भारत पहली बार यूनेस्को की विश्व धरोहर समिति की मेजबानी करेगा। समिति का 46वां सत्र 21-31 जुलाई तक भारत मंडपम में होने जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हाल ही में सरकार ने एक सार्वजनिक कला परियोजना शुरू की। इसमें भारत की सांस्कृतिक विरासत और देश के यूनेस्को विरासत स्थलों पर आधारित कलाकृतियां शामिल हैं। सत्र की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है।
धार्मिक अवशेषों के विसर्जन के लिए बनाएं अलग स्थान : एनजीटी
गंगा और यमुना नदियों में धार्मिक अवशेषों को फेंके जाने से रोकने के लिए एनजीटी ने अलग से समर्पित स्थान विकसित करने के सुझाव दिए हैं। ताकि इनमें समारोह, अनुष्ठान के अवशेषों और प्रतिमाओं को विसर्जित किया जा सके। एनजीटी ने गढ़मुक्तेश्वर, कानपुर, बिठूर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और मथुरा के जिला मजिस्ट्रेटों को उन स्थानों को चिह्नित करने और निगरानी करने का भी निर्देश दिया, जहां इस तरह के अवशेष को विसर्जित किया जाता है।
लॉकहीड मार्टिन के CEO ने PM मोदी से की मुलाकात
अमेरिकी एयरोस्पेस प्रमुख लॉकहीड मार्टिन के सीईओ जिम टेसलेट ने राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच रक्षा और औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने पर सहमति जताई। बृहस्पतिवार को बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी मौजूद थे। सोशल मीडिया पोस्ट में लॉकहीड मार्टिन इंडिया ने कहा, लॉकहीडमार्टिन के सीईओ जिम टेसलेट माननीय पीएम नरेंद्रमोदी से मिले। तीन दशकों से एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में हम स्थानीय उद्योग की होनहार प्रतिभा और क्षमताओं को पहचानते हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा और औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध जताई गई। बता दें कि इससे पहले फरवरी में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने लॉकहीड मार्टिन के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की थी।
कार्यकर्ताओं से मिले प्रधानमंत्री, काम को सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों और लोकसभा चुनाव में सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस मुलाकात को लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में लौटने के बाद कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं के काम के प्रति उनकी सराहना के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मोदी का स्वागत किया। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद भी प्रधानमंत्री ने पार्टी मुख्यालय का दौरा किया था और कर्मचारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी।
चीफ ऑफ डिफेंस ने वीर नारियों को कारगिल सम्मान पुरस्कार से किया सम्मानित
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने कारगिल युद्ध के दौरान उनके अपार योगदान और बलिदान के लिए दिग्गजों और वीर नारियों को कारगिल सम्मान पुरस्कार प्रदान किए। कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ के स्मारक कार्यक्रम में मुख्य भाषण देते हुए सीडीएस ने कहा, "कारगिल युद्ध हमारे सशस्त्र बलों की दृढ़ता, निस्वार्थता, साहस और दृढ़ संकल्प का पर्याय बन गया है"।
धोती में किसान को प्रवेश न देने वाले मॉल को सात दिन बंदी की सजा
कर्नाटक सरकार ने धोती में किसान को प्रवेश न देने वाले मॉल को सात दिन तक बंद रखने का आदेश दिया है। इस घटना की राज्य विधानसभा में सभी दलों के सदस्यों ने कड़ी निंदा की। सरकार ने किसान के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। दरअसल, विधानसभा अध्यक्ष यू टी खादर ने मुद्दे को उठाया और सरकार से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा, मैंने मीडिया में देखा कि बंगलूरू में पढ़ रहा ग्रामीण क्षेत्र का एक युवक अपने पिता को कर्नाटक की पारंपरिक पोशाक पंचे पहनाकर मॉल ले गया। इस पोशाक की वजह से उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। यह बेहद निंदनीय है और सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, जो सारे मॉल के लिए एक सबक बने। जीटीवर्ल्ड ने नहीं जाने दिया पंचे में अंदर : घटना मंगलवार को तब सामने आई जब हावेरी जिले के फकीरप्पा अपनी पत्नी और बेटे के साथ फिल्म देखने जीटीवर्ल्ड मॉल गए थे। फकीरप्पा ने सफेद शर्ट और ‘पंचे’ (धोती) पहनी थी। मॉल के सुरक्षाकर्मी ने उन्हें ‘पंचे’ में अंदर जाने की मंजूरी नहीं दी और उनसे पतलून पहनकर आने को कहा था।
झारखंड: दुमका में बिहार की महिला का अधजला शव मिला
झारखंड के दुमका जिले में बृहस्पतिवार को एक 21 वर्षीय महिला का आधा जला हुआ शव मिला। पुलिस ने बताया कि महिला बिहार के बांका जिले की रहने वाली थी। शव मसलिया थाना क्षेत्र में गुमरो पहाड़ी पर पाया गया। प्रेम प्रसंग को लेकर महिला की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मौके पर स्पेशल टीम पहुंच गई है। फॉरेंसिक सबूत जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जस्टिस सुजीत झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस बने
राज्य से जुड़े एक अन्य अहम घटनाक्रम में जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को बृहस्पतिवार को झारखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। जस्टिस प्रसाद निवर्तमान मुख्य न्यायाधीश बिद्युत रंजन सारंगी का स्थान लेंगे। वह इस पद से लगभग एक पखवाड़े के संक्षिप्त कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं। विधि मंत्रालय की ओर से जारी एक अधिसूचना के अनुसार जस्टिस प्रसाद 20 जुलाई को कार्यभार संभालेंगे।
कोलकाता: पुरानी इमारत की मरम्मत के दौरान मिला कंकाल
दक्षिण कोलकाता के कसबा के कमला पार्क इलाके में पुरानी इमारत के एक कमरे के अंदर निर्माण श्रमिकों को कंकाल मिला। इस दौरान पुरानी इमारत का नवीनीकरण का काम चल रहा था। अभी तक कंकाल की पहचान या लिंग का पता नहीं चल सका है। इमारत में कोई नहीं रह रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कंकाल की पहचान के लिए उसे जांच के लिए भेजा गया है।
असम मुस्लिम विवाह और तलाक पंजीकरण अधिनियम रद्द करने पर AIUDF ने जताई आपत्ति
असम मुस्लिम विवाह और तलाक पंजीकरण अधिनियम 1935 को रद्द करने के असम सरकार के फैसले पर एआईयूडीएफ ने आपत्ति जताई है। एआईयूडीएफ के महासचिव रफीकुल इस्लाम ने कहा है कि इस अधिनियम को रद्द करने की कोई जरूरत नहीं थी।
रफीकुल इस्लाम ने कहा, ‘यह अधिनियम 1935 से चला आ रहा है। इसका असम के संविधान से कोई टकराव नहीं था और इसमें कोई समस्या नहीं थी। इसे अचानक निरस्त करने की क्या आवश्यकता थी? भारतीय संविधान मुसलमानों को व्यक्तिगत कानूनों के तहत विवाह और तलाक के मामलों को देखने की अनुमति देता है। सरकार इसे रद्द कर रही है। अब वे चाहते हैं कि मुसलमान अपनी शादी और तलाक को सरकार के पास पंजीकृत कराएं... वे सिर्फ लोगों को परेशान करना चाहते हैं।'
Kerala: UAPA मामलों में आरोपी संदिग्ध माओवादी केरल से गिरप्तार
यूएपीए मामलो में आरोपी संदिग्ध माओवादी को आतंकवाद निरोधक दस्ते ने गुरुवार को केरल से गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया की आरोपी मनोज को साउथ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है और वह 16 मामलों में आरोपी है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी मनोज माओवादी अभियानों के लिए धन इकट्ठा करने के लिए शहर के एक फ्लैट का दौरा करने के बाद रेलवे स्टेशन पहुंचा।
इटली में गिरफ्तार अमरजीत को भारत लाने की तैयारी
राजस्थान पुलिस के वांछित अपराधी अमरजीत विश्नोई को इटली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर 50 हजार का इनाम था। उसे भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। राजस्थान पुलिस के एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन ने बताया कि 8 जुलाई को इटली के सिसिली में गिरफ्तार विश्नोई सक्रिय रूप से रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा है। उसके खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सिसिली के ट्रैपानी में उसके मौजूद होने की पुष्टि के लिए जरूरी दस्तावेज जारी किए गए थे, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।
लोकायुक्त ने की कर्नाटक के 12 अधिकारियों के आवास पर छापेमारी
लोकायुक्त ने कर्नाटक के 12 अधिकारियों के आवास पर छापेमारी की। बमगलूरू शहर में छह अधिकारियों के आवास पर छापा मारा गया। इसके अलावा बमगलूरू ग्रामी जिले के दो अधिकारी, शिमोगा के दो अधिकारी, यदागिरी, तुमकुर में एक-एक अधिकारियों के आवास पर छापेमारी की गई।
वलसाड में पटरी से उतरी मालगाड़ी
पश्चिम रेलवे के मुंबई-अहमदाबाद रेलमार्ग पर मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। इसके चलते ट्रैक पर रेल यातायात प्रभावित रहा। घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। पश्चिम रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि वलसाड से सूरत की ओर जा रही एक मालगाड़ी का डिब्बा दोपहर करीब तीन बजे के डूंगरी स्टेशन के पास पटरी से उतर गया। ट्रेन के पटरी से उतरने की घटना उस वक्त हुई जब केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव पश्चिम रेलवे मुख्यालय में रेलवे सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को लेकर बैठक कर रहे थे।
बांग्लादेश हिंसा के विरोध में कोलकाता में प्रदर्शन
