सोमवार को ओडिशा के ढेंकनाल जिले के झड़ाबांधा में स्थित रूंगटा माइंस लिमिटेड (ढेंकनाल स्टील प्लांट) का यांत्रिक ढांचा गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। साथ ही कुछ अन्य कर्मचारी घायल हो गए। असम के कोकराझार जिले में बालाजन पुलिस चौकी क्षेत्र के न्यू अमगुरी गांव में एक व्यक्ति ने आर्थिक विवाद को लेकर अपने दोस्त की कथित तौर पर हत्या कर दी।
विज्ञापन
केरल में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने 19 करोड़ की 1.945 किलो कोकीन की तस्करी के प्रयास में एक महिला समेत तंजानिया के दो यात्रियों को कोच्चि हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। एक्स-रे जांच के दौरान उनके पेट में कुछ कैप्सूल पाए गए। दोनों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके पेट से कोकीन से 100 कैप्सूल निकाले।
तमिलनाडु : विमान में बम की अफवाह फैलाने वाला गिरफ्तार
मुंबई जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान में बम की अफवाह फैलाने वाले शख्स को पुलिस ने तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 18 जून को यहां एयरलाइन के ग्राहक सेवा केंद्र में बम की झूठी सूचना देते हुए दावा किया था कि चेन्नई से मुंबई जा रहे विमान में एक बम रखा हुआ है। आरोपी वी प्रसन्ना (27) तंजावुर जिले के तिरुवैयारु का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
विज्ञापन
उत्तरी सिक्किम : सीमावर्ती गांवों को फिर से जोड़ेगा सेना का सस्पेंशन ब्रिज
सिक्किम में लगातार भारी बारिश के कारण संपर्क से कटे सीमावर्ती गांवों को फिर से जोड़ने के लिए भारतीय सेना के त्रिशक्ति कोर के इंजीनियरों ने 150 फुट ऊंचे सस्पेंशन ब्रिज का निर्माण किया। सेना ने रविवार को कहा कि उत्तरी सिक्किम में बनाए गए इस ब्रिज से स्थानीय लोगों को राहत मिली है। सेना के एक अधिकारी कहा, सेना के इंजीनियरों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में 48 घंटे से भी कम समय में ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर अपनी तकनीकी दक्षता साबित की है। इस दौरान 20 नॉट से अधिक की गति से बहने वाला पानी सबसे बड़ी बाधा था। यह पुल अब उन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को फिर से स्थापित करने, लोगों की आवाजाही सुनिश्चित करने और प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में मदद करेगा।
केनरा बैंक का आधिकारिक एक्स अकाउंट हैक
सरकार के स्वामित्व वाले केनरा बैंक ने रविवार को कहा कि उसके एक्स हैंडल से छेड़छाड़ की गई है। उसने अपने ग्राहकों से कहा है कि वे सोशल मीडिया हैंडल का तब तक इस्तेमाल न करें जब तक कि इसे ठीक न कर दिया जाए। बैंक के एक अधिकारी ने कहा, संबंधित टीमें मामले की जांच कर रही हैं और बैंक के एक्स हैंडल तक पहुंच हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हम उपयोगकर्ताओं से आग्रह करते हैं कि वे हमारे एक्स पेज पर कुछ भी पोस्ट न करें। जब यह बहाल हो जाएगा और केनरा बैंक तुरंत सूचित करेगा। बैंक ने अपने ग्राहकों से अधिक जानकारी और सेवाओं के लिए निकटतम बैंक शाखाओं या इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के लिए कहा है।
सोमवार को ओडिशा के ढेंकनाल जिले के झड़ाबांधा में स्थित रूंगटा माइंस लिमिटेड (ढेंकनाल स्टील प्लांट) का यांत्रिक ढांचा गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। साथ ही कुछ अन्य कर्मचारी घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया घटना के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। ढेंकनाल के एसपी मदकर संदीप संपत ने बताया, "प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, घटना में दो श्रमिकों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और घटना की जांच की जाएगी।" मृत श्रमिकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि संदेह है कि श्रमिक दूसरे राज्यों के हैं।
महाराष्ट्र के अकोला जिले में रविवार को तेलहारा तालुका के कालेगांव में करंट लगने से दो बच्चों की मौत हो गई। कूलर छूने से बच्चों को करंट लग गया था। 4 और 5 साल के बच्चे गर्मी की छुट्टियों में अपने मामा के घर आए थे। हिवरखेड़ पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि खेलते समय उन्होंने एक एयर कूलर को छू लिया। कूलर में से करंट निकल रहा था और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है।
असम के कोकराझार जिले में बालाजन पुलिस चौकी क्षेत्र के न्यू अमगुरी गांव में एक व्यक्ति ने आर्थिक विवाद को लेकर अपने दोस्त की कथित तौर पर हत्या कर दी। आरोपी की पहचान सोकियो बासुमतारी के रूप में हुई है। उसका अपने दोस्त देरहासत बासुमतारी से आर्थिक मामलों को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस ने बताया कि गुस्से में आकर सोकियो ने कथित तौर पर धारदार हथियार से अपने दोस्त का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और सोकियो को गिरफ्तार कर लिया गया।
कोलकाता के टांगरा पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज की गई। जिसमें एक युवक ने घरेलू झगड़े के दौरान गुस्से में बिल्ली को 13वीं मंजिल की खिड़की से फेंक दिया। इससे उसकी तत्काल मौत हो गई। युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 341 (गलत तरीके से रोकना), 429 (जानवरों को मारना या अपंग करना) और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण (पीसीए) अधिनियम, 1960 की धारा 11(1) शामिल हैं। पीपुल्स फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (पेटा) के एक बयान के अनुसार, व्यक्ति की पत्नी फबीहा हाशमी ने शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच जारी रहेगी।
अहमदाबाद में फैक्टरी में बॉयलर फटा, दो की मौत
गुजरात के अहमदाबाद में सोमवार को पाउडर कोटिंग की फैक्टरी में बॉयलर फटने के बाद आग लग गई, जिसमें फैक्टरी के मालिक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि अहमदाबाद शहर के ओढ़व इलाके में हुई इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, बंशी पाउडर कोटिंग फैक्टरी के बॉयलर में हुए धमाके में फैक्टरी के मालिक और एक कर्मचारी की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। धमाके के कारण कारखाने में आग लग गई और आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
खुफिया ब्यूरो के प्रमुख तपन कुमार डेका को एक साल का सेवा विस्तार मिला
खुफिया ब्यूरो (आईबी) के प्रमुख तपन कुमार डेका को जून 2025 तक एक साल का सोमवार को सेवा विस्तार दिया गया। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में यह जानकारी दी गई। डेका हिमाचल प्रदेश कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं। आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने 30 जून 2024 से आगे एक वर्ष की अवधि के लिए खुफिया ब्यूरो के निदेशक के रूप में डेका की सेवा में विस्तार को मंजूरी दे दी है।