भारतीय वायुसेना और सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा ने दान किए गए अंग एक लीवर और दो किडनी को पुणे के कमांड अस्पताल से दिल्ली के एक सैन्य अस्पताल तक पहुंचाया। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अंतर-सेवा समन्वय और निस्वार्थ सेवा के तहत भारतीय वायु सेना और सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं ने कमांड अस्पताल पुणे से महत्वपूर्ण अंगों को वायुमार्ग से सेना अस्पताल (आर एंड आर) दिल्ली पहुंचाने के लिए मिशन को अंजाम दिया। यह जीवन रक्षक मिशन भारतीय वायुसेना द्वारा समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए एक परिवहन विमान तैनात करके संचालित किया गया। इस ऑपरेशन से कई लोगों की जान बचाने में मदद मिलेगी। यह सेना की कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में देसी बम धमाके में दो की मौत
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में शुक्रवार रात हुए एक देसी बम धमाके में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि धमाके में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। यह घटना बीरभूम के लाभपुर ब्लॉक के हटिया गांव में हुई, जहां दो गुटों के बीच इलाके में वर्चस्व को लेकर झड़प हो रही थी। इसी दौरान यह धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि मृतक लोग खुद ही देसी बम बना रहे थे और उसी दौरान बम फट गया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया,हटिया में कल रात की झड़प के दौरान हुए धमाके में दो लोगों की मौत हुई है। हम मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।
आईटीएलएफ ने चुराचांदपुर में अनिश्चितकालीन बंद वापस लिया
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में आदिवासी संगठन इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) ने शनिवार को अपना अनिश्चितकालीन बंद वापस ले लिया। यह बंद एक बुजुर्ग कुकी महिला की मौत के विरोध में लागू किया गया था। महिला सुरक्षा बलों और अज्ञात हथियारबंद लोगों के बीच गोलीबारी में फंस गई थीं।
आईटीएलएफ ने यह बंद तब बुलाया था जब होइखोल्हिंग हाओकिप नाम की महिला की गुरुवार शाम लंगछिंगमानबी और हीचांगलोक गांवों में हुई गोलीबारी में मौत हो गई थी। यह गोलीबारी सुरक्षा बलों और हथियारबंद बदमाशों के बीच हुई थी। आईटीएलएफ ने एक बयान में कहा, होइखोल्हिंग की मौत के मामले में आदिवासी परंपरागत कानूनों के तहत आईटीएलएफ और जिला प्रशासन के बीच आपसी समझौता हो गया है।
अमित शाह के बयान पर राउत ने किया पलटवार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी को असली शिवसेना दिखा दी है वाले बयान पर शिवसेना ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि शाह की टिप्पणी मराठी लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है। मुंबई में महाराष्ट्र चैंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर (एमएसीसीआईए) के कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा था शिंदे ने सभी को दिखा दिया है कि असली शिवसेना कौन है।
इस पर संजय राउत ने कहा कि हर कोई जानता है कि अमित शाह शिंदे की पार्टी के मालिक हैं। वह कहते हैं कि शिंदे का संगठन ही असली शिवसेना है। यह ऐसा है जैसे यह कहना कि अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी रामदास अठावले की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी से हैं और अठावले रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के प्रमुख हैं। तमाम प्रयासों के बावजूद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) अपनी स्थिति पर कायम है और इससे सत्तारूढ़ गठबंधन हताश है।
गौहाटी हाईकोर्ट ने नौकरी घोटाले में 52 अफसर बहाल करने का दिया आदेश
गौहाटी हाई कोर्ट ने शुक्रवार को असम सरकार को बड़ा आदेश देते हुए नौकरी के बदले पैसे लेने वाले घोटाले में बर्खास्त किए गए 2013 और 2014 बैच के 57 में से 52 अफसरों को दोबारा बहाल करने को कहा है। मामले में सुनवाई के दौरान जस्टिस कल्याण राय सुराना और जस्टिस मालाश्री नंदी की बेंच ने कहा कि जिन अधिकारियों ने प्रोबेशन (प्रशिक्षण) की अवधि पूरी कर ली है, उन्हें 50 दिनों के अंदर फिर से बहाल किया जाए। हालांकि, कोर्ट ने राज्य सरकार को यह छूट भी दी कि वह अगले 30 दिनों तक इन अधिकारियों को कोई काम न सौंपे, और अगर जरूरी हो तो उनके खिलाफ विभागीय जांच भी कर सकती है।
वेतन या बकाया नहीं मिलेगा
इसके साथ ही हाई कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि बर्खास्तगी की अवधि में उन्हें कोई वेतन या बकाया नहीं दिया जाएगा। बता दें कि यह मामला असम लोक सेवा आयोग (APSC) द्वारा कराई गई कंबाइंड कॉम्पिटेटिव एग्जामिनेशन (CCE) से जुड़ा है।