विशेष पीएमएलए कोर्ट ने शुक्रवार को आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को सरकारी नियुक्ति मिलने से रोकने संबंधी प्रवर्तन निदेशालय की याचिका खारिज कर दी। एक अधिवक्ता ने बताया कि अदालत ने सोमवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि राज्य सरकार को सिंघल को किसी पद पर नियुक्त करने से रोकना उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर है और इस पर विचार नहीं किया जाएगा। ईडी ने 31 जनवरी को एक याचिका दायर की थी, जिसमें अनुरोध किया गया कि निलंबन रद्द होने के बाद सिंघल को कोई सरकारी पद न दिया जाए। झारखंड सरकार ने सात दिसंबर, 2024 को पीएमएलए अदालत से सिंघल को जमानत मिलने के बाद 21 जनवरी को उनका निलंबन रद्द कर दिया। सिंघल को 11 मई, 2022 को ईडी ने केंद्र सरकार की ग्रामीण रोजगार योजना मनरेगा के क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार से जुड़े कथित धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था। एक दिन बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। हाल में हुए आईएएस के फेरबदल में सरकार ने सिंघल को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस का सचिव और झारखंड संचार नेटवर्क लिमिटेड का सीईओ नियुक्त किया है।
ओडिशा में मालगाड़ी तीन डिब्बे रेलवे पटरी से उतरे
ओडिशा के टिटिलागढ़ में बीती रात करीब साढ़े आठ बजे रायपुर की ओर जा रही एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे रेलवे स्टेशन के पास टिटिलागढ़ यार्ड में पटरी से उतर गए। जानकारी के बाद डीआरएम संबलपुर समेत ईस्ट कोस्ट रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की कि वैगनों को कैसे ठीक किया जाए। संबलपुर डीआरएम तुषारकांत पांडे ने बताया कि इन वैगनों में लाल मिट्टी भरी हुई थी और इसे सीमेंट प्लांट ले जाया जा रहा था। लाइन आठ से निकलते समय तीन वैगन पटरी से उतर गए। उन्होंने कहा कि मुख्य लाइन को तुरंत बहाल कर दिया गया। इस मालगाड़ी के तीन वैगनों को छोड़कर सभी हिस्सों को ट्रैक से हटा दिया गया है।
चीनी लोन-एप मामले में केरल से दो गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चीनी एप से जुड़े ऋण धोखाधड़ी संबंधी धनशोधन मामले में केरल से दो नई गिरफ्तारियां की हैं। संघीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि सईद मुहम्मद और वर्गीस टीजी को बृहस्पतिवार को ईडी के कोच्चि कार्यालय ने हिरासत में लिया। जनवरी में, ईडी ने इस मामले की जांच के तहत अवैध रूप से सिंगापुर धन भेजने के आरोप में तमिलनाडु से चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
धनशोधन का यह मामला कुछ पीड़ितों की शिकायतों पर केरल और हरियाणा पुलिस में दर्ज की गई कई प्राथमिकियों पर आधारित है। शिकायतों में कहा गया था कि लोन देने के नाम पर उन्हें ब्लैकमेल कर उनसे जबरन धन वसूला गया।
मालदा के एक और टीएमसी नेता ने जान को खतरा होने का दावा किया
इंग्लिश बाजार नगर पालिका के अध्यक्ष कृष्णेंदु नारायण चौधरी ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। चौधरी ने आरोप लगाया कि उनके मोबाइल फोन पर खुद को "डी कंपनी" के सदस्य के रूप में बताने वाले एक व्यक्ति ने 20 लाख रुपये की मांग की। साथ ही उसने फिरौती न देने पर जान से मारने की भी धमकी दी।
चौधरी का दावा इंग्लिश बाजार नगर पालिका के टीएमसी पार्षद दुलाल सरकार की पिछले महीने गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद आया है। वहीं, पुलिस ने कहा कि चौधरी के नेताजी मोर आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच चल रही है।
असम विधानसभा में मुस्लिम विधायकों को जुमे की नमाज के लिए ब्रेक की परंपरा खत्म
असम विधानसभा में मुस्लिम विधायकों को शुक्रवार को नमाज अदा करने के लिए दो घंटे का ब्रेक देने की दशकों पुरानी परंपरा चालू बजट सत्र के दौरान खत्म कर दी गई। यह फैसला पिछले साल अगस्त में लिया गया था। इस पर असंतोष जताते हुए एआईयूडीएफ विधायक रफीकुल इस्लाम ने कहा कि यह संख्या के आधार पर थोपा गया फैसला है। इस्लाम ने कहा, विधानसभा में करीब 30 मुस्लिम विधायक हैं। हमने इस कदम का विरोध किया था लेकिन उनके (भाजपा) पास संख्या बल है और वे उसी के आधार पर इसे थोप रहे हैं। विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया ने कहा कि मुस्लिम विधायकों के लिए शुक्रवार को पास में नमाज अदा करने का प्रावधान किया जा सकता है।
ईडी ने सीबीआई के पूर्व डीएसपी की एक करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को बताया कि उसने सीबीआई के एक पूर्व डीएसपी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले से जुड़ी धनशोधन जांच के तहत करीब एक करोड़ की आवासीय संपत्ति अटैच कर ली है।
ईडी की तरफ से जारी एक बयान में कहा कि सीबीआई के पूर्व पुलिस उपाधीक्षक राजीव कुमार ऋषि पर सबसे पहले उनके अपने विभाग ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अधिकारी और उनकी पत्नी के दिल्ली और गाजियाबाद स्थित 1.05 करोड़ रुपये मूल्य के दो आवासीय परिसरों को अटैच करने का आदेश जारी किया गया। आरोप है कि ऋषि ने 9 नवंबर, 2012 से 14 जनवरी 2021 के बीच अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर 1.44 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की थी। ईडी ने कहा कि यह उक्त अवधि के दौरान उनकी वैध आय से 113.36 प्रतिशत अधिक थी।
तेलंगाना के रंगारेड्डी में पुलिस थाना सरूरनगर के अंतर्गत कर्मनघाट इलाके में मणिकांता टिम्बर डिपो में कल देर रात आग लग गई। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
केरल: पलक्कड़ में प्लास्टिक कचरा डंपिंग साइट पर लगी आग
केरल के पलक्कड़ में शनिवार की सुबह एक गांव में कचरा डंपिंग साइट पर आग लग गई। मामले में अग्निशमन एवं बचाव कर्मियों के अनुसार, 'हरित कर्म सेना' की तरफ से एकत्रित प्लास्टिक कचरे की एक बड़ी मात्रा को चित्तूर गांव के पास फेंका गया था और सुबह करीब 4 बजे डंप में आग लग गई। 'हरित कर्म सेना' राज्य में स्थानीय स्वशासन निकायों में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में केरल सरकार की एक पहल है।
घटना स्थल पर गए एक अग्निशमन एवं बचाव सेवा अधिकारी ने कहा कि आग पर काबू पाने से पहले करीब छह दमकल गाड़ियों को काम पर लगाया गया। अधिकारी ने कहा, 'आग अब और नहीं फैलेगी। हम इसके बुझने का इंतजार कर रहे हैं। इस घटना में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। हमारे अभियान शुरू करने से पहले पास में रहने वाले एक उत्तर भारतीय परिवार को निकाला गया।' उन्होंने यह भी कहा कि डंपिंग साइट तक बड़े वाहनों के पहुंचने के लिए कोई उचित सड़क नहीं थी और इसलिए उन्हें पहले फायर टेंडर के लिए रास्ता बनाना पड़ा। अधिकारी ने यह भी कहा कि आग लगने का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन यह किसी शॉर्ट सर्किट के कारण नहीं लगी थी।
270 गीगावाट बिजली की अधिकतम मांग को पूरा करने के लिए देश तैयार
देश इस साल गर्मियों में 270 गीगावाट तक की अधिकतम बिजली की मांग को पूरा करने के लिए तैयार है। केंद्रीय बिजली सचिव पंकज अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा, सरकार ताप बिजली संयंत्रों को पूरी क्षमता से चलाना अनिवार्य करेगी। खासकर आयातित कोयले का उपयोग करने वाले संयंत्रों के लिए ऐसा किया जाएगा। देश 2024 में गर्मियों के दौरान 250 गीगावाट की अधिकतम बिजली मांग को पूरा कर सका था।
अग्रवाल ने कहा, देश के ताप बिजली संयंत्र के पास 5.1 करोड़ टन का पर्याप्त कोयला भंडार है। यह 21 दिनों के बिजली उत्पादन के लिए पर्याप्त है। अगर हमें जरूरत पड़ी तो हम मांग को पूरा करने के लिए धारा 11 (बिजली कानून की) को लागू करेंगे। धारा 11 के तहत सरकार को यह अधिकार मिलता है कि वह असाधारण परिस्थितियों में बिजली उत्पादकों को तय तरीके से संयंत्रों को संचालित करने के लिए निर्देश दे सके। बिजली मंत्रालय ने पिछले साल की शुरुआत में धारा 11 को लागू किया था और आयातित कोयले का उपयोग करने वाले संयंत्रों को पूरी क्षमता से चलाने का आदेश दिया था। वहीं, केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश में घरेलू कोयला पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। देश में बिजली की अधिकतम मांग वर्ष 2030 में बढ़कर 335 गीगावाट तक पहुंचने की उम्मीद है।
हर तीन महीने में करेंगे दिशा की बैठक: संजय सेठ
रांची में दिशा समिति की बैठक में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि हमने निर्णय लिया है कि हम हर तीन महीने में दिशा समिति की बैठक आयोजित करेंगे। आज जिन विषयों पर प्रकाश डाला गया उनमें से एक यह था कि अप्रैल में बाबासाहेब अंबेडकर जयंती पर रातू रोड एलिवेटेड रोड का उद्घाटन किया जाएगा। 15 जून को नयासराय आरओबी का उद्घाटन किया जाएगा। इस साल दिसंबर तक नगरी आरओबी का काम पूरा हो जाएगा। हमने निर्णय लिया है कि हम रांची नगर निगम क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की कमी पर चर्चा करने के लिए पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग), जुडिको (झारखंड शहरी आधारभूत संरचना विकास कंपनी) और नगर निगम के साथ बैठक करेंगे।
प्रियंका गांधी ने केरल के सीएम को लिखा पत्र
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को पत्र लिखकर वायनाड और मलप्पुरम में जानवरों के हमलों के खिलाफ शमन उपायों के लिए धनराशि बढ़ाने का आग्रह किया है। सांसद प्रियंका गांधी ने सुझाव दिया कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के परामर्श से एक विशेष टीम बनाई जाए और उसे जानवरों के हमलों वाले क्षेत्रों में मानव जीवन और बस्तियों की रक्षा के लिए तत्काल उपाय करने के लिए क्षेत्र में भेजा जाए। उन्होंने कहा कि मुझे हर संभव तरीके से सहायता करने में खुशी होगी। प्रियंका ने कहा कि स्थानीय लोग खाइयों जैसे उपायों पर भरोसा नहीं करते हैं, क्योंकि उनके अनुभव ने स्पष्ट रूप से दिखाया है कि रखरखाव की कमी उन्हें अप्रभावी बना देती है। लटकती हुई बाड़ें बाघों और तेंदुओं जैसे बड़े शिकारियों को रोकने में असमर्थ हैं। लोगों ने मांग की है कि जानवरों से सुरक्षित दीवारें बनाई जाएं और वे किसी भी वैकल्पिक उपाय को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। इसके अलावा क्षेत्र में जंगली जानवरों के प्रति शत्रुता बढ़ रही है।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम से गायब हुए आयोजक, पुलिस ने कराई छह जोड़ों की शादी
गुजरात के राजकोट में 50 से अधिक दूल्हा-दुल्हनों के लिए सामूहिक विवाह समारोह कराने वाले आयोजक अचानक कार्यक्रम से गायब हो गए और उनका मोबाइल फोन भी बंद थे। इस पर 28 जोड़ो के परिवारों को झटका लगा और वे हंगामा करने लगे, जिसके बाद पुलिस को दखल देना पड़ा। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर मौजूद छह जोड़ों की शादी की व्यवस्था की। सहायक पुलिस आयुक्त राधिका भरई ने कहा, पुलिस ने विवाह समारोहग के लिए व्यवस्थाएं कीं और छह जोड़ों की शादी करवाई। हालांकि, कई जोड़े आयोजन स्थल से मंदिरों या अन्य स्थानों पर शादी करने के लिए निकल गए। भरई ने कहा कि आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा, क्योंकि परिवारों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने हर जोड़े से 15 हजार रुपये लिए थे।
अहमदाबाद में 65 हजार रुपये रिश्वत लेते अग्निशमन अधिकारी गिरफ्तार
अहमदाबाद नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी को एक सलाहकार से एनओसी देने के बदले 65 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा। बताया गया कि अधिकारी मंडलीय अग्निशमन अधिकारी इनायत हुसैन शेख प्रहलाद नगर फायर स्टेशन में तैनात हैं। एसीबी ने बताया कि उन्होंने सरकारी और निजी इमारतों में अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने वाली एक निजी एजेंसी के सह सलाहकार से 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। जबकि उसने एक इमारत की एनओसी के लिए कागजात तीन महीने पहले ही जमा कर दिए थे।
कल बागेश्वर धाम जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 फरवरी को बागेश्वर धाम जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा कि 23 फरवरी से मैं मध्य प्रदेश, बिहार और असम में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लूंगा। ये कार्यक्रम विभिन्न क्षेत्रों को कवर करेंगे और करोड़ों लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालेंगे। पहला कार्यक्रम मध्य प्रदेश के छतरपुर में बागेश्वर धाम चिकित्सा और विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखना होगा। यह एक सराहनीय प्रयास है, जो लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करेगा। यह समाज की सेवा पर हमारे सदियों पुराने जोर का भी संकेत है। 24 तारीख को मैं मध्य प्रदेश के निवेशक शिखर सम्मेलन को संबोधित करूंगा, जो निवेश और विकास की अपार संभावनाओं वाला राज्य है।
तेलंगाना में टीचर ने मारा थप्पड़ तो आठवीं के छात्र ने स्कूल बिल्डिंग से कूदकर दी जान
तेलंगाना में कथित तौर पर टीचर के थप्पड़ लगाने के बाद 8वीं के एक छात्र ने स्कूल की बिल्डिंग के कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार सुबह 9.30 बजे हैदराबाद के एक स्कूल की है।पुलिस के मुताबिक, स्कूल में पीईटी टीचर ने क्लास के अंदर 14 साल के एक छात्र को दूसरे छात्रों के सामने थप्पड़ लगा दिया। इसके बाद छात्र वॉशरूम के लिए बाहर निकला और बिल्डिंग से नीचे छलांग लगा दी। छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। छात्र की किताब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें छात्र ने अपने मां-बाप से अपना जीवन समाप्त करने के लिए माफी है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज जांच शुरू की है।
पांच दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत पांच दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे हैं। उनका यह दौरान संगठन के शताब्दी उत्सव का हिस्सा है। वह 25 फरवरी तक यहां रहेंगे और इस दौरान संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। संघ प्रमुख यहां सामाजिक परिवर्तन के लिए पांच महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें सामाजिक सद्भाव, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता की भावना और आदर्श परिवार के मूल्य (कुटुम्ब प्रबोधन) शामिल है। वह रविवार को एक बौद्धिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां हजारों संघ कार्यकर्ता उपस्थित होंगे। इन कार्यक्रमों के अलावा आरएसएस प्रमुख शहर में संघ प्रचारकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठकें भी करेंगे। वह 26 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश रवाना होंगे।