वाइको के नेतृत्व वाली एमडीएमके ने ईलम तमिल ‘स्वतंत्रता आंदोलन’ और लिट्टे का कथित तौर पर ‘दुर्भावनापूर्ण चित्रण’ करने के लिए हाल ही में रिलीज हुई सनी देओल अभिनीत फिल्म ‘जाट’ को तमिलनाडु में प्रतिबंधित करने की मांग की। पार्टी की प्रशासनिक परिषद की बैठक में इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित किया गया। यह बैठक आंतरिक कलह के कारण वाइको के बेटे दुरई वाइको की ओर से शनिवार को पार्टी में अपने पद से इस्तीफा देने के बाद आयोजित की गई थी। पार्टी ने राज्य के राज्यपाल आरएन रवि को ‘हटाने’ की मांग से जुड़ा प्रस्ताव भी पारित किया। ‘जाट’ का जिक्र करते हुए प्रस्ताव में कहा गया है, फिल्म में ईलम तमिल स्वतंत्रता आंदोलन को बदनाम करने वाले दृश्य हैं। प्रस्ताव में आरोप लगाया गया है, “तमिल ईलम (तमिलों के लिए अलग मातृभूमि) के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले तमिल टाइगर्स (लिट्टे) के सदस्यों को फिल्म में आतंकवादियों के रूप में चित्रित किया गया है।
गुजरात में वक्फ बोर्ड के तहत 17 साल किराया वसूलने के आरोप, 5 गिरफ्तार
गुजरात में राज्य वक्फ बोर्ड के तहत पंजीकृत अहमदाबाद स्थित दो ट्रस्टों की जमीन पर बनी दुकानों और मकानों के लिए खुद को ट्रस्टी बताने और 17 सालों तक किराया वसूलने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शहर के गायकवाड़ हवेली पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, जालसाजों ने कांचनी मस्जिद ट्रस्ट और शाह बड़ा कसम ट्रस्ट की जमीन पर बने लगभग 100 घरों और दुकानों का किराया वसूला। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) भरत राठौड़ ने बताया कि उनके खिलाफ धोखाधड़ी और जाली दस्तावेज के लिए एफआईआर दर्ज की गई है। जांच में पाया गया कि उन्होंने वक्फ बोर्ड के तहत पंजीकृत ट्रस्टों की संपत्तियों का निजी लाभ के लिए दुरुपयोग किया है। वक्फ संपत्ति धार्मिक या धर्मार्थ उद्देश्यों के लिए समर्पित होती है। ऐसी संपत्तियों से होने वाली आय का इस्तेमाल आम तौर पर धार्मिक गतिविधियों, धर्मार्थ कार्यों या सार्वजनिक लाभ के लिए किया जाता है। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने दोनों ट्रस्टों के 5,000 वर्ग मीटर से ज्यादा क्षेत्र में अवैध निर्माण किया। उन्होंने 2008 से 2025 के बीच करीब 100 संपत्तियां (मकान और दुकानें) बनाईं और हर महीने किराया वसूला। आरोपी सलीम खान पठान, मोहम्मद यासर शेख, महमूदखान पठान, फैज मोहम्मद चोबदार और शाहिद अहमद शेख हैं। सलीम खान पठान हिस्ट्रीशीटर है और उस पर पांच मामले दर्ज हैं। इनमें से एक आर्म्स एक्ट से संबंधित है। कांचिनी मस्जिद ट्रस्ट की भूमि पर बनी संपत्तियों के किरायेदार शिकायतकर्ता मोहम्मद रफीक अंसारी ने कहा कि कोई भी आरोपी किसी भी ट्रस्ट का सदस्य नहीं है। किराये के पैसे को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करने के अलावा आरोपियों ने शाह बड़ा काशी ट्रस्ट के दानपात्र में जमा धन पर भी अपना स्वामित्व होने का दावा किया। आरोपियों ने कांचनी मस्जिद ट्रस्ट की जमीन पर 15 दुकानें भी बनवाईं। उन्होंने बताया कि यह जमीन पहले अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) को उर्दू स्कूल के लिए दे दी गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी कल लोक सेवकों को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को लोक सेवा दिवस के अवसर पर लोक सेवकों को संबोधित करेंगे। कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, पीएम मोदी इस मौके पर जिलों और केंद्र/राज्य सरकारों में चिह्नित प्राथमिकता कार्यक्रमों और नवाचार के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री समग्र विकास और नवाचारों पर ई-पुस्तकें जारी करेंगे, जिनमें प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों और नवाचारों के कार्यान्वयन की सफलता की कहानियां शामिल होंगी। पुरस्कार विजेता पहल पर आधारित एक फिल्म भी दिखाई जाएगी। बयान के मुताबिक, यह सातवां अवसर होगा जब मोदी राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस समारोह को संबोधित करेंगे। लोक सेवा दिवस की तिथि उस दिन को याद करने के लिए चुनी गई थी, जब सरदार वल्लभभाई पटेल (स्वतंत्र भारत के पहले गृह मंत्री) ने 1947 में मेटकाफ हाउस दिल्ली में प्रशासनिक सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित किया था।
केरल: पड़ोसी के आंगन में कुत्ता घुसने पर युवक की हत्या
वेल्लिकुलंगारा इलाके में 42 वर्षीय व्यक्ति की उसके 69 वर्षीय पड़ोसी ने छुरा भोंककर हत्या कर दी। विवाद का कारण मृतक शिजो का कुत्ता बार-बार आरोपी जोसफ के आंगन में प्रवेश करता था। पुलिस ने रविवार को बताया कि दोनों पड़ोसियों के बीच इस मुद्दे को लेकर अक्सर तकरार होती थी। शनिवार रात जब फिर से शिजो का कुत्ता जोसफ के घर पर चला गया। इसके बाद दोनों में हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान जोसफ ने शिजो पर छुरे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, लेकिन अभी तक औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज नहीं की गई है, क्योंकि मौके पर जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
28 अप्रैल को नौसेना के लिए 26 राफेल विमानों के लिए होगा करार
भारत और फ्रांस के बीच 28 अप्रैल को फ्रांसीसी रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकॉर्नू की मौजूदगी में भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल मरीन विमानों की बिक्री के लिए अब तक के सबसे बड़े रक्षा सौदे पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है।रक्षा सूत्रों ने बताया कि 63,000 करोड़ रुपये से अधिक के सौदे पर दोनों पक्षों की तरफ से वरिष्ठ अधिकारी हस्ताक्षर करेंगे। इसके लिए साउथ ब्लॉक स्थित रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय के बाहर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। करार के लिए फ्रांस के रक्षा मंत्री रविवार की शाम तक नई दिल्ली पहुंचेंगे और सोमवार को वापस हो जाएंगे। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में 9 अप्रैल को हुई कैबिनेट की बैठक में भारत के इस सबसे बड़े रक्षा सौदे पर मुहर लगी थी। दोनों सरकारों के बीच होने वाले इस करार के तहत 22 एक सीट वाले और चार दो सीट वाले लड़ाकू विमान खरीदे जाएंगे। इन लड़ाकू विमानों को आईएनएस विक्रांत पर तैनात किया जाएगा।
अमित शाह 22 अप्रैल को सेव अर्थ कॉन्क्लेव का करेंगे उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 अप्रैल को जलवायु परिवर्तन के असर को कम करने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में बांस की उपयोगिता का पता लगाने के लिए सेव अर्थ कॉन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे। महाराष्ट्र में पर्यावरण एवं सतत विकास के लिए मुख्यमंत्री के कार्यबल की अध्यक्ष पाशा पटेल ने बताया कि शाह मंगलवार को सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे, जिसका आयोजन फीनिक्स फाउंडेशन संस्था, लातूर और इंडियन चैंबर ऑफ फूड एंड एग्रीकल्चर की तरफ से किया जा रहा है।
CM कॉनराड ने NPP राष्ट्रीय समिति में पत्नी-भाई को जोड़ा
मेघालय के मुख्यमंत्री और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के अध्यक्ष कॉनराड संगमा ने पार्टी की राष्ट्रीय समिति में 27 सदस्यों को नियुक्त किया है। इनमें उनकी पत्नी मेहताब ए संगमा, भाई जेम्स पीके संगमा और बहन अगथा के संगमा शामिल हैं। पार्टी के एक नेता ने कहा कि समिति के अध्यक्ष खुद संगमा हैं। नियुक्त सदस्यों का कार्यकाल 2025 से 2028 तक रहेगा। अन्य सदस्यों में छह विधायक शामिल हैं। इनमें तीन विधायक अरुणाचल प्रदेश से, दो महिला विधायक मेघालय से और एक विधायक मणिपुर से है
भारत के पहले लॉजिस्टिक्स पार्क पहुंचे भूटान नरेश जिग्मे
भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी) का निरीक्षण करने के लिए शनिवार को असम के बोंगईगांव पहुंचे। यह पार्क भारतमाला परियोजना के तहत निर्माण के अंतिम चरण में है। भूटान नरेश शाही हेलीकॉप्टर से जोगीघोपा स्थित एमएमएलपी परिसर में पहुंचे जहां असम के जन स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग विभाग के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने उनका स्वागत किया। बरुआ ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि भूटान नरेश ने एमएमएलपी के अलावा अंतर्देशीय जल परिवहन (आईडब्ल्यूटी) का भी दौरा किया, जो ब्रह्मपुत्र नदी पर निर्माणाधीन है। बरुआ ने लिखा, मैं असम के प्रति महामहिम के स्नेह से अभिभूत हूं और हमारे राज्य की इस भव्य यात्रा के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड की तरफ से निर्मित यह पार्क पूरा होने पर सड़क, रेल, वायु और जलमार्गों से निर्बाध रूप से जुड़ा होगा।
एयरपोर्ट पर विमान से टकराई बस, घटना पर बंगलूरू हवाईअड्डा प्रबंधन का बयान
बंगलूरू एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस के एक खड़े विमान से मिनी बस टकरा गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। जिस विमान से मिनी बस टकराई, वह संचालन में नहीं था। घटना शुक्रवार दोपहर की है।इंडिगो एयरलाइंस ने बंगलूरू एयरपोर्ट पर हुई घटना को लेकर बयान जारी किया है, जिसमें कहा है कि 'हमें बंगलूरू एयरपोर्ट पर एक पार्क किए गए इंडिगो विमान और एक थर्ड पार्टी ग्राउंड वाहन से जुड़ी घटना की जानकारी है। जांच जारी है और आवश्यकतानुसार सभी आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी।'
पीएम मोदी ने ईस्टर संडे पर दीं शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईस्टर पर्व के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि 'सभी को ईस्टर की हार्दिक शुभकामनाएं। यह ईस्टर इसलिए खास है क्योंकि दुनिया भर में जुबली वर्ष को बहुत उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह पवित्र अवसर हर व्यक्ति को आशा, नवीनीकरण और करुणा की प्रेरणा दे। चारों ओर खुशी और सद्भाव हो।'
प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नायडू को जन्मदिन की बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और कहा कि जिस तरह से वह राज्य के विकास के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं, वह सराहनीय है। तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष नायडू रविवार को 75 वर्ष के हो गए। पीएम मोदी ने कहा, 'मेरे अच्छे मित्र और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू गारू को शुभकामनाएं। यह सराहनीय है कि वह भविष्य के क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए आंध्र प्रदेश के विकास के लिए अथक काम कर रहे हैं। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।'
वरिष्ठ भाकपा नेता दिबाकर नायक का निधन
वरिष्ठ भाकपा नेता और भाकपा ओडिशा के पूर्व सचिव दिबाकर नायक का रविवार को निधन हो गया। नायक 72 वर्ष के थे। पार्टी नेताओं ने बताया कि नायक बीते कुछ समय से बीमार थे। उन्होंने भुवनेश्वर के खारवेल इलाके में भाकपा के राज्य मुख्यालय में अंतिम सांस ली। बीजद समन्वय समिति के अध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा, बीजद विधायक आरपी स्वैन, बीजद विधायक गणेश्वर बेहरा, माकपा नेता जनार्दन पति समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भाकपा मुख्यालय भगवती भवन में रखे नायक के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। वाम विचारधारा से प्रभावित नायक ने अपना राजनीतिक जीवन भाकपा की छात्र शाखा एआईएसएफ के सदस्य के रूप में शुरू किया था। बाद में वे भाकपा में शामिल हो गए और इसके राज्य सचिव बन गए। पार्टी के एक नेता ने बताया कि वे पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी थे। भद्रक जिले के सेंडचिटिरा गांव में जन्मे नायक पार्टी प्रकाशन 'नुआ दुनिया' के पूर्व संपादक भी थे।
सोनिया, राहुल के खिलाफ ईडी की कार्रवाई शर्मनाक व राजनीतिक प्रतिशोध: द्रमुक
विपक्षी दलों के गठजोड़- ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख घटक दल एमके स्टालिन की अगुवाई वाली द्रमुक ने रविवार को नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा आरोपपत्र दाखिल करने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। द्रमुक ने कहा, यह अस्वीकार्य, शर्मनाक और प्रतिशोध की कार्रवाई है। द्रमुक कोषाध्यक्ष और संसदीय दल के नेता टीआर बालू ने केंद्र की भाजपा सरकार पर कांग्रेस पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सहित जांच एजेंसियों को ‘छोड़ने’ का आरोप लगाया, क्योंकि वह विभिन्न दलों को एकजुट करके वक्फ सहित विभिन्न मुद्दों पर भाजपा का विरोध कर रही है। बालू ने यहां पार्टी के एक बयान में कहा, द्रमुक की ओर से मैं भाजपा के राजनीतिक प्रतिशोध के कारण नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा आरोपपत्र दायर करने की कड़ी निंदा करता हूं।
असम के दौरे पर पहुंचे भूटान नरेश, जलमार्ग टर्मिनल का किया निरीक्षण
हिमालयी राष्ट्र भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक असम के दौरे पर हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने रविवार को एक बयान जारी कर भूटान नरेश के असम दौरे की जानकार दी।मंत्रालय के मुताबिक, भूटान नरेश ने जोगीघोपा में प्रमुख बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने अंतर्देशीय जलमार्ग टर्मिनल (आईडब्ल्यूटी) और मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी) का भी दौरा किया, जो व्यापार और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो प्रमुख संपर्क परियोजनाएं हैं। दो महीने पहले फरवरी में इस जलमार्ग टर्मिनल का उद्घाटन हुआ था, जो पूर्वोत्तर में भारत के बुनियादी ढांचे के विकास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे सीमा पार रसद और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।
त्रिपुरा: घुसपैठ के आरोप में महिला समेत तीन बांग्लादेशी गिरफ्तार
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और खुफिया विभाग ने शनिवार को एक संयुक्त ऑपरेशन में अगरतला रेलवे स्टेशन से एक महिला सहित तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अगरतला जीआरपी ने अपने एक बयान में कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि तीनों ने अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था और कोलकाता के रास्ते ट्रेन से दक्षिणी राज्यों में आगे की यात्रा करने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान ढाका निवासी कमरुन नेसा (23), मोहम्मद इस्माइल हुसैन (22) और मोहम्मद नूर हुसैन (25) के रूप में हुई है। अगरतला जीआरपी पुलिस स्टेशन में आधिकारिक तौर पर मामला दर्ज करने के बाद तीनों से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद कल आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। अधिकारी इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन मान रहे हैं और अवैध नेटवर्क की पूरी हद तक पर्दाफाश करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
झारखंड- पलामू में पुलिस स्टेशन परिसर में लगी आग में 40 से अधिक जब्त वाहन जलकर खाक
पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन पुलिस स्टेशन परिसर में खड़ी 40 से अधिक जब्त वाहन रविवार को आग लगने से जलकर खाक हो गए। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि दो दमकल गाड़ियों ने एक घंटे बाद आग पर काबू पा लिया, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रभारी अधिकारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने का संदेह है। उन्होंने बताया कि पुलिस स्टेशन परिसर में लगी आग में क्षतिग्रस्त वाहनों में मोटरसाइकिल, बस और ऑटो रिक्शा शामिल हैं।
आंध्र: बिजली गिरने से दो लड़कों की मौत
आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के पेड्डा ओबिनेनीपल्ले गांव में रविवार शाम क्रिकेट खेलते समय बिजली गिरने से दो लड़कों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एक किसान भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दो लड़के आकाश (18) और सनी (17) पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'करीब 20 छात्र खुले मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। पेड़ के नीचे खड़े होने के दौरान दोनों छात्रों पर बिजली गिरी।' बीएनएस एक्ट की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
एमडीएमके नेता दुरई वाइको ने वापस लिया इस्तीफा
एमडीएमके नेता और पार्टी संस्थापक वाइको ने रविवार को घोषणा की है कि उनके बेटे दुरई वाइको ने प्रधान सचिव के पद से दिया इस्तीफा वापस ले लिया है। वाइको ने कहा कि एक अन्य वरिष्ठ नेता के साथ मतभेदों को सुलझाने के बाद दुरई वाइकों ने अपना इस्तीफा वापस लेने का फैसला किया। चेन्नई में वाइको ने कहा कि दुरई का वरिष्ठ नेता मल्लई सत्या के साथ मतभेद था, लेकिन उन्होंने इसे सुलझा लिया।
कांग्रेस 25 अप्रैल से देशभर में शुरू करेगी संविधान बचाओ अभियान
कांग्रेस ने 25 अप्रैल से देशभर में राष्ट्रव्यापी 'संविधान बचाओ' अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के बयान के मुताबिक यह अभियान 30 मई तक जारी रहेगा। पार्टी नेशनल हेराल्ड मुद्दे पर भाजपा के दुष्प्रचार अभियान का भी मुकाबला करेगी। इसके तहत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देशभर के विभिन्न शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। यह निर्णय राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में कांग्रेस महासचिवों, राज्य प्रभारियों और विभिन्न अग्रणी संगठनों के प्रमुखों की बैठक में लिया गया।
मिजोरम में 59.8 लाख की विदेशी सिगरेट जब्त
असम राइफल्स ने शनिवार को मिजोरम के चम्फाई जिले के जोखावथर में लैंड कस्टम्स स्टेशन के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में विदेशी मूल की सिगरेट की बड़ी खेप जब्त की। असम राइफल्स के अनुसार, यह खेप जोखावथर के मेलबुक क्षेत्र में पीवीसीपी के पास सामान्य क्षेत्र में छिपाई गई थी। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किए गए इस अभियान में 46 केस में रेड एंड ब्लू, गोल्ड लैंड, कारावीक, प्रीमियम गोल्ड और वी सिगरेट जैसे विदेशी ब्रांड की सिगरेट बरामद की गई। सिगरेट की कुल अनुमानित कीमत 59.8 लाख रुपये बताई गई है। असम राइफल्स ने बताया कि बरामद सामान को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए जोखावथर के लैंड कस्टम्स स्टेशन को सौंप दिया गया है।
सुप्रीम कोर्ट के वकील ने एजी से मांगी निशिकांत दुबे के खिलाफ अवमानना कार्यवाही की अनुमति
वक्फ अधिनियम मामले में एक वादी का प्रतिनिधित्व करने वाले सर्वोच्च न्यायालय के एक वकील ने अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी को पत्र लिखकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ अवमानना कार्यवाही शुरू करने की सहमति मांगी है। निशिकांत दुबे ने हाल ही में टिप्पणी कि थी कि अगर सुप्रीम कोर्ट को कानून बनाना है तो संसद और राज्य विधानसभाओं को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस संजीव खन्ना पर भी निशाना साधा और उन्हें देश में 'गृह युद्धों' के लिए जिम्मेदार ठहराया।
दरअसल, न्यायालय की अवमानना अधिनियम, 1971 की धारा 15(1)(b) और अवमानना के मामलों के लिए सुप्रीम कोर्ट के 1975 में बने नियमों में से नियम 3(c) के तहत अटॉर्नी जनरल या सॉलिसिटर जनरल की सहमति के बाद ही सुप्रीम कोर्ट की अवमानना की कार्यवाही शुरू हो सकती है। ऐसे में वकील ने अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमनी को पत्र लिख कर निशिकांत दुबे के बयान से अवगत कराया है।