फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: मणिपुर में तेंगगोल संगठन के पांच सदस्य गिरफ्तार; श्रीहरिकोटा में आतंकी होने की सूचना पर छापेमारी

Mon, 16 Jun 2025 11:00 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मणिपुर में तनाव के माहौल के बीच उग्रवादी संगठन अरामबाई तेंगगोल के पांच सदस्यों को दो गंभीर मामलों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इन पर एक व्यक्ति के अपहरण और दो पुलिसकर्मियों पर हमले का आरोप है। रविवार को संगठन के तीन सदस्यों को इंफाल वेस्ट जिले के पाओबितेक मायाई लाइकाई इलाके से चेसम अब्दुल कादर के अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एक अन्य सदस्य को 12 जून को और एक को 13 जून को गिरफ्तार किया गया। इन पर 9 जून को बिष्णुपुर जिले के नंबोल बाजार में पुलिसकर्मियों पर हमला करने का आरोप है। यह हमला तब हुआ जब पुलिस प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर रही थी, जो अरामबाई टेंगगोल द्वारा बुलाए गए बंद का समर्थन कर रहे थे। हमले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सहित दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

विज्ञापन


श्रीहरिकोटा में आतंकी होने की सूचना पर छापेमारी 
आंध्र प्रदेश पुलिस को तमिलनाडु पुलिस ने श्रीहरिकोटा में आतंकी के छिपे होने की सूचना दी थी। इसके बाद सुरक्षा और सत्यापन के अधिकारियों ने छापेमारी की। बाद में यह अफवाह निकली। नायडूपेटा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जी चंतिबाबू ने बताया कि अभी तक हमें इलाके में कोई असामान्य गतिविधि नहीं मिली है और यह एक झूठी कॉल लगती है, लेकिन हम अपनी जांच जारी रख रहे हैं। अधिकारियों ने सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसएचएआर) में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के साथ भी समन्वय किया तथा क्षेत्र के आसपास गश्त तेज कर दी।

बंगाल से BJP सांसद अभिजीत गांगुली ICU में
भाजपा सांसद और कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गांगुली (63) को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के कारण एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। गांगुली को शनिवार को अचानक पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति गंभीर है। जांच में तीव्र अग्नाशयशोथ (पैनक्रियाटाइटिस) के साथ गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सेप्सिस का पता चला है।

असम : मंदिर के सामने गोमांस फेंकने के मामले में 5 गिरफ्तार
विज्ञापन

बकरीद पर्व के दौरान एक मंदिर के पास गोमांस फेंकने के आरोप में असम के  ग्वालपाड़ा जिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईद-उल-अजहा के बाद सांप्रदायिक तनाव भड़काने के इरादे से एक मंदिर के पास गोमांस फेंका गया था। पुलिस ने जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया है वे सभी लखीपुर थाना क्षेत्र के खाकीलामारी वार्ड संख्या 10 के निवासी हैं। इससे पूर्व सांप्रदायिक तनाव के चलते धुबरी में 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

पैशन फ्रूट प्रसंस्करण के लिए भारत ने सूरीनाम भेजी मशीनें
दक्षिण अमेरिकी देश सूरीनाम और भारत द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की पहल कर रहे हैं। इसी कवायद के तहत पैशन फ्रूट प्रसंस्करण के लिए मशीनों की दूसरी और अंतिम खेप सूरीनाम भेज दी गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, भारत ग्लोबल साउथ भागीदारों के विकास में योगदान दे रहा है। एसएमई के कुशल विकास के लिए उपकरणों की आपूर्ति (SEEDS) पहल के तहत पैशन फ्रूट प्रसंस्करण के लिए मशीनरी का दूसरा और अंतिम बैच सूरीनाम भेज दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा, सूरीनाम के एसएमई उद्योग और किसानों की आय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह परियोजना भारत-सूरीनाम द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगी।

गोदावरी नदी में एक ही परिवार के 5 युवकों की डूबने से मौत
तेलंगाना के निर्मल जिले में गोदावरी नदी में डूबने से एक ही परिवार के पांच युवकों की मौत हो गई। घटना बसरा के पास हुई। सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अविनाश कुमार के अनुसार, हैदराबाद से लगभग 20 लोगों का एक समूह प्रसिद्ध ज्ञान सरस्वती मंदिर में पूजा करने के लिए बसारा गया था। इसी दौरान अचानक पानी का स्तर बढ़ गया और किशोर तेज बहाव में वे बह गए। बाद में बचाव टीमों ने उनके शव बरामद किए। अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी की मौत की पुष्टि की। शव के लिए पोस्टमॉर्टम भेजे गए हैं और मामले में केस दर्ज किया गया है।

कैग ने राज्यों के 1,600 पीएसयू के ऑडिट के लिए बनाई अलग इकाई
भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने विभिन्न राज्य सरकारों के लगभग 1,600 सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) के ऑडिट के लिए एक अलग इकाई की स्थापना की है। तेजी से ऑडिट करने और अधिक दक्षता हासिल करने के लिए यह कदम उठाया गया है। उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के एस सुब्रमण्यन (एचआर, आईआर, समन्वय एवं विधि) ने कहा, राज्यों के पीएसयू के ऑडिट के लिए हाल ही में अलग इकाई बनाई गई है। इस संबंध में एक आदेश जारी किया गया है।
 

जन्मदिन पर तिरुपति बालाजी के दर्शन करने पहुंचे गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने जन्मदिन के मौके पर सोमवार को तिरुपति जाकर भगवान वेंकटेश्वर (बालाजी) के दर्शन किए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर देशवासियों के उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।पीयूष गोयल ने कहा, "यह मेरा सौभाग्य है कि अपने जन्मदिन के दिन मुझे तिरुपति बालाजी के दर्शन करने और आशीर्वाद लेने का अवसर मिला। मैं हर साल यहां आकर प्रभु से देश की सेवा के लिए शक्ति और मार्गदर्शन मांगता हूं। आज भी मैंने भारत के हर नागरिक के अच्छे भविष्य की कामना की है। इस मौके पर उनके साथ आंध्र प्रदेश के मंत्री अनगनी सत्य प्रसाद और टीजी भारत भी मौजूद थे। सभी ने मिलकर भगवान वेंकटेश्वर की पूजा की।

आईपीएस अधिकारी चंद्रशेखर कैबिनेट सचिवालय में सचिव (सुरक्षा) नियुक्त  
आरए चंद्रशेखर को कैबिनेट सचिवालय में सचिव (सुरक्षा) नियुक्त किया गया है। केरल कैडर के 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी चंद्रशेखर फिलहाल इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में विशेष निदेशक हैं। कार्मिक मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने कैबिनेट सचिवालय में सचिव (सुरक्षा) के रूप में चंद्रशेखर की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह अगले महीने के अंत में हरिनाथ मिश्रा की सेवानिवृत्ति के बाद कार्यभार संभालेंगे। 

उत्तर त्रिपुरा में 4 करोड़ के मादक पदार्थ के साथ एक गिरफ्तार
उत्तर त्रिपुरा में रविवार को एक व्यक्ति को 4 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया। सूचना के आधार पर चुराइबारी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक चेकपोस्ट पर असम से अगरतला जा रही एक मिनी ट्रक को रोका गया। पुलिस अधीक्षक अविनाश राय ने बताया कि तलाशी के दौरान वाहन के एक गुप्त डिब्बे में 80,000 याबा गोलियां बरामद हुईं, जिनका बाजार मूल्य करीब 4 करोड़ रुपये है। ड्राइवर संजय साहनी को गिरफ्तार कर लिया गया।

केन्या में सड़क हादसे के शिकार पांच भारतीयों के शव केरल पहुंचे
पूर्वी अफ्रीकी देश केन्या में सड़क हादसे के शिकार दो बच्चों समेत पांचों भारतीयों के शव रविवार को केरल पहुंच गए। सूत्रों ने बताया कि पांचों शव कतर से एक विमान से नेदुंबास्सेरी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर लाए गए। यहां उद्योग मंत्री पी राजीव ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें राज्य सरकार की ओर से श्रद्धांजलि दी। ये पांचों लोग छुट्टियां मनाने के लिए केन्या गए थे, लेकिन न्यांडारुआ काउंटी में दुर्घटना के शिकार हो गए। 

कोच्चि हवाई अड्डे के आसपास ड्रोन, लेजर और ग्लाइडर पर प्रतिबंध
अधिकारियों ने सोमवार को गंभीर सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पांच किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, लेजर बीम और अन्य हवाई उपकरणों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया। एर्नाकुलम जिला कलेक्टर एनएसके उमेश ने कहा कि माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और मानव रहित हवाई प्रणाली (यूएएस) जैसे उपकरण नेदुम्बस्सेरी हवाई अड्डे के अंदर और बाहर उड़ने वाले विमानों के लिए खतरा पैदा करते हैं।

असम एमपीलैड कोष के दुरुपयोग मामले में सांसद अजीत कुमार भुइयां से पूछताछ
असम पुलिस ने स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड) कोष के दुरुपयोग के एक मामले में सोमवार को राज्यसभा सदस्य अजीत कुमार भुइयां से पांच घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। एक अधिकारी ने बताया कि भुइयां सोमवार सुबह लगभग 11:30 बजे मुख्यमंत्री के विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ (एसवीसी) के समक्ष पेश हुए थे। हालांकि, उन्होंने कोई विवरण साझा करने से इन्कार कर दिया और कहा कि मामले की जांच चल रही है।

एसवीसी कार्यालय में प्रवेश करने से पहले भुइयां ने पत्रकारों से कहा, वह 2021-22 और 2022-23 के लिए एमपीएलएडी योजना के तहत धन के दुरुपयोग से संबंधित मामले में समन से हैरान हैं। उन्होंने कहा, यह एक ज्ञात तथ्य है कि एक सांसद केवल एक योजना की सिफारिश करता है, लेकिन परियोजना का वित्तीय हिस्सा और कार्यान्वयन जिला आयुक्त (डीसी) करता है। वह एक अधिकारी को इसकी देखभाल करने के लिए अधिकृत करता है। भुइयां ने जांच की दिशा पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, मैं जांचकर्ताओं से पूछूंगा कि क्या संबंधित अवधि के डीसी से पूछताछ की गई है। भाजपा सांसदों से जुड़े मामलों में अधिकारियों से पूछताछ की जाती है, न कि सांसदों से।
विज्ञापन

एयर इंडिया की फ्लाइट रद्द
एयर इंडिया की मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट AI2493 एयरबस A321-211 (VT-PPL)16 जून को रद्द कर दी गई। बताया जाता है कि ऑपरेशनल समस्या के कारण फ्लाइट की रवानगी में देरी हुई। देरी की अवधि के दौरान चालक दल की फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) लागू हो गई। इसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। फ्लाइट को शाम 6:35 बजे रवाना होना था और शाम 7:55 बजे पहुंचना था, लेकिन यह रवाना नहीं हुई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें