मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम दिल्ली में सीजेआई इलेवन और एससीएओआरए इलेवन के बीच हुए एक क्रिकेट मैच में बल्लेबाजी में हाथ आजमाए।
तमिलनाडु में रेलवे स्टेशन पर हिंदी में लिखे नाम पर काला रंग पोता गया
तमिलनाडु में जारी भाषा विवाद के बीच तमिल समर्थक कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदेश के दो रेलवे स्टेशनों पर नामपट्ट पर लिखे हिंदी शब्दों पर कालिख पोत दी। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक द्वारा केंद्र पर प्रदेश में हिंदी थोपे जाने का आरोप लगाए जाने के बीच तमिल समर्थक कार्यकर्ताओं ने रविवार को यहां रेलवे स्टेशन पर हिंदी में लिखे स्थान के नाम पर काला रंग पोत दिया।
अहमदाबाद में 8-9 अप्रैल को होगा कांग्रेस का सम्मेलन
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का सम्मेलन 8-9 अप्रैल को अहमदाबाद में होगा। पार्टी ने कहा कि सम्मेलन में भाजपा की जनविरोधी नीतियों, संविधान पर हमले और पार्टी के भविष्य की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि आगामी सत्र न केवल महत्वपूर्ण विचार-विमर्श के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा, बल्कि आम लोगों की चिंताओं को दूर करने और राष्ट्र के लिए एक मजबूत वैकल्पिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का काम करेगा। 8 अप्रैल को कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक होगी। इसके बाद 9 अप्रैल को अखिल भारतीय प्रतिनिधियों की बैठक होगी। वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दोनों बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। इसमें कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, वरिष्ठ पार्टी नेता और अन्य एआईसीसी प्रतिनिधि शामिल होंगे।
यूएपीए के 45 मामलों में आरोपी माओवादी तमिलनाडु में गिरफ्तार
केरल एटीएस ने तमिलनाडु पुलिस की सहायता से होसुर से एक प्रमुख सीपीआई (माओवादी) कमांडर संतोष कोयंबटूर उर्फ रवि (39) को शनिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार रवि गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून (यूएपीए) के 45 मामलों में आरोपी है। राजाये के नाम से भी कुख्यात संतोष केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों में लिप्त रहा है।
पुलिस ने बताया कि वह नादुकानी और कबानी माओवादी टुकड़ियों का सदस्य था और सशस्त्र आंदोलनों में सक्रिय रूप से शामिल था। जुलाई 2024 में संतोष ने अपने साथी माओवादियों सीपी मोइधीन, पीके सोमन और पीएम मनोज के साथ केरल के जंगलों में पुलिस निगरानी से बच निकला था। हालांकि, पुलिस ने बाद में मोइधीन, सोमन और मनोज को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन संतोष फरार रहा। पुलिस के अनुसार, लगातार प्रयासों के बाद उसे ढूंढ़ निकाला गया।
केरल: रेलवे ट्रैक पर रखा टेलीफोन पोस्ट, दो गिरफ्तार
कुंदरा इलाके में रेलवे ट्रैक पर टेलीफोन पोस्ट रखने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान पेरुम्पुझा के राजेश (33) और इलंबल्लूर के अरुण (39) के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि शनिवार सुबह तड़के ट्रैक से पोस्ट को हटा दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि एक स्थानीय निवासी ने नेदुम्बायिकुलम में पुराने फायर स्टेशन के पास रात करीब 1:30 बजे टेलीफोन पोस्ट देखा और उन्हें सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान, उन्होंने टेलीफोन पोल से कास्ट आयरन तोड़कर उसे चुराने के इरादे से ट्रैक पर रखने की बात स्वीकार की। हालांकि, पुलिस ने तोड़फोड़ की संभावना से भी इन्कार नहीं किया है। दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, आगे की जांच जारी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
NEP की तीन भाषा नीति पर अन्नामलाई का DMK पर हमला
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कुछ राजनीतिक दलों पर 'अनावश्यक विवाद' पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये दल भाषा के आधार पर देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। अन्नामलाई ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) पर पलटवार करते हुए यह बयान दिया। डीएमके ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार गैर-हिंदी भाषी राज्यों पर हिंदी थोपने की कोशिश कर रही है।
मणिपुर: वायरल वीडियो में सुरक्षा बलों को धमकाने के आरोप में दो उग्रवादी गिरफ्तार
प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (सिटी मीतेई) के दो सदस्यों को कुछ ग्रामीण स्वयंसेवकों को गिरफ्तार करने के लिए सुरक्षा बलों को धमकाने वाला वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
मोइरंगथेम थोइबा को बिष्णुपुर जिले के थामनापोकपी से गिरफ्तार किया गया, जबकि सैखोम लेम्बर्स सिंह को इंफाल पूर्वी जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि सैखोम लेम्बर्स सिंह जबरन वसूली में भी शामिल था। एक अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (के) के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान वांगखेम रोहित सिंह और थंगजाम नोंगन मीतेई के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वे दुकानों और वाहनों से जबरन वसूली में शामिल थे।
एंटी-रेट्रोवायरल दवाओं की कमी से जुड़ी याचिका पर कल SC में सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट सोमवार यानी कल देश में एचआईवी रोगियों के इलाज के लिए एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी दवाओं की कथित कमी से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करेगा। शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर अपलोड की गई 24 फरवरी की कॉज लिस्ट के अनुसार, जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस उज्जल भुइयां की पीठ एनजीओ 'नेटवर्क ऑफ पीपल लिविंग विद एचआईवी/एड्स' और अन्य द्वारा 2022 में दायर याचिका पर सुनवाई करेगी।
केंद्र ने पिछले साल जुलाई में शीर्ष अदालत को बताया था कि सरकार राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी केंद्रों के माध्यम से एचआईवी से पीड़ित सभी लोगों के लिए मुफ्त, आजीवन एंटी-रेट्रोवायरल (एआरवी) दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है। इसने कहा था कि आज की तारीख में कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्तर पर सभी एआरवी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक है। याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश हुए वकील ने कहा कि याचिका दायर करने के बाद से जो कुछ हुआ है, उसे देखते हुए वर्तमान में एआरटी दवाओं की कोई कमी नहीं है।
हालांकि, वकील ने दवाओं की खरीद प्रक्रिया और गुणवत्ता के संबंध में कुछ कठिनाइयों को चिह्नित किया था। शीर्ष अदालत ने एचआईवी रोगियों के इलाज के लिए एआरवी दवाओं की गुणवत्ता और कमी के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए केंद्र, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन और एड्स रोगियों के लिए काम करने वाले एक संगठन के बीच एक बैठक का सुझाव दिया था। एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी में एंटी-एचआईवी दवाओं का उपयोग करके मानव इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस (एचआईवी) से संक्रमित लोगों का इलाज शामिल है।याचिका में दावा किया गया था कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी केंद्रों पर दवाओं की अनुपलब्धता एचआईवी/एड्स से पीड़ित लोगों के इलाज में बाधा डालती है।
तमिलनाडु के सीएम स्टालिन ने किया अधिवक्ता संशोधन विधेयक का विरोध
तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने अधिवक्ता संशोधन विधेयक को वापस लेने की मांग की है। स्टालिन ने एक्स पर लिखा कि अधिवक्ता संशोधन विधेयक 2025 कानूनी पेशे की स्वायत्तता पर सीधा हमला है। 2014 से ही भाजपा सरकार न्यायपालिका की स्वतंत्रता को कमजोर कर रही है। पहले राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग बनाकर न्यायिक नियुक्तियों को हाईजैक करने की कोशिश करके, फिर न्यायिक नियुक्तियों और तबादलों के लिए कॉलेजियम की सिफारिशों को अनदेखा करके। अब बार काउंसिल पर नियंत्रण की मांग करके सरकार का उद्देश्य कानूनी पेशे की स्वायत्तता को खत्म करके न्यायिक स्वतंत्रता को कमजोर करना है।
उन्होंने लिखा कि विधेयक में भाजपा की तमिल के प्रति घृणा स्पष्ट है, क्योंकि वह तमिलनाडु और पुडुचेरी की बार काउंसिल का नाम बदलकर मद्रास बार काउंसिल करना चाहती है। तमिलनाडु केवल एक नाम नहीं है। यह हमारी पहचान है। हालांकि विधेयक के कड़े विरोध ने केंद्र सरकार को इसे वापस लेने के लिए मजबूर किया, लेकिन इस शर्त पर कि इस पर पुनर्विचार किया जाएगा और नए सिरे से प्रक्रिया की जाएगी, यह निंदनीय है। डीएमके इस विधेयक को पूरी तरह से वापस लेने की मांग करती है और केंद्र सरकार से कानूनी पेशे की स्वायत्तता का सम्मान करने की अपील करती है।
USAID फंडिंग विवाद पर कांग्रेस ने पूछा- सरकार चुप क्यों
यूएसएआईडी फंडिंग विवाद के बीच कांग्रेस ने रविवार को भाजपा पर 'अमेरिका से फर्जी खबरें' फैलाकर 'राष्ट्र विरोधी कार्य' करने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर को भी जवाब देना होगा कि जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क बार-बार भारत का 'अपमान' कर रहे हैं, तब सरकार चुप क्यों है।
भाजपा ने कांग्रेस के ऐसे सभी आरोपों को खारिज किया है और राहुल गांधी को 'देशद्रोही' करार देते हुए उन पर भारत को कमजोर करने के प्रयास में विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस महासचिव प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, 'भाजपा झूठों और अनपढ़ों का जुलूस है। 21 मिलियन अमेरिकी डॉलर की खबर, जिस पर भाजपा और उनके चाटुकार उछल रहे थे, वह फर्जी निकली। 2022 में 21 मिलियन अमेरिकी डॉलर भारत में 'मतदान' के लिए नहीं, बल्कि बांग्लादेश के लिए था।' उन्होंने आरोप लगाया, "एलन मस्क ने झूठा दावा किया, ट्रंप ढाका और दिल्ली के बीच उलझ गए, अमित मालवीय ने झूठ को और फैलाया, फिर भाजपा के बाकी चाटुकारों ने इसका फायदा उठाया।"
वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए अदाणी समूह ने TTR जारी
अदाणी समूह ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए अपनी कर पारदर्शिता रिपोर्ट जारी करने की घोषणा की है। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए, अदाणी समूह का कुल वैश्विक कर और राजकोष में अन्य योगदान 58,104.4 करोड़ रुपये रहा, जो सूचीबद्ध संस्थाओं के अपने पोर्टफोलियो के माध्यम से पिछले वर्ष के 46,610.2 करोड़ रुपये से अहम बढ़ोतरी को दर्शाता है।
पांच दिवसीय असम दौरे पर मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत पांच दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे हैं। उनका यह दौरान संगठन के शताब्दी उत्सव का हिस्सा है। वह 25 फरवरी तक यहां रहेंगे और इस दौरान संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। संघ प्रमुख यहां सामाजिक परिवर्तन के लिए पांच महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें सामाजिक सद्भाव, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता की भावना और आदर्श परिवार के मूल्य (कुटुम्ब प्रबोधन) शामिल है।
वह रविवार को एक बौद्धिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां हजारों संघ कार्यकर्ता उपस्थित होंगे। इन कार्यक्रमों के अलावा आरएसएस प्रमुख शहर में संघ प्रचारकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठकें भी करेंगे। वह 26 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश रवाना होंगे।