विश्वजीत ने सीजीडीए और शिवकुमार ने संभाला सामग्री प्रमुख का पद
विश्वजीत सहाय ने रक्षा लेखा महानियंत्रक (सीजीडीए) का पद संभाल लिया है। वह भारतीय रक्षा लेखा सेवा (आईडीएएस) के 1990 बैच के अधिकारी हैं। उन्हें रक्षा वित्त और सार्वजनिक प्रशासन में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। इससे पहले, उन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग में अतिरिक्त सचिव सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
साथ ही वाइस एडमिरल बी. शिवकुमार ने 40वें चीफ ऑफ मटीरियल का कार्यभार संभाला है। वह नेशनल डिफेंस एकेडमी के पूर्व छात्र हैं और भारतीय नौसेना में 38 वर्षों से अधिक की सेवा दे चुके हैं। उन्होंने आईआईटी चेन्नई से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की है।
तेलंगाना: छात्रावास में दूषित खाना खाने से 55 छात्र बीमार
तेलंगाना के इटिक्याला मंडल के धर्मावरम बीसी छात्रावास के 55 छात्रों को रात के खाने के बाद उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद गडवाल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां 32 छात्रों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 23 का अभी इलाज चल रहा है। आशंका है कि इसका कारण दूषित भोजन हो सकता है। इटिक्याला पीएचसी के चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बाकी छात्रों को भी जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी। अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं।
कार्ति चिदंबरम की संपत्ति अटैच करने का ईडी का फैसला बरकरार
पीएमएलए अपीलीय न्यायाधिकरण ने आईएनएक्स मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच में कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के 2018 में जारी 22 करोड़ की संपत्ति अटैचमेंट के अंतरिम आदेश को बरकरार रखा है। इन संपत्तियों में दिल्ली के जोरबाग इलाके में फ्लैट का कुछ हिस्सा और चेन्नई की बैंक में जमा राशि शामिल हैं। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पी चिदंबरम के बेटे कार्ति (53) ने 2019 में धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील दायर की थी। उन्होंने अटैचमेंट ऑर्डर को रद्द करने की मांग की थी।
बीजेपी सांसद जगन्नाथ सरकार के बयान पर टीएमसी का हमला
टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी सांसद जगन्नाथ सरकार के भारत-बांग्लादेश सीमा पर दिए बयान को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला। बनर्जी ने कहा कि बीजेपी की पाखंडी राजनीति अब नई ऊंचाई पर पहुंच गई है। दरअसल, एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें रणाघाट से सांसद जगन्नाथ सरकार को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अगर हम अगले साल विधानसभा चुनाव जीतते हैं तो बांग्लादेश के साथ कोई बार्ड वायर फेंसिंग नहीं रहेगी। यह वीडियो गुरुवार को उनके संसदीय क्षेत्र में हुई एक बैठक का बताया जा रहा है। रणाघाट नदिया जिले में आता है, जिसकी सीमा बांग्लादेश से लगती है।
सरकारी हॉस्टल में खाना खाने के बाद 50 से ज्यादा छात्र बीमार
तेलंगाना के एक सरकारी हॉस्टल में खाना खाने के बाद 50 से ज्यादा छात्र बीमार हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना तेलंगाना के जोगुलांबा गदवल जिले की है, जहां शुक्रवार रात को सरकारी हॉस्टल का खाना खाने के बाद छात्रों ने उल्टी, पेट दर्द की शिकायत की। इसके बाद छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इलाज के बाद 32 छात्रों को रिहा कर दिया गया है और बाकी को निगरानी में रखा गया है, लेकिन उनकी हालत भी स्थिर है।
निर्वासित की गई सोनाली बीबी के माता-पिता का नाम 2002 की वोटर लिस्ट में शामिल, टीएमसी का दावा
तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया कि निर्वासित की गई सोनाली बीबी के माता-पिता पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले की 2002 की वोटर लिस्ट में भारतीय नागरिक के तौर पर दर्ज थे। पार्टी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण बंगाल और यहां के लोगों के विचार पर ही हमला है। कलकत्ता हाई कोर्ट ने सितंबर में केंद्र सरकार को निर्देश दिया था कि सोनाली बीबी और उनके परिवार को एक महीने के अंदर भारत वापस लाया जाए। इस आदेश को केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
TMC ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'बीरभूम की एक गर्भवती महिला सोनाली खातून को निर्वासित करना न सिर्फ नौकरशाही की क्रूरता दिखाता है, बल्कि यह एक सोची-समझी राजनीतिक चाल भी है। भाजपा एसआईआर को अपने अभियान के तौर पर दिखा रही है, लेकिन वह असल में बंगाल और यहां के लोगों के विचार पर ही हमला है। ये डर को हथियार बनाना चाहते हैं, नागरिकों की पहचान पर सवाल उठाकर उन्हें अपमानित करना चाहते हैं, और उस सामाजिक ताने-बाने को तोड़ना चाहते हैं जो इस राज्य की पहचान है।' चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल और देश के 11 अन्य राज्यों में एसआईआर करवा रहा है। TMC इस प्रक्रिया का विरोध कर रही है और आरोप लगा रही है कि यह भाजपा के इशारे पर किया जा रहा है, जबकि भाजपा का दावा है कि यह एक रूटीन चुनावी रिवीजन प्रक्रिया है।
स्टेशन मास्टरों के श्रम शोषण की शिकायत पर NHRC ने चार सप्ताह में रिपोर्ट मांगी
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने स्टेशन मास्टरों के श्रम शोषण और अनुचित श्रम प्रथाओं की शिकायत पर रेलवे बोर्ड को जांच करने का निर्देश दिया है। आयोग ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य श्रम आयुक्त को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट देने को कहा है। यह मामला सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर वीरेंद्र कुमार पालीवाल की शिकायत के बाद प्रकाश में आया है। पालीवाल ने आरोप लगाया है कि स्टेशन मास्टर्स को बिना भुगतान के अतिरिक्त समय तक काम करने के लिए मजबूर किया जाता है, लगातार रात्रि ड्यूटी करनी पड़ती है और पर्याप्त विश्राम नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि ये हालात कर्मचारियों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रहे हैं और रेलवे संचालन की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। आयोग ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया मानवाधिकार और श्रम कानूनों के उल्लंघन का संकेत देते हैं। शिकायत में बताया गया है कि स्टेशन मास्टर्स को आठ प्रकार की अनुचित श्रम प्रथाओं का सामना करना पड़ता है, जिनमें ‘आवर्स ऑफ एम्प्लॉयमेंट रेगुलेशंस, 2005’ का उल्लंघन, भेदभावपूर्ण भत्ते, फर्जी रोस्टर, अनुचित एपीएआर लेखन और स्वीकृत पदों का अवैध उपयोग शामिल है। पालीवाल ने विशेष रूप से नागपुर मंडल (मध्य रेलवे) का उल्लेख करते हुए कहा कि रेलवे के कुछ अधिकारी भारत सरकार और रेलवे मंत्रालय द्वारा जारी श्रम कानूनों और निर्देशों की खुलेआम अवहेलना कर रहे हैं, जिससे स्टेशन मास्टर्स का निरंतर शोषण हो रहा है।
हत्या के मामले में पांच दोषियों को मौत की सजा
आंध्र प्रदेश के चित्तूर में एक सत्र न्यायालय ने एक दशक पहले चित्तूर की मेयर कटारी अनुराधा और उनके पति कटारी मोहन की हत्या के मामले में पांच दोषियों को मौत की सजा सुनाई है। न्यायाधीश एन श्रीनिवास राव ने जुर्म को दुर्लभतम श्रेणी का बताया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोर्ट ने शुक्रवार को हत्याकांड के दोषी चंद्रशेखर, जी एस वेंकटचलपति, जयप्रकाश रेड्डी, मंजूनाथ और वेंकटेश को मृत्यु दंड दिया। यह सशस्त्र हमला नवंबर 2015 में चित्तूर नगर निगम कार्यालय के अंदर हुआ था। चंद्रशेखर मामले का मुख्य आरोपी था। वह बुर्का पहनकर निगम कार्यालय में घुसा था और दंपती पर चाकू से हमला किया और फिर गोली मारकर कटारी अनुराधा की हत्या कर दी थी। पुलिस ने कहा था कि वारदात को पारिवारिक विवाद में अंजाम दिया गया था। फैसले से पहले पुलिस ने खास सुरक्षा इंतजाम किए थे। उन्होंने सिर्फ कोर्ट के स्टाफ को ही अंदर आने दिया और सार्वजनिक समारोह, रैलियों या अन्य किसी भी तरह के समारोह पर रोक लगा दी थी।
मेजर जनरल भारत मेहतानी बने एनसीसी के अतिरिक्त महानिदेशक
एनसीसी पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के एडिशनल डायरेक्टर जनरल, मेजर जनरल जगदीप सिंह सेवानिवृत्त हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने अपना कार्यभार नए मेजर जनरल भारत मेहतानी को सौंप दिया है। मेजर जनरल चीमा, नेशनल डिफेंस एकेडमी, खड़कवासला के स्टूडेंट रहे हैं। शानदार मिलिट्री कॅरिअर में उन्होंने बांग्लादेश में भारतीय हाई कमीशन में डिफेंस अटैची के तौर पर काम किया।
लोग दर्शक नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास में भागीदार हैं: केरल के राज्यपाल
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शनिवार को कहा कि सभी को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का हिस्सा बनना होगा और लोग देश के विकास में "दर्शक" नहीं हो सकते। आर्लेकर ने यह बयान राजभवन में आयोजित केरल पिरवी दिवस समारोह के दौरान दिया।
राजभवन की ओर से जारी बयान के अनुसार राज्यपाल ने 1947-51 तक भारत सरकार के राज्य मंत्रालय में सचिव रहे वी.पी. मेनन और तत्कालीन उप-प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा रियासतों को भारतीय संघ में एकीकृत करने में निभाई गई भूमिका को भी याद किया।
आर्लेकर ने कहा कि केरल के रहने वाले मेनन द्वारा रियासतों के महाराजाओं के साथ संवाद करने और उन्हें राष्ट्रवादी दृष्टिकोण की ओर मोड़ने में निभाई गई भूमिका को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, "सभी को राष्ट्र निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा बनना होगा। सरकार अपना काम कर रही है, लेकिन लोग राष्ट्र के विकास में मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकते।"
बिहार की गोगाबिल झील को रामसर साइट का दर्जा
बिहार के कटिहार में स्थित गोगाबिल झील को अंतरराष्ट्रीय आर्द्रभूमि (रामसर साइट) का दर्जा मिल गया है। यह एलान राष्ट्रीय एकता दिवस पर किया गया। गोगाबिल झील 86.63 हेक्टेयर में विस्तारित है और यहां करीब 20 हजार जल पक्षी हैं। इसका संरक्षण स्थानीय समुदायों के जरिये किया जाता है। गोगाबिल झील को यह पहचान मिलने के साथ, देश में रामसर साइटों की कुल संख्या बढ़कर 94 हो गई है। पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में 67 साइटें जुड़ी हैं, जो 13,60,805 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर करती हैं।
तमिलनाडु: सीएम स्टालिन ने दी कई विकास कार्यों की सौगात
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शनिवार (01 नवंबर) को कई विकास कार्यं की सौगात दी। जिसमें कंदन चावड़ी में 118 एकड़ में फैले पर्यावरण पार्क के विकास कार्यों के प्रारंभिक चरण का शुभारंभ सहित 10 सड़कों और दो सड़क ओवरब्रिजों का भी उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने विरुधुनगर, थेनी, रामनाथपुरम, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू और कुड्डालोर जिलों में ईसाइयों के लिए सरकारी सहायता प्राप्त कब्रिस्तान विकसित करने के लिए नगर आयुक्तों और खंड विकास अधिकारियों को धनराशि भी स्वीकृत की।
उन्होंने विरुधुनगर, थेनी, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू और कुड्डालोर जिलों में मुसलमानों के लिए सरकारी सहायता प्राप्त कब्रिस्तान के लिए भी धनराशि आवंटित की। दोनों कब्रिस्तानों में परिसर की दीवारों और बोरवेल सहित आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित होगा।
इसी के साथ मुख्यमंत्री स्टालिन ने तमिलनाडु आवास बोर्ड में तकनीकी सहायक (सिविल) के 36 पदों और नगर एवं ग्राम नियोजन निदेशालय में सर्वेक्षक/सहायक सर्वेक्षक के 24 पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति आदेश भी प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने 87 नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उन्हें '108' आपातकालीन सेवा में शामिल किया। जिसकी लागत 18.95 करोड़ रुपये आई है।
कोलकाता में डेंगू का प्रकोर, 26 अक्तूबर तक 1,000 से ज्यादा मामले सामने आए
कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की ओर से जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, महानगर में 26 अक्तूबर तक डेंगू के मामलों की संख्या 1,000 का आंकड़ा पार कर गई है। 26 अक्तूबर तक शहर में डेंगू के कुल 1,017 मामले सामने आए हैं।
केएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "यह पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 226 मामलों की वृद्धि दर्शाता है।" 2023 में कोलकाता में इस अवधि के दौरान डेंगू के 11,441 मामले दर्ज किए गए थे।
उन्होंने कहा, "स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 19 अक्तूबर तक कोलकाता में डेंगू के 932 मामले दर्ज किए गए थे।" शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह भी बताया गया है कि 12 अक्तूबर से 19 अक्तूबर के बीच 93 नए मामले दर्ज किए गए, जो साप्ताहिक संक्रमण में मामूली गिरावट का संकेत है। बोट्टाला पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले एक इलाके में कथित तौर पर चार साल की एक बच्ची की डेंगू से मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने दावा किया है कि पिछले 10 महीनों में वार्ड में कोई और मामला सामने नहीं आया है।
कर्नाटक में महिला ने दो बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या
कर्नाटक में महिला ने दो बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह मैसूर जिले में एक महिला ने कथित तौर पर अपने दो बच्चों की हत्या कर दी और फिर आत्महत्या कर ली। घटना जिले के पेरियापटना तालुक के बेट्टाडापुरा में हुई।
पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय अरबिया भानु ने कथित तौर पर अपनी डेढ़ साल की बेटी और दस दिन के नवजात शिशु, जो कि एक बच्ची थी का गला काट दिया और फिर आत्महत्या कर ली। पुलिस को संदेह है कि पारिवारिक विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, घटना के पीछे के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उसका पति बंगलूरू के एक मॉल में काम करता है, जबकि वह बच्चों के साथ बेट्टाडापुरा स्थित अपने घर पर रह रही थी।
बंगलूरू में लाइट स्विच को लेकर झगड़ा, शख्स की हत्या
बंगलूरू में कार्यालय के अंदर बिजली के स्विच को लेकर हुआ झगड़ा एक शख्स की हत्या तक जा पहुंचा। पुलिस ने बताया कि शनिवार तड़के एक किराए के कार्यालय में लाइट बंद करने को लेकर हुए झगड़े के बाद 41 वर्षीय एक व्यक्ति की उसके सहकर्मी ने कथित तौर पर हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान चित्रदुर्ग जिले के मूल निवासी भीमेश बाबू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि यह घटना डेटा डिजिटल बैंक नामक एक कंपनी के कार्यालय में रात करीब 1.30 बजे हुई, जो रोजाना फिल्म शूटिंग के वीडियो स्टोर करती है।
पुलिस के अनुसार रात में कार्यालय में रुके दो कर्मचारियों के बीच लाइट बंद करने को लेकर कथित तौर पर बहस हो गई। गुस्से में आकर विजयवाड़ा निवासी सोमला वामशी (24) ने कथित तौर पर अपने सहकर्मी भीमेश के माथे पर डम्बल से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में आरोपी गोविंदराज नगर पुलिस स्टेशन गया और आत्मसमर्पण कर दिया।
जापानी नागरिकों को ठगने वाला यूएई से लौटते ही गिरफ्तार
जापानी नागरिकों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध गिरोह के मुख्य सदस्य द्विबेंदु मोहराना को यूएई से भारत लौटते ही भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई ने जब नोएडा में उसके अवैध कॉल सेंटर (वीओआईपी कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड) का खुलासा किया था, तब मोहराना अगले ही दिन यूएई भाग गया था।
यह गिरफ्तारी 28 मई को दिल्ली, हरियाणा और यूपी के 19 ठिकानों पर छापे के बाद हुई, जिसमें पहले ही छह लोग पकड़े जा चुके थे। जांच में पता चला कि मोहराना बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सहायता कर्मचारी बनकर जापानी पीड़ितों को धोखा देता था और उनसे पैसे ट्रांसफर कराता था। सीबीआई ने अब तक मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। सबके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। यह ऑपरेशन जापान की नेशनल पुलिस एजेंसी और माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से किया गया, जिसने सिंडिकेट के काम को बड़ा झटका दिया है।
प. बंगाल: बाढ़ राहत को लेकर भाजपा सांसद और बंगाल के अधिकारी में बहस
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के मदारीहाट के प्रखंड विकास अधिकारी को "टीएमसी का झंडाबरदार" बताते हुए भाजपा सांसद मनोज तिग्गा ने शनिवार को जिले के आपदा प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री वितरण को लेकर राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ तीखी बहस की।
तिग्गा कथित तौर पर बीडीओ अमित चौरसिया के कार्यालय में घुस गए, मेज थपथपाई और पिछले महीने आई बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों के बीच राहत वितरण में भेदभाव का आरोप लगाया।
जब चौरसिया ने तिग्गा की दलील मानने से इनकार कर दिया और जोर देकर कहा कि राहत कार्य प्रशासन के मार्गदर्शन में और उचित तरीके से किया जा रहा है, तो अलीपुरद्वार के सांसद अपना आपा खो बैठे और उन्हें "टीएमसी का झंडाबरदार अधिकारी" कहा।
3 से 5 नवंबर तक समुद्री सूचना साझाकरण कार्यशाला की मेजबानी करेगा भारत
पाइरेसी, ड्रग तस्करी और वैश्विक समुद्री व्यापार में रुकावट डालने वाले समुद्री खतरों से निपटने के लिए 30 देशों के समुद्री सुरक्षा विशेषज्ञ 3 से 5 नवंबर तक भारत में एकजुट होंगे। इसके लिए गुरुग्राम स्थित सूचना संलयन केंद्र-हिंद महासागर क्षेत्र (आईएफसी-आईओआर) समुद्री जानकारी साझाकरण कार्यशाला (एमआईएसडब्ल्यू) के तीसरे संस्करण की मेजबानी करेगा।
भारतीय नौसेना ने शनिवार को बताया कि 30 देशों के प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे। एमआईएसडब्ल्यू 2025 का थीम हिंद महासागर क्षेत्र में वास्तविक समय समन्वय और सूचना साझाकरण को बढ़ाना रखा गया है। उप नौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल तरुण सोबती इसका उद्घाटन करेंगे।