बांग्लादेश में आरक्षण के खिलाफ जारी हिंसा के विरोध में शुक्रवार को कोलकाता में छात्र और मानवाधिकार संगठनों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश उप उच्चायोग के पास जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता बांग्लादेश में सुरक्षा बलों द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध के नारे लिखीं तख्तियां पकड़े हुए थे। महिलाओं समेत संगठनों के सैकड़ों कार्यकताओं ने ललितकला अकादमी से जुलूस निकाला और बांग्लादेश उप उच्चायोग की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें एक्साइड क्रॉसिंग के पास रोका। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को लाल बाजार पुलिस मुख्यालय ले जाया गया। बांग्लादेश हिंसा में 32 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर हिंसा हुई और इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ढाका स्थित सरकारी टीवी मुख्यालय को आग लगा दी और मुख्यालय में खड़ी कई गाड़ियों को भी तबाह कर दिया। दरअसल एक दिन पहले यानी बुधवार को ही बांग्लादेश के सरकारी टीवी बीटीवी ने प्रधानमंत्री शेख हसीना का इंटरव्यू लिया था। बांग्लादेश में प्रदर्शनकारी आरक्षण को खत्म करने की मांग पर अड़े हैं। शेख हसीना सरकार ने हिंसा को देखते हुए देश के सभी स्कूलों और विश्वविद्यालयों को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का आदेश दिया है। साथ ही हालात को काबू करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने का निर्देश दिया है।
अब भूस्खलन की पहले से मिल जाएगी जानकारी, केंद्रीय मंत्री ने केंद्र का किया उद्घाटन
भूस्खलन की जानकारी अब पहले ही मिल जाएगी। कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को कोलकाता में राष्ट्रीय भूस्खलन पूर्वानुमान केंद्र (एनएलएफसी) का उद्घाटन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने भूसंकेत वेबसाइट और 'भूसखलन' मोबाइल एप भी लॉन्च किया। इससे भूस्खलन का पूर्वानुमान मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र का उद्देश्य दैनिक भूस्खलन का डाटा एकत्रित करना है। शुरू में पश्चिम बंगाल में कलिम्पोंग, दार्जिलिंग और तमिलनाडु के नीलगिरि में भूस्खलन के पूर्वानुमान की जानकारी मिलेगी। 2030 तक इसे पूरे देश में लागू कर दिया जाएगा। एप के तहत 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 4.3 लाख वर्ग किलोमीटर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की मैपिंग कर ली गई है।
पीतांबर आचार्य बने ओडिशा के नए महाधिवक्ता
जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार को खोलने का केस लड़ने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता पीतांबर आचार्य को ओडिशा का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है। इसे लेकर ओडिशा के राज्यपाल ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी की। बता दें कि 59 वर्षीय आचार्य 2019 में हिंजली सीट से तत्कालीन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के खिलाफ भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं।
महिला ने नौ महीने की बेटी को गर्म वस्तु से दागा, रिपोर्ट दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे में एक महिला ने अपनी नौ महीने की बेटी को गर्म वस्तु से दागा। महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया कि भटवाड़ी इलाके में रहने वाली महिला भिखारी है। वह अपने बेटी को रोज प्रताडि़त करती थी। हाल ही में उसने बेटी को गर्म वस्तु से दागा। पड़ोसियों की शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने बताया कि घायल बच्ची को डोंबिवली के एक चाइल्ड केयर सेंटर में भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
उत्तर 24 परगना जिले के बागुईआटी में स्कूल बस से उतरते समय 11वीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। लड़के को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार शाम की है। बस से उतरते समय नाबालिग का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। मृतक के शव को बारासात मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है, जहां उसे मुर्दाघर में रखा गया है। पुलिस के अनुसार लड़के के माता-पिता और अस्पताल के कर्मचारियों के बीच झड़प भी हो गई। उन्होंने बताया कि माता-पिता को मृत बेटे को देखने की व्यवस्था करने के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई।
नवीन पटनायक बीजद संसदीय दल के अध्यक्ष चुने गए
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को शुक्रवार को बीजद संसदीय दल का अध्यक्ष चुना गया। बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने बताया कि पटनायक ने अपने आवास पर पार्टी के नौ राज्यसभा सांसदों के साथ बैठक की, जिसमें उन्हें सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में बीजद का कोई सांसद नहीं है, इसलिए राज्यसभा सदस्य संसद में ओडिशा के मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी लेंगे। पात्रा कहा कि बैठक में सांसदों ने 22 जुलाई से शुरू होने वाले बजट सत्र के दौरान संसद में अपनाई जाने वाली रणनीतियों पर चर्चा की।
