फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के मामलों में व्यापक जांच हो- MHA; नहीं रहे तमिल लेखक आर नारुम्पुनाथन

Sun, 16 Mar 2025 09:31 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गृह मंत्रालय ने देश में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के मामलों की व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाल में एक बैठक के दौरान केंद्र ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ऐसे लोगों की पहचान के निर्देश भी दिए, जिन्होंने अवैध प्रवासियों को भारत की नागरिकता से संबंधित आधार और अन्य दस्तावेज बनाने के लिए दस्तावेज पाने में मदद की है।
विज्ञापन


अधिकारी ने कहा कि कुछ मामलों में पाया गया है कि दस्तावेज यूरोपीय देशों या मध्य पूर्व की यात्रा के उद्देश्य से तैयार किए गए थे, और व्यक्ति भारत में लंबे समय तक नहीं रहे। जांच अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अवैध प्रवासियों की मदद करन वालों की पुख्ता जानकारी जुटाएं। अधिकारियों के साथ बैठक में उन्हें सभी आधार केंद्रों को निर्देश देने के लिए कहा गया है कि यदि उन्हें कोई व्यक्ति संदिग्ध दस्तावेजों पर आधार संशोधित करने या बनाने का प्रयास करता हुआ मिले तो वे पुलिस को सूचित करें।

गुजरात में तालाब में चार बच्चे डूबे, एक लापता
गुजरात के कच्छ जिले के अंजार तालुका में शनिवार दोपहर एक गांव के तालाब में 8 से 14 साल के चार बच्चे डूब गए, जबकि एक अन्य नाबालिग लापता है। दुधई पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि घटना के समय बच्चे अपने मवेशियों को चराने और भवानीपार के पास तालाब में नहाने गए थे। जब शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे, तो उनके परिवार वालों ने उनकी तलाश में शुरू की। बाद में अधिकारियों को सूचित किया। बचाव दल ने तालाब से चार बच्चों इस्माइल (8), उमर (11), मुस्ताक (14) और असफाक (9) के शव बरामद किए। उन्होंने बताया कि लापता जाहिद (11) की तलाश जारी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अंजार के सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है।
विज्ञापन


नशे के कारोबार पर नकेल की कवायद
केरल में एंटी ड्रग ऑपरेशन के दौरान 234 गिरफ्तारियां होने की खबर है। वहीं एक अन्य घटना में केरल के कलमासेरी स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल में लगभग दो किलो गांजा मिलने से हड़कंप मच गया। इस सिलसिले में अब तक तीन छात्रों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी आशिक व शारिल कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। इन पर हॉस्टल में गांजा की सप्लाई करने का आरोप है। अधिकारी ने कहा, विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बृहस्पतिवार रात मेंस हॉस्टल में छापा मारा और गांजा समेत तीन छात्रों को गिरफ्तार किया था।  

नहीं रहीं प्रख्यात असमिया संगीतकार लक्ष्यहीरा दास
प्रख्यात असमिया संगीतकार लक्ष्यहीरा दास (94) का शनिवार को निधन हो गया। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। उनके तीन बेटे हैं। दास, 1948 में कॉलेज में पढ़ाई के दौरान गीतकार, संगीतकार और गायिका के रूप में ऑल इंडिया रेडियो से स्वीकृति पाने वाली पहली महिला कलाकार थीं। बाद में वह तत्कालीन कॉटन कॉलेज की प्रोफेसर भी बनीं। उन्होंने 2,000 से ज्यादा गीतों की रचना की है। हाल ही में कई प्रमुख गायकों के लिए गीत भी लिखे। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में कई गीतों को अपनी आवाज भी दी। इनके अलावा, कविता, बच्चों की कहानियां और लघु कथा सहित 50 से अधिक पुस्तकें भी लिखी हैं।

