मणिपुर में कई प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को सुरक्षा बलों ने इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट और थौबल जिलों से गिरफ्तार किया है। ये उग्रवादी जबरन वसूली और नए कार्यकर्ताओं की भर्ती में शामिल थे। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के लीरोंगथेल पित्रा से कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति कथित तौर पर थौबल जिले में जबरन वसूली में शामिल था। पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक हैंडगन और गोला-बारूद बरामद किया गया। वहीं प्रतिबंधित कांगली यावोल कन्ना लूप के एक सदस्य को इंफाल ईस्ट जिले के खाबेइसोई से गिरफ्तार किया गया। उस पर संगठन में नए कार्यकर्ताओं की भर्ती में शामिल होने का आरोप है। सुरक्षा बलों ने इंफाल वेस्ट जिले के खुंबोंग से यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पंबेई) के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया। उस पर खुंबोंग बाजार में एनएच-37 पर चलने वाले ट्रकों से जबरन वसूली करने का आरोप है।
जबरन वसूली में शामिल पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक कैडर को थौबल जिले के वांगजिंग सोरोखाइबाम लीराक से गिरफ्तार किया गया। इस बीच, पुलिस ने बताया कि बिष्णुपुर जिले के कुंबी सेतुपुर की तलहटी में तलाशी अभियान के दौरान खाली मैगजीन के साथ दो एसएमजी कार्बाइन, एक खाली मैगजीन के साथ एक संशोधित सीएमजी, एक डीबीबीएल गन, एक 9 एमएम पिस्तौल, पांच पीईके विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किए गए।
पीएम मोदी से मिले आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश
आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने परिवार के साथ शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बैठक के दौरान, प्रधान मंत्री ने 'युवगलम' की पहली प्रति का अनावरण किया, जो 2024 के विधानसभा चुनावों से पहले आंध्र प्रदेश में लोकेश की 3,132 किलोमीटर की पदयात्रा का वर्णन करने वाली एक कॉफी-टेबल बुक है। कॉफी-टेबल बुक कई चित्रों वाली एक बड़ी महंगी पुस्तक होती है जिसे मेज पर रखा जाता है, ताकि आने वाले लोग उसे देख सकें। पीएम मोदी ने पुस्तक की एक प्रति पर हस्ताक्षर कर उसे लोकेश को भेंट किया और उनकी पत्नी ब्रह्माणी और पुत्र देवांश को अपना आशीर्वाद दिया। लोकेश ने विकसित भारत 2047 विजन में आंध्र प्रदेश के योगदान पर भी प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन मांगा और राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विकास में उनके नेतृत्व के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। नारा लोकेश टीडीपी प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के पुत्र हैं।
सड़क किनारे बने कुएं में गिरी वैन, पांच लोगों की मौत
तमिलनाडु के थुतुकुडी जिले में शनिवार को एक वैन के सड़क किनारे कुएं में गिरने से एक बच्चा सहित पांच लोगों की मौत हो गई। वैन में कुल आठ लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि चालक ने वैन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। अग्निशमन कर्मियों ने घंटों की तलाशी के बाद पांचों शव को बाहर निकाल लिया। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस घटना पर दुख जताया है। साथ ही उन्होंने सभी मृतकों के परिजन को तीन-तीन लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मोर्टार फटने से असम में एक बच्चे की मौत, दो घायल
असम के तामुलपुर जिले में एक संदिग्ध मोर्टार के फटने से एक लड़के की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह हादसा शनिवार को हुआ। पुलिस ने बताया कि भारत-भूटान की सीमा के पास अपने गांव में खेलते समय दो बच्चों को नाले में मोर्टार मिला था। दोनों उससे खेलने लगे, तभी वह फटा गया। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई और दूसरा बच्चा व एक महिला घायल हो गईं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोटक कहां से आया, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि यह विस्फोटक कुछ किलोमीटर दूर स्थित सेना की शूटिंग रेंज से आया हो सकता है।
चाइल्ड पोर्न देखने में यमनी नागरिक पर 10 हजार का जुर्माना
केरल की एक फास्ट ट्रैक अदालत ने एक यमन नागरिक को चाइल्ड पोर्न देखने के मामले में 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया और दिनभर अदालत का काम खत्म होने तक कोर्ट रूप में बैठने का निर्देश दिया। विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) आर एस विजय मोहन ने कहा कि तिरुवनंतपुरम फास्ट ट्रैक विशेष अदालत की जज आर रेखा ने यमनी नागरिक अब्दुल्ला अली अब्दो अल-हद्दाद को उसके मोबाइल फोन पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखने के लिए सजा सुनाई। पुलिस की साइबर सेल को सूचना मिली थी कि आरोपी ने 27 दिसंबर, 2020 की दोपहर को ऐसे प्रतिबंधित वीडियो देखे थे। पुलिस ने फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा, जिसमें आरोपी के देखे गए चाइल्ड पोर्नोग्राफी वीडियो बरामद हुए तब केस दर्ज किया गया।
ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक के लिए मनोहर लाल ब्राजील रवाना
केंद्रीय विद्युत,आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल 19 मई को होने वाली ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए ब्राजील रवाना हो गए हैं। यह जानकारी शनिवार को विद्युत मंत्रालय ने दी। मंत्रालय के मुताबिक, इस बैठक का विषय समावेशी और सतत वैश्विक शासन के लिए वैश्विक दक्षिण सहयोग को सशक्त बनाना है।
पंजाब के पूर्व पुलिस अधिकारी की 1.29 करोड़ की संपत्ति अटैच
प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंजाब के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी की 1.29 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। जांच एजेंसी के अधिकारी ने बताया कि पूर्व सहायक पुलिस महानिरीक्षक आशीष कपूर के खिलाफ कथित रूप से रंगदारी वसूलने के मामले में धन शोधन रोकथाम कानून के तहत यह कार्रवाई की गई है। प्रवर्तन पहले पुलिस हिरासत और बाद में जेल में बंद दो लोगों से रंगदारी वसूलने के मामले में आशीष के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की गई थी।
भ्रष्टाचार के मामले में ईडी अधिकारी के केरल में खिलाफ केस
केरल के सतर्कता और भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने के मामले में केस दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक एक व्यवसायी ने अपने खिलाफ केस बंद करने के एवज में दो करोड़ रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित तीन लोग पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। विजिलेंस और भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो की ओर से कोर्ट को सौंपी गई रिपोर्ट के मुताबिक ईडी अधिकारी मामले में मुख्य आरोपी है। ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक एस शशिधरण ने बताया कि जांच अभी जारी है, इसलिए विस्तृत ब्योरा नहीं दिया जा सकता। ईडी अधिकारी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
हैदराबाद- गुलजार हाउस की एक इमारत में लगी आग
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में चारमीनार के पास गुलजार हाउस की एक इमारत में आज सुबह छह बजे आग लग गई। जिसके बाद दमकल की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गई। इस मामले में हैदराबाद के अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
तमिलनाडु- तंजावुर में पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में विस्फोट, दो लोगों की मौत
तंजावुर पुलिस ने बताया कि रविवार को जिले के एक गांव में एक अनधिकृत पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, नेवेली थेनपथी गांव के मृतक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और घटना की जांच में जुट गए हैं।
जयराम रमेश ने दी जगदीप धनखड़ को जन्मदिन की बधाई
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को जन्मदिन की बधाई दी है। साथ ही उन्होंने मोदी सरकार पर कटाक्ष भी किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलनकारी किसानों की ओर से धनखड़ की भावुक अपीलों को लगातार नजरअंदाज कर रही है।
राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने दी उपराष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है। राजस्थान के झुंझुनू जिले के किठाना गांव में 18 मई 1951 को जन्मे धनखड़ ने 11 अगस्त 2022 को देश के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।
अपने सोशल मीडिया हैंड्ल्स पर राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने जन्मदिन के शुभकामना संदेश साझा किए हैं। मुर्मू ने लिखा, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और राष्ट्र की सेवा में कई वर्षों तक काम करने की कामना करती हूं। वहीं, पीएम मोदी ने लिखा, हमारे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जी को उनके जन्मदिन पर बधाई। उन्हें हमारे संविधान का जबरदस्त ज्ञान है। यह एक प्रमुख वकील के तौर पर उनके वर्षों के काम को दिखाता है। उन्होंने राज्यसभा की उत्पादकता बढ़ाने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं। समाज की सेवा करने में भी उनकी दिलचस्पी बेहद अधिक है। मैं कामना करता हूं कि वे दीर्घायु और स्वस्थ जीवन जिएं।
राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद के संस्थापक महानिदेशक रहे सरोज घोष का निधन
राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (एनएससीएम) के संस्थापक महानिदेशक रहे सरोज घोष का अमेरिका के सिएटल में निधन हो गया। वह 89 साल के थे।
एनएससीएम ने बताया कि पद्म भूषण से सम्मानित घोष ने शनिवार को को अंतिम सांस ली। घोष और उनके परिवार की इच्छा के अनुसार उनके पार्थिव शरीर को वैज्ञानिक रिसर्च के लिए वाशिंगटन यूनिवर्सिटी को दान किया जा रहा है। एनएससीएम कहा कि उनके निधन से भारत ने एक दूरदर्शी व्यक्ति को खो दिया है, जिन्होंने अनौपचारिक शिक्षा के माध्यम से समाज में वैज्ञानिक सोच की नींव रखी। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। घोष 1979 से 1997 तक एनएससीएम के महानिदेशक के पद रहे और विज्ञान केंद्रों का राष्ट्रव्यापी नेटवर्क बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एनआईए भुवनेश्वर में खोलेगी अपना दफ्तर
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) राजधानी भुवनेश्वर में अपना दफ्तर खोलेगी। एनआईए का यह दफ्तर पूरे ओडिशा के लिए काम करेगा। रविवार को केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्तर का अधिकारी एनआईए पुलिस थाने का प्रभारी रहेगा, जो भुवनेश्वर में बीएसएनएल के क्षेत्रीय दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र से संचालित होगा। पुलिस स्टेशन राष्ट्रीय जांच एजेंसी अधिनियम, 2008 के तहत अपराधों की जांच करेगा।