महाराष्ट्र के बुलढाणा में एक दिन पहले मुहर्रम जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच पथराव के मामले में शुक्रवार को 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मणिपुर : अवैध रूप से इनर लाइन परमिट जारी करने पर 9 गिरफ्तार
मणिपुर में अवैध रूप से इनर लाइन परमिट जारी करने के मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में श्रम विभाग का एक लोअर डिवीजन क्लर्क भी शामिल है। आईएलपी एक यात्रा दस्तावेज हैं। इससे भारतीय नागरिकों को एक निर्दिष्ट समय के लिए संरक्षित क्षेत्र में प्रवेश करने और रहने की अनुमति मिलती है।
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पुलिस जांच में पता चला है कि कि जिन पांच आउटलेटों के माध्यम से लगभग 3,500 आईएलपी तैयार किए गए थे। इन आउटलेट पर छापों के दौरान कंप्यूटर और लैपटॉप समेत कुछ सामान जब्त किया गया। सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए एक एसआईटी गठित की गई है। राज्य सरकार आईएलपी जारी करने को बहुत गंभीरता से लेती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल उपायुक्त और श्रम आयुक्त ही आईएलपी जारी कर सकते हैं। उन्होंने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि फर्जी आईएलपी कार्ड रखने वाले किसी भी व्यक्ति को जल्द से जल्द पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर देना चाहिए।
कलकत्ता हाईकोर्ट ने बिजली बिलों में बढ़ोतरी के खिलाफ भाजपा को रैली की अनुमति दी
कलकत्ता हाईकोर्ट ने भाजपा को बिजली बिलों में कथित वृद्धि के मुद्दे पर 26 जुलाई को एस्प्लेनेड स्थित निजी बिजली कंपनी सीईएससी के कार्यालय तक अधिकतम 1,000 समर्थकों के साथ जुलूस निकालने की अनुमति दे दी। प्रदर्शन ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों के पालन के अधीन तथा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा पहुंचाए बिना करना होगा। अदालत ने मुरलीधर सेन लेन स्थित भाजपा कार्यालय से शहर के मध्य में एस्प्लेनेड स्थित विक्टोरिया हाउस तक जुलूस निकालने की अनुमति देते हुए निर्देश दिया कि इसे दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच किया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने वियतनामी नेता के निधन पर जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वियतनामी नेता गुयेन फु ट्रोंग (80) के निधन पर शोक जताया। वियतनाम की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव और देश के सबसे शक्तिशाली राजनेता ट्रोंग कई महीनों से बीमार थे। पीएम ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, वियतनामी नेता, महासचिव महामहिम गुयेन फु ट्रोंग के निधन की खबर से दुखी हूं। हम दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हैं। हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और दुख की इस घड़ी में वियतनाम के लोगों और नेतृत्व के साथ एकजुटता से खड़े हैं।
विश्व धरोहर समिति का 46वां सत्र भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेगा: शेखावत
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को कहा कि जी20 की मेजबानी के बाद 21-31 जुलाई तक यहां होने वाला विश्व धरोहर समिति (डब्ल्यूएचसी) का 46वां सत्र अगला मील का पत्थर साबित होगा। शेखावत ने कहा कि यह सत्र भारत को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा। विश्व धरोहर सम्मेलन का सत्र भारत मंडपम में होगा, जो जी20 शिखर सम्मेलन का स्थल भी था।
सत्र से पहले यहां संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के उद्घाटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। यह पूछे जाने पर कि इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए मेजबान शहर के रूप में दिल्ली को किस मानदंड के तहत चुना गया, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण इस आयोजन के लिए दिल्ली स्वाभाविक पसंद थी।
कलकत्ता हाईकोर्ट ने बिजली बिलों में बढ़ोतरी के खिलाफ भाजपा को रैली की अनुमति दी
कलकत्ता हाईकोर्ट ने भाजपा को बिजली बिलों में कथित वृद्धि के मुद्दे पर 26 जुलाई को एस्प्लेनेड स्थित निजी बिजली कंपनी सीईएससी के कार्यालय तक अधिकतम 1,000 समर्थकों के साथ जुलूस निकालने की अनुमति दे दी। प्रदर्शन ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों के पालन के अधीन तथा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा पहुंचाए बिना करना होगा। अदालत ने मुरलीधर सेन लेन स्थित भाजपा कार्यालय से शहर के मध्य में एस्प्लेनेड स्थित विक्टोरिया हाउस तक जुलूस निकालने की अनुमति देते हुए निर्देश दिया कि इसे दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच किया जाना चाहिए।