महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करेंगे, भाजपा की एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। भाजपा ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची पहले ही जारी कर दी है। फडणवीस के साथ पार्टी के नागपुर-दक्षिण उम्मीदवार मोहन मते और नागपुर-पूर्व उम्मीदवार कृष्ण खोपड़े भी 25 अक्तूबर को नागपुर जिला कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। शहर भाजपा प्रमुख बंटी कुकड़े ने बताया कि नामांकन दाखिल करने से पहले फडणवीस और अन्य दो नेता संविधान चौक पर डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
खाद्य तंबाकू उत्पादों के निर्माण और बिक्री प्रतिबंध
मणिपुर सरकार ने खाद्य तंबाकू उत्पादों के निर्माण और बिक्री पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध 18 अक्तूबर से प्रभावी हो गया है। मणिपुर के खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने एक अधिसूचना में कहा, 'गुटखा और पान मसाला (तंबाकू या निकोटीन युक्त) और चबाने वाले तंबाकू उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण या बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाता है।' इस अधिसूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने पहले अधिकारियों को गुटखा और पान मसाला में तंबाकू या निकोटीन के निर्माण और बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।
जनगणना आयुक्त मृत्युंजय की प्रतिनियुक्ति 2026 तक बढ़ी
वर्तमान में भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त के रूप में कार्यरत मृत्युंजय कुमार नारायण की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति अगस्त 2026 तक बढ़ा दी गई है। इसके बाद उनका दशकीय जनगणना कराने वाली टीम का नेतृत्व करने का रास्ता भी साफ हो गया है। मृत्युंजय कुमार उत्तर प्रदेश कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वे 2020 से गृह मंत्रालय के तहत महत्वपूर्ण पद संभाल रहे हैं।
'घड़ी' चिह्न के इस्तेमाल पर शरद पवार गुट की याचिका पर सुनवाई कल
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले शरद पवार अपने भतीजे अजीत पवार को बड़ा झटका दे सकते हैं। एनसीपी (शप) ने पिछले 2 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर चुनाव चिह्न घड़ी के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की थी। अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार कर ली है। अब इस मामले में बृहस्पतिवार को सुनवाई होगी। ब्यूरो
औद्योगिक शराब के विनियमन पर फैसला आज
सुप्रीम कोर्ट औद्योगिक शराब के उत्पादन, निर्माण, आपूर्ति और विनियमन पर केंद्र और राज्यों की शक्तियों के ओवरलैपिंग के मुद्दे पर बुधवार को फैसला सुना सकता है। सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली नौ जजों की संविधान पीठ फैसला सुनाने वाली है। 18 अप्रैल को, पीठ ने उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
सनातन के खिलाफ टिप्पणी...उदयनिधि का माफी मांगने से इन्कार
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने पिछले साल सनातन धर्म पर की गई अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगने से इन्कार कर दिया है। एक कार्यक्रम में उदयनिधि ने कहा, मैंने सनातन को लेकर वही बातें कहीं, जो पेरियार, अन्नादुराई और करुणानिधि भी कहते थे। मेरा उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं पर बात करना था, लेकिन मीडिया में मेरे बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।
24 घंटे में 1.35 करोड़ कॉल्स को ब्लॉक किया गया
दूरसंचार विभाग ने कहा कि नई अंतरराष्ट्रीय इनकमिंग स्पूफ्ड कॉल्स रोकथाम प्रणाली चालू हो गई है और पिछले 24 घंटे में करीब 1.35 करोड़ कॉल्स को ब्लॉक किया गया है। दूर संचार विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस प्रणाली के लागू होने से फर्जी कॉल्स में कमी आएगी। बता दें कि इस तरह की फर्जी कॉल के जरिये ग्राहकों को बड़े स्तर पर धमकाया और ठगा जाता है। ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिसमें फर्जी अधिकारी बनकर डिजिटल गिरफ्तारियां करके पैसे ठगे गए।
गोवा: क्रिकेट सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार
गोवा पुलिस ने राजधानी पणजी के बाहरी इलाके में क्रिकेट सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ कर पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी मूल रूप से बिहार, मध्य प्रदेश और कर्नाटक के रहने वाले हैं और यहां सल्वाडोर डी मुंडो गांव स्थित एक बंगले से सट्टेबाजी का गिरोह चला रहे थे। उन्होंने स्वीकारा कि वर्तमान में चल रही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शृंखला पर ऑनलाइन सट्टा लगाया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाख रुपये की नकदी बरामद की है।
ओडिशा में महिला कर्मचारियों को एक दिन मासिक धर्म अवकाश मिलेगा
ओडिशा सरकार ने मंगलवार को घोषणा की कि महिला कर्मचारियों को वर्तमान में मिलने वाले 15 दिनों के अलावा, अब अतिरिक्त 12 दिनों की आकस्मिक छुट्टी (सीएल) प्रति वर्ष मिलेगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक आधिकारिक नोट में दी गई है। उपमुख्यमंत्री प्रावती परिदा ने स्वतंत्रता दिवस पर घोषणा की थी कि महिला कर्मचारियों को प्रति माह एक दिन का मासिक धर्म अवकाश मिलेगा। इसके अलावा, महिला कर्मचारियों को परिवारिक जिम्मेदारियों और विभिन्न समस्याओं को ध्यान में रखते हुए मार्च से 10 अतिरिक्त आकस्मिक लीव दी जा रही थी। अब यह संख्या दो और बढ़ गई है।
आरजी कर पीड़िता के पिता ने शाह को पत्र लिख मिलने का समय मांगा
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में दंरिदगी की शिकार हुई जूनियर डॉक्टर के पिता ने मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मिलने का समय मांगा। उन्होंने लिखा कि वे भारी मानसिक दबाव का सामना कर रहे हैं और असहाय महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, मैं आपसे निवेदन करता हूं कि आप जब भी सुविधाजनक समझें या जिस स्थान पर आप कहें, वहां मिलने का समय दें। हमारी बेटी के साथ हुई उस घातक और अनपेक्षित घटना के बाद असहाय महसूस कर रहे है।
तेलंगाना में कांग्रेस नेता रेड्डी की चाकू घोंपकर हत्या
तेलंगाना के जगत्यिल जिले में मंगलवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति ने सत्तारूढ़ कांग्रेस के एक नेता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि जगत्यिल जिले के जबीतापुर गांव में एक मोटरसाइकिल सवार मारु गंगारेड्डी को कार ने टक्कर मार दी। जब गंगारेड्डी मोटरसाइकिल से गिरे तो कार से एक व्यक्ति उतरा और उन्हें उसने चाकू मारा जिससे गंगारेड्डी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक को विधान परिषद सदस्य जीवन रेड्डी का करीबी समझा जाता था। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या आरोपी और मृतक के बीच पुरानी दुश्मनी के कारण हुई। फिलहाल आरोपी फरार है और मामले की जांच की जा रही है।
भूटान के पीएम तोबगे बीजीबीएस में होंगे विशेष अतिथि: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि अगले साल होने वाले राज्य के व्यापार शिखर सम्मेलन में हमने भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे को विशेष अतिथि बनने के लिए आमंत्रित किया है। वह इस अवसर की शोभा बढ़ाने के लिए सहमत हो गए हैं। बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट ((बीजीबीएस) का अगला संस्करण 5 और 6 फरवरी 2025 को निर्धारित है।
ओडिशा राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित, यूपी को दूसरा और गुजरात को मिला तीसरा स्थान
ओडिशा को 5वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राज्य ने जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में अपने अनुकरणीय कार्य के लिए सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश को दूसरा और गुजरात-पुडुचेरी को तीसरा स्थान मिला।
मंगलवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में ओडिसा की ओर से विकास आयुक्त अनु गर्ग ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं, गुजरात सरकार के जल संसाधन विभाग के सचिव पीसी व्यास ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की उपस्थिति में राष्ट्रपति मुर्मू से पुरस्कार प्राप्त किया।
अभिनेता दर्शन को पीठ दर्द की शिकायत, अस्पताल में भर्ती
अभिनेता दर्शन को गंभीर पीठ दर्द की शिकायत के बाद कर्नाटक के बल्लारी स्थित बीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें रेणुकास्वामी हत्या मामले में कथित संलिप्तता के लिए 11 जून को गिरफ्तार किया गया था। कर्नाटक हाईकोर्ट ने अभिनेता की जमानत याचिका पर सुनवाई 28 अक्तूबर तक के लिए स्थगित कर दी है।
त्रिपुरा में तीन रोहिंग्याओं समेत 5 बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार
त्रिपुरा में सुरक्षाबलों ने तीन रोहिंग्याओं समेत पांच बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी बिना वैध दस्तावेज पड़ोसी देश से यहां प्रवेश कर गए थे और ट्रेन के जरिये हैदराबाद और मुंबई जाने की फिराक में थे। एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस (जीआरपी), बीएसएफ और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों की एक संयुक्त टीम ने सोमवार को अगरतला स्टेशन पर इन्हें रोका। जांच के दौरान ये लोग वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए।
केरल में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत
केरल में पलक्कड़-कोझिकोड राष्ट्रीय राजमार्ग पर अय्यप्पनकावु के पास एक कार और लॉरी के बीच टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसा मंगलवार रात 11 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, पलक्कड़ से आ रही कार की विपरीत दिशा से आ रही एक लॉरी से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार लॉरी में फंस गई थी। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान के. के. विजेश (35), रमेश (31), विष्णु (30) और मोहम्मद अफजल (17) के रूप में हुई है। एक शव की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार विजेश ऑटो-रिक्शा चालक है। पुलिस ने बताया कि कार में सवार पांच लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य को पलक्कड़ जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आपातकालीन वार्ड में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शवों को पलक्कड़ जिला अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस को शक है कि भारी बारिश के कारण कार चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार कोयंबटूर की ओर जा रही लॉरी से टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और वाहन को काटकर लोगों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में लॉरी चालक को मामूली चोट आई हैं। वह तमिलनाडु का निवासी है। इस दुर्घटना के मद्देनजर राजनीतिक दलों ने पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव-प्रचार अभियान बुधवार दोपहर तक स्थगित कर दिया है।
केरल के देवस्वोम मंत्री ने आतिशबाजी के लिए केंद्र के नए नियमों को ‘तर्कहीन’ बताया, पत्र भेजा
केरल के देवस्वोम मंत्री वी.एन. वासवन ने आतिशबाजी को लेकर केंद्र सरकार के नए नियमों को ‘तर्कहीन’ और ‘अनावश्यक’ बताया। साथ ही उन्होंने आतिशबाजी करने के लिए कुछ शर्तों को निर्धारित करने वाली हालिया राजपत्र अधिसूचना में संशोधन की मांग करते हुए केंद्र सरकार को एक पत्र भेजा है।
राजपत्र अधिसूचना में शामिल अन्य शर्तों में, शर्त संख्या-दो के अनुसार, गोला-बारूद रखने वाले लाइसेंस प्राप्त भंडार केंद्र को आतिशबाजी करने वाले स्थान से कम से कम 200 मीटर की दूरी पर स्थित होना आवश्यक है।
बुधवार को यहां जारी किए गए एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मंत्री वी.एन. वासवन ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को भेजे पत्र में इस निर्णय को ‘अनावश्यक’ बताया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इस मामले में ‘व्यावहारिक दृष्टिकोण’ अपनाने का आग्रह किया है।
वासवन ने पत्र में कहा, “आतिशबाजी राज्य में धार्मिक अनुष्ठानों का हिस्सा है और यह त्योहारों का एक प्रमुख आकर्षण भी है। ऐसे में यदि केंद्र सरकार के आदेश का पालन किया जाएगा तो आतिशबाजी नहीं की जा सकेगी। इससे श्रद्धालुओं को मानसिक परेशानी भी होगी।”
मंत्री ने प्रसिद्ध त्रिशूर पूरम का जिक्र करते हुए कहा कि यह वार्षिक उत्सव केरल का गौरव है और इस दौरान कई घंटे तक की जाने वाली आतिशबाजी लोगों को बहुत आकर्षित करती है, लेकिन केंद्र सरकार के नये नियमों के कारण पूरम उत्सव की चमक फीकी पड़ जाएगी।
वासवन ने कहा कि राज्य में कई ऐसे पूजा स्थल हैं, जिन्होंने आतिशबाजी को अपने उत्सव का हिस्सा बना लिया है इसलिए केंद्र सरकार के नये नियमों के कारण इन सभी पर गलत प्रभाव पड़ेगा।
मंत्री ने कहा, “वर्तमान निर्णय अनावश्यक और तर्कहीन है। यह सामाजिक स्थिति को समझे बिना लिया गया है।”
वासवन ने पत्र में केंद्र से अनुरोध किया कि वह इस संबंध में एक ‘व्यावहारिक दृष्टिकोण’ अपनाए और त्रिशूर पूरम सहित सभी उत्सवों को उनसे संबंधित सभी अनुष्ठानों के साथ आयोजित करने की अनुमति दें।
इससे पहले, राज्य के राजस्व मंत्री के. राजन ने आतिशबाजी के आयोजन के लिए कुछ शर्तें निर्धारित करने वाली केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में जारी राजपत्र अधिसूचना का कड़ा विरोध करते हुए कहा था कि यह अधिसूचना प्रतिष्ठित त्रिशूर पूरम उत्सव के लिए हानिकारक होगी।
राजन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक पत्र भेजा था जिसमें कहा गया था कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा 11 अक्टूबर को जारी अधिसूचना से पूरम मनाने वाले लोगों को ‘बेहद निराशा’ हुई है क्योंकि आतिशबाजी इस त्योहार का ‘अभिन्न अंग’ है।
ईपीसी अनुबंधों के तहत 'दोष दायित्व अवधि' को दोगुना करने का फैसला- गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि सरकार ने इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) परियोजनाओं के ठेकेदारों के लिए 'दोष दायित्व अवधि' को दोगुना करके 10 वर्ष करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में, ईपीसी परियोजनाओं के तहत, दोष दायित्व अवधि (5 वर्ष) समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव की जिम्मेदारी सरकार की होती है।
नितिन गडकरी ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में कहा, ईपीसी मोड के तहत निर्मित सड़कों की गुणवत्ता अच्छी नहीं है। ईपीसी मोड के तहत दोष दायित्व अवधि 5 वर्ष है... और 3 वर्षों के भीतर सड़कों पर बहुत सारी समस्याएं हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा कि बीओटी (बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर) या एचएएम (हाइब्रिड एन्युटी मॉडल) मोड के तहत निर्मित सड़कें अच्छी स्थिति में हैं क्योंकि सड़कों के रखरखाव की जिम्मेदारी ठेकेदार की होती है और उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ती है।
सलमान खान को धमकी का मामला: मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर में एक को हिरासत में लिया
फिल्म अभिनेता सलमान खान को धमकी भरे संदेश मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और एक टीम को गुवाहाटी भेजा है। एक अधिकारी ने विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा, वर्ली पुलिस की एक टीम उससे पूछताछ कर रही है। उसे आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई लाया जाएगा।
पिछले सप्ताह मुंबई ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाला एक धमकी भरा संदेश मिला था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने झारखंड में उस नंबर को ट्रैक किया और आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें भेजी गईं। उन्होंने बताया कि एक और टीम गुवाहाटी में है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने संदेश भेजने वाले का पता लगाने के लिए जाल फैलाया, लेकिन मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उसी मोबाइल फोन नंबर से "माफी" मिली, जिसका इस्तेमाल पहले धमकी भरा संदेश भेजने के लिए किया गया था।
हेलिकॉप्टर पायलट ने नक्सली मुठभेड़ में घायल कमांडो को बचाया
एक बहादुर महिला हेलिकॉप्टर पायलट ने तीन दिन पहले महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर एक घायल पुलिस कमांडो को निकाला। एक अधिकारी ने बताया कि कैप्टन रीना वरुघीस की बहादुरी ने गढ़चिरौली पुलिस की कुलीन सी-60 इकाई के कमांडो कुमोद आत्राम की जान बचाने में मदद की। यह साहसिक कार्य 21 अक्टूबर को पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के कोपरशी जंगलों में एक मुठभेड़ के दौरान हुआ जिसमें स्थानीय पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की एक संयुक्त टीम ने 38 लाख रुपये के इनाम वाले पांच नक्सलियों को मार गिराया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) नीलोत्पल ने बताया कि सी-60 की 21 टीमें - एक नक्सल विरोधी इकाई - और सीआरपीएफ की त्वरित कार्रवाई टीम (क्यूएटी) के दो वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में वन क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ हुई। आईपीएस अधिकारी ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान, सी-60 कमांडो अत्राम को दो गोलियां लगीं और उन्हें तुरंत बाहर निकालने की जरूरत थी। एसपी ने कहा कि निकासी के लिए एसओएस कॉल का जवाब देते हुए, डॉफिन-एन पवन हंस हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन वरुघीस गढ़चिरौली से सीधे ग्राउंड जीरो पर पहुंचे, जहां मुठभेड़ चल रही थी। उन्होंने कहा कि नक्सलियों द्वारा हेलीकॉप्टर पर गोलीबारी किए जाने का खतरा था और वे इस खतरनाक स्थिति का फायदा उठा सकते थे।
कैप्टन वरुघीस ने कहा कि ग्राउंड जीरो पर पहुंचने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि असमान, चट्टानी और जंगली इलाके के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग अच्छी नहीं हो सकती। बिना समय बर्बाद किए उन्होंने अपने सह-पायलट को हेलीकॉप्टर का प्रभारी बनाया और जब हेलीकॉप्टर जमीन से 11 फीट ऊपर था, तब कॉकपिट से कूद गईं। कैप्टन वरुघी ने मौके पर मौजूद अन्य कमांडो की मदद से घायल जवान को तेजी से उठाया और हेलीकॉप्टर में बिठाया, जिसके बाद हेलीकॉप्टर तेजी से आगे बढ़ गया।
नीलोत्पल ने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान के बीच में ही आत्राम को निकाल लिया गया और बाद में उसे गढ़चिरौली से करीब 175 किलोमीटर दूर नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि कमांडो का बुधवार को ऑपरेशन हुआ और अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मध्य कोलकाता में एक इमारत में आग लगी, दमकल की 15 गाड़ियां मौजूद
मध्य कोलकाता के तिरेती बाजार इलाके में स्थित एक व्यावसायिक इमारत में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। मामले में अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल की पंद्रह गाड़ियां लगायी गई हैं। उन्होंने बताया कि आग लगने का पता रात करीब 8 बजे चला था। उन्होंने बताया कि रवींद्र सरानी पर मौजूद इमारत में लकड़ी के उपकरण रखे हुए थे। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि इलाके में घना काला धुआं छा गया है, जिससे आग बुझाने के प्रयास में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रूस और यूक्रेन दोनों की बात सुनने के लिए भारत 'बहुत अच्छी स्थिति' में है- जर्मन दूत
जर्मनी के राजदूत फिलिप एकरमैन ने कहा है कि जर्मनी ने हमेशा कहा है कि रूस-यूक्रेन संघर्ष के मामले में भारत दोनों पक्षों की बात सुनने के लिए बहुत अच्छी स्थिति में है। हालांकि उन्हें नहीं पता कि नई दिल्ली क्या करने का इरादा रखती है, लेकिन उन्होंने कहा कि बर्लिन किसी भी तरह की बातचीत का स्वागत करेगा।
जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज की भारत यात्रा से पहले राजदूत एकरमैन ने दिल्ली में अपने आवास पर पत्रकारों से बात की। बता दें कि 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चांसलर स्कोल्ज़ सातवें अंतर-सरकारी परामर्श (आईजीसी) की सह-अध्यक्षता करेंगे। आईजीसी एक संपूर्ण सरकारी ढांचा है जिसके तहत दोनों पक्षों के मंत्री अपनी-अपनी जिम्मेदारी के क्षेत्रों में चर्चा करते हैं और अपने विचार-विमर्श के परिणामों की रिपोर्ट प्रधानमंत्री और चांसलर को देते हैं।
मणिपुर: नाबालिग से छेड़छाड़ के बाद तुइबोंग में तनाव
मणिपुर के चुराचंदपुर जिले के तुइबोंग उप-मंडल में एक व्यक्ति की तरफ से नाबालिग से कथित छेड़छाड़ के विरोध में बंद का आह्वान किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति के बिगड़ने की आशंका के चलते उप-मंडल में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा भी लगाई गई है, जिसमें पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
कुकी-जोमी ग्राम स्वयंसेवकों की तरफ से आहूत बंद के कारण दुकानें और बाजार बंद रहे, स्कूल बंद रहे और वाहन सड़कों से नदारद रहे। उन्होंने बताया कि बंद सुबह पांच बजे शुरू हुआ और दोपहर करीब साढ़े तीन बजे समाप्त हुआ। इस दौरान समर्थकों ने तुइबोंग बाजार में सड़क के बीचों-बीच पुराने टायर समेत बेकार पड़ी सामग्री के ढेर जला दिए। पुलिस ने बताया कि आरोपी, जो एक दुकान का मालिक है, को गिरफ्तार कर लिया गया है और लड़की के परिवार की तरफ से 21 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चक्रवात दाना: दो दिन बंद रहेगा उड़ीसा उच्च न्यायालय
एक अधिसूचना के अनुसार चक्रवाती तूफान दाना के मद्देनजर उड़ीसा उच्च न्यायालय गुरुवार और शुक्रवार को बंद रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवात के 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है और शुक्रवार सुबह तक ओडिशा के भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के बीच दस्तक देने की संभावना है।
उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार (न्यायिक) की तरफ से बुधवार को जारी अधिसूचना में कहा गया है, आगामी प्राकृतिक आपदा, भयंकर चक्रवाती तूफान दाना के मद्देनजर, न्यायालय और उच्च न्यायालय के कार्यालयों का कामकाज 24 और 25 अक्टूबर को बंद रहेगा। अदालत ने कहा कि 30 नवंबर और 7 दिसंबर, दोनों शनिवारों को कार्य दिवस घोषित किया गया है। इसके अनुसार उच्च न्यायालय के कैलेंडर में भी संशोधन किया गया है।
इस बीच, पुरी के कलेक्टर सिद्धार्थ शंकर स्वैन ने श्रद्धालुओं से चक्रवात के मद्देनजर अगले दो दिनों के दौरान 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर में न जाने की अपील की है।