फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: भारत में 2028 तक बनेंगे सात नैनोमीटर का स्वदेशी चिप डिजाइन; दुर्गापुर की पीड़िता अस्पताल से डिस्चार्ज

Sat, 18 Oct 2025 09:37 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भारत में पहली बार 7 नैनोमीटर की स्वदेशी कंप्यूटर चिप बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि की ओर कदम बढ़ाया गया है। आईआईटी मद्रास की टीम 2028 तक शक्ति प्रोसेसर डिजाइन तैयार करेगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने टीम को इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की हरी झंडी दी। उन्होंने कहा कि 2028 तक देश में चिप निर्माण (फैब) की सुविधा भी तैयार हो जाएगी ताकि ये प्रोसेसर भारत में ही बनाए जा सकें। यह चिप आईटी सर्वर, रक्षा, संचार और रणनीतिक क्षेत्रों में इस्तेमाल की जाएगी। वर्तमान में उच्च तकनीक वाले मोबाइल और कंप्यूटर में 3 से 7 नैनोमीटर आकार की चिप्स का उपयोग होता है। इस प्रोजेक्ट से भारत चिप निर्माण में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा रहा है।

विज्ञापन


गोवा शिप बिल्डिंग यार्ड धमाके में दो मजदूरों की मौत
दक्षिण गोवा के रस्साई गांव में एक शिप बिल्डिंग यार्ड में शुक्रवार शाम 6:30 बजे बड़ा धमाका हुआ। इसमें दो मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) भेजा गया। आग और आपातकालीन सेवाओं के अधिकारियों ने बताया कि यह धमाका एक निर्माणाधीन जहाज के अंदर हुआ। शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि विस्फोट सिलिंडर फटने से हुआ। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाका उस कमरे में हुआ, जहां वेल्डिंग का काम चल रहा था। दक्षिण गोवा की कलेक्टर एग्ना क्लिटस ने कहा कि आपदा प्रबंधन की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है।

जुबीन की मौत के मामले में बक्सा जेल के पास हिंसा के मामले में नौ लोग गिरफ्तार
असम के बक्सा जिले में जुबीन गर्ग की मौत के मामले के पांच आरोपियों को जेल में भेजते समय हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

बक्सा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उज्जल प्रतिम बरुआ ने कहा कि हिंसा में शामिल कई अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए तलाशी जारी है। एसएसपी ने कहा, अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कई अन्य की पहचान हो चुकी है। कुछ आरोपी फरार हैं, लेकिन उन्हें जल्द ही पकड़ा जाएगा। हमने इस मामले की जांच गंभीरता से ली है और एक टीम इस पर काम कर रही है। मीडिया और स्थानीय लोग भी हमारी मदद कर रहे हैं। गुवाहाटी की एक अदालत ने पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद, बुधवार को बकसा जेल के पास हिंसक प्रदर्शन भड़क गए थे।
 

सबरीमाला मंदिर को मिला नया मुख्य पुजारी
केरल के पठानमथिट्टा जिले में स्थित प्रसिद्ध सबरीमाला भगवान अयप्पा मंदिर के लिए शनिवार को त्रिशूर के प्रसाद ई. डी. को नया 'मेलसानथि' (मुख्य पुजारी) चुना गया। यह नियुक्ति मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थ यात्रा सीजन से कुछ हफ्ते पहले हुई है। भगवान अयप्पा मंदिर के पास स्थित मलिकप्पुरम मंदिर के लिए कोल्लम जिले के मय्यानाड के रहने वाले मनु नामबूथिरी एम. जी. को मुख्य पुजारी नियुक्त किया गया है।

 

तेलंगाना: थाने ले जाते समय आरोपी ने कांस्टेबल की चाकू मारकर हत्या की 
निजामाबाद शहर में एक आदतन अपराधी ने 42 वर्षीय कांस्टेबल ई. प्रमोद की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को एक मामले में पकड़ा गया था और जब कांस्टेबल उसे मोटरसाइकिल से थाने ले जा रहे थे, तभी यह घटना हुई। यह वारदात शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे से नौ बजे के बीच हुई।

आरोपी ने कांस्टेबल के सीने पर चाकू से हमला किया और फिर मौके से फरार हो गया। घायल प्रमोद की बाद में मौत हो गई। तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बी. शिवधर रेड्डी ने कांस्टेबल की मौत पर शोक जताया और निजामाबाद पुलिस आयुक्त पी. साई चैतन्य को आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाने का निर्देश दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से ही चैन स्नैचिंग और चोरी के मामलों में शामिल रहा है।

 

केरल: कांग्रेस विधायक के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज
सतर्कता (विजिलेंस) और भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (वीएसीबी) ने कांग्रेस विधायक ने कांग्रेस विधायक आईसी बालकृष्णन के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। यह मामला सुल्तान बथेरी स्थित एक सहकारी बैंक में हुई कथित अनियमित नियुक्तियों से जुड़ा है। वीएसीबी अधिकारियों के मुताबिक, आरोप है कि साल 2015 में बालकृष्णन ने बैंक में नौकरी दिलाने के बदले छह लाख रुपये से अधिक की रिश्वत ली थी।
 
 

कोलकाता: फर्जी नंबर प्लेट गिरोह का खुलासा, 8 लोग गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस ने एक बड़े नकली नंबर प्लेट गिरोह का खुलासा किया है। मामले में आठ लोग गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों से जुड़े नकली नंबर प्लेट और उन्हें बनाने की मशीन जब्त की है।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक ट्रैफिक सार्जेंट ने रूबी क्रॉसिंग के पास एक स्कूटर को रोका, जिसकी नंबर प्लेट फर्जी निकली और वह किसी और के नाम पर रजिस्टर्ड थी। इस स्कूटर के ड्राइवर मंगल नस्कर की गिरफ्तारी से पुलिस रामेंद्र प्रसाद केशरी और फिर पिकनिक गार्डन इलाके की एक वर्कशॉप तक पहुंची, जहां से मुख्य रूप से ये फर्जी प्लेटें बनाई जा रही थीं। पुलिस ने इस गिरोह में और लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है।

फिलहाल सीएम बदलने की कोई चर्चा नहीं- यतींद्र सिद्धारमैया
कांग्रेस एमएलसी और सीएम सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया ने कहा, 'फिलहाल सीएम बदलने की कोई चर्चा नहीं हुई है। यहां तक कि हमारे एआईसीसी सचिव सुरजेवाला ने भी कहा है कि स्थिति बदलने की कोई चर्चा नहीं है। इसलिए, मुझे नहीं पता कि यह बात कहां से आ रही है कि बिहार चुनाव के बाद कर्नाटक में कुछ बदलाव होगा। लेकिन पार्टी, हाईकमान या विधायकों में ऐसी कोई चर्चा नहीं है...फिलहाल सीएम बदलने की कोई जरूरत नहीं है। किसी ने इसके लिए कहा भी नहीं है, इसलिए मुझे लगता है कि मौजूदा सीएम पांच साल पूरे करेंगे।'
 

सुधा मूर्ति-नारायण मूर्ति के जाति सर्वेक्षण में हिस्सा ने लेने पर कांग्रेस का आरोप
राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति और इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति की तरफ से जाति सर्वेक्षण में हिस्सा लेने से इनकार करने पर, कांग्रेस एमएलसी यतींद्र सिद्धारमैया ने कहा, 'नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति ने कहा है कि सर्वेक्षण केवल पिछड़े वर्गों के लिए है। सुधा मूर्ति भाजपा की राज्यसभा सांसद हैं। हो सकता है कि भाजपा के दबाव के कारण उन्होंने ऐसा कहा हो...उन्हें पता होना चाहिए कि सर्वेक्षण केवल पिछड़े वर्गों तक सीमित नहीं है। यह संपूर्ण जनसंख्या सर्वेक्षण है...यह संपूर्ण जनसंख्या के सामाजिक-आर्थिक और शैक्षिक सर्वेक्षण के बारे में है। लेकिन वे यह कहकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं कि यह केवल पिछड़े वर्गों का सर्वेक्षण है। हो सकता है कि गलत सूचना के कारण या जानबूझकर वे ऐसा कर रहे हों।'
 

ब्रिक्स देशों में क्रिएटिव सेक्टर बन सकता है नई अर्थव्यवस्था का इंजन
डिजाइन, कला, मीडिया, कंटेंट और गेमिंग जैसे क्रिएटिव उद्योग अब वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी से बढ़ते क्षेत्र बन रहे हैं। सेर्बैंक के अनुसार, ये उद्योग वैश्विक जीडीपी में 4% से अधिक का योगदान करते हैं और अन्य क्षेत्रों की तुलना में 15% तेज़ी से बढ़ रहे हैं। इस समय इनका वैश्विक बाज़ार 1.6 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का है। ब्रिक्स देशों, ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका, के साथ नए सदस्य मिलकर इस क्षेत्र के विकास के बड़े केंद्र बन सकते हैं। सेर्बैंक के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व्लादिस्लाव क्रेनिन ने कहा, ब्रिक्स+ में निर्मित एक नई गुणवत्ता और नवाचार की पहचान बन सकती है।

उन्होंने हाल में सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित ब्रिक्स अंतरराष्ट्रीय मंच में कहा कि यह क्षेत्र आधुनिक अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की क्षमता रखता है। विशेषज्ञों का मानना है कि तकनीकी नवाचार और सांस्कृतिक ताकत मिलकर इन देशों को विश्व क्रिएटिव अर्थव्यवस्था के प्रमुख केंद्रों में बदल सकते हैं।

दुर्गापुर सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई छात्रा को अस्पताल से छुट्टी मिली
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में 10 अक्तूबर को सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई मेडिकल की छात्रा को सेहत में सुधार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारियों ने बताया कि व्यापक चिकित्सा आकलन के बाद डॉक्टरों ने शनिवार को 23 वर्षीय छात्रा को छुट्टी देने का निर्णय लिया। अस्पताल ने एक बयान में कहा, हमारे मल्टी-स्पेशलिटी मेडिकल बोर्ड ने पीड़िता की शारीरिक और मानसिक सेहत का पूरा ध्यान रखा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने व्यापक समीक्षा के बाद, उसे छुट्टी देने के लिए उपयुक्त पाया। इस आकलन पर उसके माता-पिता के साथ भी विधिवत चर्चा की गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़िता को कॉलेज के अतिथि गृह में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां स्थानीय पुलिस उसे सुरक्षा दे रही है। उन्होंने कहा, अब पुलिस 22 अक्तूबर को मामले की अगली सुनवाई पर आरोपियों की पहचान परेड की मांग करेगी।
विज्ञापन

'सनातनियों' की संगति से बचें; आरएसएस और संघ परिवार से सावधान रहें- सिद्धारमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शनिवार को लोगों से 'सनातनियों' की संगति से बचने और आरएसएस व संघ परिवार से सावधान रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने ऐतिहासिक रूप से बी आर अंबेडकर और उनके द्वारा बनाए गए संविधान का विरोध किया है। मैसूर विश्वविद्यालय के रजत जयंती समारोह का उद्घाटन और नए ज्ञान दर्शन भवन का लोकार्पण करने के बाद सिद्धारमैया ने कहा, 'अपनी संगति सही रखें। उन लोगों के साथ जुड़ें जो समाज के लिए खड़े हैं, न कि उन लोगों के साथ जो सामाजिक परिवर्तन का विरोध करते हैं या 'सनातनियों' के साथ।'

हाल ही में भारत के मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंके जाने की घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, एक 'सनातनी' द्वारा मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकना यह दर्शाता है कि समाज में अभी भी 'सनातनी' और रूढ़िवादी तत्व मौजूद हैं। इस कृत्य की निंदा सिर्फ दलितों को ही नहीं, बल्कि सभी को करनी चाहिए। तभी हम कह सकते हैं कि समाज बदलाव की राह पर आगे बढ़ रहा है।

सिद्धारमैया ने यह भी आरोप लगाया कि आरएसएस और संघ परिवार ने अंबेडकर के संविधान का विरोध किया था और अब भी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया। उन्होंने अंबेडकर को एक दूरदर्शी व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्होंने ज्ञान का उपयोग सामाजिक परिवर्तन के लिए किया। उन्होंने कहा, 'अंबेडकर ने समाज को समझने के लिए ज्ञान अर्जित किया और जीवन भर समाज को बदलने के लिए इसका इस्तेमाल किया।'
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें