भारत-यूरोपीय संघ का संयुक्त आतंकवाद रोधी अभ्यास संपन्न
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने पहली बार संयुक्त रूप से आतंकवाद-रोधी प्रशिक्षण अभ्यास आयोजित किया। इसका उद्देश्य दुश्मन ड्रोन से उत्पन्न खतरों से महत्वपूर्ण ढांचों व सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा को मजबूत करना था।
तीन दिवसीय अभ्यास बुधवार को गुरुग्राम के मानेसर में संपन्न हुआ। इसमें भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और ईयू की हाई रिस्क सिक्योरिटी नेटवर्क (एचआरएसएन) के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए। ईयू के अनुसार, बिना चालक वाले हवाई यंत्रों (यूएएस) की तेज़ी से बढ़ती संख्या और उनका दुरुपयोग अब गंभीर सुरक्षा चुनौती बन चुका है। सस्ते और तकनीकी रूप से उन्नत हो चुके ड्रोन का आतंकी और असामाजिक तत्व निगरानी से लेकर हमलों तक के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। अभ्यास के दौरान ड्रोन और उन्हें निष्क्रिय करने वाली तकनीक (काउंटर-यूएएस) पर विशेष जोर दिया गया। ईयू के भारत स्थित राजदूत हर्वे डेल्फिन ने कहा कि यह अभ्यास दर्शाता है कि भारत और ईयू अपने सहयोग को वास्तविक रूप दे रहे हैं, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
राजमार्ग निगम का ईडी दस लाख की घूसखोरी में गिरफ्तार
असम की राजधानी गुवाहाटी में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग और अवसंरचना विकास निगम लि. के कार्यकारी निदेशक (ईडी) और क्षेत्रीय अधिकारी को दस लाख रुपये घूस लेने के मामले में गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने आरोपी अधिकारी मैसनम रितेन कुमार सिंह के दफ्तर व घर से 2.62 करोड़ रुपये और देशभर में उनके व परिजनों के नाम पर नौ जमीनें व 20 अपार्टमेंट के दस्तावेज और कई महंगी गाड़ियों के कागजात जब्त किए हैं। कुमार पर निजी कंपनी से रिश्वत मांगने व उसके बदले में उसे नेशनल हाईवे-37 के चार लेन निर्माण कार्य पर समय बढ़ाने व पूर्णता प्रमाणपत्र देने में मदद का आरोप है। मामले में कोलकाता की कंपनी के प्रतिनिधि बिनोद जैन को भी गिरफ्तार किया गया है।
केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैला ओडिंगा को एर्नाकुलम में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आयुर्वेदिक उपचार के लिए केरल के एर्नाकुलम जिले में आए केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री का कल हृदय गति रुकने से निधन हो गया। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने एर्नाकुलम पहुंचकर पूर्व केन्याई पीएम ओडिंगा को श्रद्धाजलि अर्पित की। पूर्व केन्याई प्रधानमंत्री की बेटी विनी ओडिंगा और रूथ ओडिंगा भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।