दुनिया के सबसे बड़े आदिवासी विवि में 40 हजार छात्रों ने एकसाथ मनाई होली
ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (केआईएसएस) के 40 हजार छात्रों ने शुक्रवार को अनोखी होली खेली। संस्थान के दूती चंद स्टेडियम में आयोजित समारोह में ओडिया फिल्म उद्योग के कलाकारों ने भी हिस्सा लिया और रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समा बांध दिया। इस दौरान केआईएसएस यानी किस के छात्रों ने योग और नृत्य कर सबका मन मोह लिया। केआईएसएस और केआईआईटी के संस्थापक डॉ. अच्युत सामंता ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा, यह दुनिया की पहली होली होगी, जिसमें एकसाथ 40 हजार छात्रों ने हिस्सा लिया। उल्लेखनीय है कि केआईएसएस दुनिया का एक मात्र ऐसा विश्वविद्यालय है, जहां आदिवासी छात्रों के लिए केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा-व्यवस्था है। यहां देश के 17 राज्यों के आदिवासी छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

रिजल्ट खराब आने पर दो बेटों की हत्या कर की खुदकुशी
आंध्र के काकीनाड़ा जिले में ओएनजीसी के एक कर्मचारी ने परीक्षा का रिजल्ट खराब आने पर अपने दो नाबालिग बेटों की हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना होली वाले दिन की है। ओएनजीसी कर्मचारी वी चंद्र किशोर अपने बेटों के खराब शैक्षणिक प्रदर्शन को लेकर परेशान था। शुक्रवार को उसने अपने दोनों बेटों की पानी की बाल्टी में डुबोकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने छत के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन शुरू, 31 जुलाई अंतिम तारीख
देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन और सिफारिशें शनिवार से शुरू हो गई हैं। ये पुरस्कार विशिष्ट व्यक्तियों को उनकी असाधारण उपलब्धियों और सेवा के लिए दिए जाते हैं। पुरस्कारों के लिए नामांकन और सिफारिश करने की अंतमि तारीख 31 जुलाई है। आधिकारिक बयान के अनुसार, 2026 के पद्म पुरस्कारों का एलान गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर किया जाएगा। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन व सिफारिशें राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) पर ऑनलाइन की जा सकती हैं। देश के सर्वोच्च नागरिक पद्म पुरस्कारों के तहत पद्म विभूषण, पद्म भूषण व पद्मश्री सम्मान प्रदान किए जाते हैं।

केंद्र ने पंजाब भाजपा के 10 वरिष्ठ नेताओं की सुरक्षा वापस ली
केंद्र सरकार ने पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के 10 वरिष्ठ नेताओं को मुहैया कराई गई सुरक्षा वापस ले ली है। इन नेताओं में कमलदीप सैनी, जगदीश जग्गा, सुखविंदर सिंह बिंदरा, तेजिंदर सिंह बिट्टू, हरचंद बिट्टू कौर के अलावा पांच अन्य नेता शामिल हैं। इन नेताओं की सुरक्षा वापस लेने के पीछे का कारण यह बताया जा रहा कि ये नेता लंबे समय से प्रदेश में जमीनी स्तर पर सक्रिय नहीं रह गए थे। प्रदेश भाजपा  नेतृत्व के अनुसार इन नेताओं की ओर से समाज और पार्टी संगठन में कोई योगदान नहीं दिया जा रहा था। ऐसे में उनकी निष्क्रियता को देखते हुए केंद्र सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस लेने का फैसला किया। 

पश्चिम बंगाल में पंचायत अधिकारी की चाकू मारकर हत्या
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में शनिवार को दो समूहों के बीच झड़प में एक पंचायत अधिकारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हीरानंदपुर इलाके में खेत पर कब्जे को लेकर दो समूहों के बीच झड़प हो गई। दक्षिण चांदीपुर ग्राम पंचायत सचिव कमल मंडल की गांव में कृषि भूमि पर कब्जे को लेकर फेकन मंडल के परिवार के साथ संघर्ष के दौरान हत्या कर दी गई। दोनों पक्षों के छह अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से तीन को मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य का इलाज भुटनी स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

ओडिशा: होली पर सड़क हादसों में पांच की मौत, होली के बाद नहाते समय चार लोग डूबे
ओडिशा में शनिवार को होली के दौरान दो सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं अलग-अलग घटनाओं में एक नाबालिग सहित कम से कम चार लोग होली मनाने के बाद स्नान करते समय डूब गए। पुलिस ने बताया कि क्योंझर जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक परिवार के तीन सदस्यों को कुचल दिया। मृतकों की पहचान इवान प्रधान, उनकी पत्नी मथामणि प्रधान और उनके बेटे मंगल प्रधान के रूप में हुई है। वे होली मनाने के लिए प्रधान के दामाद के घर जा रहे थे। प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई, उनकी पत्नी ने चंपुआ अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं कटक जिले के नरसिंहपुर थाना क्षेत्र के सीतारामपुर इलाके में हुई एक दुर्घटना में कम से कम दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। उनका दोपहिया वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। वहीं पुलिस ने कहा कि पुरी जिले में समुद्र में नहाते समय एक पर्यटक डूब गया। कालाहांडी जिले में एक तालाब में नहाते समय एक व्यक्ति डूब गया।गंजम जिले में होली मनाने के बाद रंभा इलाके में समुद्र में नहाते समय एक मछुआरे का 10 वर्षीय बेटा डूब गया। इसके अलावा कटक जिले में महानदी में एक युवक भी डूब गया। 

गैस एजेंसी मालिक से रिश्वत लेते आईओसी का उप महाप्रबंधक गिरफ्तार
भारतीय तेल निगम (आईओसी) के एक उप महाप्रबंधक को एक गैस एजेंसी के मालिक से कथित तौर पर दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सतर्कता विभाग की विशेष जांच इकाई-1 के अधिकारियों ने आईओसी के एर्नाकुलम स्थित कार्यालय के डीजीएम एलेक्स मैथ्यू को शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे कुरावणकोणम में शिकायतकर्ता के घर से रंगे हाथों पकड़ लिया। मैथ्यू ने शिकायतकर्ता की पत्नी की आईओसी लाइसेंस प्राप्त गैस एजेंसी से ग्राहकों को अन्य एजेंसी में स्थानांतरित करने से रोकने के लिए उससे कथित तौर पर 10 लाख रुपये की मांग की थी। उसने बताया कि जब शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार कर दिया तो अधिकारी ने 1,200 कनेक्शन विभिन्न अन्य एजेंसी को कथित तौर पर स्थानांतरित कर दिए।
 

उड़िया कवि रमाकांत रथ का निधन
प्रसिद्ध उड़िया कवि और पूर्व अफसर रमाकांत रथ का 90 वर्ष की आयु में अपने आवास पर निधन हो गया। पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित रथ के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। ओडिशा के कई नेताओं और प्रतिष्ठित हस्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।  ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रथ के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रमाकांत रथ को भारतीय प्रशासनिक सेवा और साहित्य जगत में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। भगवान जगन्नाथ से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। सीएम ने कहा कहा कि रमाकांत रथ का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। राज्य और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहने के बाद वे 1992 में ओडिशा के मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए।

झारखंड: घर में मिले एक युवक और तीन बच्चों के शव
झारखंड के गिरिडीह जिले में रविवार सुबह खुखरा पुलिस थाना क्षेत्र में एक 36 वर्षीय व्यक्ति और उसके तीन बच्चों के शव उनके घर में पाए गए। पुलिस अधीक्षक (एसपी) बिमल कुमार ने कहा कि संदेह है कि व्यक्ति ने अपने तीन बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगा ली। मौके पर फॉरेंसिक टीम भेजी जा रही है। मामले की जांच की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि युवक राजमिस्त्री का काम करता था। उनकी पत्नी शनिवार को अपने माता-पिता के घर गई थीं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने की रिजर्व बैंक की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारतीय रिजर्व बैंक को डिजिटल परिवर्तन पुरस्कार 2025 के लिए चुने जाने पर सराहना की। उन्होंने इसे सराहनीय उपलब्धि बताया और कहा कि यह शासन में नवाचार और दक्षता पर जोर देता है। एक्स पर पोस्ट में आरबीआई ने कहा कि उसे सेंट्रल बैंकिंग, लंदन यूके द्वारा डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन अवार्ड 2025 के लिए चुना गया है। आरबीआई को प्रवाह और सारथी सिस्टम सहित उसकी पहलों के लिए सम्मानित और मान्यता दी गई थी, जिन्हें एक इन-हाउस डेवलपर टीम द्वारा विकसित किया गया है। पुरस्कार समिति ने नोट किया कि कैसे इन डिजिटल पहलों ने कागज-आधारित सबमिशन के उपयोग को कम कर दिया है और इस प्रकार आरबीआई की आंतरिक और बाहरी प्रक्रियाओं को बदल दिया है। पोस्ट को टैग करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक सराहनीय उपलब्धि, जो शासन में नवाचार और दक्षता पर जोर को दर्शाती है। डिजिटल नवाचार भारत के वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत कर रहा है, जिससे अनगिनत जीवन सशक्त हो रहे हैं।

बंगलूरू में होली मनाने को लेकर दो नेपाली गुटों के बीच झड़प के बाद तीन गिरफ्तार
बंगलूरू के लालबाग बॉटनिकल गार्डन में होली मनाने के दौरान नेपाली नागरिकों के दो समूहों के बीच कथित तौर पर झड़प के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस झड़प के कारण मौके पर लोगों के बीच दहशत फैल गई थी। मामले में पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम को लालबाग चट्टान के भूवैज्ञानिक स्मारक के ऊपर हुई। सिद्धपुरा पुलिस स्टेशन की सीमा में हुई इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया था और कई लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।

घटना के बाद स्थानीय लोग रविवार को सिद्धपुरा पुलिस स्टेशन के बाहर एकत्र हुए और सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद वे तितर-बितर हो गए। पुलिस के अनुसार, दोनों समूह एक-दूसरे पर रंग फेंककर होली खेल रहे थे, तभी अचानक उनके बीच झगड़ा हो गया। झगड़े का कारण पता नहीं चल पाया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों समूहों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर लाठी और पानी की बोतलों से हमला करना शुरू कर दिया। घटना में शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।"

कर्नाटक- 75 करोड़ की ड्रग्स के साथ दो गिरफ्तार

कर्नाटक में मैंगलोर सिटी पुलिस की तरफ से चलाए गए अभियान के दौरान भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किया गया और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, 75 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 37 किलोग्राम एमडीएमए जब्त की गई है।
 

ब्रिटेन में प्रवास करने में मदद का झूठा वादा कर रिश्तेदार ने शख्स से ठगे 20.46 लाख रुपये
गुजरात के गांधीनगर जिले के 42 वर्षीय एक व्यक्ति से उसके रिश्तेदार ने उसे और उसकी पत्नी को ब्रिटेन में प्रवास करने में मदद का झूठा वादा कर 20.46 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को दहेगाम शहर के निवासी उसके रिश्तेदार पंकज पटेल की शिकायत के आधार पर व्यवसायी हसमुख पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया। ऑटोमोबाइल व्यवसाय के मालिक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे आश्वासन दिया कि वह उसे और उसकी पत्नी को 32 लाख रुपये में लंदन भेज सकता है और जुलाई 2022 और जनवरी 2024 के बीच पैसे जमा करने का लालच दिया।

एफआईआर में कहा गया है कि शिकायतकर्ता ने पहले ब्रिटिश पाउंड में आरोपी को 6.50 लाख रुपये ट्रांसफर किए और तीन दिन बाद 3.5 लाख रुपये नकद दिए, साथ ही अपने और अपनी पत्नी के पासपोर्ट और वीजा प्रक्रिया के लिए मूल दस्तावेज भी दिए। एफआईआर में कहा गया है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया कि उसने प्रक्रिया शुरू कर दी है और वह लंदन चला गया। जब आरोपी विदेश से वापस नहीं आया तो शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगना शुरू कर दिया और झूठे वादे करना जारी रखा। आरोपी ने झूठे वादे करना जारी रखा और उससे और पैसे मांगे।

जब आरोपी वापस आया तो उसने फिर से झूठा आश्वासन दिया और उसे कुछ फर्जी दस्तावेज दिखाकर 7.5 लाख रुपये ऐंठने में कामयाब रहा और बाद में इमरजेंसी का बहाना बनाकर फिर से लंदन चला गया और उससे सभी संपर्क तोड़ दिए। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच चल रही है।

हैदराबाद में मंदिर के अकाउंटेंट पर हमला करने के आरोप में दो पुजारी गिरफ्तार
हैदराबाद पुलिस ने रविवार को बताया कि शहर में एक मंदिर के अकाउंटेंट पर कथित तौर पर रासायनिक पदार्थ फेंककर हमला करने के मामले में दो पुजारियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे वह घायल हो गया। ये वारदात 14 मार्च को सैदाबाद में मौजूद श्री भुलक्ष्मी माता मंदिर में हुई, जब मंदिर में अकाउंटेंट के तौर पर काम करने वाली 60 वर्षीय पीड़िता रिसेप्शन टेबल पर बैठी थी। मामले में पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व क्षेत्र) पाटिल कांतिलाल सुभाष ने बताया कि मास्क पहने एक अज्ञात व्यक्ति अकाउंटेंट के पास पहुंचा और मंदिर के अन्नदानम (खाद्य वितरण) कार्यक्रम के बारे में पूछताछ की।

पुलिस ने बताया कि उस व्यक्ति ने अकाउंटेंट से अन्नदानम की रसीद मांगी। जब अकाउंटेंट लिख रहा था, तो उस व्यक्ति ने अचानक अकाउंटेंट के सिर पर एक अज्ञात पदार्थ डाल दिया और हैप्पी होली कहते हुए भाग गया। पुलिस ने बताया कि हमले के कारण अकाउंटेंट के सिर, चेहरे, आंखों और गर्दन पर जलन हुई है। उसे अस्पताल ले जाया गया और उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पदार्थ का विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान, पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए छह टीमों का गठन किया और टीमों ने लगभग 400 सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की। इसके बाद एक पुजारी को शेखपेट में उसके आवास से पकड़ा गया था। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुजारी ने दूसरे आरोपी के निर्देश पर अपराध करने की बात कबूल की, जो उस मंदिर का पुजारी निकला, जहां पीड़ित अकाउंटेंट के तौर पर काम करता था।

ससुराल वालों पर हमला करने के लिए डॉक्टर को मिला कारण बताओ नोटिस
बंगलूरू में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने विक्टोरिया अस्पताल की एक डॉक्टर को अपने बुजुर्ग ससुराल वालों पर कथित रूप से हमला करने और अपने बच्चों के साथ उन्हें परेशान करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैंगलोर मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (बीएमसीआरआई) की आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियदर्शिनी का अपने बुजुर्ग ससुराल वालों पर कथित रूप से हमला करने और अपने बच्चों के साथ उन्हें परेशान करने का एक वीडियो हाल ही में वायरल हुआ था।

इसमें कहा गया है, "रिपोर्टों से पता चलता है कि वह पिछले दस सालों से उन्हें परेशान कर रही थी। उसने पहले ही तलाक के लिए अर्जी दायर कर दी थी, लेकिन कथित तौर पर अपने ससुराल वालों के घर गई और उन पर शारीरिक हमला किया। इस घटना के संबंध में बेंगलुरु के एक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।" एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामला 14 मार्च को तब सामने आया जब वीडियो वायरल हुआ। डॉक्टर के ससुर ने अन्नपूर्णेश्वरी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में उसी दिन जमानत पर रिहा कर दिया गया।

संसदीय समिति ने आयुष दवाओं के लिए की स्वतंत्र नियामक की सिफारिश गुणवत्ता और सुरक्षा पर दिया जोर
संसद की स्वास्थ्य और परिवार कल्याण समिति ने आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध, होम्योपैथी समेत सभी आयुष दवाओं के मानकीकरण, सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एकल स्वतंत्र ड्रग नियामक गठित करने की सिफारिश की। पैनल ने ड्रग्स एवं कॉस्मेटिक्स कानून 1940 के तहत सभी प्रक्रियाओं को समेकित करने और मानकों को विकसित करने में हितधारकों को शामिल करने का सुझाव दिया। यह सिफारिश समिति की 165वीं रिपोर्ट में शामिल है, जिसे इस सप्ताह राज्यसभा में पेश किया गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, फार्माकोपिया कमीशन फॉर इंडियन मेडिसिन एंड होम्योपैथी और सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन आयुर्वेदिक को समन्वय करके वैज्ञानिक परीक्षणों को मजबूत करना चाहिए। इससे आयुष दवाओं की सुरक्षा, प्रभावकारिता और गुणवत्ता की जांच को बढ़ावा मिलेगा। समिति ने आयुष मंत्रालय से आग्रह किया कि वह आरोग्य मेले और आयुर्वेद पर्व जैसे आयोजनों का दायरा बढ़ाए। फिलहाल ये कार्यक्रम देश के 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों में सीमित हैं। पैनल ने अगले वर्ष तक 50 प्रतिशत राज्यों को कवर करने और भविष्य में पूरे देश तक पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा है।
समिति ने सूचना, शिक्षा और संचार योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीण, आदिवासी और पहाड़ी क्षेत्रों में आयुष प्रणाली के बारे में जागरूकता बढ़े। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय सहयोग योजना के तहत बजट आवंटन और लक्ष्यों की प्राप्ति की समीक्षा करने को कहा गया।

सिक्किमः खाई में गिरा वाहन, IIT धनबाद के 10 छात्र घायल, तीन गंभीर
सिक्किम के मंगन जिले में एक वाहन 100 फुट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में उसमें सवार आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की चार छात्राओं समेत 10 छात्र घायल हो गए। इनमें तीन की हालात गंभीर है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए गंगटोक रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह हादसा पाकशेप क्षेत्र में शनिवार की रात तब हुआ, जब छात्र लाचुंग से गंगटोक जा रहे थे। अचानक ड्राइवर से वाहन से नियंत्रण खो दिया और दुर्घटना हो गई। हादसे में ड्राइवर भी घायल है।

नहीं रहे तमिल लेखक आर नारुम्पुनाथन
प्रसिद्ध तमिल लेखक आर नारुम्पुनाथन (65) का रविवार को तिरुनेलवेली में हृदयाघात से निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी और पुत्र हैं। तमिलनाडु की सरकार ने 2022 में उनके कार्यों के लिए नारुम्पुनाथन को यू वे सा पुरस्कार से सम्मानित किया था। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने दिवंगत लेखक को श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि वह सामाजिक गतिविधियों के अलावा अपने साहित्यिक कार्यों के लिए जाने जाते थे।

तेलंगाना: 55.5 लाख रुपये से अधिक के बंद हो चुके नोट जब्त, चार गिरफ्तार
तेलंगाना की राजधानी में पुलिस ने 55.5 लाख रुपये से अधिक मूल्य के चलन से बाहर हो चुके और बंद नोट जब्त किए। पुलिस ने इन नोटों को बदलने की कोशिश के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तारी की। पुलिस उपायुक्त (आयुक्त टास्क फोर्स) वाईवीएस सुधींद्र ने रविवार को बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने शनिवार रात गिरोह को पकड़ा। इस दौरान गिरोह अवैध तरीके से संभावित ग्राहकों से कमीशन के आधार पर 500 और 1000 रुपये के बंद हो चुके नोटों को वैध भारतीय मुद्रा से बदलने की कोशिश कर रहे थे। जब्त नोटों के साथ चारों आरोपियों आगे की जांच के लिए अबिड्स थाने के एसएचओ को सौंप दिया गया।

आंध्र प्रदेश: अमरावती के निर्माण के लिए हुडको ने दिया 11,000 करोड़ का कर्ज
आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती के निर्माण कार्य को गति देने के लिए हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (हुडको) ने कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीआरडीए) को 11,000 करोड़ रुपये का कर्ज मंजूर किया। इसे लेकर मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की उपस्थिति में उनके उंडवल्ली स्थित आवास पर समझौता पर हस्ताक्षर किए गए। इसदौरान नगर प्रशासन मंत्री पी. नारायण, हुडको के सीएमडी संजय कुल श्रेष्ठ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह कर्ज अमरावती के पहले चरण के निर्माण के लिए आवंटित 26,000 करोड़ रुपये का हिस्सा है। शेष 15,000 करोड़ रुपये विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की ओर से दिए जाएंगे। हुडको ने 22 जनवरी को मुंबई में हुई बोर्ड बैठक में इस ऋण को मंजूरी दी थी।

21 मार्च से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे गृहमंत्री
गृह मंत्री अमित शाह 21 मार्च से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। भाजपा नेता मनमोहन सामल ने रविवार को बताया कि शाह 21 मार्च की शाम झारसुगुड़ा हवाई अड्डे पहुंचेंगे और एमसीएल गेस्ट हाउस में ठहरेंगे। 22 मार्च को वे संबलपुर स्थित मां समलेश्वरी मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके बाद झारसुगुड़ा के पीएचडी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे और कुछ परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। शाह 23 मार्च को पुरी म में श्री जगन्नाथ मंदिर के दर्शन करने के बाद जटनी में प्रस्तावित फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखेंगे। भाजपा के शीर्ष नेताओं ने रविवार को संबलपुर के बुरला में बैठक कर शाह के दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। सामल ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत अन्य वरिष्ठ नेता शाह के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
विज्ञापन

बंगाल में अगले प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए भाजपा ने संगठनात्मक बैठक की
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल भाजपा ने अपने अध्यक्ष के चुनाव से पहले यहां संगठनात्मक बैठक की, जो केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद शुरू होगी। मजूमदार ने कहा कि बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। भाजपा ने राज्य में 2021 के चुनावों में 77 सीटें जीती थीं। संगठनात्मक बैठक के बाद मजूमदार ने संवाददाताओं से कहा, "केंद्रीय नेतृत्व से ऐसा निर्देश मिलने के बाद भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अगले अध्यक्ष के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी।"

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 29 मार्च को कोलकाता पहुंचने और अगले दिन संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की संभावना है। मजूमदार ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई ने केंद्रीय नेतृत्व को सूचित किया है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के 25 संगठनात्मक जिलों के चुनाव पहले ही हो चुके हैं। यह कहते हुए कि यह राज्य के संगठनात्मक जिलों का 50 प्रतिशत से अधिक है, मजूमदार ने कहा, "इसलिए पश्चिम बंगाल को एक निर्वाचित अध्यक्ष मिल सकता है"। भगवा पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई ने 25 संगठनात्मक जिला अध्यक्षों के नाम जारी किए हैं, जिनमें से 17 नए चेहरे हैं। राज्य में पार्टी के 43 संगठनात्मक जिले हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें