फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: 1,2,3,4,5,6... जानें आज कितने राज्यों का स्थापना दिवस, पीएम मोदी और अमित शाह ने लोगों को दी बधाई

Fri, 01 Nov 2024 12:06 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल, हरियाणा और छत्तीसगढ़ के लोगों को उनके राज्यों के स्थापना दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश के सभी निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध यह प्रदेश हर क्षेत्र में विकास के नित-नए मानदंड गढ़ता रहे, यही कामना है।
विज्ञापन

 
वहीं आगे उन्होंने कहा कि 'कन्नड़ राज्योत्सव' कर्नाटक की अनुकरणीय संस्कृति और परंपराओं को मान्यता देने का एक बहुत ही खास अवसर है। उन्होंने कहा, 'यह राज्य उत्कृष्ट लोगों से धन्य है, जो सभी क्षेत्रों में विकास और नवाचार को शक्ति दे रहे हैं। कर्नाटक के लोगों को हमेशा खुशियां और सफलता मिलती रहे।'

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, 'केरल अपने मंत्रमुग्ध कर देने वाले परिदृश्यों, जीवंत परंपराओं और मेहनती लोगों के लिए जाना जाता है। केरल के लोगों ने पूरी दुनिया में, अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। आने वाले समय में राज्य के लोग प्रगति करते रहें।'
विज्ञापन


प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा अपनी समृद्ध और ऐतिहासिक विरासत के लिए जाना जाता है और इसने हमेशा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने आगे कहा कि समस्त छत्तीसगढ़वासियों को राज्य के स्थापना दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। वैभवशाली लोक परंपरा और जनजातीय संस्कृति के अद्भुत संगम से सजा यह प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ता रहे, यही कामना है।

शाह ने इन राज्यों के लोगों को दी राज्य दिवस पर बधाई 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के लोगों को उनके राज्य स्थापना दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन राज्यों के लोगों ने राष्ट्र निर्माण में बहुत बड़ा योगदान दिया है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर अलग-अलग संदेशों में, शाह ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में राज्य प्रगति और विकास की यात्रा को निर्बाध रूप से जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा, 'आंध्र प्रदेश के हमारे बहनों और भाइयों को उनके राज्य स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं। अपनी जीवंत संस्कृति और समृद्ध साहित्यिक परंपराओं के साथ, आंध्र प्रदेश ने राष्ट्र निर्माण में अपने अपार योगदान से भारत को गौरवान्वित किया है। राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।'

वहीं, राज्योत्सव पर कर्नाटक के बहनों और भाइयों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए, गृह मंत्री ने कहा कि एक शानदार विरासत के गौरवशाली उत्तराधिकारी के रूप में, कर्नाटक के लोगों ने राष्ट्र के गौरव को बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने कहा, 'राज्य की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना करता हूं।'

केरल के स्थापना दिवस, जिसे पिरवी के नाम से भी जाना जाता है, के अवसर पर केरल के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए शाह ने कहा कि केरल ने अपनी अनूठी सांस्कृतिक विरासत का लाभ उठाकर वर्षों से भारत को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर राज्य को और समृद्ध बनाए।

वीरभूमि हरियाणा के स्थापना दिवस पर वहां के निवासियों को शुभकामनाएं देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि राज्य के मेहनती किसान, राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित जवान और ऊर्जावान खिलाड़ी देश की विकास यात्रा को गति देने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे देश को सुरक्षित बना रहे हैं और वैश्विक मंचों पर इसका नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने हिंदी में कहा, 'हरियाणा पिछले एक दशक से जिस तरह विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है, मैं कामना करता हूं कि समृद्धि की यह यात्रा निर्बाध रूप से जारी रहे।'

शाह ने छत्तीसगढ़ के लोगों को भी शुभकामनाएं दीं, जिसे उन्होंने आदिवासी संस्कृति और खनिज संपदा की सुंदरता से भरा बताया। उन्होंने कहा, 'मैं कामना करता हूं कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी संस्कृति और कला के संरक्षण और संवर्धन की यात्रा निर्बाध गति से जारी रहे और राज्य विकास और प्रगति के शिखर पर पहुंचे।'

