फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: गुजरात के विसावदर में दो बूथों पर पुनर्मतदान के आदेश; MP में फर्जी बैंक गारंटी घोटाले में दो गिरफ्तार

Fri, 20 Jun 2025 09:28 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

सुरक्षा बलों ने मणिपुर में कई प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को इंफाल पश्चिम जिले के वांगोई बाजार से गिरफ्तार किया गया। वहीं केंद्रीय बलों ने टेंग्नौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा पर सीमा स्तंभ 87 के आसपास से प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (कोइरेंग) और प्रतिबंधित पीआरईपीएके (प्रो) के एक-एक सदस्य को गिरफ्तार किया। जबकि प्रतिबंधित केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय सदस्य को काकचिंग जिले के सेकमाइजिंग खुनोऊ क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी घाटी क्षेत्र में जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल था। उधर, इंफाल पूर्वी जिले के फकनंग थोंगखोंग से प्रतिबंधित केसीपी (पीएससी) की एक महिला कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया। प्रतिबंधित संगठन प्रेपक के एक अन्य सक्रिय सदस्य को कथित तौर पर जबरन वसूली गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में बिष्णुपुर जिले के क्वाक्ता तेराखोंगशांगबी बाजार से  पकड़ा गया। 

विज्ञापन


पीएम मोदी, कांग्रेस और CM ममता ने राष्ट्रपति मुर्मू को दी जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके 67वें जन्मदिन पर बधाई दी और कहा कि उनका जीवन और नेतृत्व देश भर में करोड़ों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि राष्ट्रपति को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश भर में करोड़ों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति की किरण है। उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। ईश्वर उन्हें लोगों की सेवा करते हुए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करे।

कांग्रेस ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से हम भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उनकी बुद्धिमत्ता और राष्ट्र की प्रगति, कल्याण और न्याय के प्रति अटूट समर्पण देश को सत्य और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ाता रहे। हम उनके दीर्घ, स्वस्थ और सफल जीवन की कामना करते हैं।
विज्ञापन


पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बनर्जी ने लिखा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और अपार प्रसन्नता का आशीर्वाद दे, तथा वह पूरे समर्पण और शालीनता के साथ राष्ट्र की सेवा करती रहें।

तीन देशों की यात्रा से स्वदेश लौटे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री तीन देशों की अपनी चार दिवसीय यात्रा समाप्त कर बृहस्पतिवार को देश लौट आए। इस दौरे में पीएम ने साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की यात्रा। साइप्रस और क्रोएशिया में जहां उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए वहां के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा की वहीं कनाडा में उन्होंने जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया और कई देशों के शीर्ष नेताओं से द्विपक्षीय वार्ता की।

असम में ब्रह्मपुत्र में नाव पलटने से छह लोग लापता
असम के नलबाड़ी जिले के मुकालमुआ में ब्रह्मपुत्र नदी में बृहस्पतिवार की सुबह नाव पलटने से पांच स्कूली बच्चों समेत छह लोग लापता हो गए। नाव पर सवार अन्य लोगों को बचा लिया गया है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। जानकारी के अनुसार नलबाड़ी जिलांतर्गत बरखेत्री सर्कल के मुकालमुआ में ब्रह्मपुत्र नदी में एक यंत्र चालित नाव नादिया चर से लारकुची पाराधरा पारघाट आ रही थी। इसी दौरान नाव दुर्घटना का शिकार हो गई। सूत्रों के अनुसार दुर्घटना के बाद एक वयस्क व्यक्ति और पांच स्कूली छात्र-छात्राएं लापता हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। नाव पर 20 से 25 लोग सवार थे, जिसमें स्कूली बच्चों की संख्या अधिक थी।
 

आतंकी साजिश मामला : एनआईए अदालत ने बांग्लादेशी को सुनाई छह साल जेल की सजा
एनआईए की एक विशेष अदालत ने आतंकी साजिश के एक मामले में एक बांग्लादेशी को बृहस्पतिवार को छह साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि नजीउर रहमान पावेल उर्फ जॉयराम ब्यापारी उर्फ जोसेफ को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, विदेशी अधिनियम और भारतीय पासपोर्ट अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सजा सुनाई गई है। अदालत ने उस पर 20,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

जांच एजेंसी ने कहा कि यह दोषसिद्धि मूल रूप से जुलाई 2021 में कोलकाता पुलिस की ओर से बांग्लादेशी नागरिकों एसके शब्बीर, जोसेफ और अन्य के भारत में अवैध प्रवेश के संबंध में दर्ज मामले में हुई है। 

सिकल सेल की नई दवा विकसित करने पर मिलेंगे 10 करोड़  
सिकल सेल रोगियों को शारीरिक स्थिति और बीमारी की गंभीरता के आधार पर दवा चुनने का विकल्प जल्द मिल सकता है। नई दवा के विकास के लिए आदिवासी मामलों का मंत्रालय दिल्ली एम्स की मदद से एक प्रतियोगिता आयोजित करेगा। इसमें चयनित प्रस्ताव के आवेदक को 10 करोड़ का पुरस्कार मिलेगा। केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने विश्व सिकल सेल दिवस पर यह जानकारी दी।

मंत्री ने कहा, बीमारी के प्रबंधन के लिए एक दवा उपलब्ध है। गर्भावस्था या अन्य गंभीर स्थितियों की उपस्थिति जैसी विशेष स्थितियों में समस्या और गंभीर हो जाती है, इसलिए एक नई दवा विकसित करने की  आवश्यकता है। 

दुष्कर्म के मुकदमे का सामना करने को भगोड़े अपराधी को ब्रिटेन प्रत्यर्पित करने की अनुमति
नई दिल्ली स्थित प्रत्यर्पण अदालत ने यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामले में स्कॉटलैंड हाईकोर्ट में मुकदमे का सामना करने के लिए भगोड़े अपराधी को ब्रिटेने को प्रत्यर्पित करने की अनुमति दे दी। अपराधी अपराध करने के बाद ब्रिटेन से भागकर केरल आ गया था। उसे कोच्चि में गिरफ्तार कर दिल्ली लाया गया। तब से वह न्यायिक हिरासत में था। उसने प्रत्यर्पण के लिए अपनी सहमति दे दी। 24 दिसंबर, 2024 को आरोपी के प्रत्यर्पण के लिए आवेदन किया गया। 

प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती आईआईटी खड़गपुर के निदेशक नियुक्त
आईआईटी खड़गपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में इंस्टीट्यूट चेयर प्रोफेसर और विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के सर जेसी बोस नेशनल फेलो सुमन चक्रवर्ती को आईआईटी खड़गपुर का निदेशक नियुक्त किया गया है, संस्थान ने शुक्रवार रात एक बयान में कहा।

प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती आईआईटी खड़गपुर के निदेशक नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान कार्यवाहक निदेशक प्रोफेसर अमित पात्रा का स्थान लेंगे। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष की अवधि तक या 70 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक, जो भी पहले हो, रहेगा। चक्रवर्ती को हाल ही में यूनेस्को द्वारा इंजीनियरिंग और कंप्यूटर विज्ञान में 2026 टीडब्ल्यूएएस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान सूक्ष्म और नैनोस्केल प्रवाह में उनके मौलिक कार्य, नैदानिक प्रौद्योगिकियों में नवाचारों को सक्षम करने और हाशिए पर रहने वाली आबादी के लिए ग्रामीण आजीविका और स्वास्थ्य सेवा पहुंच में सुधार के लिए दिया गया था। चक्रवर्ती को 2023 में एशिया में सभी विषयों के शीर्ष 100 शोधकर्ताओं की सूची में शामिल किया गया। चक्रवर्ती को 2002 में आईआईटी खड़गपुर में सहायक प्रोफेसर के रूप में शामिल हुए थे और 2008 से वरिष्ठ प्रोफेसर हैं।

मणिपुर में गोलीबारी की चपेट में आई बुज़ुर्ग महिला, मौत
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों और अज्ञात बंदूकधारियों के बीच हुई गोलीबारी की चपेट में आकर एक बुज़ुर्ग कुकी-जो महिला की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। घटना तब हुई जब सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दरअसल, घाटी क्षेत्र के बिष्णुपुर ज़िले में एक मैतेई किसान खेत में काम करते समय घायल हो गया था। किसान को पास की पहाड़ियों से चली गोली लगी थी।

इसके बाद हमलावरों की तलाश में सुरक्षा बल लांगछिंगमनबी, हेइचांगलोक और आस-पास के इलाकों में पहुंचे। पुलिस के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान अज्ञात हथियारबंद लोगों ने फोर्स पर गोली चलाई, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की।

नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में चार गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस ने क्योंझर जिले में एक नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक लड़की को जानता था।
पुलिस ने धारा 70(2) (सामूहिक दुष्कर्म), 103(1) (हत्या) और 49 (अभियोजन) के तहत मामला दर्ज किया है, साथ ही पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के प्रावधान भी लगाए गए हैं।

16 जून को हुई इस घटना में 17 वर्षीय लड़की अपने घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन लापता हो गई। अगले दिन ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटका पाया। लड़की के परिवार ने आरोप लगाया कि उसकी सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या की गई थी। घटनास्थल से खून से सने कपड़े और अन्य वस्तुएं बरामद हुईं।
 

CBI ने 183 करोड़ रुपये के फर्जी बैंक गारंटी घोटाले में दो लोगों को दबोचा
सीबीआई ने मध्य प्रदेश में सिंचाई परियोजनाओं से जुड़े 183.21 करोड़ रुपये के फर्जी बैंक गारंटी घोटाले के सिलसिले में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एक वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है जो सरकारी परियोजनाओं को सुरक्षित करने के लिए फर्जी बैंक गारंटी मुहैया करा रहा था।

सीबीआई ने पांच राज्यों - दिल्ली, पश्चिम बंगाल, गुजरात, झारखंड और मध्य प्रदेश में 23 स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान के बाद पीएनबी के वरिष्ठ प्रबंधक गोविंद चंद्र हंसदा और कोलकाता से मोहम्मद फिरोज खान को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान गुरुवार को शुरू हुआ और शुक्रवार को भी जारी रहा। एजेंसी ने इस मामले में एक औपचारिक मामला दर्ज किया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि इंदौर स्थित तीर्थ गोपीकॉन लिमिटेड, जिसे 2023 में 974 करोड़ रुपये मूल्य के तीन सिंचाई अनुबंध दिए गए थे, ने मध्य प्रदेश जल निगम लिमिटेड (एमपीजेएनएल) को 183.21 करोड़ रुपये की फर्जी बैंक गारंटी प्रस्तुत की। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने जांच को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया।
 

गुजरात विधानसभा उपचुनाव: विसावदर में दो बूथों पर पुनर्मतदान के आदेश दिए
चुनाव आयोग ने गुजरात के विसावदर विधानसभा क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों पर शनिवार को पुनर्मतदान के आदेश दिए हैं। विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) ने फर्जी मतदान और बूथ कैप्चरिंग की शिकायत की है। जूनागढ़ कलेक्टर और जिला चुनाव अधिकारी अनिल राणावसिया ने शुक्रवार को कहा कि मतदान के दौरान "व्यवधान" के कारण पुनर्मतदान का आदेश दिया गया था, न कि फर्जी मतदान या बूथ कैप्चरिंग के कारण, जैसा कि आप ने दावा किया है।

गुजरात के जूनागढ़ में विसावदर और मेहसाणा जिले में कादी में गुरुवार को उपचुनाव हुए, जिसमें कादी सीट पर 57.9 प्रतिशत और विसावदर में 56.8 प्रतिशत मतदान होने का अनुमान है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को एक अधिसूचना जारी कर विसावदर निर्वाचन क्षेत्र के मलीदा और नव वघानिया मतदान केंद्रों पर शनिवार को सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे के बीच पुनर्मतदान का आदेश दिया। बिना कोई विशेष कारण बताए, इसने कहा कि यह निर्णय "रिटर्निंग ऑफिसर और ऑब्जर्वर द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर और सभी भौतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए" लिया गया है।

बंगलूरू में नियमों के खिलाफ चल रहे 19 बार-रेस्तरां में छापेमारी, जुर्माना लगाया
बंगलूरू पुलिस की विशेष टीम ने गुरुवार की देर रात शहर के पश्चिमी क्षेत्र के आधा दर्जन इलाकों में संचालित बार और रेस्तरां में छापेमारी की। टीम ने 19 बार और रेस्तरां में तंबाकू उत्पादों की बिक्री-सेवन और महिला कर्मियों की नियुक्ति नियमों का उल्लंघन पाया गया। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह को नियमों के उल्लंघन की सूचना मिलने के बाद गुरुवार रात को छापेमारी की गई।

11 विशेष पुलिस दल ने उप्परपेट, कॉटनपेट, कलसिपाल्या, कब्बन पार्क और अशोकनगर पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र में आने वाले बार और रेस्तरों पर विशेष छापेमारी की। इस दौरान पाया गया कि 19 बार और रेस्तरां में महिला कर्मचारी उत्तेजक कपड़े पहनी थी। वो ग्राहकों की मेज के पास अभद्र तरीके से खड़ी थी। इसके अलावा महिला सुरक्षा गार्ड नहीं थी और रसोई क्षेत्रों में सफाई की कमी थी। पुलिस के अनुसार, सीओटीपीए (सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के नियमों का उल्लंघन करने वाले ग्राहकों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया। बार और रेस्तरां के मालिकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को रिपोर्ट सौंप दी गई है।

अहमदाबाद विमान हादसा: लापता मेडिकल हॉस्टल की रसोइया और पोती की मौत की पुष्टि
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद से लापता मेडिकल कॉलेज हॉस्टल परिसर मेस की 52 वर्षीय महिला रसोइया और उसकी पोती की मौत की पुष्टि हो गई है। महिला के परिजनों ने डीएनए परीक्षण से मौत की पुष्टि होने की जानकारी दी। पिछले 15 वर्ष से परिसर में काम कर रही सरलाबेन ठाकोर और उनकी दो वर्षीय पोती आद्या के शव बृहस्पतिवार को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में उनके परिजनों को सौंप दिए गए। महिला के बेटे रवि ठाकोर ने संवाददाताओं को बताया, हमने भारी मन से उनका अंतिम संस्कार कर दिया। दुर्घटना से ठीक पहले 12 जून को रवि और ललिता ठाकोर वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए भोजन का टिफिन पहुंचाने के लिए मेस से लगभग 500 मीटर दूर स्थित सिविल अस्पताल चले गए, जबकि आद्या और सरलाबेन मेस में ही रुक गईं। इसी दौरान वे हादसे की चपेट में आ गईं।
विज्ञापन

सीबीआई ने नकली मुद्रा मामले में वांछित भगोड़े को यूएई से वापस लाया
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने यूएई अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर नकली मुद्रा मामले में वांछित और 12 साल पुराने इंटरपोल रेड नोटिस वाले एक भगोड़े को शुक्रवार को भारत वापस लाया। अधिकारियों ने बताया कि एनआईए की कोच्चि इकाई द्वारा वांछित मोइदीनब्बा उमर बेरी को दुबई से उड़ान संख्या एआई-920 द्वारा मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया। सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा, एजेंसी द्वारा एनसीबी-अबू धाबी के साथ इंटरपोल के माध्यम से करीबी फॉलोअप के जरिये पहले यूएई में इस व्यक्ति की भौगोलिक स्थिति का पता लगाया गया था। बेरी को एनआईए द्वारा जाली भारतीय मुद्रा नोट, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के मामले में वांछित किया गया था। उसने कथित तौर पर दुबई में उच्च गुणवत्ता वाले नकली भारतीय मुद्रा नोट (एफआईसीएन) खरीदे थे और उन्हें शारजाह के जरिये बंगलूरू ले जाया था। सीबीआई ने एनआईए के अनुरोध पर इंटरपोल के माध्यम से 30 दिसंबर 2013 को इस व्यक्ति के खिलाफ रेड नोटिस प्रकाशित कराया। प्रवक्ता ने कहा, आरोपी व्यक्ति को यूएई में गिरफ्तार किया गया था और एमएचए और एमईए के माध्यम से यूएई को प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें