजिश रचकर जमीन के दस्तावेजों में हेरफेर कर बिक्री की और प्राप्त धन से अवैध संपत्ति बनाई।
तिरुवनंतपुरम- दीवार से टकराई से बेकाबू स्कूल बस, स्कूली बच्चे घायल
तिरुवनंतपुरम पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह तीन बच्चों को मामूली चोटें आईं जब उनकी स्कूल बस किसी यांत्रिक खराबी के कारण दीवार से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 8.30 बजे विझिंजम के पास हुई। विझिंजम पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि एक निजी स्कूल की बस में करीब 50 बच्चे सवार थे और उनमें से 20 को इलाज के लिए ले जाया गया, क्योंकि उनमें से कई दुर्घटना से डरे हुए और सदमे में थे।
उन्होंने बताया कि केवल तीन बच्चों को मामूली चोटें आईं और उनका इलाज चल रहा है, जबकि बाकी को छुट्टी दे दी गई। अधिकारी ने बताया कि चालक के अनुसार, किसी यांत्रिक खराबी के कारण, वाहन बाईं ओर जा रहा था और वह उसे नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे वह सड़क किनारे एक दीवार से टकरा गई। अधिकारी ने कहा, 'हम वाहन की जांच करेंगे और अगर कोई समस्या पाई जाती है, तो मामला दर्ज किया जाएगा।'
कोलकाता चिड़ियाघर में बारिश से हंगामा, दो मगरमच्छ बाहर निकले
23 सितंबर को हुई भारी बारिश से कोलकाता का अलीपुर चिड़ियाघर जलमग्न हो गया। पानी भरने के कारण दो मगरमच्छ अपने घेरे से बाहर निकल गए। कर्मचारियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें जाल की मदद से सुरक्षित अहाते में वापस डाला। अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ चिड़ियाघर के बाहर नहीं निकल सकते थे क्योंकि नाले का मुंह जाल से ढका है। बारिश से कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में जल-जमाव हो गया। हादसों में 10 लोगों की मौत हुई, जिनमें नौ की मौत करंट लगने से हुई। शहर में परिवहन ठप रहा और सरकार ने दुर्गा पूजा की छुट्टियां पहले घोषित कर दीं।
विशाखापट्टनम- सड़क विक्रेताओं की जबरन बेदखली पर मानवाधिकार मंच का विरोध
विशाखापट्टनम में मानवाधिकार मंच (एचआरएफ) ने ग्रेटर विशाखापट्टनम म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (जीवीएमसी) पर 2,850 सड़क विक्रेताओं को जबरन हटाने का आरोप लगाया। एचआरएफ ने कहा कि यह कार्रवाई 2014 के स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट का उल्लंघन है, जिसमें बिना सर्वे, नोटिस और टाउन वेंडिंग कमेटी से सलाह-मशविरा किए बेदखली की इजाजत नहीं है। मंच का आरोप है कि जीवीएमसी गरीब विक्रेताओं को निशाना बना रहा है जबकि बड़े व्यापारी और कॉरपोरेट अतिक्रमण को संरक्षण दिया जा रहा है। एचआरएफ ने जब्त सामान वापस करने, मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, जीवीएमसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।