गृह मंत्री ने मध्य प्रदेश के सभी बहनों और भाइयों को शुभकामनाएं दीं, जिसे उन्होंने सांस्कृतिक केंद्रों, आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि कहा। उन्होंने कहा, 'सांस्कृतिक केंद्रों, आध्यात्मिक विरासतों और प्राकृतिक सौन्दर्य की भूमि, मध्य प्रदेश के सभी बहनों-भाइयों को प्रदेश के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। मध्य प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और जन-कल्याण के कार्यों का स्वर्णिम कालखंड देख रहा है। प्रदेशवासियों की उत्तरोत्तर उन्नति की कामना करता हूं।'

TP गोपालन के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बीपीएल समूह के संस्थापक टी पी गोपालन नांबियार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अग्रणी नवप्रवर्तक और उद्योगपति भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रबल समर्थक थे।
पीएम मोदी ने किया पोस्ट 
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा टीपीजी नांबियार जी एक अग्रणी नवप्रवर्तक और उद्योगपति थे, जो भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रबल समर्थक थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। बता दें कि टीपीजी के नाम से लोकप्रिय नांबियार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के ससुर हैं।

ओडिशा में पटाखा विस्फोट में तीन लोग घायल
ओडिशा के समुद्र तटीय शहर पुरी में गुरुवार को पटाखों के ढेर में आग लगने और विस्फोट होने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शाम को बटगांव में हुई, जब संजय जेना नामक व्यक्ति बुला राउत की दुकान पर पटाखे खरीदने गया था। जेना द्वारा जलाया गया एक पटाखा गलती से अन्य पटाखों पर गिर गया, जिसके बाद विस्फोट हो गया। पुलिस ने बताया कि संजय और बुला के अलावा, उनके पास खड़ी लीपा राउत नामक एक महिला भी गंभीर रूप से झुलस गई। उन्हें पहले पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि तीनों घायलों की हालत गंभीर है।

तमिलनाडु के कामराज नगर में पटाखों के कारण भीषण आग लगी

दिवाली के दिन तमिलनाडु में भी आग लगने की खबर सामने आई। उत्तरी चेन्नई के एन्नोर के कामराज नगर इलाके में गुरुवार को पटाखों के कारण भीषण आग लग गई। एन्नोर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। एन्नोर पुलिस स्टेशन ने मामले में शिकायत दर्ज की है।

मलंकारा ऑर्थोडॉक्स सीरियन चर्च के प्रमुख का 95 साल की उम्र में निधन; दो को होगा अंतिम संस्कार

देश के जैकोबाइट सीरियन ऑर्थोडॉक्स चर्च के आध्यात्मिक नेता मोर बेसेलियोस थॉमस-प्रथम का गुरुवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे। उनके पार्थिव शरीर को आज शाम को जैकोबाइट चर्च के मुख्यालय पुथेनक्रूज के पैट्रिआर्कल सेंटर में ले जाया जाएगा। 
 
सीरियाई चर्च के पदाधिकारियों ने बताया कि कैथोलिकोस लंबे समय से वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों का इलाज करा रहे थे और उन्होंने शाम पांच बजकर 21 मिनट पर अंतिम सांस ली। बासेलियोस थॉमस-प्रथम का पार्थिव शरीर यहां अस्पताल में कार्यवाही पूरी करने के बाद गुरुवार रात को कोठामंगलम चर्च ले जाया जाएगा जहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उसे रखा जाएगा।
 
चर्च के सूत्रों ने बताया कि पार्थिव शरीर को शुक्रवार शाम चार बजे तक जैकोबाइट चर्च के मुख्यालय पुथेनक्रूज़ के पैट्रिआर्कल सेंटर में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शनिवार (दो नवंबर) को अपराह्न तीन बजे शुरू होगा। चर्च के सूत्रों ने बताया कि जैकोबाइट चर्च द्वारा प्रबंधित सभी संस्थान 14 दिनों का शोक मनाएंगे।

बासेलियोस के निधन पर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, केरल विधानसभा के अध्यक्ष ए एन शमसीर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन ने शोक जताया है।

ओडिशा: दिवाली की रात आगजनी की घटनाओं में दो की मौत, 50 से अधिक घायल
ओडिशा में गुरुवार की रात दिवाली के जश्न के दौरान आगजनी की विभिन्न घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई। जबकि पचास से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि पुरी शहर के बटागांव में पटाखे फटने से दो लड़के गंभीर रूप से जलने के बाद जान गंवा बैठे। मृतकों की पहचान संजय जेना और बुला राउत के रूप में हुई है। पुरी के पुलिस अधीक्षक विनीत अग्रवाल ने कहा कि पटाखे के विस्फोट की जांच की जा रही है और अवैध पटाखा निर्माण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भुवनेश्वर के एक बाजार में आज सुबह आग लगने से करीब 25 कपड़े की दुकानों की नुकसान पहुंचा। कई कपड़े जलकर खाक हो गए। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। 
 

वायनाड उपचुनाव: तीन नवंबर से प्रचार अभियान शुरू करेंगी प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान तीन नवंबर से फिर शुरू करेंगी और अपने भाई राहुल गांधी के साथ क्षेत्र में जनसभाओं और नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगी। कांग्रेस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रियंका गांधी सात नवंबर तक केरल में रहेंगी। वह तीन नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे यहां मनंथावाडी स्थित गांधी पार्क में अपने भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ एक जनसभा को संबोधित करेंगी। उसी दिन वह तीन अन्य स्थानों पर अलग-अलग नुक्कड़ सभाएं भी करेंगी। पार्टी की ओर से जारी वक्तव्य के अनुसार राहुल अपनी बहन के साथ संयुक्त रैली के अलावा यहां आरीकोड में अलग से एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

पार्टी ने कहा कि प्रियंका चार नवंबर को कालपेट्टा और सुल्तान बाथेरी विधानसभा क्षेत्रों में पांच स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं करेंगी। कांग्रेस के बयान के अनुसार प्रियंका गांधी वाद्रा के पांच, छह और सात नवंबर के प्रचार अभियान का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा। प्रियंका उपचुनाव के लिए अपना प्रचार ऐसे समय फिर से शुरू कर रही हैं जब उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशियों ने यह कहते हुए उनकी आलोचना की है कि वह मेहमान की तरह क्षेत्र में आएंगी-जाएंगी।

गोवा: विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस के आठ विधायकों को अयोग्य ठहराने की याचिका ठुकराई
गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रमेश तावड़कर ने सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के आठ विधायकों को अयोग्य ठहराये जाने का अनुरोध करने वाली याचिका खारिज की। गोवा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख गिरीश चोडानकर ने विधायकों दिगंबर कामत, एलेक्सी सेक्वेरा, संकल्प अमोनकर, माइकल लोबो, डेलिलाह लोबो, केदार नाइक, रुडोल्फ फर्नांडीस और राजेश फलदेसाई के खिलाफ अयोग्यता याचिका दायर की थी।

पूर्वी सेना कमान हमेशा तैयार, लगातार बढ़ा रही क्षमता: लेफ्टिनेंट जनरल तिवारी
भारतीय सेना की पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनंट जनरल राम चंद्र तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि कमान हमेशा अभियान के लिए तैयार है और मौजूदा व भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए लगातार अपनी क्षमताओं को बढ़ा रही है। पूर्वी कमान के 104वें स्थापना दिवस के मौके पर उन्होंने सभी कर्मियों के प्रयासों की सराहना की और उनसे भारतीय सेना की परंपराओं को बनाए रखने का आग्रह किया। पूर्वी कमान के मुख्यालय में चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल आर.सी. श्रीकांत ने विजय स्मारक पर जाकर उन बहादुर जवानों श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। पूर्वी कमान का मुख्यालय एक नवंबर 1920 को स्थापित किया गया था। 
  

तमिलनाडु: लोको पायलट की चौकसी से टला बड़ा ट्रेन हादस
चेन्नई जाने वाली एक एक्सप्रेस ट्रेन के चौकस लोको पायलट ने दिवाली की रात एक बड़े हादसे को टाल दिया। लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर रखे दो बड़े पत्थरों को देखकर समय पर ब्रेक लगा दिए। यह घटना कडयानल्लूर के पास हुई। श्रीविल्लीपुथुर रेलवे पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। संगोट्टई-चेन्नई पुथिगई एक्सप्रेस ट्रेन राज्य की राजधानी की ओर जा रही थी, जब लोको पायल ने पत्थरों को देखा और तुरंत ट्रेन रोक दी। पत्थरों को हटाए जाने के बाद ही ट्रेन आगे बढ़ी। 

सी.अपोक जमीर नगालैंड प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त
सी.अपोक जमीर को नगालैंड प्रदेश कांग्रेस समिति का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 

आंध्र प्रदेश: मुख्यमंत्री नायडू ने किया दीपम-2 योजना का शुभारंभ
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने चुनाव वादों के मुताबिक शुक्रवार को दीपम-2 योजना शुरू की। इस योजना के लाभार्थियों को एक साल में रसोई गैस के तीन सिलिंडर मुफ्त दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने श्रीकाकुलम जिले के ईदुपुरम गांव में एक लाभार्थी गृहिणी के घर से इस योजना की शुरुआत की। इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा, मैंने केवल एक ही बात सोची। हमारी महिलाएं बहुत संघर्ष कर रही हैं। खर्चे बढ़ रहे हैं और उन खर्चों को कम करने के लिए मैंने चुनाव घोषणापत्र में कहा था कि मैं प्रति वर्ष तीन गैस सिलिंडर दूंगा और आज इसकी शुरुआत की।

दीपम-2' के पात्र लाभार्थियों को हर चार महीने में एक सिलिंडर की दर से प्रति वर्ष तीन सिलेंडर दिया जाएगा। नायडू ने इस साल विधानसभा चुनाव से पहले छह वादे किए थे, जिसमें यह भी शामिल था। इस योजना के लिए गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले यानी बीपीएल कार्ड धारक हर परिवार पात्र होंगे। इसके लिए परिवार के पास चावल कार्ड और नियमित रसोई गैस (एलपीजी) कनेक्शन होना चाहिए जो उनके आधार और मोबाइल नंबर से जुड़ा हुआ और सत्यापित है।

आंध्र प्रदेश: गैस लीक से कई लोगों की हालत खराब, दो आईसीयू में भर्ती
आंध्र प्रदेश में एक फैक्ट्री से निकली केमिकल गैस ने कई लोगों की हालत खराब कर दी है। इस समय 4 वेंटिलेटर पर पहुंच चुके हैं और दो आईसीयू में हैं। बताया जा रहा है कि राज्य के आनंतपुर जिले में कैमफोर फैक्ट्री से केमिकल गैस निकल रही थी, छह लोग उसकी चपेट में आ गए। उन छह लोगों में चार को तो पास के ही सवेरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, वहीं दो लोगों का ट्रीटमेंट आसीयू में चल रहा है।

पश्चिम बंगाल: पटाखों के कारण आग लगने से तीन बच्चों की मौत
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में पटाखों से आग लगने के कारण तीन बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 
विज्ञापन

शरद, अजीत पवार में बढ़ीं और दूरियां, पहली बार अलग-अलग दिवाली कार्यक्रम की करेंगे मेजबानी
राकांपा के दो फाड़ होने के बाद पवार परिवार में दूरियां बढ़ती ही जा रही हैं। इसका असर पवार परिवार के प्रसिद्ध दिवाली समारोह पर भी पड़ा। पहली बार शरद पवार और अजीत पवार अलग-अलग दिवाली कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे हैं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मैं शनिवार शाम 6.30 बजे बारामती में अपने पैतृक गांव कटेवाड़ी में दिवाली पड़वा समारोह का आयोजन करूंगा। यहां मैं नागरिकों और राकांपा पदाधिकारियों से मुलाकात करूंगा। 

वहीं दूसरी ओर, राकांपा (शरद पवार) सुप्रीमो शरद पवार का जश्न उनके गोविंदबाग स्थित आवास पर ही होगा। यहां घर के सदस्य, पार्टी पदाधिकारी और विपक्षी दिग्गज के मित्र वर्षों से दिवाली समारोह में शिरकत करते रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, पिछले साल जुलाई में राकांपा के विभाजन से पहले अजीत गोविंदबाग में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होते थे।

दिवाली कार्यक्रम पर शरद की बेटी और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि उन्हें उपमुख्यमंत्री की ओर से आयोजित कार्यक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि गोविंदबाग में होने वाले समारोह का सभी को इंतजार रहता है। राज्य भर से लोग पवार साहब को बधाई देने आते हैं। हम इस खुशी के दिन का बेसब्री से इंतजार करते हैं। दिवाली का जश्न आगामी विधानसभा चुनावों के बीच मनाया जा रहा है। चुनाव में बारामती में अजीत पवार और उनके भतीजे तथा राकांपा (शरद पवार) उम्मीदवार युगेंद्र पवार के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला होने की संभावना है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें